असम में कोयला खदान में फंसे 9 खनिकों में से एक का शव बरामद, 8 को बचाने के लिए अभियान जारी

अधिकारियों ने बताया कि आठ अन्य खनिकों के बचने की संभावना कम है, हालांकि नौसेना, सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के कर्मियों की एक टीम ने खनिकों को बचाने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

असम के दीमा हसाओ जिले में कोयला खदान में फंसे नौ मजदूरों में से एक का शव सेना के गोताखोरों ने बुधवार को बचाव अभियान के तीसरे दिन बरामद कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आठ अन्य खनिकों के बचने की संभावना कम है, हालांकि नौसेना, सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के कर्मियों की एक टीम ने खनिकों को बचाने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

उमरंगसो के ‘3 किलो’ इलाके में स्थित कोयला खदान में सोमवार को अचानक पानी भर जाने के बाद मजदूर फंस गए थे। अधिकारियों ने बताया कि गोताखोरों ने सुबह के समय खदान के अंदर शव को ढूंढ निकाला, उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, "21 पैरा गोताखोरों ने खदान के तल से एक शव बरामद किया है। हमारी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।"


मुख्यमंत्री ने कहा कि बचाव अभियान जोरों से जारी है और सेना तथा एनडीआरएफ के गोताखोर पहले ही खदान के अंदर प्रवेश कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि नौसेना के जवान घटनास्थल पर हैं। सीएम ने मंगलवार को कहा था कि खदान "अवैध प्रतीत होती है" और पुलिस ने घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia