बड़ी खबर LIVE: राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की, BJP पर लगाया असली आरोपी को बचाने का आरोप
राहुल गांधी ने उत्तराखंड की दिवंगत बेटी अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की फोटो शेयर की है। उन्होंने कहा कि सबसे शर्मनाक बात है कि राज्य सरकार खुद आज तक उस "VIP" को संरक्षण दे रही है। क्योंकि वह बीजेपी-आरएसएस का बड़ा नेता है। यही बीजेपी की विकृत मानसिकता है।

हॉकी वर्ल्ड कप: कप्तान हरमनप्रीत का डबल धमाल, भारत ने अपने पहले मैच में वेल्स को 3-1 से रौंदा
एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के अपने 'पूल-डी' के पहले मैच में शनिवार को भारत ने वेल्स पर 3-1 से शानदार जीत हासिल की। वैगनर हॉकी स्टेडियम में दर्ज की गई इस जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पेनाल्टी कॉर्नर से किए गए 2 गोल भी शामिल रहे। इससे पहले, संजय राणा ने भारत को बढ़त दिलाई थी, जिसके बाद हरमनप्रीत ने पहले क्वार्टर में इस बढ़त को दोगुना कर दिया। भारतीय कप्तान ने तीसरे क्वार्टर में भी एक और गोल दागकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया, जिसके बाद वेल्स आखिरी क्वार्टर में एक सांत्वना गोल ही कर सका।
भारत ने तीनों प्वाइंट्स हासिल किए और अपने वर्ल्ड कप अभियान की जीत के साथ शुरुआत की। भारत का अगला मुकाबला सोमवार को इंग्लैंड से होगा, जिसके बाद 19 अगस्त को पूल-डी के अपने आखिरी मैच में उसका सामना पाकिस्तान से होगा।
सर्किट हाउस विवाद में महुआ मोइत्रा के समर्थन में आई सीपीएम, संसद में विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाएगी
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने नादिया जिला प्रशासन द्वारा तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा को उनके निर्वाचन क्षेत्र के एक 'सर्किट हाउस' से बाहर निकालने के कथित प्रयास के मामले में शनिवार को उनका समर्थन किया। इसके साथ ही पार्टी ने कहा कि वह इस मुद्दे पर संसद में विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने के लिए कदम उठा रही है।
माकपा के पश्चिम बंगाल राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने बताया कि उन्होंने मोइत्रा से फोन पर बात की है और राज्यसभा में पार्टी के उपनेता जॉन ब्रिटास को संसद में विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने का निर्देश दिया है। माकपा पोलित ब्यूरो के सदस्य सलीम ने यहां पत्रकारों से कहा, "अपने निर्वाचन क्षेत्र में स्वतंत्र रूप से आवाजाही करना किसी सांसद या विधायक का विशेषाधिकार है।" सलीम ने कहा कि कई मुद्दों पर मोइत्रा के साथ उनके राजनीतिक मतभेद हैं, लेकिन वह इस बात पर कायम हैं कि क्षेत्र की सांसद होने के नाते उन्हें सर्किट हाउस में शांतिपूर्वक ठहरने का अधिकार है।
इंडोनेशिया के तट पर आए भूकंप से भारी तबाही, अब तक 40 लोगों की मौत
इंडोनेशिया के तट पर शनिवार तड़के 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया जिससे कई इमारतें एवं मकान ढह गए और कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप से कई लोग घायल हो गये। उन्होंने सुनामी की चेतावनी जारी कर तटीय इलाकों के लोगों से ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा था लेकिन बाद में चेतावनी को वापस ले लिया गया।
इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने कहा कि समुद्र के जलस्तर की निगरानी के दौरान ऐसा कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं पाया गया जिससे तटीय इलाकों के लिए खतरा पैदा हो। अमेरिका के भूगर्भीय सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बजकर 58 मिनट पर इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में था। शुरुआती भूकंप के बाद कई झटके महसूस किए गए।
मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि शनिवार दोपहर तक भूकंप के बाद 235 झटके महसूस किये गए, जिनमें सबसे तेज झटके की तीव्रता 6.2 थी। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख फतुर रहमान ने बताया कि बचावकर्मियों ने कम से कम 40 शव बरामद किए हैं, जिनमें से अधिकांश सिका, मंगराई और पूर्वी मंगराई के बुरी तरह प्रभावित तीन जिलों से मिले हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 50 लोगों को अस्पतालों में ले जाया गया है।
मध्य प्रदेश के छतरपुर में छात्रों ने मंत्री का काफिला रोका, स्कूल तक सड़क, बिजली की मांग की
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में विद्यार्थियों के एक समूह ने शुक्रवार को वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार का काफिला रोककर अपने स्कूल तक पक्की सड़क और बिजली समेत बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। यह घटना चंदला विधानसभा क्षेत्र में हुई, जो जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर है। बस्राही स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने क्षेत्र से गुजर रहे मंत्री के काफिले को रोक लिया।
विद्यार्थियों ने मंत्री को बताया कि स्कूल तक समतल सड़क नहीं होने के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्कूल में बिजली आपूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। विद्यार्थियों द्वारा मंत्री का काफिला रोके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ है। अहिरवार ने विद्यार्थियों की बातें सुनीं और उन्हें जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
झारखंडः लातेहार में कंटेनर ट्रक ने ऑटो-रिक्शा और मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, पांच लोगों की मौत
झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार को एक कंटेनर ट्रक ने एक ऑटो-रिक्शा और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक नाबालिग समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा चंदवा थाना क्षेत्र के डेढ़ टंगवा घाटी में शाम करीब पांच बजे से छह बजे के बीच हुआ। चंदवा थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जाएगा।
दुनिया में सबसे घिनौने न वो होते हैं जो बलात्कारियों की रक्षा करते हैं और BJP में ऐसे लोगों की भरमार हैः राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड की दिवंगत बेटी अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की फोटो शेयर की है। राहुल गांधी ने राज्य सरकार पर अंकिता की हत्या के आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए बीजेपी पर भी हमला बोला।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, अंकिता भंडारी के परिवार से 2 दिन पहले मिला। चार साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी वो न्याय का इंतजार कर रहे हैं- अपनी बच्ची के ख़िलाफ एक ऐसे अपराध के लिए जिसकी कोई माफी नहीं। सिर्फ 19 साल की अंकिता वनंतरा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं जहां एक "VIP" मेहमान की शर्मनाक मांग का विरोध करने पर चीला नहर में डुबो कर उनकी हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हिंसा और डुबोने के सबूतों की पुष्टि भी की। मगर, रिज़ॉर्ट में अंकिता के रूम को किसी भी तरह की जांच होने से पहले ध्वस्त कर दिया गया जो खुद में संदेहपूर्ण है।
राहुल गांधी ने कहा, इस दुखद मामले में सबसे शर्मनाक बात है कि राज्य सरकार खुद आज तक उस "VIP" को संरक्षण दे रही है। क्यों? क्योंकि वह बीजेपी-आरएसएस का बड़ा नेता है। यही बीजेपी की विकृत मानसिकता है बलात्कारियों और अपराधियों को बचाना, उनका राजनीतिक संरक्षण करना, यहां तक कि बलात्कार के दोषियों का फूल-मालाओं से स्वागत करना। दुनिया में सबसे घिनौने इंसान वो होते हैं जो बलात्कारियों की रक्षा करते हैं और बीजेपी में ऐसे लोगों की भरमार है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत तब तक आगे नहीं बढ़ सकता, जब तक महिलाओं को पुरुषों के इस्तेमाल की वस्तु समझने वाली यह अमानवीय मानसिकता खत्म नहीं होती। भारत तभी आगे बढ़ेगा, जब भारत की महिलाएं आगे बढ़ेंगी- सम्मान, सुरक्षा, समानता और न्याय के साथ।
सहारनपुर में सड़क हादसे में आईटीबीपी के डीआईजी और चालक की मौत, चार घायल
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शनिवार को तेज रफ्तार वाहन के डिवाइडर से टकराने के बाद सामने से आ रही एक कार से टकरा जाने से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक उप महानिरीक्षक (डीआईजी) और उनके चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 11 बजे सरसावा थाना क्षेत्र के अंतर्गत देहरादून-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। मृतकों की पहचान आईटीबीपी के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) परमिंदर सिंह (52) और उनके चालक रामशरण (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि डीआईजी के गनर जय राम (38) को गंभीर चोटें आई हैं।
सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि हादसे में सामने से आ रही स्विफ्ट कार में सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं। उनकी पहचान गुरुनानक सिंह (49), देवेंद्र कौर (55) और गुरनाम सिंह (57) के रूप में हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए पिलखनी स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी ने बताया कि डीआईजी और उनके दो सहयोगियों को लेकर जा रही स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई और उछलकर दूसरी लेन में चली गई, जहां सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने परमिंदर सिंह और रामशरण को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि परमिंदर सिंह मूल रूप से पंजाब के रोपड़ के रहने वाले थे और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। वह उत्तराखंड के मसूरी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद हरियाणा के अंबाला जा रहे थे।
नालसार छात्र संगठन ने वापस लिए गए नामांकन आदेश को लेकर बीसीआई की निंदा की, अध्यक्ष से माफी की मांग
नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ की छात्र बार परिषद ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) की उस वापस लिये गए आदेश की निंदा की, जिसमें राज्य बार काउंसिल को विश्वविद्यालय के 2026 बैच के स्नातकों का अधिवक्ता के रूप में नामांकन करने से रोक दिया गया था। छात्र बार परिषद ने छात्रों और शिक्षकों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के लिए बीसीआई के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा से माफी मांगने की मांग की।
नालसार की निर्वाचित छात्र संस्था छात्र बार परिषद ने मिश्रा की उस टिप्पणी पर आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘‘कुछ शिक्षक और बाहरी लोग निर्दोष छात्रों को भड़काने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।’’ बीसीआई ने गुरुवार को सभी राज्य बार काउंसिल को निर्देश दिया था कि अगले आदेश तक नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के 2026 बैच के किसी भी स्नातक का अधिवक्ता के रूप में नामांकन न किया जाए। हालांकि, व्यापक आलोचना के बाद कुछ ही घंटों में यह निर्देश वापस ले लिया गया।
लाल किले से झूठ नहीं बोलना चाहिए... अखिलेश यादव का प्रधानमंत्री मोदी पर तंज
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में महिला आरक्षण विधेयक के उल्लेख को लेकर उन पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘लाल किला झूठ बोलने की जगह नहीं है। वहां से झूठ नहीं बोलना चाहिए।’’
अखिलेश यादव ने कहा कि महिला आरक्षण कानून 2023 में ही पारित हो चुका है और सरकार को इसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लागू करना चाहिए। एसपी प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए विभाजन ‘‘जश्न मनाने का विषय’’ है।
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 22 अगस्त को पुणे में होगा, छात्राओं के मुद्दों पर होगा केंद्रित
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत अब 22 अगस्त को पुणे में युवाओं से संवाद करेंगे और उनका यह कार्यक्रम मुख्य रूप से छात्राओं के मुद्दों पर केंद्रित होगा। राहुल गांधी ने इस कार्यक्रम की जानकारी ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा कि देश की लड़कियों को बराबरी, सुरक्षा, अवसर और अपनी बात कहने की आजादी चाहिए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह भी सवाल उठाया कि लड़कियों को असुरक्षा और भेदभाव का सामना क्यों करना पड़ रहा है? उन्होंने कहा, ‘‘क्या चाहिए देश की लड़कियों को? बराबरी, सुरक्षा, अवसर और अपनी बात कहने की आजादी। उन्हें मिला क्या है? असुरक्षा, भेदभाव और अपने असली अधिकारों के लिए बस इंतजार। अब और नहीं।’’
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से संवाद करते रहे हैं। इससे पहले यह कार्यक्रम राजस्थान के कोटा, उत्तराखंड के देहरादून और उत्तर प्रदेश के प्रयाराज में हो चुका है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक से भिड़ी कार, पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार के सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा जाने के कारण पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
शिवगढ़ थाना प्रभारी रणजीत मकवाना ने बताया कि यह हादसा कजलिया पाड़ा के पास शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे हुआ। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से जा भिड़ी। मकवाना के अनुसार हादसे में जतिन (34), उनकी पत्नी लिशा (30), पैपी (35) और रानू (35) की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोग धार और इंदौर जिले के रहने वाले थे। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में कार चालक समेत पांच लोग घायल हुए जिन्हें रतलाम के चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल भेजा गया।
असम: राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने स्वतंत्रता दिवस पर गुवाहाटी के राजीव भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया
पश्चिम बंगाल में ISI एजेंट होने के शक में 3 लोग गिरफ्तार, कोर्ट ने 14 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा
पश्चिम बंगाल में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एक खास टीम ने पाकिस्तानी ISI एजेंट होने के शक में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. STF ने शुक्रवार देर रात दिन्हाटा-II ब्लॉक के साहेबगंज इलाके में एक ऑपरेशन चलाया और तीन लोगों को अरेस्ट कर उन्हें दिन्हाटा कोर्ट में पेश किया गया, जहां जज ने उन्हें 14 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया. दिन्हाटा के बॉर्डर से सटे इलाके में तीन संदिग्ध जासूसों की गिरफ्तारी से चिंता बढ़ गई है. सूत्रों के मुताबिक, इनमें से एक व्यक्ति उत्तरी दिनाजपुर जिले के गोलपोखर इलाके का है, दूसरा बलरामपुर का है और तीसरा साहेबगंज पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले थोराईखाना इलाके का है।
इंडोनेशिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या हुई 38
इंडोनेशिया के तट के निकट आए भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। शनिवार तड़के इंडोनेशिया के तट से दूर 7।7 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके चलते सुनामी की चेतावनी जारी की गई। हालांकि बाद में इसे वापस ले लिया गया। भूकंप का केंद्र 15 किलोमीटर की गहराई पर था।
देश जाग चुका है, कोई हमारी स्वतंत्रता और संविधान नहीं छीन सकता : उद्धव ठाकरे
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा कि देश जाग चुका है और कई कोशिशों के बावजूद कोई भी नागरिकों की स्वतंत्रता नहीं छीन सकता।
ठाकरे ने यहां पार्टी मुख्यालय शिवसेना भवन के बाहर तिरंगा फहराया और माना जा रहा है कि उनका यह बयान युवाओं के विरोध प्रदर्शनों के संदर्भ में है।
उन्होंने कहा, “कई कोशिशों के बावजूद कोई हमारी स्वतंत्रता नहीं छीन सकता। ऐसा इसलिए है क्योंकि हम न तो अंदरूनी लोगों के और न ही बाहरी लोगों के गुलाम बनेंगे। जिनके लिए यह संदेश है, हम उन्हें यह संदेश दे रहे हैं।”
ठाकरे ने नयी दिल्ली और मुंबई में प्रदर्शन कर रहे युवाओं को शिवसेना (उबाठा) का समर्थन दिया था।
उन्होंने कहा, “देश जाग चुका है और अब कोई हमारे संविधान या स्वतंत्रता को छूने की कोशिश नहीं करेगा।”
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंच के पास गोवा के डीजीपी बेहोश होकर गिरे, हालत स्थिर
गोवा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आलोक कुमार शनिवार को पणजी में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मंच के पास बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि डीजीपी शरीर में पानी की कमी के कारण बेहोश हुए।
कुमार को समारोह स्थल से स्ट्रेचर पर एक निजी अस्पताल ले जाया गया। गोवा पुलिस ने कहा कि उनकी स्थिति सामान्य है।
यह घटना स्वतंत्रता दिवस परेड के दौरान उस समय हुई, जब मुख्यमंत्री पुरस्कार वितरित कर रहे थे। डीजीपी असहज महसूस होने पर मंच से नीचे उतरे और उन्होंने पानी पिया जिसके बाद वह बेहोश हो गए।
गोवा पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया, “उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। उनके महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई है। सब कुछ सामान्य है।”
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज 80वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया
चंडीगढ़- 'क़ौमी इंसाफ़ मोर्चा' के प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और वॉटर कैनन का इस्तेमाल
चंडीगढ़ में पुलिस ने 'क़ौमी इंसाफ़ मोर्चा' के प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। यह मोर्चा उन सिख कैदियों की रिहाई की मांग कर रहा है जो लंबे समय से जेल में बंद हैं।
अहमदाबाद- पुलिस ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को हिसारत में लिया
अहमदाबाद में पुलिस ने हलद्वानी (उत्तराखंड) में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम द्वारा संबोधित कांग्रेस रैली के बाद, हलद्वानी (उत्तराखंड) के रामलीला मैदान में किए गए 'शुद्धिकरण' हवन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआई सदस्यों को हिरासत में ले लिया।
उत्तराखंड: चमोली के बिरही-निजमुला मार्ग पर भूस्खलन, मरीज को ले जा रही 108 एंबुलेंस मलबे में फंसी
चमोली जिले के बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर काली चट्टान के पास शनिवार को पहाड़ी से अचानक भारी मलबा और पत्थर गिरने से मरीज को जिला मुख्यालय गोपेश्वर ले जा रही 108 आपातकालीन एंबुलेंस बीच सड़क पर फंस गई। गनीमत रही कि चालक और एंबुलेंस स्टाफ ने समय रहते खतरे को भांप लिया और मरीज को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान किसी भी तरह की अनहोनी नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, निजमुला घाटी से एक बीमार महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान काली चट्टान के पास पहाड़ी से अचानक मलबा और पत्थर गिरने लगे। खतरा बढ़ता देख एंबुलेंस चालक और स्टाफ ने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए मरीज को वाहन से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
CJP सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए शुरू करेगी आंदोलन, इलाज में देरी से लोग परेशान: दिपके
जिन्होंने तिरंगे का कभी सम्मान न किया हो वो आज तिरंगा लेकर यात्रा निकाल रहे हैं, अखिलेश का BJP पर हमला
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जिन्होंने तिरंगे का कभी सम्मान न किया हो वो आज तिरंगा लेकर यात्रा निकाल रहे हैं। सच्चाई तो ये है कि भाजपा और आजादी विलोम है। इनका राष्ट्रवाद एकरंगी है और हमारा बहुरंगी है
अरुणाचल प्रदेश की दिबांग घाटी में अचानक आई बाढ़ में सेना का जवान लापता
अरुणाचल प्रदेश की दिबांग घाटी में अचानक आई बाढ़ की घटना में सेना के जवान लापता हो गए। आस-पास की चौकियों से कई बचाव दल भेजे गए, जिन्होंने खराब मौसम और पानी के बहाव का सामना करते हुए घटनास्थल तक पहुँचकर बचाव कार्यों में हिस्सा लिया।
महिला आरक्षण पर प्रधानमंत्री मोदी का दावा बेईमानी भरा : जयराम रमेश
पहले उन्होंने किसानों को नक्सली कहा, फिर उन्हें उनकी मांगें माननी पड़ीं, पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री को घेरा
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मोदी के भाषण पर कहा कि पहले उन्होंने किसानों को नक्सली कहा, फिर उन्हें उनकी मांगें माननी पड़ीं। उन्होंने युवाओं को भी नक्सली कहा, और फिर उन्हें धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफ़ा मांगना पड़ा।"
क्या हर कोई नक्सली है? उन्हें 'दिमागी नक्सली' शब्द का मतलब बताना चाहिए?-राजीव शुक्ला का मोदी से सवाल
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि क्या हर कोई नक्सली है? उन्हें 'दिमागी नक्सली' शब्द का मतलब बताना चाहिए। लाल किले से इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए...अगर वे चाहें तो महिला आरक्षण लागू कर सकते हैं, लेकिन महिला आरक्षण की आड़ में वे परिसीमन लागू करना चाहते हैं।"
‘दिमागी नक्सल’ वाली टिप्पणी प्रधानमंत्री की हताशा का स्पष्ट संकेत: कांग्रेस
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘दिमागी नक्सल’ संबंधी टिप्पणी को लेकर शनिवार को उन पर निशाना साधा और कहा कि यह उनकी हताशा का स्पष्ट संकेत है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने पहले अपने विरोधियों को ‘शहरी नक्सल’ कहा और अब उन्हें ‘दिमागी नक्सल’ कह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह उनकी हताशा का ‘स्पष्ट संकेत’ है। रमेश ने दावा किया कि जिन लोगों को प्रधानमंत्री ‘शहरी नक्सल’ या अब ‘दिमागी नक्सल’ बता रहे हैं, उनकी ओर से उठाई गई मांगों या विचारों को सरकार बाद में स्वीकार करती रही है। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि यह यूं ही नहीं है कि उन्हें ‘एंटायर पोलिटकल साइंस’ में एमए (मास्टर एब्यूजर) कहा जाता है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी और राहुल गांधी की मौजूदगी में इंदिरा भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
खड़गे का मोदी पर हमला- ‘गरीब के 50 रुपये की भी सुरक्षा नहीं कर पा रही सरकार’
मल्लिकार्जुन खड़गे ने राम मंदिर से जुड़े ट्रस्ट और दान की रकम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब गरीब लोग अपनी जेब से 50 रुपये तक दान करते हैं और मंदिर जैसे स्थान से जुड़ी व्यवस्थाओं पर ही सवाल उठने लगें, तो जवाबदेही तय होना जरूरी है। खड़गे ने कहा कि अमीर और अमीर होता जा रहा है, जबकि गरीब और गरीब हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति ने मंदिर की नींव रखी, झंडा फहराया और ट्रस्ट के अध्यक्ष का नाम तय किया, उससे जुड़े मामले में सवाल उठना स्वाभाविक है। खड़गे ने सरकार पर गरीबों के पैसे की सुरक्षा नहीं कर पाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मैं मोदी की तरह झूठ नहीं बोलता।’
संसद में मोदी को भाषण देने का मौका नहीं मिला, उनकी सदन में आने की हिम्मत नहीं हुई- खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गैरमौजूदगी को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों सदन में जवाब देने के लिए नहीं आए और कमरे में बैठकर टीवी पर कार्यवाही देखते रहे। खड़गे ने तंज कसते हुए कहा कि अगर वे संसद में आ जाते तो कुछ नहीं हो जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार को झूठ बोलने की आदत हो गई है और सरकार ने लगातार झूठे दावे किए हैं। खड़गे ने यह भी कहा कि मोदी को संसद में भाषण देने का मौका नहीं मिला, इसलिए वह सदन में मौजूद नहीं रहे।
मोदी के भाषण पर खड़गे ने साधा निशाना, कहा- गनीमत है कि इन्होंने ये नहीं कहा कि दुनिया मैंने बचाई
मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से दिए भाषण को लेकर उन पर निशाना साधा। खड़गे ने बिना नाम लिए तंज कसते हुए कहा कि लाल किले से देते हैं किजो किया मैने किया, उन्होंने आगे कहा कि गनीमत है कि वो ये नहीं बोले कि दुनिया मैने बचाई, अगर कोई उनको लिखकर दे देता तो शायद वो ये भी बोल देते कि दुनिया मेरे वजह से बची है।
स्वतंत्रता दिवस पर खड़गे का सवाल- स्वतंत्रता सेनानियों का सपना कितना हुआ पूरा?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्वतंत्रता दिवस पर कहा कि आज का ऐतिहासिक दिन केवल आजादी के संघर्ष को याद करने का नहीं, बल्कि यह सवाल करने का भी है कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत का सपना देखा था, वह कितना पूरा हुआ। उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ कांग्रेस के संघर्ष और बलिदान देने वाले सेनानियों को नमन करते हुए महात्मा गांधी के ‘करो या मरो’ आह्वान का जिक्र किया। खड़गे ने कहा कि आजादी का सपना सिर्फ अंग्रेजी शासन से मुक्ति तक सीमित नहीं था, बल्कि गरीबी, भेदभाव, छुआछूत, बेरोजगारी, अन्याय और भय से भी मुक्ति का सपना देखा गया था। उन्होने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने 141 साल के इतिहास में 62 वर्षों तक विदेशी शासन से संघर्ष करती रही। लाखों लोगों ने त्याग और बलिदान दिया, जेलों में अमानवीय यातनाएं सहीं, उन्हें हम नमन करते हैं।
बेंगलुरु: कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद ने कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
महिला आरक्षण तो बहुत पहले ही पास हो चुका है- PM मोदी के भाषण पर बोले सचिन पायलट
पीएम मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "आप सभी जानते हैं कि मनमोहन सिंह सरकार के दौरान महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका था, लेकिन इसे अभी तक लागू क्यों नहीं किया गया? महिला आरक्षण के नाम पर आप एक गैर-कानूनी परिसीमन बिल लाना चाहते हैं... हम इसके खिलाफ हैं। महिला आरक्षण तो बहुत पहले ही पास हो चुका है। पूरा विपक्ष और देश उस परिसीमन के खिलाफ है जिसे वे थोपने की कोशिश कर रहे हैं।"
आइए 2036 तक तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था को 1.5 ट्रिलियन रुपये तक पहुंचाएं- मुख्यमंत्री विजय
स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाषण में मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि आइए 2036 तक तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था को 1.5 ट्रिलियन रुपये तक पहुंचाएं; अच्छे शासन के लिए लोगों का लगातार समर्थन ज़रूरी है और हम सभी जनसेवक हैं।
हम सब मिलकर प्रण करें कि हम अपनी स्वतंत्रता, अपने संविधान और इसके उसूलों की हर हाल में रक्षा करेंगे- प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "आज का दिन हमारे प्यारे भारत के सामूहिक साहस, शौर्य और सत्य-अहिंसा जैसे पवित्र मूल्यों की जीत का पर्व है। यह करोड़ों भारतवासियों की आकांक्षाओं के साकार होने का पर्व है। यह लोकतंत्र के उस संकल्प का पर्व है जिसने हर एक भारतीय को समानता, न्याय व एकता की गारंटी, और हर एक भारतीय की अभिव्यक्ति को स्वतंत्रता दी। आइए, हम सब मिलकर प्रण करें कि हम अपनी स्वतंत्रता, अपने संविधान और इसके उसूलों की हर हाल में रक्षा करेंगे। सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। जय हिंद! जय भारत!"
संविधान और लोकतंत्र की रक्षा हमारा सबसे बड़ा संकल्प, स्वतंत्रता दिवस पर खड़गे का संदेश
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आजादी केवल अंग्रेजी शासन से मुक्ति नहीं, बल्कि संविधान से मिले समानता, सम्मान, न्याय और अभिव्यक्ति के अधिकार की गारंटी भी है।
खड़गे ने पिछले एक दशक में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सद्भाव के सामने आई चुनौतियों पर चिंता जताई। उन्होंने युवाओं, किसानों, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए समान अवसर और न्याय की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर देश का सबसे बड़ा संकल्प उम्मीद होना चाहिए और ऐसी आजादी की रक्षा करनी चाहिए, जिसमें हर आवाज को सम्मान, हर सपने को अवसर और हर भारतीय को आगे बढ़ने का समान अधिकार मिले।
आज की बड़ी खबरें
देश मना रहा है 80वां स्वतंत्रता दिवस
भारत आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। पूरे देश में इसकी धूम है। हर भारतीय इस दिन को एक उत्सव के रूप में मनाते हैं। आज ही के दिन 1947 में हमारा देश अंग्रेजों की 200 साल की गुलामी से आजाद हुआ था। यह दिन स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों, देश की प्रगति और एकता का प्रतीक है।
इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप, सुनामी का अलर्ट जारी
इंडोनेशिया के तट के पास शनिवार तड़के 7.7 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया जिसका केंद्र समुद्र के अंदर 35 किलोमीटर की गहराई पर था। EMSC के मुताबिक भूकंप के बाद कम से कम तीन आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए।
दिल्ली: 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर है, जगह जगह चैकिंग हो रही है
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
