बड़ी खबर LIVE: साउथ अफ्रीकी मिडफील्डर जेडेन एडम्स का निधन, फीफा वर्ल्ड खेलने के कुछ ही दिन बाद हुई मौत

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के कुछ ही हफ्तों बाद साउथ अफ्रीकी मिडफील्डर जेडेन एडम्स ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। एडम्स ने टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका के तीनों ग्रुप-स्टेज मुकाबलों में हिस्सा लिया था। मौत का कारण अभी पता नहीं चला है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

फलस्तीन में इजरायली बस्ती के लोगों ने अमेरिकी सांसद रो खन्ना को कुछ देर के लिए ‘बंधक’ बनाया

भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने शनिवार को कहा कि फलस्तीन की यात्रा के दौरान इजरायली बस्ती में हथियारबंद लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया था। कैलिफोर्निया के डेमोक्रेट नेता खन्ना बुधवार को दक्षिणी वेस्ट बैंक में स्थित गांव खिरबेट जनुता के खंडहरों का दौरा कर रहे थे, तभी यह घटना हुई।

खन्ना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘फलस्तीन की मेरी यात्रा के दौरान, अमेरिकी-निर्मित एम4एस राइफल लहराते हुए इजराइली बस्ती के लोगों ने मुझे और अन्य अमेरिकियों को हिरासत में ले लिया। जब आईडीएफ (इजराइली रक्षा बल) वहां पहुंची, तो उसने हथियारबंद लोगों का साथ दिया और हमें बंधक बनाये रखा। उन्होंने बहुत बड़ी गलती की।’’

‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने अपनी खबर में खन्ना के हवाले से कहा, ‘‘उस स्थिति में मैंने खुद को बेबस महसूस किया, जो कि आसान बात नहीं है, क्योंकि मुझे जिंदगी में बहुत सारी सुविधाएं और विशेषाधिकार मिले हुए हैं।’’ खबर में कहा गया है कि अमेरिकी दूतावास और इजराइली पुलिस से बातचीत के बाद खन्ना को आखिरकार अपनी यात्रा जारी रखने की अनुमति दे दी गई।

अंबाला कार बम धमाकाः NIA ने पाकिस्तानी आतंकवादी शहजाद समेत 8 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया

एनआईए ने शनिवार को पाकिस्तानी आतंकवादी शहजाद भट्टी समेत आठ आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। यह मामला इस साल जनवरी में हरियाणा के अंबाला में बलदेव नगर पुलिस थाने के पार्किंग क्षेत्र में हुए आईईडी कार बम धमाके से जुड़ा है।

एनआईए ने एक बयान में कहा कि पंचकूला की विशेष एनआईए अदालत में दाखिल आरोपपत्र में पाकिस्तानी नागरिक भट्टी के अलावा भारतीय नागरिकों - करमजीत सिंह उर्फ ​​टोनी, आकाश, सौरव उर्फ ​​सोबी, रमन कुमार, सत्यम, सुखदेव सिंह उर्फ ​​सुक्खा और अमरजीत सिंह उर्फ ​​अंबी के नाम शामिल हैं।

आतंकवाद-रोधी एजेंसी ने आरोपियों की भूमिकाओं और भट्टी द्वारा अंबाला में बलदेव नगर थाने पर हमला करने की रची गई उस साजिश का ब्योरा दिया, जिसका मकसद पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर हरियाणा के लोगों के बीच दहशत फैलाना था।

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में दतिया सीट के उपचुनाव के लिए घनश्याम सिंह को उम्मीदवार घोषित किया


फीफा वर्ल्ड खेलने के कुछ हफ्तों बाद साउथ अफ्रीकी मिडफील्डर जेडेन एडम्स का निधन

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के कुछ ही हफ्तों बाद साउथ अफ्रीकी मिडफील्डर जेडेन एडम्स ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। 25 वर्षीय एडम्स ने टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका के तीनों ग्रुप-स्टेज मुकाबलों में हिस्सा लिया था। यह टीम नॉकआउट राउंड में पहुंची थी, लेकिन एडम्स को 'राउंड ऑफ 32' में सह-मेजबान कनाडा के खिलाफ मुकाबले में मौका नहीं मिल सका था। 29 जून को खेले गए इस मुकाबले में टीम को 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था।

एडम्स ने 2022 में साउथ अफ्रीका के लिए अपना सीनियर इंटरनेशनल डेब्यू किया था। वह क्लब फुटबॉल में साउथ अफ्रीका की टॉप-फ्लाइट टीम मैमेलोडी सनडाउन्स के लिए खेलते थे। साउथ अफ्रीका के खेल, कला और संस्कृति मंत्री, गेटन मैकेंजी ने युवा मिडफील्डर के निधन पर हैरानी और दुख जताते हुए उन्हें देश के सबसे होनहार फुटबॉल टैलेंट में से एक बताया।

हालांकि, एडम्स की मौत की वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। ऐसे में मैकेंजी ने फैंस और मीडिया से अपील की है कि जब तक संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं, तब तक वे किसी भी तरह के कयास न लगाएं। उन्होंने कहा, "जेडेन की मौत की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं है। मैं मीडिया और फैंस से अपील करता हूं कि वे संयम और सहानुभूति बरतें और कयास लगाने से बचें। इस बेहद मुश्किल समय में उनके परिवार और मैमेलॉडी सनडाउन्स को निजता दी जानी चाहिए। कोई भी आधिकारिक जानकारी सही समय पर संबंधित पक्षों द्वारा दी जाएगी।"

पांचवां टी20ः इंग्लैंड ने भारत को दिया 258 रन का लक्ष्य

इंग्लैंड ने पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शनिवार को साउथम्पटन में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारत के खिलाफ तीन विकेट पर 257 रन बनाए। भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह इंग्लैंड का सर्वोच्च स्कोर है।

इंग्लैंड के लिए जोस बटलर ने 64 गेंदों पर 131 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि कप्तान हैरी ब्रुक ने 45 गेंदों पर नाबाद 95 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 103 गेंदों में 233 रन की रिकॉर्ड साझेदारी कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

भारत की ओर से शिवम दुबे ने दो विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक सफलता मिली।पांच मैचों की श्रृंखला में इंग्लैंड पहले ही 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है।

खेल साउथम्पटन


दतिया उपचुनाव: शिवसेना (यूबीटी) ने नरोत्तम मिश्रा को दिया टिकट का प्रस्ताव

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने बीजेपी द्वारा टिकट नहीं दिए जाने के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है। शिवसेना (यूबीटी) की मध्यप्रदेश इकाई के प्रमुख सुनील शर्मा ने शनिवार को कहा कि यदि मिश्रा इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं तो पार्टी प्रमुख और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पार्टी नेता आदित्य ठाकरे और अन्य वरिष्ठ नेता मध्य प्रदेश में उनके पक्ष में प्रचार करेंगे।

सुनील शर्मा ने कहा, "मैंने पार्टी नेतृत्व से चर्चा के बाद मिश्रा को यह प्रस्ताव दिया है। मैंने पार्टी की मध्य प्रदेश आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख नाहर सिंह गौर से कहा है कि वह मिश्रा के लिए भेजे गए निमंत्रण का वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर साझा करें।"

ऋतव्रत खेमे में शामिल हुए अनुब्रत मंडल, तृणमूल के बागी गुट ने समानांतर संगठन बनाया

तृणमूल कांग्रेस के ऋतव्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने पार्टी पर कब्जा करने की अपनी कोशिशों में तेजी लाते हुए शनिवार को समानांतर राज्य और जिला समितियां गठित कीं तथा ममता बनर्जी के कई पुराने वफादार नेताओं को अपने साथ मिला लिया।

ऋतव्रत गुट में शामिल हुए ममता के वफादार रहे इन नेताओं में बीरभूम के कद्दावर नेता अनुब्रत मंडल भी शामिल हैं। ऋतव्रत गुट के इस कदम को राजनीतिक बगावत से आगे बढ़कर संगठन खड़ा करने की दिशा में बढ़ने के तौर पर देखा जा रहा है।


पांचवां टी20: भारत ने टॉस जीत गेंदबाजी चुनी, सैमसन, शेड्गे की वापसी, वैभव और सुंदर बाहर

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला 'द रोज बाउल' स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय टीम के ट्रैफिक में फंसने की वजह से टॉस भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे न होकर 45 मिनट की देरी से 7:15 में हुआ। मैच की पहली गेंद 7:30 बजे फेंकी जाएगी।

टॉस जीतकर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। विकेट में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। हमने इस सीरीज में सब कुछ देखा है, हम चुनौती के लिए तैयार हैं। टीम में 2 बदलाव हैं। वॉशिंगटन सुंदर की जगह सूर्यांश शेडगे और वैभव सूर्यवंशी की जगह संजू सैमसन टीम में वापस आए हैं।"

MP में केन-बेतवा नदी-जोड़ो परियोजना से प्रभावित आदिवासी परिवारों का बरना नदी पर 'चिता आंदोलन' जारी, सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाया


राहुल गांधी ने वियतनाम में नाव दुर्घटना में भारतीयों की मौत पर दुख जताया, सरकार से पीड़ितों की हर मदद करने की मांग की

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने वियतनाम में समुद्र में नाव पलटने की घटना में कई भारतीयों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वियतनाम के फु क्वोक आइलैंड के पास भारतीय टूरिस्ट को ले जा रही नाव के पलटने की दुखद घटना से बहुत दुखी हूं।

उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मेरी संवेदनाएँ उन लोगों के साथ भी हैं जो अभी भी लापता हैं, और उनके परिवारों के साथ हैं जो इस दर्दनाक इंतज़ार में हैं। मैं भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से वियतनामी अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने का आग्रह करता हूँ ताकि यह पक्का हो सके कि चल रहे बचाव कार्यों में हर मुमकिन कोशिश की जाए और प्रभावित परिवारों को सभी ज़रूरी मदद दी जाए।

गाजियाबाद में निर्माणाधीन मॉल में सात वर्षीय बच्ची का शव पाया गया, संदिग्धों को हिरासत में लिया गया

गाजियाबाद के राज नगर एक्सटेंशन इलाके में एक निर्माणाधीन मॉल से सात साल की बच्ची का शव बरामद किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी और कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि नंदग्राम थाना पुलिस को शनिवार तड़के सूचना मिली कि बन रहे मॉल के अंदर बच्ची का शव पाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया।

एसीपी ने बताया कि घटनास्थल से सबूत एकत्र करने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि बच्ची के परिवार की शिकायत के आधार पर कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। अहमद ने बताया कि पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


उमर अब्दुल्ला का दावा- बीजेपी ने नेशनल कांफ्रेंस के विधायकों को तोड़ने की कोशिश की, 30 करोड़ तक का ऑफर दिया 

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज बड़ा आरोप लगाते हुए कहा, "जहां आपका (बीजेपी) पैसा और मंत्रालयों का लालच फेल हो गया, वहां आप मेरे विधायक से बंद कमरे में कह रहे हैं, "हमारे साथ आओ। जब तुम आओगे, तो हम तुम्हें राज्य का दर्जा देंगे।" सुप्रीम कोर्ट के एक वकील, बीजेपी के एक पदाधिकारी ने मेरे जम्मू के एक विधायक से बंद कमरे में कहा: "हम तुम्हें मंत्रालय और राज्य का दर्जा देने के साथ 20 से 30 करोड़ रुपये देंगे। हमारे साथ आओ।" उन्हें लगता है कि लोगों का विश्वास बहुत सस्ता है। आपको यहां मंच पर एक भी ऐसा व्यक्ति नहीं मिलेगा जो 20 करोड़ रुपये या 100 करोड़ रुपये में अपना विश्वास बेचने को तैयार हो..."

राम मंदिर दान में ‘वित्तीय हेराफेरी’ एक तरह का कलंक है: नृपेंद्र मिश्रा

अयोध्‍या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने राम मंदिर में दान में ‘वित्तीय हेराफेरी’ पर शनिवार को दुख जाहिर करते हुए कहा कि यह एक तरह का कलंक है और इससे हर कोई बहुत अपमानित महसूस कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि व्यवस्था में सुधार होगा और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी।

नृपेंद्र मिश्रा ने ‘दान में गबन’ पर कहा, ‘‘यह घटना राम मंदिर पर एक तरह का कलंक है। इसे लेकर हम सभी न केवल क्षमाप्रार्थी हैं बल्कि शर्मिंदा और निराशा भी महसूस कर रहे हैं।’’उन्होंने कहा, ‘‘यह मंदिर प्रबंधन से जुड़ा मामला है। व्यवस्था में सुधार होगा और ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी।’’ उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसे कानून के तहत कठोर सजा दिलाई जाएगी।


शिमला में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, किन्नौर में घरों में घुसा पानी

हिमाचल प्रदेश में शनिवार को मध्यम से भारी बारिश के कारण शिमला में भूस्खलन हुआ, सांगला में पिछले साल निर्मित एक अस्थायी पुल (बेली ब्रिज) ढह गया और किन्नौर जिले में बाढ़ का पानी एकमंजिला मकान में घुस गया जिससे आसपास के कई अन्य मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा है। शिमला शहर के बोथवेल क्षेत्र में संजौली कॉलेज के पास सड़क के नीचे बनी सुरक्षा दीवार शनिवार तड़के ढह गई और उसका मलबा नीचे बने आवासीय मकानों की ओर जा गिरा।

नोएडा में जलभराव के कारण करंट लगने से एक युवक की मौत के बाद एक खुले नाले को ढका जा रहा है


मेरे सब्र को कमजोरी न समझा जाए- उमर अब्दुल्ला ने जम्मू कश्मीर को राज्य के दर्जा के मुद्दे पर कहा

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को केंद्र से कहा कि राज्य का दर्जा बहाल करने के मामले में उनके सब्र को उनकी कमजोरी न समझा जाए। उन्होंने ‘उपयुक्त समय’ की परिभाषा स्पष्ट करने की भी मांग की। उमर अपनी दादी अकबर जहां की 26वीं पुण्यतिथि के मौके पर हजरतबल में अपने दादा-दादी की मजार पर कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उमर अब्दुल्ला ने सवाल किया कि अगर केंद्र सरकार लद्दाख के लोगों से बात करने को तैयार है, तो ‘‘जम्मू कश्मीर के लोगों से क्यों नहीं।’’ अपनी दादी को श्रद्धांजलि देते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने उनसे बहुत कुछ सीखा है, लेकिन सबसे बड़ी सीख धैर्य रखना है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमें धैर्य रखना होगा- जैसा कि उन्होंने रखा था। धैर्य रखना कमजोरी नहीं है और इसका मतलब यह भी नहीं कि हम चुप रहें।’’

वियतनाम में कई भारतीयों को लेकर जा रही नाव डूबी

वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। खबर है कि 10 से ज्यादा लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।


लखीमपुर खीरी में पति की हत्या की दोषी महिला को आजीवन कारावास की सजा

लखीमपुर खीरी जिले की अदालत ने एक महिला को घरेलू झगड़े के बाद पति की हत्या के मामले में दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई और जुर्माना लगाया। एक सरकारी अधिवक्‍ता ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (एडीजीसी) कपिल कटियार ने बताया कि मोहम्मदी-लखीमपुर खीरी के अपर जिला न्‍यायाधीश (एडीजे) दिनेश कुमार गौतम की अदालत ने शुक्रवार को आरोपी सुनीता को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई और 15 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया।

कटियार ने पत्रकारों को बताया कि 16 नवंबर 2013 की रात मोहम्मदी कोतवाली इलाके के राजापुर बेनी गांव में सुनीता ने अपने पति रीतराम पर धारदार हथियार से हमला किया था।

उन्होंने कहा कि दोनों के बीच झगड़े के बाद सुनीता ने रीतराम पर हमला किया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी।

मध्यप्रदेश आज भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और लूट का केंद्र और भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुका है: खड़गे  


हिमाचल प्रदेश: शिमला के राजहाना इलाके में भूस्खलन के बाद खड़ी दो कारें मलबे में दब गईं।

चक्काजाम-पथराव के बाद अब नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने BJP दफ्तर को घेरा

नरोत्तम मिश्रा के समर्थक बीजेपी कार्यालय की छत पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बीजेपी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी है


ग्राहक शिकायतों के बाद FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट को भेजे 9 नोटिस

सर्वेश कुशारे ने मोनाको डायमंड लीग में तीसरे स्थान पर रहकर इतिहास रचा

 राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक सर्वेश कुशारे ने मोनाको में डायमंड लीग में अपने पदार्पण पर ही तीसरा स्थान हासिल करके ऊंची कूद में यह उपलब्धि हासिल करने वाला पहला भारतीय एथलीट बनकर इतिहास रचा और खुद को विशिष्ट क्लब में शामिल कर दिया।

वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शीर्ष तीन में जगह बनाने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

इस 31 वर्षीय खिलाड़ी ने कई स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली इस प्रतियोगिता में 2.26 मीटर की कूद लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया। वह पिछले महीने भुवनेश्वर में राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैंपियनशिप में 2.31 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने के महज दो सप्ताह बाद इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे थे।

कुशारे भाला फेंक के सुपरस्टार नीरज चोपड़ा (2022 से 13 बार), लंबी कूद के खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर (2023 में एक बार) और चक्का फेंक के पूर्व एथलीट विकास गौड़ा (2015 में दो बार) के बाद डायमंड लीग प्रतियोगिता में शीर्ष तीन में जगह बनाने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं।

कुशारे ने तीसरे स्थान पर रहकर कतर के तीन बार के विश्व चैंपियन और तोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता मुताज़ एस्सा बरशिम और अमेरिका के 2023 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता जुवॉन हैरिसन जैसे स्टार खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा। बरशिम 2.20 मीटर के प्रयास के साथ संयुक्त आठवें स्थान पर रहे।


खामेनेई के अंतिम संस्कार में ट्रंप की हत्या के आह्वान के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति ने ईरान को धमकाया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान उनकी हत्या का खुले तौर पर आह्वान किए जाने के बाद शनिवार को ईरान को धमकी दी।

इससे पश्चिम एशिया में जारी तनाव एक बार फिर उजागर हुआ है, जहां युद्ध समाप्त करने के लिए हुआ अंतरिम समझौता क्षेत्र में बार-बार हो रहे हमलों के कारण कमजोर पड़ता जा रहा है।

ट्रंप की इस टिप्पणी से पहले अमेरिका ने ईरान से सार्वजनिक रूप से यह घोषणा करने की मांग की है कि होर्मुज जलडमरूमध्य खुला है और इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने वाले पोतों पर अब हमले नहीं किए जाएंगे।

दिल्ली में हल्की बारिश के आसार, न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना जताए जाने के बीच शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गयी।

दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। हालांकि, शुक्रवार के मुकाबले इसमें 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।

अन्य मौसम केंद्रों में पालम में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 0.1 डिग्री अधिक है। लोधी रोड पर पारा 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार के न्यूनतम तापमान से 0.5 डिग्री अधिक है।

वहीं, रिज और आयानगर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 23.5 डिग्री और 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये शुक्रवार की तुलना में क्रमशः 0.6 डिग्री और 1.4 डिग्री कम हैं।


राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा अयोध्या राम मंदिर पहुंचे  

उत्तराखंड: हाई कोर्ट पहुंचा BKTC का निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल 

बद्रीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में निलंबित बद्री-केदार मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल ने अपने निलंबन आदेश और उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को चुनौती देते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट का रुख किया है।

शुक्रवार को मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की एकल पीठ ने बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) को अपना पक्ष स्पष्ट करने के निर्देश दिए। मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई को निर्धारित की गई है।


झारखंड में तेज़ रफ़्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से साइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गई।

फीफा वर्ल्ड कप: 2010 के बाद पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचा स्पेन, बेल्जियम को 2-1 से हराया

स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पेन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बेल्जियम को रोमांच से भरे मुकाबले में 2-1 से हराया।

स्पेन ने साल 2010 के बाद पहली बार विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। सेमीफाइनल में स्पेन का सामना पिछले वर्ल्ड कप में फाइनल तक का सफर तय करने वाली फ्रांस की टीम से होगा।


केरल: वायनाड में खोज और बचाव अभियान फिर से शुरू, अब तक सात शव बरामद

अब तक की बड़ी खबरें

'होर्मुज को पूरी तरह खोले ईरान', ट्रंप ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। अमेरिका ने ईरान को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए साफ कहा है कि वह सार्वजनिक रूप से यह ऐलान करे कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज सभी व्यावसायिक जहाजों के लिए खुला रहेगा और व्यापारिक जहाजों पर हमले बंद किए जाएंगे। अमेरिकी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान ने ऐसा नहीं किया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं

दतिया में नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का बवाल, पत्थरबाजी में SP समेत 6 घायल

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने से नाराज उनके समर्थकों ने शनिवार रात नेशनल हाईवे-44 (NH-44) पर प्रदर्शन करते हुए यातायात बाधित कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ती चली गई और रविवार तड़के प्रदर्शन हिंसक हो गया। इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल, एडिशनल एसपी सहित छह से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए