रमजान के दूसरे दिन पाकिस्तान में दरगाह के बाहर बम धमाका, मरने वालों की संख्या पहुंची 8, 20 से ज्यादा घायल
पाकिस्तान के लाहौर में धार्मिक स्थल दाता दरबार के बाहर धमाका हुआ है। इस धमाके में अबतक 8 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।

पाकिस्तान के लाहौर में दाता दरबार के बाहर धमाका हुआ है। खबरों के मुताबिक इस ब्लास्ट में 5 पुलिस अधिकारियों समेत 8 लोगों की मौत हो गई है। यह धमाका रमजान शुरू होने के एक दिन बाद सामने आया है। जबकि इस धमाके में करीब 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई लोगों को गंभीर बताया जा रहा है। बता दें कि दाता दरबार एक सूफी दरगाह है।

बताया जा रहा है कि इस हमले के बाद दाता दरबार को चारो ओर से घेर लिया गया है। साथ ही दाता दरबार को बंद कर दिया गया। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर इस हमले के पीछे किस आतंकी संगठन का हाथ है।
वहीं लाहौर के डीआईजी (ऑपरेशन) अशफाक अहमद खान ने कहा, “दाता दरबार के बाहर धमाका हुआ है और पाकिस्तान पंजाब की एलीट फोर्स के कमांडो को निशाना बनाया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे इलाके को घेर लिया गया है।

इससे पहले यहां पर साल 2010 में आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 08 May 2019, 10:57 AM
