बड़ी खबर LIVE: बीजेपी के लोगों से जुडे भ्रष्टाचार के मामलों पर भी छापेमारी करे BJP सरकार, अखिलेश यादव का हमला
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जेल में बंद वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता आजम खान के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर सवाल उठाया और मांग की कि ईडी भारतीय जनता पार्टी सरकार एवं उसके अधिकारियों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों में छापेमारी करे।

उत्तराखंड: भारी बारिश के कारण शहर के कुछ इलाकों में जलभराव हुआ
बीजेपी के लोगों से जुडे भ्रष्टाचार के मामलों पर भी छापेमारी करे BJP सरकार, अखिलेश यादव का हमला
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जेल में बंद वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता आजम खान के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर सवाल उठाया और मांग की कि ईडी भारतीय जनता पार्टी सरकार एवं उसके अधिकारियों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों में छापेमारी करे।
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने CWC की बैठक के बाद कहा, "विस्तार से चर्चा हुई है। हमें मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मार्गदर्शन मिला
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने CWC की बैठक के बाद कहा, "विस्तार से चर्चा हुई है। हमें मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मार्गदर्शन मिला। लोगों ने अपने विचार रखे। जो कुछ भी हुआ है, चाहे वह छात्रों के साथ हुआ हो, NEET परीक्षा हो, 'छात्रों की गूंज' हो, ऐसी कई बातें हैं। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष का जिस प्रकार से अपमान किया गया, इस सरकार और बीजेपी को शर्म आनी चाहिए और उन्हें माफी मांगनी चाहिए..."
उत्तराखंड : भूस्खलन से पिथौरागढ़ में कूलागाड़ बेली पुल क्षतिग्रस्त, धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग बाधित
उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में जारी बारिश के बीच पिथौरागढ़ जिले में धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग पर बुधवार को हुए भूस्खलन के कारण कूलागाड़ बेली पुल क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, पहाड़ी से पत्थर और चट्टान गिरने के कारण पुल को नुकसान पहुंचा है।
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। सड़क संपर्क बहाल करने का काम शुरू कर दिया गया है।
कूलागाड़ पुल धारचूला से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित है। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने धारचूला से व्यास और दारमा घाटियों की ओर आवाजाही फिलहाल रोक दी है।
धारचूला के उप जिलाधिकारी आशीष जोशी ने कहा, ‘‘जब तक क्षतिग्रस्त पुल के बगल में वैकल्पिक रास्ता तैयार नहीं हो जाता, तब तक हमने लोगों से ऊंची घाटियों वाले गांवों से धारचूला की ओर आने-जाने से बचने का अनुरोध किया है।’
CWC की बैठक में जुटे 88 से ज्यादा दिग्गज, केसी वेणुगोपाल बोले- 33 नेताओं ने की विस्तृत चर्चा
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा, "आज हमने कांग्रेस वर्किंग कमेटी की एक विस्तृत बैठक की, जिसमें CWC सदस्य, स्थायी आमंत्रित सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य और हमारे 4 मुख्यमंत्री शामिल हुए। बैठक में 88 से ज़्यादा लोग मौजूद थे। मुख्यमंत्रियों और वर्किंग कमेटी के वरिष्ठ सदस्यों समेत 33 लोगों ने चर्चा में हिस्सा लिया..."
दिल्ली जल बोर्ड कथित घोटाले का मामला में राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने अंकित श्रीवास्तव को 2 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा
दिल्ली जल बोर्ड कथित घोटाले का मामला में राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने अंकित श्रीवास्तव को 2 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा। सत्येंद्र जैन और 4 अन्य आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। ज़मानत अर्ज़ी पर सुनवाई के लिए 25 अगस्त की तारीख तय की गई है। कोर्ट ने ज़मानत अर्ज़ियों पर नोटिस जारी किया।
बिहार: शिक्षक अभ्यर्थियों, अतिथि शिक्षकों और पीएचडी धारकों का पटना में प्रदर्शन जारी
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई)-4 के लिए अधिसूचना जारी किए जाने के बावजूद शिक्षक पद के अभ्यर्थियों के साथ-साथ विश्वविद्यालयों के अतिथि शिक्षकों और पीएचडी धारकों ने बुधवार को यहां अपना प्रदर्शन जारी रखा ।
शिक्षक पद के अभ्यर्थियों ने मंगलवार दोपहर यहां गर्दनीबाग इलाके में प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि टीआरई-4 की अधिसूचना जारी नहीं की गई तो वे राज्य के शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव कर सकते हैं। इसके करीब पांच घंटे के भीतर बीपीएससी ने 32,000 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी।
छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा, ‘‘बीपीएससी टीआरई-4, पुस्तकालयाध्यक्ष और अवर निरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षाओं में एकल स्तरीय परीक्षा, भ्रष्ट तरीके से नौकरी पाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बीएसएससी की भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की हमारी मांगें अब भी पूरी नहीं हुई हैं। इसलिए हमारा प्रदर्शन जारी है।’’
राजस्थान के 309 नगर निकायों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित, दो चरणों में होगा मतदान
राजस्थान के निर्वाचन आयोग ने सभी 309 नगरीय निकायों के चुनाव के लिए बुधवार को कार्यक्रम की घोषणा की। आयोग के अनुसार इन निकायों में दो चरण में चुनाव कराये जायेंगे।राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि पहले चरण में नौ सितंबर को तथा दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान होगा तथा परिणाम 14 सितंबर को आएगा।
जिन 309 नगरीय निकायों में चुनाव करवाने की घोषणा की गई है, उनमें 248 नगरपालिकाएं, 51 नगर परिषद एवं दस नगर निगम हैं। इनमें कुल 10,245 वार्ड हैं। निकाय चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही सभी 309 शहरी निकायों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई।
यूपी में IPS अधिकारी की मां की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं पता चला मौत का कारण, विसरा सुरक्षित
उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 95 वर्षीय मां की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण पता नहीं चला है और विसरा सुरक्षित रखकर उसे जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बुधवार को कहा कि मामले की जांच 'निष्पक्ष और पारदर्शिता' से की जा रही है। उन्होंने कहा कि शव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पता नहीं चला है और विसरा सुरक्षित रखकर उसे जांच के लिए भेज दिया गया है। सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए कई पुलिस दल बनाये गये हैं तथा पूछताछ और बयानों की वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही है।
लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में तैनात आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती 16 अगस्त को मालीपुर थानाक्षेत्र के रुधा धमरुआ गांव में अपने घर के अंदर संदिग्ध हालात में मृत पायी गयी थीं। यह भी दावा किया गया था कि घर के अंदर रखे कुछ जेवरात गायब हैं। मिश्रा ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और लूट की शिकायत दर्ज करायी थी। मिश्रा तब से अपने गांव में ही हैं और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दिल्ली के एसआईआर कार्यक्रम में संशोधन, अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को प्रकाशित होगी
निर्वाचन आयोग ने दिल्ली के एसआईआर कार्यक्रम में संशोधन किया। अब अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को प्रकाशित होगी।
CWC की बैठक में खड़गे बोले- मोदी सरकार ने युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है, कांग्रेस को रोडमैप तैयार करना चाहिए
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में नरेन्द्र मोदी सरकार पर युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस को भविष्य की तैयारी के लिहाज से युवाओं के लिए स्पष्ट, व्यापक और समयबद्ध ‘‘एजुकेशन-टू-एम्प्लॉयमेंट रोडमैप’’ तैयार करना चाहिए।
उन्होंने अपने अध्यक्षीय भाषण में राम मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा भी उठाया और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस मामले में मौन हैं। खड़गे ने कहा कि केवल कुछ लोगों को जेल भेज देने से मामला समाप्त नहीं होगा और प्रधानमंत्री को इस विषय पर जवाब देना चाहिए।
पटना में लोकभवन मार्च के बाद आरजेडी नेताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा
पटना में आरजेडी के लोकभवन मार्च पर आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, "गवर्नर पहले से तय काम की वजह से मौजूद नहीं थे। लेकिन, हमने अपना पूरा मेमोरेंडम, उसका बैकग्राउंड और अभी की स्थिति समेत सारे ज़रूरी कागजात उनके द्वारा चुने गए अधिकारी को सौंप दिया है। इस मार्च का मकसद स्टूडेंट्स और युवाओं की आवाज़ को और बुलंद करना है, और गूंगी-बहरी सरकार को यह बताना है कि अब सुनने का समय आ गया है।
जब तक छात्रों के साथ न्याय नहीं होगा, बेरोज़गारी खत्म नहीं होगी, हम लड़ते रहेंगेः तेजस्वी यादव
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को पटना के सचिवालय पुलिस स्टेशन से रिहा कर दिया गया। उन्हें छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ लोक भवन की ओर मार्च करते समय हिरासत में लिया गया था। रिहा होने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा, "जब तक मुख्यमंत्री ज़िम्मेदारी नहीं लेते, हम पूरी घटना पर कोई बयान नहीं देंगे, और जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, हम उन लोगों के सामने नहीं आएंगे जिन्होंने गोली चलाने का आदेश दिया था, जब तक छात्रों के साथ न्याय नहीं होगा, बेरोज़गारी खत्म नहीं होगी, हम लड़ते रहेंगे।"
कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में छात्रों, राम मंदिर मामले और चुनावों को लेकर चर्चा
कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने बुधवार को पार्टी की कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में देश के मौजूदा राजनीतिक हालात के साथ छात्रों से जुड़े मुद्दों और राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी को लेकर केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में आयोजित कार्य समिति की बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, जयराम रमेश और के.सी. वेणुगोपाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
सूत्रों ने बताया कि छात्रों से जुड़े मुद्दों और राम मंदिर के चढ़ावे की कथित ‘‘चोरी’’ के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की अगुवाई वाली सरकार को घेरने की रणनीति जैसे मुद्दे बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल थे। सूत्रों का कहना है कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भी विचार हुआ। पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना हैं।
दिल्ली जल बोर्ड कथित घोटाला मामला- दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने सत्येंद्र जैन और 4 अन्य आरोपियों की न्यायिक हिरासत पर आदेश सुरक्षित रखा।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक दिल्ली के इंदिरा भवन में हुई।
बद्रीनाथ-केदारनाथ नेशनल हाईवे-07 पर सड़क पर पत्थर और मलबा गिरा
उत्तराखंड के देवप्रयाग और कीर्तिनगर के बीच, बागवान के पास भल्लेगांव के नजदीक बद्रीनाथ-केदारनाथ नेशनल हाईवे-07 पर सड़क पर पत्थर और मलबा गिरने के कारण रास्ता बंद हो गया है। मलबे को हटाने का काम चल रहा है।
रांची: छात्रों का आंदोलन 2 महीने के लिए स्थगित, सरकार को 60 दिनों का अल्टीमेटम
रांची के जेपीएससी स्टेडियम में 25 जुलाई से जारी छात्रों का आंदोलन फिलहाल दो महीने के लिए स्थगित कर दिया गया है। आंदोलनकारी छात्रों ने झारखंड सरकार को 60 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि इस अवधि में परीक्षाओं में हुई कथित धांधली की CBI जांच शुरू नहीं हुई तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा। दरअसल झारखंड सरकार ने CID की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर 22 परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है। वहीं सरकार के आदेश के मुताबिक छह परीक्षाओं की प्रक्रिया स्थगित की गई है, जबकि 17 परीक्षाओं में संभावित अनियमितताओं की जांच की जाएगी।
बिहार- प्रदर्शनकारी उस बस पर चढ़ गए जिसमें पुलिस RJD नेता तेजस्वी यादव और अन्य प्रदर्शनकारियों को ले जा रही थी।
पटना- तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लोक भवन की ओर पैदल मार्च करते हुए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड्स तोड़े
लोकभवन जा रहे तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया गया, पुलिस ने चलाया वॉटर कैनन
RJD के लोकभवन मार्च के दौरान पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया है। मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।
लोकभवन तक पदयात्रा में शामिल हुईं मीसा भारती, कहा- बिहार सरकार राज्य के छात्रों का भविष्य बर्बाद कर रही है
RJD सांसद मीसा भारती, तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लोक भवन तक निकाली जा रही पदयात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने पेपर लीक, बेरोज़गारी और बिहार में छात्रों व युवाओं की समस्याओं का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा, "हमने सुना है कि बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में माना है कि (छात्रों के ख़िलाफ़) AK-47 का इस्तेमाल किया गया था। कोर्ट को बिहार सरकार से यह पूछना चाहिए था कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान AK-47 के इस्तेमाल की इजाज़त किसने दी। अगर DM ने इजाज़त दी थी, तो उन्हें सस्पेंड किया जाना चाहिए। बिहार सरकार राज्य के छात्रों का भविष्य बर्बाद कर रही है।"
गुजरात- भावनगर में जहरीली शराब पीने से दो की मौत, 19 लोग अस्पताल में भर्ती
गुजरात के भावनगर जिले में कथित तौर पर नकली शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। मामले में पुलिस ने चार शराब तस्करों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, सभी प्रभावित लोगों ने एक आईएमएफएल (इंडियन मेड फॉरेन लिकर) ब्रांड की नकली बोतलों से शराब पी थी।
हमारी पार्टी और उसके चुनाव चिह्न को बेचने के लिए हजारों करोड़ों की डील हुई : संजय राउत
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने दावा किया कि हमारी पार्टी और उसके चुनाव चिन्ह को सुनियोजित तरीके से बेचा गया। उन्होंने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह और चुनाव आयोग के बीच बहुत बड़ी डील हो गई है।
उन्होंने कहा कि इसी डील के तहत हमारी पार्टी और उसके चुनाव चिन्ह को एकनाथ शिंदे को बेचा गया। यह डील हजारों करोड़ों रुपये में हुई है और राजनीतिक दुर्भावना से ग्रसित होकर की गई है।
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने दावा किया कि उस वक्त लगभग पांच हजार करोड़ रुपये की डील हुई थी। यह संविधान के साथ खिलवाड़ है। यह देश की जनता के साथ एक तरह का मजाक है। जिसे देश की जनता भलीभांति देख रही है। इन लोगों ने कानून और नियमों को तोड़ने का दुस्साहस किया है। इन लोगों ने पूरी व्यवस्था का मजाक बनाकर रख दिया।
चंडीगढ़- लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सेक्टर 26 और 28 के बीच मुख्य सड़क का एक हिस्सा धंस गया
दिल्ली जल बोर्ड के कथित घोटाले के मामले में ACB द्वारा गिरफ्तार किए गए दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि यह पंजाब चुनावों की वजह से किया गया है
देश भर में, खासकर बिहार में, छात्र और युवा नाराज़ हैं- मनोज झा
बिहार राजभवन तक पैदल मार्च के दौरान RJD सांसद मनोज झा ने कहा देश भर में, खासकर बिहार में, छात्र और युवा नाराज़ हैं। पेपर लीक होना एक आम बात हो गई है। युवा अब बेरोज़गारी का बोझ नहीं सह सकते। उन्हें खोखले वादे नहीं, बल्कि समाधान चाहिए।
चमोली टनल हादसे में मरने वालों की संख्या 11 हुई
टीएचडीसी की पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की टनल में हुए हादसे में घायल एक और श्रमिक की मौत हो गई है। एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। हादसे में अब मृतकों की संख्या 11 हो गई है।
एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) द्वारा गिरफ्तार किए गए दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को राउज़ एवेन्यू कोर्ट ले जाया जा रहा है।
दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन, जिन्हें एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) ने गिरफ़्तार किया है, उन्हें राउज़ एवेन्यू कोर्ट ले जाया जा रहा है।
उन्हें दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STPs) को बेहतर बनाने या अपग्रेड करने की प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी, टेंडर की शर्तों में हेर-फेर और आपराधिक साज़िश के आरोपों में गिरफ़्तार किया गया है।
जम्मू-कश्मीर- ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश के कारण पानी का बहाव बढ़ने से सलाल बांध के कई स्पिलवे गेट खोल दिए गए हैं
बदायूंः गंगा एक्सप्रेस-वे पर पलटी टैक्सी, 2 महिलाओं समेत 3 की मौत
उत्तर प्रदेश के बदायूं में भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। गंगा एक्सप्रेस-वे पर यह हादसा हुआ। टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई तो एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। टैक्सी में ड्राइवर समेत 9 लोग सवार थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आजम खान के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, दिल्ली समेत 10 जगहों पर रेड
एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) समाजवादी पार्टी के नेता आज़म खान से जुड़ी जगहों पर तलाशी ले रही है। ये जगहें उत्तर प्रदेश के रामपुर और सहारनपुर के साथ-साथ दिल्ली में भी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जिन जगहों पर तलाशी ली जा रही है, उनमें एक ट्रस्ट और एक यूनिवर्सिटी भी शामिल हैं।
ट्रंप के आदेश के बाद दक्षिण कोरिया और अमेरिकी सेनाओं ने सैन्य अभ्यास की अवधि घटाई
दक्षिण कोरिया और अमेरिका की सेनाओं ने अमेरिका के अनुरोध पर अपने संयुक्त सैन्य अभ्यास की अवधि कम करने पर सहमति जताई है। दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह घटनाक्रम अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सैन्य अभ्यास में कटौती के आदेश दिए जाने के कुछ दिनों बाद हुआ है।
दोनों देशों का ग्रीष्मकालीन ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ सैन्य अभ्यास सोमवार सुबह शुरू हुआ था और इसे 11 दिनों तक चलना था लेकिन ट्रंप ने अपने रक्षा मंत्री को इसे ‘‘काफी हद तक कम’’ करने का आदेश दिया। ट्रंप ने इसके लिए उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के साथ अच्छे संबंध होने और दक्षिण कोरिया द्वारा ईरान के खिलाफ अमेरिकी युद्ध में शामिल होने से इनकार करने को कारण बताया था।
दक्षिण कोरियाई सेना ने एक बयान में कहा कि अमेरिका के साथ जारी यह सैन्य अभ्यास 27 अगस्त के बजाय शुक्रवार को ही समाप्त हो जाएगा। सेना ने यह भी बताया कि दोनों सहयोगी देशों ने कुछ संयुक्त मैदानी प्रशिक्षण अभ्यासों का स्तर कम करने पर भी सहमति जताई है।
कई विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रंप का यह कदम अमेरिका और दक्षिण कोरिया की संयुक्त सैन्य तैयारियों को नुकसान पहुंचा सकता है और अंततः दोनों देशों के दशकों पुराने गठबंधन को कमजोर कर सकता है।
हिमाचल के चंबा और कांगड़ा में मध्यम तीव्रता के दो भूकंप आए
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि हिमाचल प्रदेश के चंबा और कांगड़ा जिलों में मध्यम तीव्रता के दो भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
आज की बड़ी खबरें
कोलकाताः होटल में भीषण आग, 9 लोगों की मौत
कोलकाता में तड़के बड़ा हादसा हो गया। यहां के न्यू मार्केट इलाके में फ्री स्कूल स्ट्रीट पर एक होटल में भीषण आग लग गई, जिसमें अंदर फंसे 9 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई।
झारखंड में रद्द हुईं ये 44 परीक्षाएं, सरकार ने जारी की लिस्ट
झारखंड सरकार ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच मंगलवार (18 अगस्त) रात उन 44 भर्ती परीक्षाओं की सूची जारी की जिन्हें अनियमितताओं की वजह से रद्द किया गया है। झारखंड सरकार ने देर रात 8 अलग-अलग नोटिफिकेशन जारी कर यह जानकारी दी है। सरकार ने बताया कि रद्द की गई परीक्षाओं में वे परीक्षाएं भी शामिल हैं, जो 2014 से झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और आउटसोर्स एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) ने आयोजित की थीं।
झारखंड राज्य सरकार द्वारा रद्द परीक्षाओं में औषधि निरीक्षक, सहायक प्राध्यापक, डिप्टी कलेक्टर, दंत चिकित्सक, सहायक अभियंता, सिविल जज, अतिरिक्त लोक अभियोजक और वन क्षेत्राधिकारी जैसे पदों के लिए होने वाली भर्तियां शामिल हैं। रद्द की गई अन्य प्रमुख परीक्षाओं में सरकारी पॉलिटेक्निक में प्रवक्ता, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी, सहायक वन सरंक्षक और अन्य प्रशासनिक व तकनीकी पदों के लिए भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
