पश्चिम बंगाल: नंदीग्राम में भिड़े BJP-तृणमूल के समर्थक, झड़प में BJP की महिला कार्यकर्ता की मौत

घटना पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम विधानसभा के ब्लॉक नंबर एक के सोनचूरा गांव के मनसा बाजार की है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के छठे चरण के मतदान से पहले नंदीग्राम में बुधवार की रात हिंसा भड़क उठी, जिससे राज्य की सियासत गरमा गई। घटना पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम विधानसभा के ब्लॉक नंबर एक के सोनचूरा गांव के मनसा बाजार की है। बताया जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने कईBJP कार्यकर्ताओं के घरों में घुसकर धारदार हथियारों से हमला किया।

इस हमले मेंBJP की महिला कार्यकर्ता की मौत हो गई और आठ अन्य BJP कार्यकर्ता घायल हो गए। मृतक का नाम रथीबाला आड़ी बताया जा रहा है। घायलों में से एक को कोलकाता रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। इस हमले से गुस्साए BJP कार्यकर्ता जमकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सड़कों पर जाम लगा दिया और तृणमूल के खिलाफ नारे लगाए।

बता दें कि 20 मई को लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण की वोटिंग के दौरान भी पश्चिम बंगाल में कई जगह झड़प और हिंसा के मामले सामने आए थे। बैरकपुर, बोनगांव, आरामबाग हावड़ा आदि क्षेत्रों से छिटपुट घटनाएं होने की खबरें थी, जिसमें वोटरों को धमकाना, वोटिंग रुकवाना, विरोधी पार्टियों के कार्यकर्ताओं को पीटना आदि शामिल था।

राज्य में 25 मई को तामलुक, कांथी, घाटल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बंकुरा और बिशनुपुर सहित आठ सीटों पर छठे चरण का मतदान होना है। सभी सीटों पर मतदान सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा। यहां प्रत्याशियों की कुल संख्या 79 है। मतदान से पहले हिंसा की इस घटना से सियासी पारा गरमा गया है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia