बड़ी खबर LIVE: मिजोरम में भारी बारिश का हाहाकार, नदी उफान पर, डूबे दर्जनों घर, 29 से ज्यादा जगहों पर भीषण भूस्खलन!

मिजोरम में पिछले एक हफ्ते से लगातार हो रही बारिश के कारण लुंगलेई जिले में खावथलांगतुइपुई नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद 80 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले की जांच के बीच आधे से अधिक गणनाकर्मियों ने दिया इस्तीफा

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की जांच के बीच चढ़ावे की गणना करने वाले आधे से अधिक कर्मियों ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि इसके बाद गणनाकर्मियों की संख्या घटकर करीब एक दर्जन रह गई है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सूत्रों के अनुसार, कथित गबन का मामला सामने आने के बाद जांच के डर से पहले ही चढ़ावे की गणना करने वाले केंद्र में कर्मचारियों की उपस्थिति कम हो गई थी। लगभग 40 गणनाकर्मियों में से केवल 15-20 ही नियमित रूप से ड्यूटी पर आ रहे थे।

सूत्रों ने बताया कि अब गणना कार्य से जुड़े लगभग 20 कर्मचारियों ने इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वाले कर्मचारियों का कहना है कि कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद चढ़ावे की गणना की प्रक्रिया अधिक समय लेने वाली हो गई है, जिससे काम का बोझ बढ़ गया है।

कर्मचारियों ने यह भी कहा कि पहले दो पालियों में होने वाला गणना कार्य अब एक ही पाली में कराया जा रहा है, जिसकी अवधि करीब नौ से 10 घंटे है। इसके बावजूद उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।

असम में भारी बारिश का अनुमान, लोगों से एहतियात बरतने की अपील

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा शुक्रवार से राज्य की मौजूदा मौसम संबंधी परिस्थितियों और मानसून के प्रभाव के कारण गुवाहाटी समेत पूरे राज्य में अगले कुछ दिनों तक व्यापक वर्षा और गरज चमक के साथ बारिश का अनुमान जताए जाने के बाद लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।

मौसम के मौजूदा रुख के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान गुवाहाटी तथा राज्य के दक्षिणी और मध्य जिलों में गरज-चमक के साथ कई दौर की मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है।

एएसडीएमए ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि इसके कारण जलभराव, अचानक बाढ़, वाहनों की धीमी गति से यातायात प्रभावित होने और संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

इसमें कहा गया है कि जिला प्रशासन और एएसडीएमए स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सतर्क रखा गया है।

मिजोरम में भारी बारिश का हाहाकार, नदी उफान पर, डूबे दर्जनों घर, 29 से ज्यादा जगहों पर भीषण भूस्खलन!

मिजोरम में पिछले एक हफ्ते से लगातार हो रही बारिश के कारण लुंगलेई जिले में खावथलांगतुइपुई नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद 80 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राज्य भर में 29 से अधिक जगहों पर भूस्खलन, पहाड़ी से चट्टानें गिरने और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाएं भी हुई हैं, हालांकि अब तक किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि बांग्लादेश सीमा के पास स्थित लुंगलेई जिले के तलाबुंग कस्बे में, खावथलांगतुइपुई नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण 42 परिवारों के घर पूरी तरह या आंशिक रूप से जलमग्न हो गए, जिसके बाद उन्हें वहां से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।


महाराष्ट्र विधानमंडल का मानसून सत्र समाप्त, शीतकालीन सत्र सात दिसंबर से

महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने शुक्रवार को राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया, जिसके साथ लगभग तीन सप्ताह तक चला मानसून सत्र समाप्त हो गया।

विधानमंडल का शीतकालीन सत्र सात दिसंबर से नागपुर में आयोजित किया जाएगा। सत्रावसान संबंधी आदेश विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने विधानसभा में तथा विधान परिषद के सभापति राम शिंदे ने परिषद में पढ़कर सुनाया। महाराष्ट्र विधानमंडल का मानसून सत्र 22 जून को मुंबई में शुरू हुआ था।

इथेनॉल-मिश्रित तेल के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गन्ने का रस, नोट और गडकरी के मास्क लेकर किया विरोध

इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के सदस्य दिल्ली में अपने दफ़्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के चेहरे वाले मास्क पहने हुए हैं, उनके हाथों में नोट और इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल वाली बोतलें हैं, और वे अपने प्रदर्शन में गन्ने का रस निकालने वाली मशीन का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।


उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। शुक्रवार को पूरे प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहा और कई जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे की अवधि में मेरठ जिले के मवाना में राज्य में सर्वाधिक 315 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद मुजफ्फरनगर के जानसठ में 270.1 मिमी, मुजफ्फरनगर शहर में 213.3 मिमी और खतौली में 212.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

आईएमडी के अनुसार, सक्रिय मानसून के प्रभाव से 11 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के मध्य भागों में ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण तथा उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण दक्षिण-पश्चिम मानसून और अधिक सक्रिय हो गया है। प्रदेश में 11 जुलाई के बाद वर्षा की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है, हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश जारी रह सकती है।

मौसम विभाग ने कहा कि लगातार बादल छाए रहने और व्यापक रूप से बारिश के कारण अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

हमारा नारा है 'E20, E20, नितिन गडकरी 420 - यूथ कांग्रेस अध्यक्ष

इंडियन यूथ कांग्रेस दिल्ली के अध्यक्ष अक्षय लाकरा ने कहा कि "E20 पेट्रोल के आने से देश की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री को बहुत बड़ा झटका लगा है। महंगी गाड़ियां सड़कों पर ही खराब हो रही हैं... अगर हमें नितिन गडकरी को पैसे देने ही हैं, तो पेट्रोल कंपनियों के ज़रिए क्यों दें? हम आज यहां नितिन गडकरी को सीधे पैसे देने आए हैं। हमारा नारा है 'E20, E20, नितिन गडकरी 420।' इस मिलावटी पेट्रोल के लिए नितिन गडकरी ही ज़िम्मेदार हैं।"


दिल्ली हाई कोर्ट ने  बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव की कई चेक बाउंस मामलों में सज़ा को बरकरार रखा और ट्रायल कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ उनकी अपील को खारिज कर दिया।

लगातार बारिश और नदी में उफान से त्रिपुरा के तीन जिलों में बाढ़; 11,000 लोग बेघर हुए


17 जुलाई को देहरादून में है छात्रों की गूंज कार्यक्रम, राहुल गांधी शामिल होंगे

सुप्रीम कोर्ट 13 जुलाई को अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की कथित वित्तीय अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई करेगा।


अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण के ईरान के दावे का खंडन किया

सेंसेक्स 700 से ज़्यादा अंक चढ़ा, निफ्टी 24,000 के पार, IT सेक्टर में 2% की बढ़त के साथ तेजी


करूर भगदड़ पीड़ितों के परिजनों को सरकारी नौकरी देंगे सीएम विजय, आज करूर दौरे पर रहेंगे TVK प्रमुख

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय आज करूर का दौरा करेंगे। इस दौरान वह सरकार और पार्टी के कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके कार्यक्रमों में वर्ष 2025 की करूर भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपना भी शामिल है।

नियुक्ति पत्र पाने वालों में विमल भी शामिल हैं, जिन्होंने करूर भगदड़ में अपने डेढ़ साल के बेटे थ्रुविश को खो दिया था। कार्यक्रम से पहले एएनआई से बातचीत में विमल ने कहा कि उनके परिवार का नुकसान कभी पूरा नहीं हो सकता, लेकिन सरकार का यह फैसला एक सकारात्मक कदम है।

BHU पर NGT की सख्ती, 33 पेड़ों की अवैध कटाई पर 2.65 करोड़ रुपये पर्यावरणीय जुर्माना वसूलने का आदेश

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) को निर्देश दिया है कि वह काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से 33 पेड़ों की कथित अवैध कटाई के मामले में 2.65 करोड़ रुपये का पर्यावरणीय मुआवजा वसूलने की प्रक्रिया तीन महीने के भीतर पूरी करे।

NGT ने कहा कि उसके पहले के आदेश के बावजूद मुआवजा वसूली की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है। हालांकि, BHU ने क्षतिपूरक वनीकरण के तहत 978 पौधे लगाए हैं, लेकिन ट्रिब्यूनल ने UPPCB को तय समयसीमा के भीतर वसूली की कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया है।

यह मामला विश्वविद्यालय परिसर में आम, गुलमोहर और सात चंदन के पेड़ों समेत कुल 33 पेड़ों की कथित अवैध कटाई से जुड़ा है।


अरुणाचल में बाढ़-भूस्खलन से भारी तबाही, हालात का जायजा लेने पहुंची केंद्र सरकार की टीम

गृह मंत्रालय (MHA) की संयुक्त सचिव निष्ठा तिवारी के नेतृत्व में एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम (IMCT) ने अरुणाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। टीम ने हालिया अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) और भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन किया और राज्य सरकार को केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

आठ सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने लोअर सियांग जिले समेत कई प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। हालांकि, लगातार हो रही बारिश और सड़कों के बंद होने के कारण टीम सबसे अधिक प्रभावित कुछ इलाकों तक नहीं पहुंच सकी।

फीफा वर्ल्ड कप से बाहर होने पर भी मोरक्को की तारीफ, CAF बोला- आपने जो मिसाल कायम की, वह हमेशा रहेगी

अफ्रीकी फुटबॉल परिसंघ (CAF) ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मोरक्को के शानदार अभियान की जमकर सराहना की है। CAF ने कहा कि भले ही मोरक्को का यादगार सफर समाप्त हो गया हो, लेकिन टीम ने जो मानक स्थापित किया है, वह हमेशा कायम रहेगा। साथ ही पूरे अफ्रीकी महाद्वीप का गौरव बढ़ाने के लिए एटलस लायंस का धन्यवाद भी किया।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मोरक्को का शानदार अभियान बोस्टन स्टेडियम में खेले गए क्वार्टर फाइनल में फ्रांस से 2-0 की हार के साथ समाप्त हो गया।

CAF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "सफर यहीं खत्म होता है, लेकिन आपने जो मानक स्थापित किया है, वह हमेशा कायम रहेगा। धन्यवाद, मोरक्को।"


फीफा वर्ल्ड कप 2026: म्बाप्पे ने रचा इतिहास, मेसी के ऑलटाइम रिकॉर्ड से सिर्फ 1 गोल दूर

फ्रांस के कप्तान किलियन म्बाप्पे ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को बोस्टन में खेले गए क्वार्टर फाइनल में मोरक्को के खिलाफ अपनी टीम के लिए पहला गोल दागा। इसके बाद उस्मान डेम्बेले ने दूसरा गोल कर फ्रांस को 2-0 की बढ़त दिलाई और टीम को वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।

इस गोल के साथ म्बाप्पे ने अपने वर्ल्ड कप करियर में एक और बड़ा मुकाम हासिल किया। उन्होंने 2018, 2022 और 2026 वर्ल्ड कप को मिलाकर कुल 20 गोल पूरे कर लिए हैं और अब वह लियोनेल मेसी के वर्ल्ड कप इतिहास के 21 गोल के ऑलटाइम रिकॉर्ड से सिर्फ एक गोल पीछे हैं।

यह मौजूदा टूर्नामेंट में म्बाप्पे का आठवां गोल था। इसी के साथ वह 2026 वर्ल्ड कप के गोल्डन बूट की दौड़ में अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी की बराबरी पर पहुंच गए हैं।

गुरुग्राम में तड़के मुठभेड़, दीपक नंदल गैंग के 4 शूटर मारे गए, 3 पुलिसकर्मी घायल

विदेश में बैठे दीपक नंदल गैंग के चार शूटर शुक्रवार तड़के गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए, जबकि एक अन्य घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए।

यह मुठभेड़ तब शुरू हुई जब पुलिस टीम ने उन बदमाशों को घेर लिया, जो एसजीटी यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे के घर को निशाना बनाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि गैंग के सदस्य फिरौती की मांग को लेकर घर पर गोलीबारी करने की योजना बना रहे थे।


ईरान में फिर धमाकों की गूंज, बुशहर समेत कई शहरों में विस्फोट, अमेरिका का नए हमले से इनकार

ईरान में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम संस्कार के आखिरी दिन हजारों लोग शामिल हुए, जहां प्रार्थना का नेतृत्व उनके बेटे मुस्तफा खामेनेई ने किया, जबकि नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे। इसी दौरान बुशहर, कोनारक, चाबहार और बंदर अब्बास समेत कई शहरों में जोरदार धमाकों की खबरें सामने आईं। ईरानी मीडिया के अनुसार, इन विस्फोटों के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और यह स्पष्ट नहीं है कि वे किसी हमले, सैन्य गतिविधि या अन्य वजह से हुए। अमेरिका ने नए हमलों में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया है, जबकि स्थानीय अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए