बड़ी खबर LIVE: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान में तनातनी बढ़ी, वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर संकट मंडराया

पश्चिम एशिया में सप्ताहांत में हुए हमलों के बाद सोमवार को अमेरिका और ईरान ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उनका नियंत्रण है। इस घटनाक्रम ने युद्ध समाप्त करने के लिए जारी कूटनीतिक कोशिशों पर भी गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

गुजरात : चांदीपुरा वायरस से तीन बच्चों की मौत, चार का इलाज जारी 

गुजरात में पिछले कुछ हफ्तों में चांदीपुरा वायरस से संक्रमण के सात मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें से तीन मरीजों की मौत हो गई और चार अन्य उपचाराधीन हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया ने सोमावार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी मरीज 10 साल से कम उम्र के थे।

मंत्री ने राज्य में चांदीपुरा वायरस के प्रकोप की समीक्षा के लिए गांधीनगर में आयोजित एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद कहा कि वायरस के आठ संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट का अब भी इंतजार है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग वायरस को नियंत्रित करने, मरीजों के इलाज और निगरानी के लिए लगातार काम कर रहा है।

चांदीपुरा वायरस से बुखार होता है, जिसके लक्षण फ्लू जैसे होते हैं, और इससे एक्यूट एन्सेफलाइटिस (दिमाग में सूजन) भी हो सकता है। यह वायरस रैब्डोविरिडे परिवार के वेसिकुलोवायरस जीनस का सदस्य है। यह मच्छर, किलनी और मक्खियों जैसे वाहकों से फैलता है।

मंत्री ने बताया, ‘‘वायरस के संदिग्ध 27 मरीजों के रक्त के नमूने पहले जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से सात के संक्रमित होने की पुष्टि हुई, जबकि 12 में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। आठ मरीज़ों के नतीजे अभी आने बाकी हैं और उनके आज शाम (सोमवार) तक आने की उम्मीद है। संक्रमण की पुष्टि वाले तीन मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि चार अन्य मरीज का उपचार किया जा रहा है। इनमें दो मरीज गांधीनगर में, जबकि दो अन्य वडनगर (जिला मेहसाणा) में हैं।’’

राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला : आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत 27 जुलाई तक बढ़ी

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में फैजाबाद की विशेष भ्रष्टाचार निवारण अदालत ने आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत सोमवार को 14 दिनों के लिए और बढ़ा दी। आरोपियों की पिछली न्यायिक हिरासत की अवधि सोमवार को समाप्त हो रही थी।

अभियोजन के अनुसार, आरोपियों को अपर जिला न्यायाधीश प्रतिभा नारायण की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया, जहां से उन्हें 27 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अभियोजन पक्ष ने शुक्रवार को दो आरोपियों रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और सुभाष श्रीवास्तव की पुलिस हिरासत की मांग की थी। अदालत इस मामले पर मंगलवार (14 जुलाई) को फैसला सुनाएगी।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, जांच के दौरान दोनों आरोपियों के बयानों से नयी जानकारियां मिली हैं, जिससे तथ्यों की पुष्टि करने और मंदिर के चढ़ावे के कथित गबन से जुड़े सबूत बरामद करने के लिए उनकी पुलिस हिरासत जरूरी हो गई है।

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान में तनातनी बढ़ी, वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर संकट मंडराया

 पश्चिम एशिया में सप्ताहांत में हुए हमलों के बाद सोमवार को अमेरिका और ईरान ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उनका नियंत्रण है। इस घटनाक्रम ने युद्ध समाप्त करने के लिए जारी कूटनीतिक कोशिशों पर भी गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।

तनाव उस समय और बढ़ गया जब रविवार को ईरान ने ओमान के तट के निकट होर्मुज जलडमरूमध्य में एक कंटेनर जहाज को निशाना बनाया। इस हमले ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि वैश्विक स्तर पर कभी कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के लगभग पांचवें हिस्से की आवाजाही वाले इस समुद्री मार्ग का मुद्दा ही दोनों देशों के बीच वार्ता का सबसे बड़ा विवाद बना हुआ है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ‘फॉक्स न्यूज’ से कहा, ‘‘जलडमरूमध्य पर हमारा नियंत्रण है।’’ ट्रंप ने यह भी कहा कि रविवार को 11 घंटे चली बैठक में ‘‘सभी बातों पर सहमति बन गई थी’’, लेकिन बाद में ईरानी वार्ताकारों ने कुछ बदलावों का सुझाव दिया।

उन्होंने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया।

ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से ही फारस की खाड़ी के इस संकरे समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही पर असर पड़ा है। ईरान ने व्यावसायिक जहाजों पर हमले कर और जहाजरानी कंपनियों को डराकर इस मार्ग पर अपना दबदबा बनाए रखने की कोशिश की है।

अमेरिका और ईरान के बीच हुए 60 दिन के अंतरिम समझौते की अवधि लगभग आधी पूरी हो चुकी है। इस समझौते का उद्देश्य युद्ध के स्थायी समाधान के लिए वार्ता शुरू करना था, लेकिन इसके बजाय होर्मुज जलडमरूमध्य और इसके भविष्य को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार हमले हो रहे हैं। इससे विश्व नेताओं की यह आशंका बढ़ गई है कि ईरान युद्ध फिर से पूरी तरह भड़क सकता है।


राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला : चंपत राय समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी के लिए अदालत जाएंगे वकील

फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने सोमवार को कहा कि वे राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के पूर्व सदस्यों अनिल मिश्रा एवं गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अदालत का रुख करेंगे।

बार एसोसिएशन के वकीलों का दावा है कि उन्होंने दो जुलाई को राम जन्मभूमि थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की।

फैजाबाद बार एसोसिएशन के सदस्य आफताब खान ने कहा, ‘‘हमने राय, मिश्रा और राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को दो सप्ताह का समय दिया था। सोमवार को फैजाबाद बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर थाने गया था। वहां अधिकारियों ने हमें बताया कि प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और शिकायत को उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है।’’

पश्चिम बंगाल में राज्यसभा उपचुनाव के लिए BJP के तीन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया

भारतीय जनता पार्टी के तीन उम्मीदवारों सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाईक ने सोमवार को पश्चिम बंगाल से राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। अधिकारियों ने यह जानकारी। इन सीटों के लिए मतदान 24 जुलाई को होगा।

अधिकारियों के अनुसार, तीनों नेताओं ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र जमा किए।

नामांकन दाखिल करने से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के साथ विधानसभा स्थित अपने कक्ष में तीनों उम्मीदवारों के साथ बैठक की।

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद तीनों उम्मीदवारों ने विधानसभा में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

ये तीनों राज्यसभा सीटें सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाईक के राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा देने और तृणमूल कांग्रेस छोड़ने के बाद रिक्त हुई थीं। विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। अब वे करीब एक महीने बाद भाजपा के टिकट पर दोबारा संसद पहुंचने के लिए तैयार हैं।


गुवाहाटी, असम: शहर के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हुई। 

नाइजीरिया में अंतिम संस्कार के दौरान गोलीबारी, आठ लोगों की मौत

अफ्रीकी देश नाइजीरिया के उत्तर-मध्य हिस्से में अंतिम संस्कार के दौरान बंदूकधारियों द्वारा की गई गोलीबारी में आठ लोग मारे गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस प्रवक्ता उदेमे एडेट ने बताया कि यह हमला रविवार तड़के बेन्यू राज्य के ओटुक्पो-नोबी समुदाय में हुआ। उन्होंने बताया कि घटना में पांच लोग घायल हुए हैं।

यह स्पष्ट नहीं है कि हमला किस वजह से हुआ। नाइजीरिया के अनाज उत्पादन के मुख्य राज्य बेन्यू में संसाधनों को लेकर चरवाहों और किसानों के बीच अक्सर टकराव होता रहा है। पिछले साल येलेवाटा समुदाय में 150 लोग मारे गए थे।

एडेट ने बताया कि झोपड़ियों और एक मोटरसाइकिल में भी आग लगा दी गई। उन्होंने बताया कि हालात को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती की गई है।

अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एजेंसी एमनेस्टी इंटरनेशनल की नाइजीरिया इकाई के मुताबिक इस गोलीबारी में कम से कम 10 लोग मारे गए। नाइजीरिया की पुलिस अक्सर हताहतों की संख्या कम करके बताती है।


कलकत्ता उच्च न्यायालय ममता नीत तृणमूल की रैली की अनुमति मामले पर 15 जुलाई को सुनवाई करेगा

कलकत्ता उच्च न्यायालय ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस द्वारा दाखिल याचिका पर 15 जुलाई को सुनवाई करेगा। याचिका में पार्टी ने अनुरोध किया है कि अदालत पुलिस को एस्प्लेनेड में विक्टोरिया हाउस के सामने 21 जुलाई को प्रस्तावित ‘शहीद दिवस’ रैली की अनुमति देने का निर्देश दे।

ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस ने 10 जुलाई को याचिका दाखिल की थी और वकीलों के एक समूह ने सोमवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की अदालत में इसका जिक्र करते हुए यथाशीघ्र सुनवाई का अनुरोध किया।

न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने कहा कि मामले की सुनवाई 15 जुलाई को होगी।

गुरुग्राम: एक स्कूल और मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। पुलिस और बम स्क्वॉड ने जांच शुरू कर दी है। और जानकारी का इंतज़ार है।


अमरनाथ यात्रियों के काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकराईं, 18 श्रद्धालु घायल  

अमरनाथ यात्रा के दौरान सोमवार सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के चंदरकोट लंगर स्थल के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कश्मीर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के काफिले में शामिल दो बसों और एक कार की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में अमरनाथ यात्रियों समेत कुल 18 लोग घायल हो गए।

बाहरी-उत्तरी दिल्ली में यमुना में चार नाबालिगों के डूबने की आशंका; तलाश जारी 


राममंदिर में दान चोरी मामला: सुप्रीमकोर्ट का केंद्र सरकार, राज्य सरकार, मंदिर ट्रस्ट को नोटिस,  एसआईटी की स्टेटस रिपोर्ट मांगी, 20 जुलाई को अगली सुनवाई

पटनाः खान सर को मिली जमानत, दोनों बॉडीगार्ड्स को भी मिली बेल

पटना के कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में खान सर उर्फ फैजल खान को बड़ी राहत मिली है। उन्हें कोर्ट ने बेल दे दिया है। कोर्ट ने उनके दोनों बॉडीगार्ड्स को जमानत दे दी है।


बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामला: आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार  

ईरान पर अमेरिका का जबरदस्त हमला, तेहरान का भी पलटवार- अरब देशों पर दागी मिसाइलें

अमेरिका ने ईरान के पांच राज्यों पर एक साथ हमला कर दिया था। अब तेहरान ने इसका बदला लिया है। उसने सोमवार (13 जुलाई) को तीन अमेरिकी ठिकानों को टारगेट किया। तेहरान ने कुवैत, बहरीन और जॉर्डन को निशाने पर लिया है. उसने मिसाइल और ड्रोन से घातक हमला किया है।


मदुरै, तमिलनाडु: मेलूर के पास एक ओमनी बस और TNSTC बस की टक्कर में पांच लोगों की मौत, 40 से ज़्यादा लोग घायल हो गए  

बैंकॉक पब में लगी आग, 27 लोगों की मौत 


अमेरिका के हालिया हवाई हमलों के जवाब में ईरान की कार्रवाई के बाद बहरीन में मिसाइल सायरन बजने लगे।

ईरान पर अमेरिका का जबरदस्त हमला, मिसाइल सिस्टम और IRGC की स्पीड बोट्स टारगेट, 14 प्रांतों पर हमला

अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर सैन्य तनाव बढ़ गया है। दोनों देशों ने एक-दूसरे पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। ईरान ने मध्य-पूर्व के कई देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जबकि अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई में ईरान के मिसाइल सिस्टम और एयर डिफेंस ठिकानों पर हवाई हमले किए। बढ़ते संघर्ष के बीच रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज एक बार फिर युद्ध का प्रमुख केंद्र बन गया है।

अमेरिकी हमलों के बाद बंदर अब्बास के पश्चिमी इलाके, केशम द्वीप, जास्क, सिरीक और बुशहर के कई हिस्सों में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। केशम के गवर्नर हुसैन अमीर तैमूरी के अनुसार, द्वीप पर 10 से 11 प्रोजेक्टाइल गिरे। उन्होंने दावा किया कि सभी हमले सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए और फिलहाल किसी नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं है।

लेबनानी समाचार चैनल अल-मायादीन की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी लड़ाकू विमानों और मिसाइलों ने अब तक ईरान के 14 अलग-अलग प्रांतों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए