BJP ने AAP को 'प्रॉक्सी' की तरह किया इस्तेमाल, अब उतर गया मुखौटा: कांग्रेस

अजय माकन ने कहा कि केजरीवाल की पार्टी ने धनकुबेरों को धन के आधार पर राज्यसभा भेजा और अब इसका नाम "अरबपति आदमी पार्टी" हो जाना चाहिए।

फोटो: IncIndia
i
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आम आदमी पार्टी को अतीत में उसके (कांग्रेस) खिलाफ "प्रॉक्सी" की तरह इस्तेमाल किया और अब ताजा घटनाक्रम से आप और अरविंद केजरीवाल का मुखौटा उतर गया है।

कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने अपनी यह पुरानी बात फिर दोहराई कि दिल्ली में कांग्रेस का आम आदमी पार्टी को सहयोग करना एक गलती थी और 2024 के लोकसभा चुनाव में "इंडिया" गठबंधन सहयोगी दलों के दबाव में आप के साथ सीटों का तालमेल किया गया था।

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में यह भी कहा कि केजरीवाल की पार्टी ने धनकुबेरों को धन के आधार पर राज्यसभा भेजा और अब इसका नाम "अरबपति आदमी पार्टी" हो जाना चाहिए।


माकन ने कटाक्ष किया कि जब धनकुबेरों को धन के आधार पर राज्यसभा देंगे तो यही हाल होगा जो अब हुआ है।

उन्होंने कहा, "आप छोड़ने वाले सातों राज्यसभा सदस्यों में से हर एक की घोषित औसत संपत्ति 818 करोड़, 50 लाख, 35 हजार और 420 रुपये है।"

उन्होंने आरोप लगाया, "शीला दीक्षित और मनमोहन सिंह को बदनाम करने की साजिश केजरीवाल ने रची थी... उन्होंने और आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के प्रॉक्सी के रूप में काम किया था... अब मुखौटा उतर चुका है।"

माकन ने कहा कि आप उन्हीं राज्यों में चुनाव लड़ती है जहां बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होता है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी से कई और नेता बीजेपी शामिल होने वाले हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia