बड़ी खबर LIVE: FIFA विश्वकप में ईरान-न्यूजीलैंड मुकाबला ड्रॉ, अमेरिका का ताकतवर B-52 बॉम्बर क्रैश, 8 की मौत

FIFA विश्वकप के ग्रुप-जी में इंगलवुड के लॉस एंजिलिस स्टेडियम में ईरान ने न्यूजीलैंड को 2-2 की बराबरी पर रोक दिया, वहीं अमेरिका के कैलिफोर्निया में बी-52 बमवर्षक विमान उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें आठ लोग मारे गए।

फोटो: सोशल मीडिया
i

FIFA विश्वकप में ईरान-न्यूजीलैंड मुकाबला ड्रॉ

ग्रुप-जी में इंगलवुड के लॉस एंजिलिस स्टेडियम में ईरान ने न्यूजीलैंड को 2-2 की बराबरी पर रोक दिया। न्यूजीलैंड के एलिजाह जस्ट ने सातवें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई थी। इसके बाद ईरान के रमीन ने 32वें मिनट में बराबरी का गोल दागा। पहला हाफ 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। फिर दूसरे हाफ में न्यूजीलैंड के एलिजाह ने ही 55वें मिनट में गोल दागा। इसके बाद ईरान के मोहेबी ने हेडर से गोल दाग स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद ईरान ने कई मौके बनाए, लेकिन गोल में तब्दील नहीं कर सके। ईरान ने पूरे मैच में गजब का जज्बा दिखाया, 1-0 से और फिर 2-1 से पिछड़ने के बाद तुरंत जवाबी हमला किया।

कैलाश मानसरोवर यात्रा के तीर्थयात्रियों का पहला जत्था गंगटोक पहुंचा

कैलाश मानसरोवर यात्रा के तीर्थयात्रियों का पहला जत्था नाथू ला दर्रे के रास्ते आगे की यात्रा के लिए गंगटोक पहुंच गया है।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम यहां पहुंचे पहले जत्थे में दो समन्वयक अधिकारी और एक चिकित्सा अधिकारी समेत कुल 44 लोग है। इनमें 32 पुरुष और 12 महिलाएं हैं।

पर्यटन विभाग ने एक बयान में कहा कि सिक्किम पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष लुकेंद्र रसाइली और उप महाप्रबंधक अमित कपिल छेत्री ने एक स्थानीय होटल में तीर्थयात्रियों का स्वागत किया।

तीर्थयात्री यहां चार दिन के अनुकूलन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, ताकि वे ऊंचाई और मौसम की परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढाल सकें। इसके बाद वे 20 जून को ग्यांत्से नगर के लिए रवाना होंगे, जो नाथू ला दर्रे के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख पड़ाव है।

जम्मू-कश्मीर: राजौरी के डोरी माल जंगल इलाके में आतंकवाद-विरोधी अभियान जारी है।


ट्रंप का दावा: ईरान कभी नहीं बनाएगा परमाणु हथियार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक बड़ा दावा किया। उन्होंने बताया कि ईरान सहमत हो गया है कि वह अब कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा। ट्रंप ने ईरान के साथ एक नए समझौते (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। ट्रंप ने उन खबरों को पूरी तरह गलत बताया जिनमें कहा गया था कि अमेरिका इस शांति समझौते के बदले ईरान को 300 मिलियन डॉलर देगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह विरोधियों की फैलाई हुई झूठी खबर है।

अमेरिका का ताकतवर B-52 बॉम्बर क्रैश, उड़ान के कुछ मिनट बाद आग का गोला बना, 8 की मौत

दक्षिणी कैलिफोर्निया के एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद अमेरिकी वायु सेना का B-52 बमवर्षक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एयर फोर्स बेस के अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा सोमवार सुबह स्थानीय समयानुसार 11:20 बजे उस समय हुआ जब विमान नियमित मिशन पर था। दुर्घटना में विमान में मौजूद सभी 8 लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल से काले धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया, जिसे कई मील दूर तक देखा जा सकता था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए