बड़ी खबर LIVE: देहरादून में राहुल गांधी का युवाओं से संवाद, अमेरिकी हमले से ईरान के पुल, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तबाह
राहुल गांधी देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में छात्रों व युवाओं से संवाद करेंगे, वहीं अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने लगातार छठी रात ईरान पर बम बरसाए, इस हमले में ईरान की लाइफलाइन कहे जाने वाले पुलों, रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया है।

भारी बारिश के बाद गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल रूट पर भूस्खलन
भारी बारिश के बाद गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल और ट्रेक रूट पर कई जगहों पर ज़बरदस्त भूस्खलन हुआ है। क्षतिग्रस्त रास्ते को ठीक करने और मलबा हटाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। मौसम साफ होने और रास्ते को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही तीर्थयात्रा फिर से शुरू होगी।
ज़िला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने कहा, "सभी श्रद्धालुओं को मौसम विभाग की सलाह का पालन करना चाहिए। अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।"
जम्मू कश्मीर : सरकारी राइफल छीनने की कोशिश के बाद गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत, तीन जवान घायल
जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में कथित तौर पर एक व्यक्ति द्वारा सुरक्षाकर्मियों की सरकारी राइफल छीनने का प्रयास किए जाने के बाद हुई गोलीबारी में उसकी मौत हो गयी, जबकि विशेष अभियान समूह (एसओजी) के तीन जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के संबंध में एक धार्मिक उपदेशक को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, घटना से उसका क्या संबंध है, यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद एसओजी की एक टीम बृहस्पतिवार को भद्रवाह कस्बे से लगभग 35 किलोमीटर दूर जाइ-गंडोह मार्ग पर घात लगाकर बैठी थी। उन्होंने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे एसओजी टीम ने एक युवक को रोका, जिसने कथित तौर पर सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर उनकी सरकारी राइफल छीनने का प्रयास किया। अधिकारी ने कहा, ‘‘हाथापाई के दौरान एसओजी के एक जवान ने गोली चला दी। इसमें युवक को गोली लगी, जबकि तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
FBI का बड़ा एक्शन, मोस्ट वांटेड गैंगस्टर नीतीश कौशल गिरफ्तार
फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के गैंगस्टर नीतीश कौशल को अमेरिका के वरमोंट से गिरफ्तार किया है। दो दिन पहले ही उसे मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया गया था। यह कार्रवाई ऑपरेशन हार्ड वॉल के तहत की गई है, जिसके जरिए FBI भारतीय मूल के गैंगस्टरों के सिंडिकेट पर लगातार एक्शन ले रही है।
सरकार 18वीं लोकसभा के आठवें सत्र में जिन पांच नए बिलों पर विचार कर सकती है
1. इनकम-टैक्स (संशोधन) बिल, 2026 (एक अध्यादेश की जगह लेने के लिए)
2. सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन बिल, 2026 (एक अध्यादेश की जगह लेने के लिए)
3. जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) बिल, 2026
4. राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) बिल, 2026
5. सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) बिल, 2026
इसके अलावा, सरकार दो पुराने बिलों पर भी विचार करेगी:
1. विदेशी योगदान (विनियमन) संशोधन बिल, 2026, जिसे 25 मार्च, 2026 को लोकसभा में पेश किया गया था
2. विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान बिल, 2025, जिसे 15 दिसंबर, 2025 को लोकसभा में पेश किया गया था और एक संयुक्त समिति को भेजा गया था।
आज की बड़ी खबरें
देहरादून में राहुल गांधी का युवाओं से संवाद आज
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में छात्रों व युवाओं से संवाद करेंगें। राहुल गांधी शाम को छह से आठ बजे दो घंटे छात्रों की गूंज संवाद कार्यक्रम में युवाओं के बीच नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपरलीक को लेकर युवाओं को हुई परेशानियों के बारे में बात करेंगे।
राहुल गांधी शुक्रवार दोपहर बाद विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह कार से राजपुर रोड स्थित होटल हयात सेंट्रिक पहुंचेंगे, जहां वह पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह छह बजे युवा संवाद स्थल रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल ग्राउंड पहुंचेंगे। युवाओं के साथ संवाद करने के बाद राहुल गांधी रात करीब नौ बजे कार्यक्रम स्थल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
अमेरिकी हमले से ईरान के पुल, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तबाह
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब भीषण जंग में बदलता दिख रहा है। अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के बेहद करीब स्थित ईरान के रणनीतिक द्वीप केश्म के आसपास के इलाकों पर भीषण मिसाइल हमले किए हैं। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान की फार्स और तस्नीम न्यूज एजेंसियों ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से पुष्टि की है कि अमेरिकी सेना ने केश्म के पास कई मिसाइलें और प्रोजेक्टाइल दागे हैं। दोनों देशों के बीच तेजी से बिगड़ते हालात ने खाड़ी क्षेत्र में बड़े संकट की आशंका बढ़ा दी है। अमेरिकी मिसाइलों ने इस बार सिर्फ सैन्य ठिकाने नहीं, बल्कि ईरान की लाइफलाइन कहे जाने वाले पुलों, रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया है।
चुनाव में 22 करोड़ अमेरिकी वोटर्स का डाटा चुराया- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर बड़ा दावा किया है। उन्होंने सीधे चीन पर निशाना साधा है। ट्रंप का कहना है कि चीन ने अमेरिकी इतिहास की सबसे बड़ी साइबर चोरी की है। उनके मुताबिक चीनी हैकर्स ने 220 मिलियन (22 करोड़) अमेरिकी वोटरों का निजी डाटा चुरा लिया है। ट्रंप ने इसे इतिहास की सबसे बड़ी चुनावी डाटा सेंधमारी कहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
