अमेठी में जबरन कांग्रेस कार्यालय में घुसे भाजपाई, पुलिस की मौजूदगी में मारपीट और हंगामा

हंगामे के दौरान गाली-गलौज कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जब राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का उपयोग किया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी जवाब देना शुरू कर दिया। इससे दबाव में आई पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं को कार्यालय से बाहर निकाला।

फोटोः सोशल मीडिया
i

उत्तर प्रदेश के अमेठी में बुधवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरियर तोड़कर जबरन कांग्रेस कार्यालय में घुसकर जमकर हंगामा किया। हंगामे के दौरान गाली-गलौज कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जब राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध करते हुए जवाब देना शुरू कर दिया।

खबरों के अनुसार इसके बाद सकते में आई वहां पहले से मौजूद पुलिस ने बीच-बचाव किया और कड़ी मशक्कत के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यालय से बाहर निकाला और गेट बंद किया। जिसके बाद वहां पर दोनों तरफ से काफी देर तक नारेबाजी होती रही, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

दरअसल, अमेठी स्थित राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट से किसानों की भूमि वापस करने की मांग को लेकर बुधवार को स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ता बुधवार को अमेठी की सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यालय पहुंचते ही बीजेपी कार्यकर्ता वहां सुरक्षा के लिए मौजूद पुलिस बल के साथ धक्कामुकी करते हुए बैरियर तोड़कर कांग्रेस कार्यालय में घुस गए।

शुरू में तो वहां मौजूद पुलिस बल ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने और कांग्रेस कार्यालय में घुसकर जमकर हंगामा काटने लगे। इतना ही नहीं बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस दौरान अमेठी से पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए ऑफिस की दीवारों पर मांग पत्र लगा दिया।


इसके बाद उस समय कार्यालय में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा संभाल लिया और बीजेपी कार्यकर्ताओं से भिड़ गए। इससे दबाव में आई पुलिस फौरन हरकत में आई और गौरीगंज सीओ अर्पित कपूर ने पुलिस बल की मदद से किसी तरह बीजेपी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यालय से बाहर कर गेट बंद किया। इसके बाद भी काफी देर तक दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी होती रही। हालांकि इसके थोड़ी देर बाद बीजेपी कार्यकर्ता र्भावापस लौट गए।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए