बड़ी खबर LIVE: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी के किराए के मकान से महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद, पुलिस का दावा

राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी रमाशंकर मिश्र के किराए के घर से पुलिस को एक बैग में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले।

फोटोः IANS
i

राम मंदिर ‘चढ़ावा चोरी’ मामले में आरोपी के किराए के मकान से ‘महत्वपूर्ण दस्तावेज’ बरामद: पुलिस

राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी रमाशंकर मिश्र के किराए के घर से पुलिस को एक बैग में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा पुलिस दल ने एक अन्य आरोपी सुभाष श्रीवास्तव से जुड़ी जगहों पर तलाशी ली।

अधिकारियों के मुताबिक पुलिस हिरासत के दौरान मिश्र को साथ ले जाया गया और उसकी निशानदेही पर किराए के घर की तलाशी ली गयी।

उन्होंने बताया कि इस दौरान पुलिस को मकान में रखे एक बैग से ज़मीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज़ मिले।

अमेरिका ने फिर से नाकेबंदी के बाद हमले तेज किये, तेहरान की ऊर्जा निर्यात रोकने की धमकी

अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे जहाजों पर ईरान के हमलों के जवाब में बुधवार को तेहरान पर फिर से नौसैनिक नाकेबंदी लगा दी और उसके खिलाफ अपने हवाई हमले तेज कर दिये।

ईरानी अधिकारियों के अनुसार, अमेरिकी हवाई हमलों में ईरानी सेना की एक बैरक को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम सात सैनिक मारे गए और देशभर में 260 से अधिक लोग घायल हो गए।

पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच कई दिनों से जारी जवाबी हमलों तथा वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर फिर से धमकियों के बढ़ने से संघर्ष समाप्त करने के लिए हुआ अंतरिम समझौता लगभग निष्प्रभावी हो गया है और क्षेत्र एक बार फिर पूर्ण युद्ध की ओर बढ़ सकता है।

2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर शिवपाल यादव ने कहा, "चुनाव आने वाले हैं चुनाव में ज्यादा समय नहीं रह गया है

2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा, "चुनाव आने वाले हैं चुनाव में ज्यादा समय नहीं रह गया है। सपा की पूरी तरह से तैयारी है और भाजपा झूठी पार्टी है और आज तक के इतिहास में सबसे बेईमान सरकार है।'


वांगचुक के बिगड़ते स्वास्थ्य से जुड़ी याचिका पर बृहस्पतिवार को सुनवाई करेगा दिल्ली उच्च न्यायालय

दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधवार को कहा कि वह यहां जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताने वाली जनहित याचिका पर बृहस्पतिवार को सुनवाई करेगा।

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में कथित अनियमितताओं के विरोध में और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 25 दिन से अधिक समय से प्रदर्शन कर रही है।

वांगचुक 28 जून को इस प्रदर्शन में शामिल हुए थे और तभी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।

उच्च न्यायालय की बार एसोसिएशन द्वारा आहूत कार्य बहिष्कार के बीच संबंधित प्राधिकारियों की ओर से अदालत में कोई पेश नहीं हुआ जिसके बाद मुख्य न्यायाधीश डी. के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ ने जनहित याचिका पर सुनवाई बुधवार को स्थगित कर दी।

दिल्ली: यमुना नदी में डूबे दो लड़के के शव मिले, दो की तलाश जारी

दिल्ली में तीन दिन पहले यमुना में नहाते वक्त तेज़ धारा में बह गए चार में से दो नाबालिग लड़कों के शव बुधवार को बरामद कर लिए गए जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि दिल्ली बोट क्लब की सहायता से बाहरी उत्तरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में यमुना नदी से राहुल नामक लड़के का शव बरामद किया गया। इसके कुछ देर बाद दूसरे लड़के का भी शव बरामद कर लिया गया और माना जा रहा है कि यह अमनदीप का शव है।


दिल्ली में एसआईआर की समयसीमा बढ़ी, 19 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

निर्वाचन आयोग ने दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की समयसीमा को बुधवार को आगे बढ़ा दिया और अब राष्ट्रीय राजधानी में अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे एक पत्र में आयोग ने कहा कि मतदाता सूची के मसौदे का प्रकाशन अब पांच अगस्त के बजाय 17 अगस्त को किया जाएगा।

इसी तरह, घर-घर जाकर सत्यापन करने की प्रक्रिया अब आठ अगस्त तक जारी रहेगी, जो पहले 29 जुलाई तक के लिए निर्धारित थी।

दिल्ली एसआईआर के तीसरे चरण का हिस्सा है, जिसे 14 मई को शुरू किया गया था।

तेज प्रताप का दावा, 'जीतने वाली उम्मीदवार थीं वीना मानवी, सरकार ने जानबूझकर रद्द किया नामांकन'

बिहार में JJD अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कहा कि हम अपने संगठन को मजबूत करने के लिए निकले हैं। बांकीपुर उपचुनाव में वीना मानवी जीतने वाली उम्मीदवार थीं। लेकिन उनका नॉमिनेशन रद्द कर दिया गया। सरकार ने हमारे साथ षड्यंत्र किया है।


राज्य के दर्जे को लेकर दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन की योजना में कई बदलाव नहींः उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि उनके चाचा शेख मुस्तफा कमाल के निधन के बाद भी राज्य का दर्जा बहाल करने में हो रही देरी के खिलाफ उनकी पार्टी के दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा।

अब्दुल्ला ने इससे पहले केंद्र शासित प्रदेश (जम्मू-कश्मीर) का राज्य का दर्जा बहाल करने में हो रही "अनुचित देरी" के विरोध में 20 जुलाई से राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन के नए चरण की घोषणा की थी।

अब्दुल्ला ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अतिरिक्त महासचिव और उनके चाचा के आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद संवाददाताओं से कहा, "इसमें कोई बदलाव नहीं होगा।"

अब्दुल्ला ने कहा कि उनके चाचा की इच्छा भी यही होती कि पार्टी अपने तय कार्यक्रम में कोई बदलाव न करे।

हरियाणा: गुरुग्राम के सेक्टर 29 में किंगडम ऑफ ड्रीम्स में आग लग गई।

हरियाणा: गुरुग्राम के सेक्टर 29 में किंगडम ऑफ ड्रीम्स में आग लग गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने का काम चल रहा है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।


जम्मू: सीआईएसएफ महानिदेशक ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने बुधवार को अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की जम्मू में समीक्षा की।

यात्रा शुरू होने के 12 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या तीन लाख के पार पहुंच गई है। अधिकारियों ने बताया कि 57 दिवसीय यह वार्षिक तीर्थयात्रा 28 अगस्त को संपन्न होगी।

अधिकारियों ने बताया कि सीआईएसएफ प्रमुख ने भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर, संयुक्त पुलिस नियंत्रण कक्ष (जेपीसीआर), सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष और तवी रिवर फ्रंट का दौरा किया। उन्होंने इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा आपात प्रतिक्रिया व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा तैयारियों, रसद व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं की समीक्षा की।

दिल्ली पुलिस ने यौन शोषण के मामले में 11 दिन में चार्जशीट दाखिल की

दिल्ली पुलिस ने यौन शोषण के मामले में 11 दिन में चार्जशीट दाखिल की, अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि दिल्ली पुलिस ने यौन शोषण के एक मामले में FIR दर्ज होने के 11 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी है।

यह मामला एक महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया था, जिसने एक व्यक्ति पर शादी का झूठा वादा करके अपना यौन शोषण करने का आरोप लगाया था।


BJP के साथ पिछले दरवाजे से कोई बातचीत नहीं हो रही : सुप्रिया सुले

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-शप) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने बुधवार को अपनी पार्टी के नेताओं और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच हुई मुलाकातों को लेकर लगाई जा रही अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि ये बैठकें सियासी रणनीति का हिस्सा नहीं थीं।

सुले ने मुंबई में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने राकांपा (शप) के नगर परिषद अध्यक्ष के खिलाफ की गई कार्रवाई का मुद्दा उठाने के लिए फडणवीस से आधिकारिक तौर पर मिलने का समय मांगा था।

उन्होंने कहा, ‘‘जयंत पाटिल ने आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांगा, अपनी कार से गए और अपनी कार से ही वापस आए। इस बैठक में कुछ भी गुप्त नहीं था। अगर आप यह जानना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री से उनके आवास पर और कौन-कौन मिला, तो आपको मुख्यमंत्री से पूछना चाहिए, मुझसे नहीं।’’

नोएडा के ममूरा में भीषण अग्निकांड, मकान में जिंदा जलकर 2 की मौत, स्कूटी चार्जिंग के दौरान हुआ धमाका

नोएडा के ममूरा गांव में बुधवार को एक मकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं कई झुलस गए। अभी तक 50 लोगों का रेस्क्यू किया गया गया है। आग लगने के बाद पूरे इलाके में धुआं फैल गया है। मकान में रहने वाले कुछ लोग अब भी अंदर ही फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची हैं और बचाव अभियान शुरू किया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक बाइक में हुई स्पार्किंग मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि मकान के अंदर खड़ी इलेक्ट्रिक बाइक में अचानक चिंगारी उठी, जिसके बाद आग ने तेजी से पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए फायर विभाग और पुलिस जांच कर रही है।


मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली

मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद मामले में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टल गई। अब अगली सुनवाई 12 अगस्त को होगी। श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुख्य विवाद के साथ ही इस मामले में हिंदू पक्ष की तरफ से दाखिल तमाम याचिकाओं मे कौन सी याचिका रिप्रजेंटेटिव शूट बने, इस मुद्दे पर भी सुनवाई होनी थी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शूट नंबर 17 को रिप्रजेंटेटिव शूट माना था। हिन्दू पक्ष के दूसरे वादियों का कहना है कि उनके शूट अलग मुद्दे और दलीलों पर आधारित है, इसलिए केवल शूट संख्या 17 को रिप्रजेंटेटिव शूट नहीं माना जा सकता है।

यह विवाद श्री कृष्ण जन्मभूमि और उसके निकट स्थित शाही ईदगाह मस्जिद से जुड़ा है। हिंदू पक्ष का दावा है कि मस्जिद उस स्थान पर बनी है जो भगवान कृष्ण की जन्मस्थली है। हिंदू पक्ष का दावा है कि शाही ईदगाह मस्जिद का निर्माण 17वीं सदी में औरंगजेब के शासनकाल में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर बने प्राचीन केशवदेव मंदिर को तोड़कर किया गया था। उनका कहना है कि यह स्थल भगवान कृष्ण का जन्मस्थान है।

दूसरी ओर, मुस्लिम पक्ष मस्जिद की ऐतिहासिक और कानूनी वैधता का दावा करता है। इस विवाद में मंदिर की जमीन पर स्वामित्व, पूजा का अधिकार और स्थल की पुरातात्विक जांच जैसे मुद्दे शामिल हैं। मस्जिद पक्ष का कहना है कि 1968 के समझौते के तहत यह विवाद पहले ही सुलझ चुका है।

बैंकॉक के बार में आग से मरने वालों की संख्या 32 हुई, पीड़ित परिवारों ने मांगा मुआवजा

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक संगीत बार में लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। बैंकॉक नगर प्रशासन के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भीषण आग की इस घटना में जीवित बचे लोग और मृतकों के परिजन बुधवार को घटनास्थल के निकट एक पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने मुआवजे की मांग की, अपना सामान लिया और आग लगने की घटना के संबंध में बयान दर्ज कराए।

अधिकारियों ने बताया कि ‘रोंग बीयर ना लाडफ्राओ’ बार में रविवार रात लगी इस आग में कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई और 70 से अधिक लोग घायल हो गए। प्रशासन के अनुसार, घायलों में से 15 की हालत अब भी गंभीर है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में मारे गए अधिकतर लोग खिड़की रहित शौचालयों में फंसे मिले। वे संभवतः आग से बचने के लिए वहां पहुंचे थे। ‘इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक मेडिसिन’ के प्रमुख विरून सुपासिंगसिरीप्रीचा ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि अधिकतर लोगों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई जबकि कुछ लोगों की मौत झुलसने के कारण हुई।


अहमदाबाद स्थित साबरमती रेलवे यार्ड में अचानक एक ट्रेन के कोच में भीषण आग लगी  

हाल के दिनों में ईरान को निशाना बनाकर किए गए अमेरिकी हवाई हमलों में 30 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं- ईरानी सरकार 


ईरान पर अमेरिका के नवीनतम हवाई हमले में करीब 260 लोग घायल : ईरानी अधिकारी

अमेरिका द्वारा मंगलवार रात को ईरान पर किये गए नवीतनम हवाई हमले में कम से कम 260 लोग घायल हुए हैं। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता हुसैन केरमैनपोर ने बुधवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, हाल ही में ईरान और अमेरिका के बीच शुरू हुए युद्ध के किसी भी हमले की तुलना में इस बार हताहतों की संख्या कहीं अधिक है।

अमेरिका और ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह फारस की खाड़ी का वह संकरा मुहाना है, जहां से दुनिया के कुल तेल और प्राकृतिक गैस के व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा गुजरता है।

दिल्ली सरकार ने 'दिल्ली (नागरिकों को समयबद्ध और आसानी से सेवाएं पाने का अधिकार) विधेयक, 2026' को मंज़ूरी दे दी है 


मणिपुर में भीड़ ने असम राइफल्स के शिविर में तोड़-फोड़ की, गाड़ियों को आग लगाई

मणिपुर के सेनापति जिले के एक इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान चलाए जाने के कुछ घंटों बाद भीड़ ने पथराव किया, असम राइफल्स के शिविर में तोड़-फोड़ की और सुरक्षाकर्मियों की तीन गाड़ियों में आग लगा दी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह हिंसा जिला मुख्यालय में स्थित अर्द्धसैनिक बल के शिविर में मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे हुई जब भीड़ ने बैरक पर हमला किया।

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने एक बयान में कहा कि ओकलांग में ‘नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड-इसाक मुइवा’ (एनएससीएन-आईएम) के निर्धारित शिविर से लगभग दो किलोमीटर पश्चिम में मकुइलॉन्गडी इलाके में हथियारबंद काडरों की मौजूदगी की विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिलने के बाद असम राइफल्स ने इलाके में गश्त और तलाशी अभियान शुरू किया था।

तमिलनाडु - कन्याकुमारी में तंबाकू उत्पाद बेचने के आरोप में गिरफ़्तार और जेल भेजे गए 34 साल के सबरी वर्मन की जेल में मौत  

तमिलनाडु के कन्याकुमारी ज़िले में नागरकोइल के पास तंबाकू उत्पाद बेचने के आरोप में गिरफ़्तार और जेल भेजे गए 34 साल के सबरी वर्मन की कल जेल में मौत हो गई। उनके रिश्तेदारों ने शव लेने से इनकार कर दिया और न्याय की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी। उनका आरोप है कि वर्मन के शरीर पर पुलिस की पिटाई के निशान थे और उनका दावा है कि पुलिस ने पीट-पीटकर उनकी जान ले ली।

कन्याकुमारी ज़िले के SP डॉ. आर. स्टालिन का कहना है, "हम अभी इस मामले की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद मैं आपको पूरी जानकारी दूंगा।


मध्य प्रदेश: राज्य कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी ने पेपर लीक के खिलाफ इंदौर से भोपाल तक कांग्रेस साइक्लोथॉन का नेतृत्व किया।

राज्य कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी पेपर लीक के विरोध में इंदौर से भोपाल तक कांग्रेस की साइक्लोथॉन की अगुवाई कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह एक गैर-राजनीतिक यात्रा है। राहुल गांधी जी ने बच्चों के भविष्य और शिक्षा को बचाने के लिए पूरे राज्य में एक नैरेटिव तैयार किया है। हर बार प्रश्न-पत्र लीक हो जाते हैं... बच्चे अपनी जान दे देते हैं, और फिर भी किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाता। शिक्षा माफिया और पेपर लीक माफिया में शामिल सभी लोग आखिर बीजेपी के ही क्यों होते हैं?"

सुप्रीम कोर्ट में गाली-गलौज और कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में दो लॉ स्टूडेंट्स गिरफ्तार

सुप्रीम कोर्ट में गाली-गलौज और कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में दो लॉ स्टूडेंट्स गिरफ्तार पुलिस ने बुधवार को बताया कि सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका पर सुनवाई के दौरान गाली-गलौज करने, सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट करने और कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में दो लॉ स्टूडेंट्स को गिरफ्तार किया गया।

इस घटना के सिलसिले में उत्तर प्रदेश के इटावा के रहने वाले और लखनऊ यूनिवर्सिटी में लॉ की पढ़ाई कर रहे तीसरे साल के स्टूडेंट प्रबल प्रताप सिंह (24) - जो खुद अपनी याचिका की पैरवी कर रहे थे - और रायबरेली ज़िले के लॉ की पढ़ाई कर रहे दूसरे साल के स्टूडेंट चंद्र भान (23) को गिरफ्तार किया गया।


चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज की 124वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की  

महाराष्ट्र: NH-848 एक कार दो ट्रकों के बीच दबी, चार लोगों की मौत 

महाराष्ट्र के नासिक-पेठ-गुजरात नेशनल हाईवे (NH-848) पर ब्रेक फेल होने के कारण एक कार दो ट्रकों के बीच दब गई, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।


ईरान ने जॉर्डन को निशाना बनाकर दागीं मिसाइलें  

 जॉर्डन ने बुधवार को कहा कि उसने देश को निशाना बनाकर ईरान की ओर से दागी गई तीन मिसाइलों को मार गिराया है।

यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने का प्रयास कर रहे पोतों पर ईरान के हमलों के बाद उसके खिलाफ फिर से नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर दी है।

जॉर्डन की सेना ने देश की सरकारी समाचार एजेंसी ‘पेट्रा’ के जरिए जारी बयान में यह जानकारी दी।

नासा के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन दो रूसी सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे 

नासा के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन और रूस के दो अंतरिक्ष यात्री प्योत्र दुब्रोव तथा अन्ना किकिना बुधवार तड़के (भारतीय समयानुसार) लगभग तीन घंटे की यात्रा के बाद सोयुज एमएस-29 अंतरिक्ष यान से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पहुंच गए जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस का अंतरिक्ष यान सोयुज एमएस-29 भारतीय समयानुसार रात आठ बजकर 17 मिनट पर बाइकोनूर से रवाना हुआ।

प्रक्षेपण के लगभग आठ मिनट बाद अंतरिक्ष यान अपनी प्रारंभिक कक्षा में पहुंचा और फिर करीब तीन घंटे की उड़ान के बाद भारतीय समयानुसार रात 11:52 बजे आईएसएस के प्रिचाल मॉड्यूल से सफलतापूर्वक जुड़ गया।


देहरादून: राहुल के कार्यक्रम की अनुमति रद्द होने पर कांग्रेस का धरना, अब बन्नू स्कूल मैदान में होगा आयोजन

कांग्रेस ने राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति रद्द किए जाने को लेकर उत्तराखंड सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए मंगलवार देर रात विरोध-धरना दिया। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में परेड ग्राउंड पर आयोजित धरने के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने घोषणा की कि ‘‘छात्रों की गूंज’’ कार्यक्रम अब देहरादून के ही बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि परेड ग्राउंड में कार्यक्रम के लिए तीन दिन की दी गई अनुमति प्रशासन ने राज्य सरकार के दबाव में आकर रद्द की है। उन्होंने कहा सरकार का तर्क है कि इस मैदान में पहले से एक कार्यक्रम किया जा रहा है, जबकि हम मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को दिखाना चाहते हैं कि यहां कोई कार्यक्रम नहीं हो रहा है।

पुरी, ओडिशा: भारी बारिश के बावजूद जगन्नाथ रथ यात्रा की अंतिम तैयारियां जारी

दुनिया भर में मशहूर रथ यात्रा इस साल 16 जुलाई को पुरी में आयोजित होने वाली है। देश-विदेश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के इस उत्सव में शामिल होने की उम्मीद है।


एम्बाप्पे लगातार तीसरे विश्व कप फाइनल से चूके, ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में मेस्सी की बराबरी बरकरार

फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे का लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल खेलने का सपना टूट गया लेकिन चार साल पहले गोल्डन बूट जीतने वाले एम्बाप्पे इस बार भी अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेस्सी के साथ टूर्नामेंट के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं।

विश्व कप सेमीफाइनल में स्पेन के खिलाफ 0-2 की हार के दौरान एम्बाप्पे अपनी टीम के लिए ज्यादा मौके नहीं बना सके। उनके और मेस्सी के नाम अब तक आठ-आठ गोल दर्ज हैं।

मेस्सी और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना बुधवार को दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम फाइनल में स्पेन के खिलाफ खेलेगी।

फ्रांस अब शनिवार को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में तीसरे स्थान के मुकाबले में दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम से भिड़ेगा।

अब तक की बड़ी खबरें 

हॉर्मुज पार नहीं कर पाएंगे ईरानी जहाज, अमेरिका ने ब्लॉक किया रास्ता

अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में ईरान का रास्ता रोक दिया है। यूएस सेंट्रल कमांड ने बताया कि अमेरिकी नौसैनिकों ने हॉर्मुज में ईरान के खिलाफ नाकेबंदी लगा दी है। इसका सीधा मतलब है कि अब ईरानी जहाज हॉर्मुज पार नहीं कर पाएंगे। यूएस सेंट्रल कमांड ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है। उसने इसके जरिए बताया, 'अमेरिकी सेना ने आज शाम 4 बजे से ईरानी बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों में आने-जाने वाले जहाजों के खिलाफ समुद्री नाकेबंदी फिर से शुरू कर दी है। इस वक्त मिडिल ईस्ट में 20 से ज्यादा अमेरिकी नौसेना के युद्धपोत और सैकड़ों सैन्य विमान तैनात हैं।

फीफा विश्वकप के फाइनल में पहुंचा स्पेन

फीफा विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फ्रांस को 2-0 से मात दी और फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। डलास स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी और फ्रांस के आक्रमण को प्रभावी होने का कोई मौका नहीं दिया। स्पेन के लिए पहला गोल 22वें मिनट में मिकेल ओयरजाबल ने पेनल्टी के जरिए किया। इसके बाद दूसरे हाफ के 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने शानदार गोल दागकर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी और जीत लगभग पक्की कर दी। इस जीत के साथ स्पेन ने फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामना इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। विश्व कप 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार को न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा।


देहरादून में राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर विवाद, कांग्रेस का आधी रात परेड ग्राउंड पर धरना

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर कांग्रेस और प्रशासन के बीच चल रही खींचतान मंगलवार देर रात सड़क पर उतर आई।

परेड ग्राउंड की बुकिंग का दावा करते हुए बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रात करीब 11 बजे राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एकत्र हुए और वहां से परेड मैदान की ओर कूच किया। कांग्रेसियों के पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में पुलिस बल परेड ग्राउंड में तैनात कर दिया गया था और केंद्रीय मंत्रालय के कार्यक्रम स्थल की घेराबंदी कर दी गई थी। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि पार्टी ने 15 से 17 जुलाई तक परेड ग्राउंड की बुकिंग कराई थी और इसी आधार पर रात 12 बजे के बाद कार्यक्रम की तैयारियां शुरू की जानी थीं।

हालांकि, इससे पहले ही प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। परेड ग्राउंड में चल रहे कार्यक्रम के पंडाल और आयोजन स्थल के आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती कर घेराबंदी कर दी गई।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए