बड़ी खबर LIVE: झारखंड में बड़ा फैसला, हेमंत सोरेन कैबिनेट ने TDPL द्वारा आयोजित JSSC-CGL परीक्षा की रद्द, होगी जांच!
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, "आज कैबिनेट ने JSSC-CGL परीक्षा को भी रद्द करने का फ़ैसला किया है। इसके अलावा, 2014 से हुई सभी छोटी-बड़ी गड़बड़ियों की व्यापक जांच की जाएगी।

झारखंड में काफी समय से प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों को सरकार ने मान लिया है जिसके बाद प्रदर्शनकारी छात्र जश्न मनाते नजर आए।
झारखंड में बड़ा फैसला: हेमंत सोरेन कैबिनेट ने JSSC-CGL परीक्षा की रद्द, 2014 से हुई सभी गड़बड़ियों की होगी जांच!
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, "आज कैबिनेट ने JSSC-CGL परीक्षा को भी रद्द करने का फ़ैसला किया है। इसके अलावा, 2014 से हुई सभी छोटी-बड़ी गड़बड़ियों की व्यापक जांच की जाएगी। हम केंद्र सरकार द्वारा MMDR एक्ट में किए गए बदलावों पर चर्चा करने के लिए जल्द ही बैठक करेंगे; ज़रूरत पड़ने पर, हम इस खास मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिए विशेष सत्र भी बुला सकते हैं..."
महाराष्ट्र सरकार जाति प्रमाणपत्र के लिए पात्र मराठा सदस्यों की संख्या कम करना चाहती है : जरांगे
आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने सोमवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सरकार पात्र मराठा समुदाय के सदस्यों को जारी किए जाने वाले कुनबी जाति प्रमाणपत्रों की संख्या कम करना चाहती है। उन्होंने मांग की कि 58 लाख रिकॉर्ड के आंकड़ों के आधार पर प्रमाणपत्र जारी किए जाएं।
जरांगे ने मराठा समुदाय से अपनी मांगों को लेकर आक्रामक रुख अपनाने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘समुदाय को किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति के दबाव में नहीं आना चाहिए।’’
विरोध प्रदर्शन के अपने आह्वान को दोहराते हुए जरांगे ने कहा कि वह 20 से 25 अगस्त तक मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों का दौरा करेंगे। उन्होंने पात्र मराठा समुदाय के सदस्यों के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) कोटा की मांग को लेकर 29 अगस्त से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने की घोषणा की थी।
दिल्ली में ऑटो रिक्शा संघ का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, कल्याण बोर्ड गठित करने की मांग
दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ ने कल्याण बोर्ड के गठन की मांग और परिवहन से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर सोमवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया।
भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की अगुवाई में संगठन ने केंद्र और राज्य सरकारों के खिलाफ यह प्रदर्शन आयोजित किया।
जंतर-मंतर पर सभा को संबोधित करते हुए दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के महासचिव राजेंद्र सोनी ने कहा, "केंद्र और राज्य सरकारें हमारी बात नहीं सुन रही हैं। दिल्ली सरकार ने चुनाव के दौरान कल्याण बोर्ड गठित करने का जो वादा किया था, उसे पूरा नहीं किया गया है। हमारी यूनियन के कई अनुरोधों के बावजूद पिछले डेढ़ साल में हमारी समस्याओं को समझने के लिए एक भी बैठक नहीं बुलाई गई है।"
सोनी के अनुसार, ‘फिटनेस’ जांच शुल्क जो पिछली सरकार के कार्यकाल में शून्य था, वह अब बढ़कर 800 रुपये हो गया है।
महाकाल मंदिर में नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़, धक्का-मुक्की में कुछ लोग ‘घायल’
मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर परिसर में सोमवार को नागपंचमी के अवसर पर भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए, जिसकी वजह से धक्का-मुक्की में कुछ लोग कथित तौर पर मामूली रूप से घायल हो गए।
इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें कुछ लोग भीड़ में धक्का-मुक्की करते दिख रहे हैं जबकि पुलिस उन्हें नियंत्रित करने की कोशिश करती दिख रही है। ऐसे ही कुछ वीडियो में श्रद्धालु स्थानीय अस्पतालों में इलाज कराते दिख रहे हैं। ‘पीटीआई-भाषा’ इस प्रकार के वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
हालांकि, मंदिर प्रबंध समिति और जिलाधिकारी रोशन सिंह ने दावा किया है कि मंदिर में भगदड़ जैसी कोई स्थिति नहीं बनी और ना ही कोई अफरातफरी एवं अव्यवस्था जैसा माहौल था।
तारापीठ होटल अग्निकांड: सात मौतों के बाद निर्माण अनुमति और सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में एक भीषण होटल आग हादसे में सात लोगों की मौत के बाद रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ध्रुब साहा ने स्थानीय विकास प्राधिकरण पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाली संकरी गली में होटल बनाने को लेकर आपत्तियों को नजरअंदाज कर विकास प्राधिकरण ने पैसे लेकर होटल को अनुमति दी थी।
सोमवार दोपहर मीडिया से बात करते हुए साहा ने कहा कि तारापीठ-रामपुरहाट डेवलपमेंट अथॉरिटी (टीआरडीए) को इतनी भीड़भाड़ वाली गली में होटल बनाने की इजाजत नहीं देनी चाहिए थी।
उन्होंने सवाल उठाया कि आग लगने की खबर मिलने के बाद भी फायर ब्रिगेड को पहुंचने में काफी समय लगा। उस जगह पर होटल बनाने की इजाजत कैसे दी गई। इतनी बड़ी इमारत, लेकिन वहां आग बुझाने के बहुत कम इंतजाम थे। इमारत असल में 'लाख का घर' जैसी थी। पक्का होटल के लिए इजाजत देने के पीछे रिश्वत का मामला था। ऐसा लगता है कि टीआरडीए ने यह भी नहीं देखा कि आग बुझाने के इंतजाम हैं या नहीं। इन सात लोगों की मौत की जिम्मेदारी कौन लेगा।
दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी रविवार को अपने घर पर बने पार्टी ऑफिस के कमरे में मृत पाए गए थे। मौके से मिले सुसाइड नोट में मृतक नेता ने टीआरडीए में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का जिक्र किया था और कहा था कि पूर्व विधायक होने के बावजूद वह उस भ्रष्टाचार को रोकने में बेबस थे। अब, मौजूदा विधायक के आरोपों से टीआरडीए में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है।
छात्रों के जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रोजेक्ट बिल्डिंग में अपने कैबिनेट सहयोगियों की बैठक बुलाई
छात्रों के जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रोजेक्ट बिल्डिंग में अपने कैबिनेट सहयोगियों की बैठक बुलाई है।
कच्चे तेल के दाम चढ़ने से सेंसेक्स 281 अंक टूटा, निफ्टी में पाचवें दिन गिरावट
घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट आई और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। कच्चे तेल के दाम में तेजी और पश्चिम एशिया में तनाव जारी रहने के बीच बीएसई सेंसेक्स 281 अंक के नुकसान में रहा जबकि एनएसई निफ्टी में 78 अंक की गिरावट आई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 281.09 अंक यानी 0.36 प्रतिशत टूटकर 77,728.16 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 555.5 अंक की गिरावट के साथ 77,453.75 अंक तक आ गया था।
इसी प्रकार, पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 78.35 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,287.65 अंक पर बंद हुआ। इसके साथ ही निफ्टी में लगातार पाचवें दिन गिरावट का सिलसिला जारी रहा।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद : सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी की स्टेटस रिपोर्ट सार्वजनिक करने से किया इनकार
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी की स्वतंत्र जांच की मांग वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई हुई। मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच ने सुनवाई की। सुप्रीम कोर्ट ने स्टेटस रिपोर्ट सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया।
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिकाओं में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से स्वतंत्र जांच कराने, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन का सीएजी, फॉरेंसिक ऑडिट करने, ट्रस्ट के सभी वित्तीय रिकॉर्ड सुरक्षित रखने, जांच पूरी होने तक उस पर बड़े वित्तीय फैसले लेने से रोक लगाए जाने की मांग की गई है।
उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) की रिपोर्ट तैयार है। अब तक के जांच की स्टेटस रिपोर्ट कोर्ट में जमा कर दी है। जांच के लिए बनी एसआईटी के चेयरमैन भी कोर्ट में मौजूद हैं। इस पर याचिकाकर्ताओं की ओर से एसआईटी के जांच की स्टेटस रिपोर्ट की कॉपी दिए जाने की मांग की। इस पर सीजेआई ने कहा कि हम चाहते हैं कि इस मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच हो।
मुंबई - महर्षि कर्वे रोड पर स्थित आयकर भवन के बेसमेंट में लगी आग को बुझाने का काम चल रहा है। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
दक्षिण मुंबई के चर्चगेट स्थित आयकर कार्यालय के बेसमेंट में आग लगी: अधिकारी
रांची छात्र आंदोलन पर राहुल गांधी ने CM सोरेन को लिखा पत्र, कहा- युवा देश का भविष्य, उनकी मांग जायज
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। राहुल का यह पत्र रांची में चल रहे छात्रों के आंदोलन से जुड़ा है। राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन से छात्रों की मांग पर गौर करने और सही कदम उठाने की गुजारिश की है। राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन को भेजे पत्र में लिखा, "कांग्रेस पार्टी का मानना है कि भारत के संविधान में दिया गया शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार हमारे लोकतंत्र के मुख्य स्तंभों में से एक है। इसलिए, हमने पिछले कुछ महीनों में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध कर रहे छात्रों को अपना पूरा समर्थन दिया है।
राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन से कहा, "आप जानते हैं, झारखंड में छात्र राज्य भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ भी विरोध कर रहे हैं। उनका विरोध शांतिपूर्ण रहा है और उनकी मांगें जायज हैं। मैं इस बात की सराहना करता हूं कि झारखंड सरकार ने आपके द्वारा बनाई गई एक कमेटी के जरिए उनसे (छात्रों) बातचीत शुरू की है।
यूजीसी-नेट में गड़बड़ी पर राहुल का सरकार पर निशाना, बोले-एनटीए की गलती की कीमत छात्र क्यों चुकाएं, तय हो जवाबदेही
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा प्रश्न पत्रों में कई त्रुटियां पाए जाने के बाद तीन विषयों के यूजीसी नेट परीक्षा पत्रों की पुनर्परीक्षा की घोषणा के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि इन परीक्षा अनियमितताओं के कारण छात्रों के साल बर्बाद हो रहे हैं।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मोदी जी, देखिए आपकी एनटीए ने अभी क्या किया है।” उन्होंने कहा कि सोशियोलॉजी, इंग्लिश और कॉमर्स के लिए यूजीसी-नेट परीक्षाएं 22 से 30 जून के बीच आयोजित की गई थीं। करीब दो महीने बाद एनटीए ने इन परीक्षाओं को रद्द कर दिया, क्योंकि कथित तौर पर गलत प्रश्नपत्र सेट किए गए थे और पुराने सवाल दोहराए गए थे। राहुल गांधी ने कहा कि हजारों अभ्यर्थियों ने वर्षों तक तैयारी की, परीक्षा फॉर्म भरे, फीस जमा की और दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों तक यात्रा की। अब उन्हें सितंबर में दोबारा परीक्षा देनी होगी। उन्होंने सवाल उठाया कि गलती एनटीए की है, लेकिन इसकी कीमत छात्रों को क्यों चुकानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि वह कोटा, देहरादून और प्रयागराज में पहले भी यह मुद्दा उठा चुके हैं और आगे भी उठाते रहेंगे। उनके मुताबिक मौजूदा व्यवस्था अब शिक्षा व्यवस्था नहीं, बल्कि “एक्सट्रैक्शन मशीन” बन गई है, जो छात्रों का पैसा, समय, मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास छीन लेती है और बदले में उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं देती। राहुल गांधी ने एनटीए से यह भी सवाल किया कि क्या परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और एनटीए अपनी गलतियों की जिम्मेदारी स्वीकार नहीं करते और गड़बड़ी वाले मामलों में जवाबदेही तय नहीं होती। उन्होंने कहा कि तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा पहला कदम था, आखिरी नहीं। राहुल गांधी ने एनटीए के नेतृत्व की भी जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने दोबारा परीक्षा देने वाले छात्रों से कहा कि समस्या वे नहीं हैं और उनके अधिकारों के लिए विपक्ष सरकार से जवाब मांगता रहेगा।
तारापीठ, बीरभूम होटल शॉर्ट सर्किट घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।
उज्जैन के नागचंद्रेश्वर मंदिर में करंट की अफवाह के बाद भगदड़, कई घायल
महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए लगी कतार में भगदड़ मच गई। इसमें कई भक्त घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाय गया है। दरअसल, सावन की तीसरी सोमवार को हरसिद्धि मंदिर चौराहे के समीप मौजूद श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर में अफरा-तफरी मच गई। बैरिकेडिंग के अंदर डीपी के समीप करंट फैलने की अफवाह के बाद दर्शन के लिए कतार में खड़े लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मुंबई के कांदिवली वेस्ट में कांदिवली स्टेशन रोड पर स्थित एक होटल में लगी आग
मुंबई के कांदिवली वेस्ट में कांदिवली स्टेशन रोड पर स्थित एक होटल में आग लग गई। आग होटल के बिजली के तारों, बिजली के सामान, लकड़ी के फर्नीचर और पास ही फलों के एक अस्थायी स्टॉल में रखे तिरपाल, बांस और प्लास्टिक के सामान तक ही सीमित रही। फायरमैन ने दूसरी मंज़िल पर बने लॉजिंग हाउस से सीढ़ियों के ज़रिए 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
ओडिशा: फायर सर्विस की टीम ने केंद्रपाड़ा के संधापली में बाढ़ प्रभावित इलाके से 11 लोगों को बचाया।
पश्चिम बंगाल के तारापीठ में होटल में लगी आग में सात लोगों की मौत, कई घायल।
पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले में एक होटल में लगी आग में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि मंदिर वाले शहर तारापीठ में चार मंज़िला होटल के ग्राउंड फ़्लोर पर सुबह करीब 5 बजे आग लगी, जब ज़्यादातर गेस्ट सो रहे थे।
रुद्रप्रयाग: लगातार बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर चेतावनी के स्तर के करीब पहुंच गया है।
जिम्बाब्वे में नौका हादसे के बाद और शव बरामद, मृतकों की संख्या 84 हुई
जिम्बाब्वे में करीबा झील में पिछले सप्ताह नौका पलटने की घटना के बाद रविवार को और शव बरामद किये गये, जिससे इसमें मरने वालों की संख्या बढ़कर 84 पहुंच गयी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नौका मंगलवार को तेज लहरों के बीच पलट गई थी। पुलिस ने रविवार को बताया कि और शव बरामद किए जाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 84 हो गई है, जबकि एक दिन पहले यह संख्या 72 थी।
जिम्बाब्वे की आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, हादसे के बाद 77 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, नौका में 153 यात्री थे, जबकि इसे केवल 90 लोगों को ले जाने की अनुमति थी। हालांकि, हालिया आधिकारिक आंकड़ों से संकेत मिलता है कि नौका में सवार यात्रियों की वास्तविक संख्या इससे भी अधिक हो सकती है।
पुलिस ने कहा कि लापता बताए गए लोगों को खोजने और उनके शव बरामद करने के लिए तलाशी अभियान अब भी जारी है।
बिहार: लखीसराय के मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत
बिहार के लखीसराय के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सावन के तीसरे सोमवार पर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे, इसी दौरान श्रद्धालुओं के बीच बिजली का तार गिरने से अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
चमोली टनल हादसा: उत्तराखंड के चमोली ज़िले में टनल हादसे के बाद लापता हुए दो कर्मचारियों की तलाश जारी है।
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश: सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी पर भक्त नागवासुकि मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए।
आज की बड़ी खबरें
दिल्ली तक शांतिपूर्ण मार्च की तैयारी में किसान
भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के प्रमुख जगजीत सिंह डल्लेवाल ने रविवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा सरकार से अपील की कि वे भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों को दिल्ली की ओर बढ़ने दें। उन्होंने कहा कि उनकी योजना सीमित संख्या में शांतिपूर्वक पैदल मार्च करने की है।
विरोध प्रदर्शन करते हुए दिल्ली की ओर बढ़ रहे किसानों के एक समूह ने बीती रात सड़क पर ही अपने बिस्तर बिछा लिए और पंजाब-हरियाणा के बीच खनौरी बॉर्डर पर रात बिताई हरियाणा पुलिस ने दिल्ली की ओर किसानों के एक नए मार्च को रोकने के लिए खनौरी चेकपॉइंट पर भारी बैरिकेडिंग की।
जंतर-मंतर पर ऑटो वालों का हल्लाबोल!
दिल्ली में ऑटो-टैक्सी चालकों से जुड़े मुद्दों को लेकर आज जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ केंद्र और दिल्ली सरकार के खिलाफ अपनी मांगें उठाएगा। संघ ने दिल्ली के सभी ऑटो और टैक्सी चालकों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
