बड़ी खबर LIVE: दिल्ली कूच पर अड़े किसान, 29 अगस्त तक खनौरी बॉर्डर पर डटे, भिंड में दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत
दिल्ली कूच को लेकर किसान सोमवार को भी अड़े रहे। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) ने कहा कि किसान 29 अगस्त तक खनौरी बॉर्डर पर डटे रहेंगे। भिंड के नेशनल हाईवे-719 पर आधी रात को हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 22 घायल हैं।

देहरादून, उत्तराखंड: SDRF के जवान देहरादून में स्वर्ण नदी के पास फंसे UPES के छह छात्रों को बचाने के लिए 6 किलोमीटर पैदल चले।
अब तक की बड़ी खबरें
दिल्ली कूच पर अड़े किसान, 29 अगस्त तक खनौरी बॉर्डर पर डटे
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के कन्वीनर जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि किसान 29 अगस्त तक खनौरी बॉर्डर पर डटे रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईवे जाम नहीं किया जाएगा। किसान एक तरफ बैठकर शांतिपूर्ण विरोध करेंगे। इसी बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ बैठक का न्योता भी किसानों को मिला लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया।
भिंड में सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत, 22 घायल
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में स्थित नेशनल हाईवे 719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास देर रात एक लोडिंग वाहन की ट्रक से जोरदार टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को गोहद स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां से गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
