छत्तीसगढ़ में वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर में विस्फोट, 9 मजदूरों की मौत, 15 से ज्यादा लोग घायल

घटना के विरोध में कांग्रेस विधायक राजकुमार यादव के नेतृत्व में कई लोग वेदांता पावर प्लांट के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक ने कहा कि प्लांट के मैनेजमेंट के खिलाफ एफआईआर होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

छत्तीसगढ़ में वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर में विस्फोट, 9 मजदूरों की मौत, 15 से ज्यादा लोग घायल
i
user

नवजीवन डेस्क

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर को बॉयलर विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में नौ लोगों की मौत की खबर है, जबकि 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनों की तलाश में प्लांट के बाहर एकत्र हो गए।

सक्ती जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि घटना जिले के डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई गांव में हुई जहां वेदांता कंपनी के विद्युत संयंत्र में बॉयलर के ट्यूब में विस्फोट हो गया। ठाकुर ने बताया कि जिस वक्त यह घटना हुई वहां काफी संख्या में श्रमिक काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कम से कम नौ श्रमिकों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए।

अधिकारी ने बताया कि तीन श्रमिकों की मौत घटनास्थल पर हुई और छह अन्य की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचा और वहां से मजदूरों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि घटना में घायल 15 मजदूरों को रायगढ़ के एक अस्पताल भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर है। ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी। संयंत्र में बड़ी संख्या में पुलिस दल को तैनात किया गया है।


वेदांता ने एक बयान में कहा, ‘‘आज दोपहर को हमारे सिंघीतराई संयंत्र की एक बॉयलर यूनिट में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें यूनिट का संचालन और रखरखाव करने वाले उप-ठेकेदार एनजीएसएल के कर्मचारी शामिल थे। हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रभावित सभी लोगों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता और उपचार मिले। हम घायलों को पूरा सहयोग दे रहे हैं और चिकित्सा टीम तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम घटना का पूरा विवरण जुटाने की प्रक्रिया में हैं, हमारे साझेदार तथा संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर एक विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस मुश्किल समय में, हमारी संवेदनाएं और गहरी सहानुभूति प्रभावित लोगों के परिवारों के साथ है।’’

हालांकि, घटना में घायल मजदूरों के परिजनों का कुछ और ही कहना है। कई परिजनों ने बताया कि हादसे में उनके परिवार के सदस्य घायल हो गए हैं, लेकिन उन्हें उनकी हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। एक घायल मजदूर के पिता राजकुमार ने कहा, "मेरा बेटा यहां भर्ती है। दोपहर करीब 3 बजे यह घटना हुई... हम उसकी हालत के बारे में पूछ रहे हैं, लेकिन कोई हमें कुछ नहीं बता रहा... मेरा बेटा यहां 4 महीने से काम कर रहा था... पावर प्लांट से कोई यहां नहीं आया।

वहीं, एक मजदूर ने बताया कि मैं पावर प्लांट में काम करता हूं। मैं वहां नहीं था, मेरा भतीजा काम पर गया था। वह अस्पताल में भर्ती है। 3 बजकर 20 मिनट पर ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट के बाद घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए कोई सुविधा नहीं थी। मजदूर ने ठेकेदार और अधिकारियों पर भी इस घटना के बाद दूरी बनाने का आरोप लगाया है।


वहीं घटना के विरोध में कांग्रेस विधायक राजकुमार यादव के नेतृत्व में कई लोग वेदांता पावर प्लांट के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक राजकुमार यादव ने कहा, "आज पावर प्लांट की लापरवाही की वजह से बहुत दुखद घटना हुई। यह घटना इसलिए हुई क्योंकि जब गांव वालों ने अपनी ज़मीन पावर प्लांट को दी, तो उन्होंने एथेना के नाम पर दी, और एथेना ने पावर प्लांट बनाया, ज़मीन ली और सारे सिस्टम बनाए। पता नहीं वे इसे क्यों शुरू नहीं कर पाए। फिर वेदांता ने यह पावर प्लांट खरीद लिया, और खरीदने के बाद... और अपनी कैपेसिटी से ज़्यादा बिजली बना रहा है... यहां कोई हमें बताने की हालत में नहीं है। सब भाग गए हैं। हम किससे पूछें?... पावर प्लांट के मैनेजमेंट के खिलाफ एफआईआर होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों... ऐसे पावर प्लांट का समय-समय पर इंस्पेक्शन होना चाहिए।"

वहीं रायपुर में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह दुखद घटना है। पीड़ितों के प्रति हमारी संवेदना है। घटना की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा, "सक्ती जिले में सिंघीतराई स्थित 'वेदांता पावर प्लांट' में बॉयलर फटने से हुई भीषण दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। जिला प्रशासन मौके पर मौजूद है, राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। घटना की गहन और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"


छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने इसे अत्यंत पीड़ादायक बताया है। उन्होंने कहा कि वेदांता के इस प्लांट में यह पहला हादसा नहीं है, बल्कि कोरबा वाले में भी एक हादसा हुआ था, जिसमें चालीस लोग मारे गए थे... अब यहां बॉयलर फट गया है। यहां मरने वालों की सही संख्या अभी पता नहीं है। लेकिन अब तक हुई मौतें बहुत दर्दनाक हैं, और प्रशासन को एक जांच कमेटी बनाकर यह पता लगाना चाहिए कि इसके लिए कौन ज़िम्मेदार है, और उनके खिलाफ FIR दर्ज करनी चाहिए... प्रशासन को ज़िम्मेदारी से काम करना चाहिए, और ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव ने एक्स पर लिखा कि सक्ती के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। बॉयलर फटने से कई श्रमिकों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु और कई अन्य के गंभीर रूप से घायल होने की खबरें मन को व्यथित कर रही हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को शांति दे और पीड़ित परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia