बड़ी खबर LIVE: भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी से घिरी बीजेपी सरकार, जनता अब माफ नहीं करेगीः अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में विकास परियोजनाओं से लेकर सरकारी योजनाओं तक कमीशनखोरी हावी है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बीजेपी को माफ करने के मूड में नहीं है।

फोटोः IANS
i

भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी से घिरी बीजेपी सरकार, जनता अब माफ नहीं करेगीः अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में विकास परियोजनाओं से लेकर सरकारी योजनाओं तक कमीशनखोरी हावी है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बीजेपी को माफ करने के मूड में नहीं है और उसका बढ़ता अहंकार ही उसकी सरकार के पतन का कारण बनेगा।

गुजरात: सुरेंद्रनगर में बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात, कई सड़कें बंद

CWG 2026: भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता


दक्षिण, मध्य गुजरात में भारी बारिश का कहर, 27,000 लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए

दक्षिण और मध्य गुजरात के कई हिस्सों में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। विशेष रूप से सूरत और नवसारी जिलों के प्रभावित इलाकों से 27,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है तथा 53 अन्य लोगों को बचाया गया है। कई गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सूरत जिले की अंबिका तहसील में शनिवार सुबह छह बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान 611 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। विभिन्न जिलों के लिए मौसम विभाग के ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही तैयारियां कर ली थीं। इसके तहत स्कूलों और कॉलेजों को बंद कर दिया गया तथा प्रभावित क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल (एनडीआरएफ), (एसडीआरएफ) तथा सेना के जवानों को तैनात कर दिया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार सुबह तक अहमदाबाद, सुरेंद्रनगर, राजकोट, भावनगर, मोरबी और बोटाद जिलों में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी देते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया है।

नीट आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई के लिए मोदी युवाओं से माफी मांगें: उद्धव ठाकरे

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) आंदोलन के दौरान नयी दिल्ली में पुलिस कार्रवाई का सामना करने वाले युवाओं तथा प्रश्नपत्र लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों से माफी मांगनी चाहिए।

ठाकरे ने कहा, "छात्रों पर कील लगे डंडों से प्रहार किया गया, पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया और आंसू गैस के गोले दागे गए। ...कुछ पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिला प्रदर्शनकारियों के कपड़े भी फाड़े। मोदी और (केंद्रीय गृहमंत्री अमित) शाह को छात्रों और उनके परिवारों से माफी मांगनी चाहिए।" उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई का छात्रों के मन पर गहरा असर पड़ा है।


कॉकरोच जनता पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके बीमार, चिकित्सकों ने आराम की सलाह दी

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके बीमार पड़ गए हैं और चिकित्सकों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। डॉक्टर ने शनिवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दीपके के घर पर उनकी जांच की। डॉक्टर ने बताया कि दीपके का रक्तचाप थोड़ा कम है और उन्हें उल्टी और दस्त की समस्या है।

सुबह जब दीपके अपने घर के पार्किंग एरिया में लोगों से मिल रहे थे, तो उन्हें बेचैनी महसूस हुई।दीपके पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 45 मिनट पर अपने आवास के पार्किंग क्षेत्र में उनसे मिलने पहुंचे लोगों से बातचीत करने आए थे। इसी दौरान उन्हें असहज महसूस हुआ और वह घर के पीछे की ओर चले गए, जहां उन्हें उल्टी हुई। इसके बाद दीपके मीडिया से बातचीत किए बिना अपने घर में चले गए।

दीपके के पिता भगवान दीपके ने बताया कि बेटे की जांच के लिए चिकित्सकों को बुलाया गया है। डॉ. विशाल लहाने उनके घर गए और दीपके की जांच की। बाद में डॉक्टर ने कहा, “दीपके का रक्तचाप थोड़ा कम, यानी 100/60 है। तनाव और घबराहट की वजह से उन्हें सुबह से ही बेचैनी और जी मिचलाने जैसा महसूस हो रहा है। उन्हें कई बार उल्टी हुई है और दस्त की भी शिकायत है।” उन्हें ग्लूकोज चढ़ाया गया और आराम की सलाह दी गयी।

मोदी अपने नेताओं से कहें कि विरोधियों के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल न करें: राज ठाकरे

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बीजेपी के नेताओं से कहना चाहिए कि वे अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल न करें। उन्होंने यह भी पूछा कि दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई का आदेश देने वाले लोग आखिर माफी कब मांगेंगे।

राज ठाकरे ने मनसे की छात्र इकाई महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्न पत्र लीक का मुद्दा युवा-नेतृत्व वाले इस आंदोलन की सिर्फ एक चिंगारी था, लेकिन इसे जो व्यापक समर्थन मिला, वह वर्षों से जमा हो रही तमाम शिकायतों और नाराजगी का नतीजा था।

उन्होंने कहा, “प्रदर्शन करने वालों में सभी छात्र नहीं थे, फिर भी वे सड़क पर उतरकर विरोध क्यों कर रहे थे?” राज ठाकरे ने कहा कि यह युवाओं का आक्रोश है और यह आगे भी जारी रहेगा क्योंकि यह उनके भविष्य का सवाल है।


केरल में भारी बारिश की वजह से 2 अगस्त को होने वाली SET परीक्षा स्थगित, नई तारीख का बाद में ऐलान होगा

राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवार से मुलाकात की, पीएम मोदी पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज तमिलनाडु दौरे पर चेन्नई के पास महाबलीपुरम में नीट पेपर लीक के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भारत के छात्रों को उनकी माफी की जरूरत नहीं है। बल्कि पीएम मोदी को उनसे माफी मांगनी चाहिए।


डीलिमिटेशन बीजेपी की साज़िश, जो भी इसका सपोर्ट करता है, वह तमिलनाडु के साथ धोखा कर रहा हैः राहुल गांधी

तमिलनाडु दौरे पर पहुंचे लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा, "बीजेपी डीलिमिटेशन करने की कोशिश कर रही है। डीलिमिटेशन लोगों को उनके अधिकारों से दूर करने और तमिलनाडु के लोगों की पॉलिटिकल पावर छीनने के लिए बनाया गया है। यह बीजेपी की साज़िश है...जो कोई भी डीलिमिटेशन का सपोर्ट करता है, वह तमिलनाडु के साथ धोखा कर रहा है, तमिलनाडु के भविष्य के साथ धोखा कर रहा है और आरएसएस और बीजेपी को तमिलनाडु के लोगों और उसके भविष्य पर हमला करने दे रहा है। ऐसा व्यक्ति 21वीं सदी का "एट्टप्पन" है। किसी भी तमिल व्यक्ति को डीलिमिटेशन का सपोर्ट नहीं करना चाहिए। हर तमिल व्यक्ति को डीलिमिटेशन का विरोध करना चाहिए। हर तमिल पार्टी और हर नेशनल पार्टी को हाउस में डीलिमिटेशन को हराना चाहिए।"

CWG2026: पैरा गोला फेंक स्पर्धा में राणा ने जीता स्वर्ण, त्रिकूद में चित्रावेल को रजत और प्रभु को कांस्य

भारतीय पैरा गोला फेंक एथलीट सोमन राणा ने शनिवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता जबकि त्रिकूद स्पर्धा में प्रवीण चित्रावेल और सेल्वा प्रभु तिरुमरन ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। इस तरह भारत के लिए एथलेटिक्स में शनिवार का दिन शानदार रहा।

पुरुषों की एफ57 गोला फेंक स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा करते हुए 2022 एशियाई पैरा खेलों के रजत पदक विजेता राणा ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 13.40 मीटर की दूरी तक गोला फेंका और पहला स्थान हासिल किया। भारत के ही शुभम जुयाल ने सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ 13.28 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया जबकि कैमरून के सेड्रिक अजामद्जी ने 12.57 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। इससे पहले दिन की शुरुआत पुरुषों की त्रिकूद स्पर्धा में चित्रावेल के शानदार प्रदर्शन से हुई। एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता चित्रावेल ने 16.58 मीटर की कूद लगाकर रजत पदक जीता और ग्लास्गो में अपने पिछले प्रदर्शन में सुधार किया।


केरल में भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन, चार लोगों की मौत

केरल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के बीच शनिवार को इडुक्की और कोट्टायम जिलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य लोगों को बचाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

प्रशासन के अनुसार, मृतकों में इडुक्की जिले के कुडयाथूर के निकट अडूरमाला क्षेत्र की रहने वाली सुमति शामिल हैं। शनिवार तड़के हुए भूस्खलन का मलबा उनके घर पर आ गिरा, जिससे उनकी मौत हो गई। पड़ोसियों ने उसके पति रवि और बेटे रथीश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को चोटें आयीं और उन्हें थोडुपुझा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कुलगाम आतंकी हमला सुरक्षा में चूक का नतीजाः महबूबा मुफ्ती

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को दावा किया कि जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की मौत "सुरक्षा में चूक" का नतीजा है। उन्होंने घटना की जांच कराने की मांग की।

महबूबा मुफ्ती ने यहां संवाददाताओं से कहा, "मुझे लगता है कि हिंसा का यह सिलसिला रुकना चाहिए। भारी सुरक्षा व्यवस्था (जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होती है) के बावजूद ऐसी घटनाएं हो रही हैं। मेरी नजर में कहीं न कहीं सुरक्षा में चूक हुई है।" उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे उपराज्यपाल प्रशासन को यह जांच करनी चाहिए कि अमरनाथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती के बावजूद यह हमला कैसे हुआ।

मुफ्ती ने कहा, "इन हत्याओं की समुचित जांच होनी चाहिए। यात्रा के कारण इतनी सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं? सरकार को यह देखना चाहिए कि चूक कहां हुई। सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आतंकवादी कैसे आए और दो निहत्थे लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी?"


राष्ट्रमंडल खेल में भारत की मुक्केबाज जैसमीन लांबोरिया ने गोल्ड जीता

विश्व चैंपियन जैसमीन लांबोरिया ने राष्ट्रमंडल खेलों की महिलाओं की 57 किग्रा मुक्केबाजी स्पर्धा के फाइनल में माइकेला वॉल्श को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

ई20 ईधन नीति के खिलाफ मार्च से पहले मुझे नजरबंद किया गयाः  तहसीन पूनावाला

सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की ई20 ईधन नीति के खिलाफ उनके प्रस्तावित एकल मार्च और भूख हड़ताल से पहले, दिल्ली पुलिस ने उन्हें ग्रेटर कैलाश में बिना किसी लिखित आदेश के नजरबंद कर दिया।

तहसीन पूनावाला ने 27 जुलाई को घोषणा की थी कि वह एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग से तीस जनवरी मार्ग स्थित गांधी स्मृति तक- जहां महात्मा गांधी की हत्या हुई थी- अकेले पैदल जाएंगे और शुक्रवार को इस नीति के विरोध में दिन भर की भूख हड़ताल करेंगे।

अपने ‘एक्स’ खाते पर कई वीडियो साझा करते हुए पूनावाला ने दावा किया कि सुबह करीब 9.30 बजे, यानी मार्च के लिए निकलने से लगभग आधे घंटे पहले, दिल्ली पुलिस के कई जवान - जिनमें महिला अधिकारी भी शामिल थीं- उनके घर पहुंचे और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने के लिए न तो कोई आदेश दिखाया और न ही कोई दस्तावेज दिया। पूनावाला ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उनसे कहा कि वे उन्हें जाने से इसलिए रोक रहे हैं, क्योंकि मार्च में हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद थी।

एक वीडियो में पूनावाला को एक पुलिस अधिकारी से यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि उन्हें बिना किसी लिखित आदेश के कैसे हिरासत में लिया जा सकता है। उन्होंने अधिकारी से कहा, “कोई कागजात नहीं, कुछ भी नहीं। मैं घर में नजरबंद हूं...आजादी के 15 दिन पहले आप मुझे हिरासत में ले रहे।” पुलिस अधिकारी ने जवाब दिया कि प्रस्तावित मार्च से कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती थी और उन्होंने पूनावाला से सहयोग करने को कहा।


CWG: भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने जीता गोल्ड

भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने राष्ट्रमंडल खेलों की महिलाओं की 54 किग्रा वर्ग स्पर्धा के फाइनल में कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

जैश के संदिग्ध आतंकी की महिला सहयोगी झारखंड से गिरफ्तार, नेताओं की जानकारी जुटाने का आरोप 

 पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने बर्धमान शहर से गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकवादी मोहम्मद हमीम मंडल से जुड़ी जांच के सिलसिले में पड़ोसी राज्य झारखंड से एक महिला को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि अर्पिता सरकार के रूप में पहचानी गई इस महिला को शुक्रवार को झारखंड के साहिबगंज जिले से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि साहिबगंज के बरहरवा इलाके की रहने वाली अर्पिता व्हाट्सऐप के जरिए मंडल से लगातार संपर्क में थी। जांच के दौरान दोनों के बीच हुई ‘चैट’ का पता चला।

एसटीएफ ने मंडल को बृहस्पतिवार को बर्धमान शहर के एक आवासीय परिसर स्थित उसके किराए के मकान से गिरफ्तार किया था। उस पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी 'आईएसआई' समर्थित नेटवर्क का हिस्सा होने का संदेह है, जिसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं सहित महत्वपूर्ण हस्तियों (वीआईपी) की जानकारियां जुटाने, नेटवर्क में नए लोगों को शामिल करने और राज्य में संभावित आतंकवादी गतिविधियों के लिए जमीन तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया था।


कुलगाम आतंकी हमले पर खड़गे का हमला, बोले- निर्दोष मजदूरों की हत्या मानवता पर कलंक 

रूस के बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमलों से यूक्रेन की राजधानी कीव दहली, नौ लोगों की मौत

रूस ने शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से भीषण हमला किया, जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यूक्रेन की सरकारी आपातकालीन सेवा के अनुसार, कीव के सोलोमियांस्की जिले में मलबा गिरने से पांच मंजिला रिहायशी इमारत क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई। बचावकर्मियों ने इमारत की ऊपरी मंजिलों से 35 लोगों को सुरक्षित निकाला। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और दो बच्चों सहित आठ लोग घायल हुए हैं।

आपातकालीन सेवा ने बताया कि दारनित्स्की जिले में हमले के कारण मकानों, वाहनों, एक प्रशासनिक भवन और अन्य गैर-आवासीय इमारतों में आग लग गई तथा भारी नुकसान हुआ। इस इलाके में सात लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए।

राजधानी के शेवचेंकिव्स्की जिले में भी आपातकालीन कर्मियों ने एक गैर-आवासीय इमारत में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, जिले के महापौर द्वारा पहले दी गई इस सूचना पर कि एक अन्य रिहायशी इमारत में कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, कोई नई जानकारी नहीं मिली है।

शहर के दो अन्य जिलों में भी व्यावसायिक और रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है।


E20 पेट्रोल पर अरविंद केजरीवाल का हमला, बोले- सरकार लोगों पर जबरन थोप रही है

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के अलग-अलग मंत्रालय E20 को लेकर अलग-अलग दावे कर रहे हैं। कभी कहा जाता है कि E20 अच्छा है तो कभी इसे नुकसानदायक बताया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिना किसी ठोस अध्ययन के इसे लोगों पर थोप दिया है। केजरीवाल ने कहा कि E20 पेट्रोल से वाहनों को नुकसान हो रहा है और उनका माइलेज भी कम हो रहा है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर सरकार इसे लोगों पर क्यों थोप रही है और इसके पीछे सरकार का क्या हित है।

स्पेन ने घोषणा की है कि वह ब्रेकवाटर फेंस के साथ कंटेनमेंट बैरियर लगा रहा है।


कुलगाम हमले की कांग्रेस ने की निंदा, राहुल गांधी बोले- 'आतंकियों पर हो सख्त कार्रवाई, मिले कड़ी से कड़ी सजा'

हॉकी टीम की जर्सी का रंग बदलना गिरते स्तर का एक और उदाहरण: सिब्बल  

 राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग पारंपरिक नीले से बदलकर केसरिया किए जाने की शनिवार को आलोचना करते हुए इसे ‘‘गिरते स्तर का एक और उदाहरण’’ बताया तथा कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया।

अगले महीने नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम अपनी पारंपरिक नीली जर्सी के बजाय केसरिया रंग की जर्सी में नजर आएंगी। इस बदलाव पर पूर्व खिलाड़ियों ने सवाल उठाए हैं, जबकि हॉकी इंडिया ने इसे तकनीकी आवश्यकता बताते हुए इसका बचाव किया है।

सिब्बल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘एफआईएच हॉकी विश्व कप : टीम की पारंपरिक नीली जर्सी अब भगवा हो गई। न हॉकी इंडिया के अध्यक्ष को इसकी जानकारी थी और न ही कार्यकारी बोर्ड को।’’

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘तर्क यह है कि अगर जर्सी केसरिया होगी तो दिमाग भी भगवा हो जाएगा। गिरते स्तर का ऐसा उदाहरण पहले कभी नहीं देखा।’’


इस घटना की निंदा करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं - कुलगाम में हुए आतंकी हमले पर PDP प्रमुख महबूबा मुफ़्ती  

कुलगाम में हुए आतंकी हमले पर PDP प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने कहा, "इस घटना की निंदा करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मज़दूर अपनी रोज़ी-रोटी कमाने और परिवार का पेट पालने के लिए कश्मीर आते हैं। हिंसा का यह सिलसिला रुकना चाहिए। सुरक्षा के कड़े इंतज़ामों के बावजूद ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जो सुरक्षा में चूक की ओर इशारा करती हैं। जम्मू-कश्मीर सरकार को पीड़ितों के परिवारों को मुआवज़ा देना चाहिए और इस बात की ठीक से जांच होनी चाहिए कि यात्रा के दौरान सुरक्षा इतनी कड़ी होने के बावजूद ऐसा कैसे हुआ। इस घटना का इस्तेमाल आम कश्मीरियों को 'ओवरग्राउंड वर्कर' बताकर उन्हें निशाना बनाने के बहाने के तौर पर नहीं किया जाना चाहिए। सरकार को इस बात की जांच करनी चाहिए कि सेना, CRPF और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद चरमपंथी दो निहत्थे लोगों को कैसे मार पाए।"

किश्तवाड़ में फटा बादल, कई वाहन बहने से मची अफरा-तफरी, सभी स्कूलों में छुट्टी का आदेश

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छात्रू क्षेत्र में शनिवार को बादल फटने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। अचानक आए तेज बहाव और मलबे की चपेट में आने से कुछ वाहन बह गए, जबकि कई जगहों पर संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


जुलाई 2026 में GST कलेक्शन 2.11 लाख करोड़ रुपये तक पहुँच गया, जो जुलाई 2025 के 1.83 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले 15.4% की सालाना बढ़ोतरी है।

कुलगाम में जो हुआ, वह पहलगाम जैसी ही घटना है- प्रमोद तिवारी 

J&K में हुए आतंकी हमले पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि कुलगाम में जो हुआ, वह पहलगाम जैसी ही घटना है। वहाँ लोगों का धर्म पूछकर उन्हें मारा गया था। यहाँ उनसे पूछा गया कि वे कहाँ से हैं और उनकी जाति क्या है, और फिर उनकी हत्या कर दी गई। आर्टिकल 370 हटने के बाद प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने शांति और सामान्य हालात बहाल करने के जो वादे किए थे, वे कहां हैं? ये मज़दूर वहाँ इसलिए गए थे क्योंकि उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया गया था। सरकार को माफ़ी माँगनी चाहिए और हर पीड़ित परिवार को ₹1 करोड़ का मुआवज़ा देना चाहिए। कश्मीर में शांति भाषणों से नहीं, बल्कि प्यार और कश्मीरियत को अपनाकर ही आएगी।"


दो मजदूरों की मौत के बाद जम्मू-कश्मीर में बढ़ाई गई सुरक्षा, कुलगाम में सर्च ऑपरेशन

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने दो गैर-स्थानीय लोगों पर गोलाबारी की, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई थी, वहीं दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। इस आतंकी हमले के बाद पूरे श्रीनगर शहर और दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

बारिश की वजह से रुकी अमरनाथ यात्रा फिर शुरू हुई


जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में मौसम बदला है और शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है।

असम: डिब्रूगढ़ ज़िले के मोरन इलाके के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। 


जम्मू-कश्मीर: छत्तीसगढ़ के दो मज़दूरों की ईंट भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में मौत के बाद सुरक्षा बलों ने किलामु इलाके की घेराबंदी कर दी है।

अब तक की बड़ी खबरें

कमर्शियल LPG सिलिंडर 200 रुपये सस्ता

वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर के दाम में आज 200 रुपये से अधिक की कटौती की गई। आज कोलकाता में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमत में 209 रुपये और दिल्ली में 202 रुपये की कटौती की गई है। इस बदलाव के बाद, आज से कोलकाता में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलिंडर की कीमत 2,872।50 रुपये होगी।

भाला फेंक में नीरज चोपड़ा को रजत, कांस्य पदक भी भारत की झोली में

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए मेडल की सबसे बड़ी उम्मीदों में से एक नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं भारत के ही यशवीर सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर सबको हैरान कर दिया। इस तरह मेंस जैवलिन थ्रो भारत के लिए दोहरी सफलता लेकर आया। गोल्ड मेडल के दावेदार के रूप में उतरे पूर्व ओलंपिक और कॉमनवेल्थ चैंपियन नीरज चोपड़ा इस बार पहला स्थान हासिल नहीं कर सके। श्रीलंका के युवा थ्रोअर रुमेश थरंगा पथिरागा ने नीरज को मात देते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए