बड़ी खबर LIVE: वोट चोरी के खिलाफ गुस्से में है देश', बेलगावी मुद्दे पर बीजेपी और EC पर बरसे राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि पूरा देश वोट चोरी के खिलाफ़ गुस्से में है - मगर फिर भी BJP-EC की बेशर्मी देखिए कैसे खुलेआम वही किए जा रहे हैं। कर्नाटक के बेलगावी में एक झटके में लगभग 15 हजार वोटरों के नाम मिटाने की साजिश चल रही थी।

फोटोः विपिन
i

गंडक कई स्थानों पर अब तक के उच्चतम बाढ़ स्तर से ऊपर

बिहार में नेपाल और उत्तर प्रदेश में हुई भारी बारिश के बाद गंडक नदी बृहस्पतिवार को कई स्थानों पर अब तक दर्ज उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) से ऊपर पहुंच गई जिससे तटबंधों पर दबाव बढ़ गया है। जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) ने यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में गंगा के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राहत और बचाव अभियानों में सहायता के लिए भारतीय वायुसेना से भी मदद मांगी है।

चौधरी ने जेपी गंगा पथ पर गंगा के जलस्तर का जायजा लेते हुए अधिकारियों को चौबीसों घंटे निगरानी रखने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने राजधानी में सूखा राशन पैकेट तैयार करने के केंद्र का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री का समय पर और उचित वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अधिकारियों के अनुसार, राहत पैकेट में चूड़ा, चना, सत्तू, चीनी, मसाले, ओआरएस घोल के पैकेट, माचिस, मोमबत्तियां और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दो वायुसेना हेलीकॉप्टर के जरिये राहत पैकेटों को हवाई मार्ग से पहुंचाया जाएगा।

वोट चोरी के खिलाफ गुस्से में है देश', बेलगावी मुद्दे पर बीजेपी और EC पर बरसे राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि पूरा देश वोट चोरी के खिलाफ़ गुस्से में है - मगर फिर भी BJP-EC की बेशर्मी देखिए कैसे खुलेआम वही किए जा रहे हैं। कर्नाटक के बेलगावी में एक झटके में लगभग 15 हजार वोटरों के नाम मिटाने की साजिश चल रही थी। सिर्फ़ तीन दिनों - 22, 23 और 24 सितंबर - में इतने नाम वोटर लिस्ट से हटाने के लिए Form 7 की बाढ़ आ गई। और निशाने पर कौन? मुसलमान, SC, ST और OBC। क्योंकि इनमें से ज़्यादातर लोग BJP के खिलाफ वोट डालते हैं।

उन्होंने कहा कि मैंने वोट चोरी के इस तरीके का पहले ही पर्दाफाश किया था - Centralized तरीके से software के जरिए वोट delete किए जाते हैं। "चुनिंदा" लोगों के खिलाफ BJP और EC के लोगों द्वारा मिलकर automated तरीके से थोक में Form 7 भरे जाते हैं - और देखते ही देखते लाखों वोटर लिस्ट से गायब हो जाते हैं। और ये सब ऊपर से नियंत्रित किया जाता है।

कर्नाटक कांग्रेस के नेता इस वक्त कर्नाटक CEO के दफ़्तर में इसके दोषियों के ख़िलाफ़ FIR की मांग कर रहे हैं। CEO इस FIR से मना क्यों कर रहे हैं?

इस तरह से मोदी, शाह और ज्ञानेश मिल कर SIR के ज़रिए लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। ये देशद्रोह है।

इसलिए मैं कह रहा हूं ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे कर approver बन जाना चाहिए, और मोदी शाह के खिलाफ जांच होनी चाहिए।

महाराष्ट्र: रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा, समुद्र में डूबने से 8 छात्रों की मौत

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के श्रीवर्धन तहसील स्थित दिवेआगर बीच पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। समुद्र में नहाने के दौरान आठ छात्रों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद चलाए गए तलाशी अभियान में सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए गए।

पुणे जिले के आलंदी स्थित विनर्स अकादमी के 11वीं और 12वीं साइंस के करीब 30 से 40 छात्र पर्यटन के लिए दिवेआगर आए थे। छात्र समुद्र तट पर घूमने और खेलने के दौरान पानी में उतरे थे। इसी दौरान कुछ छात्र समुद्र में नहाने लगे।

बताया जा रहा है कि पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण आठ छात्र डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशास


उत्तर प्रदेश: इंदिरापुरम में एक स्टोर में आग लग गई

उत्तर प्रदेश: इंदिरापुरम में एक स्टोर में आग लग गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

कर्नाटक: शिवकुमार ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के बाहर दिया धरना

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को मंत्रिमंडल के अपने सहयोगियों और विधायकों के साथ राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) वी. अनबुकुमार के कार्यालय के बाहर धरना दिया और मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कथित "चुनावी धोखाधड़ी" को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक जांच के आदेश नहीं दिए जाते और प्राथमिकी दर्ज नहीं हो जाती, वह इस जगह से नहीं हटेंगे।

धरना प्रदर्शन की घोषणा करने से पहले शिवकुमार ने अनबुकुमार के साथ लगभग ढाई घंटे तक बैठक की।


गोरखपुर में जलभराव से हाहाकार, कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने यूपी सरकार पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भारी बारिश के बाद हुए जलभराव ने आम लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। इसी सिलसिले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बेतियाहाता इलाके में एक पीड़ित महिला से मुलाकात की, जिसकी दुकान और घर का सारा सामान बारिश के पानी में बर्बाद हो गया।

मुलाकात के दौरान महिला ने बताया कि उसने लोन लेकर अपनी छोटी सी दुकान शुरू की थी लेकिन जलभराव के कारण उसका पूरा सामान खराब हो गया। अब उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

स्थिति का जायजा लेने के बाद अजय राय ने पत्रकारों से बात करते हुए सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "गोरखपुर को 'स्पेन' बनाने का दावा करने वालों को बेतियाहाता की इस गरीब महिला की दुकान में भरा पानी और बर्बाद हुआ सामान जरूर देखना चाहिए। लोन लेकर अपनी आजीविका चलाने वाली महिला की दुकान में भारी बारिश के बाद जलभराव से पूरा सामान बर्बाद हो गया। यह सिर्फ एक दुकान का नुकसान नहीं बल्कि पूरे गोरखपुर में आम लोगों, दुकानदारों और परिवारों को हुए करोड़ों रुपए के नुकसान का सवाल है।"

उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल पूरे गोरखपुर में हुए नुकसान का सर्वे कराए और प्रभावित नागरिकों, दुकानदारों एवं गरीब परिवारों को उचित मुआवजा दे। साथ ही, उन्होंने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की भी मांग की और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।

SIR विवाद पर ममता बनर्जी का चुनाव आयोग पर बड़ा हमला, बोलीं- 'चिन्हित करके काटे गए वोट'

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने लोगों से वोट देने का अधिकार छीनने की कोशिश की, भारत की जनता उन्हें माफ़ नहीं करेगी। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों के लिए 2023 में लागू किए गए सुरक्षा प्रावधान पर सवाल उठाए।


मतदाता सूची से 45 लाख नाम अवैध तरीके से हटाने की ‘साजिश’: शिवकुमार

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्य में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाने की ‘‘साजिशें’’ की जा रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के तहत सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाने के लिए लोग अलग-अलग नामों से कई आवेदन कर रहे हैं। उन्होंने एसआईआर को ‘बड़ा फर्जीवाड़ा’ भी करार दिया।

यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी इस साजिश में शामिल है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची से ‘‘अल्पसंख्यकों, दलितों और अनुसूचित जनजाति (एसटी) मतदाताओं’’ के नाम हटाना है।

बालाघाट पहुंचे राहुल गांधी, बैगा बच्चों के परिजनों से कर रहे हैं मुलाकात 

राहुल गांधी गुरुवार को बालाघाट के बिरसा ब्लॉक के जगला गांव पहुंचे हैं। वे उन बैगा आदिवासी बच्चों के परिवारों के बीच बैठकर बात कर रहे हैं, जिनकी बीमारी के चलते मौत हुई है। कार्यक्रम स्थल पर करीब डेढ़ हजार लोग मौजूद हैं


राम मंदिर चढ़ावा मामला: चंपत राय के खिलाफ कार्रवाई की मांग, 2 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई

अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में अनियमितताओं से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट 2 नवंबर को सुनवाई करेगा। यह सुनवाई श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग वाली याचिका पर होगी। यह याचिका अखिल भारत हिंदू महासभा की ओर से दायर की गई है। 

एश‍ियन गेम्स में भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को हराया, स्वर्ण पदक से एक कदम दूर

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर लगातार दूसरी बार एशियाड के खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया है।


एशियन गेम्स: सुमित नागल क्वार्टर फाइनल में हारे, बिना पदक के भारत का टेनिस अभियान समाप्त  

सुमित नागल गुरुवार को यहां हिगाशियामा पार्क टेनिस सेंटर में पुरुषों के एकल क्वार्टर फाइनल में चीन के वू यिबिंग से सीधे सेटों में 4-6, 4-6 से हार गए। नागल की हार के साथ ही एशियन गेम्स में भारत का टेनिस अभियान खत्म हो गया। 1986 के बाद यह पहला मौका है, जब भारतीय टेनिस टीम एशियन गेम्स से बिना पदक जीते लौटेगी।

नागल की पहली सर्विस अच्छी नहीं रही। उन्होंने अपनी पहली सर्विस से 62 प्रतिशत और दूसरी सर्विस से 59 प्रतिशत अंक जीते, लेकिन मैच में तीन बार उनकी सर्विस ब्रेक हुई।

नागल से पहले, सुरेश दक्षिणेश्वर भी पुरुषों के एकल के राउंड ऑफ 16 में चीनी ताइपे के त्सेंग चुन-हसिन से 6-3, 6-4 से हार गए थे।

फ्लाईदुबई विमान में हमले के बाद हमलावर सह-पायलट की पहचान और मकसद का अब भी पता नहीं

इजराइल जा रही उड़ान में अपने कैप्टन पर चाकू से हमला करने वाले ओमानी सह-पायलट की पहचान और उसके हमले के मकसद का बृहस्पतिवार को भी पता नहीं चल सका।

इस घटना के बाद विमान खतरनाक तरीके से नीचे गिरने लगा था और उसे आपात स्थिति में सऊदी अरब में उतारना पड़ा था। जांचकर्ता मामले की अधिक जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं।

संयुक्त अरब अमीरात से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में सवार 174 यात्रियों में शामिल इजराइली यात्रियों ने बताया कि खून से लथपथ भारतीय कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोला जिसके बााद वे अंदर गए। इसके बाद उन्होंने सह-पायलट से भिड़कर विमान को संभालने में मदद की। विमान इतनी तेजी से नीचे उतर रहा था कि उसका दिशा नियंत्रित करने वाला ‘रडर’ तक टूट गया था।


राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के बाद कलाकार के रूप में जिम्मेदारी बढ़ गई है : यामी गौतम

अभिनेत्री यामी गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतना आपके काम को एक सच्ची पहचान दिलाता है और इससे बेहतर तथा विविध भूमिकाएं चुनने की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।

अभिनेत्री को पिछले महीने फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में उनकी भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। वह आगामी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘नयी नवेली’ में एक रहस्यमयी नवविवाहिता की भूमिका निभा रही हैं, जिसके पास अलौकिक शक्तियां हैं।

गौतम ने बुधवार शाम फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान संवाददाताओं से कहा, ‘‘राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार बहुत बड़ा सम्मान है। मुझे लगता है कि यह हमारे देश में सभी भाषाओं और सभी प्रारूपों में काम करने वाले किसी भी कलाकार के काम को मिलने वाली सच्ची पहचान है और मैं इसे पूरी विनम्रता के साथ स्वीकार करती हूं। अगर मैं यह कहूं कि नहीं, कुछ भी नहीं बदला है, तो मैं शायद झूठ बोल रही होंगी।

अदालत ने घृणास्पद भाषण मामले में तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा को मिली अंतरिम सुरक्षा बढ़ाई

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को कथित घृणास्पद भाषण के एक मामले में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा को दंडात्मक कार्रवाई से मिली अंतरिम सुरक्षा अगले वर्ष 29 जनवरी तक बढ़ा दी।

पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से पेश महाधिवक्ता सुरोजित नाथ मित्र ने अदालत में एक रिपोर्ट दाखिल की, जिसमें कहा गया कि मोइत्रा 14 अगस्त को नादिया जिले के होगल बेरिया थाने में पेश हुईं और उन्होंने पहले दिए गए निर्देश के अनुसार जांच अधिकारियों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब दिए।


एश‍ियन गेम्स में भारत ने श्रीलंका को 124 रनों से हराया, अब पाकिस्तान से होगा गोल्ड मेडल मैच

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियाड के सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हरा दिया है। भारत ने 170 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 9.5 ओवर में 45 रन पर सिमट गई। अब तीन अक्टूबर को स्वर्ण पदक के लिए भारत का सामना साहिबजादा फरहान की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम से होगा। 124 रन से जीत भारत की श्रीलंका पर सबसे बड़ी जीत है।

सीरिया में यात्री बस पर गोलीबारी, सात लोगों की मौत

उत्तर-पश्चिमी सीरिया में बुधवार देर रात एक छोटी यात्री बस पर हमलावरों की गोलीबारी में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘सना’ के अनुसार, पश्चिमी सीरिया के होम्स प्रांत में मसयाफ पुल के पास बुधवार देर रात बस पर गोलीबारी की गई।

हमले का मकसद तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है और किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। सीरियाई अधिकारियों ने किसी व्यक्ति या संगठन को हमले का संदिग्ध नहीं बताया है।

अधिकारियों ने बताया कि मारे गए और घायल हुए लोग एक कंपनी के कर्मचारी थे, जो काम खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

हमले के बाद बचावकर्मियों ने घायलों और मृतकों को होम्स शहर के आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। बस के अंदर खून के निशान और टूटे हुए शीशे दिखाई दे रहे थे।


उग्रवादी संगठन जेएमबी के चार संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद ब्रेनवॉश किए गए बंगाल के युवाओं पर एनआईए की नजर

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल में उग्रवादी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के चार सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद ब्रेनवाश किए गए युवाओं की ट्रैकिंग शुरू कर दी है। आरोप है कि बांग्लादेश स्थित कट्टरपंथी और उग्रवादी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) से जुड़े संदिग्धों ने संगठन में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल के कई लोगों का ब्रेनवाश किया था।

एनआईए ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान और दक्षिण 24 परगना से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। सूत्रों ने बताया कि जांच अधिकारियों को उनके पास से अहम दस्तावेज मिले हैं, जिनमें राज्य के अलग-अलग जिलों के उन युवाओं के नाम हैं, जो गिरफ्तार किए गए चार लोगों के लगातार संपर्क में थे।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने एसआईआर के दौरान फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग की जांच की मांग की

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग की आपराधिक जांच सहित व्यापक तफ्तीश कराने की मांग की है।

एक वीडियो संदेश में उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और कार्यकर्ता कथित तौर पर पार्टी नेताओं के निर्देश पर, अल्पसंख्यकों, गरीबों और दलितों के नाम मतदाता सूची से हटाने की मंशा से फॉर्म-7 आवेदन जमा कर रहे हैं।


झारखंड में एम्बुलेंस से 83 किलोग्राम गांजा बरामद, चार लोग गिरफ्तार

झारखंड के सिमडेगा जिले में एक एम्बुलेंस से 83 किलोग्राम गांजा बरामद किए जाने के बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ की कथित तौर पर ओडिशा से तस्करी की जा रही थी और इसे रांची पहुंचाया जाना था।

उप-मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) धर्मदेव पासवान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सिमडेगा से एम्बुलेंस के जरिए गांजा की तस्करी की जा रही है।

Flydubai ने इजरायल रूट की सभी उड़ानें रोकीं, आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स सस्पेंड

दुबई की एयरलाइन फ्लाईदुबई ने इजरायल आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें अस्थायी तौर पर रोक दी हैं। यह फैसला 30 सितंबर को फ्लाइट FZ1073 में हुई घटना के बाद लिया गया है। विमान ने सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग की थी और उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए ऐसे इमरजेंसी कोड भेजे गए थे, जिनमें संभावित हाइजैकिंग से जुड़ा कोड भी शामिल था।


एशियाई खेलों में पुरुषों के सिंगल्स क्वार्टर फ़ाइनल में भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल चीन के वू यिबिंग से 4-6, 4-6 से हार गए। 

Asian Games: स्क्वैश में भारतीय महिला टीम ने जीता कांस्य


ATF Price Hike: हवाई ईंधन की कीमत में ₹16 प्रति लीटर का इजाफा

एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में गुरुवार से करीब ₹16 प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई है। तेल कंपनियों के अनुसार, घरेलू एयरलाइंस के लिए ATF की कीमत ₹121 से बढ़कर ₹137 प्रति लीटर हो गई है। इससे पहले सितंबर में ATF के दाम ₹6.28 प्रति लीटर यानी 5.46 फीसदी बढ़ाए गए थे। अगस्त में भी कीमतों में ₹5 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी।

एयरलाइंस की परिचालन लागत में ATF की हिस्सेदारी 40 फीसदी तक होती है। ऐसे में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी एयरलाइंस की लागत पर सीधा असर डालती है।

पूर्वी चंपारण में गंडक का कहर, घर डूबने से सड़कों पर रहने को मजबूर बाढ़ पीड़ित

बिहार के मोतिहारी में गंडक नदी के उफान के कारण पूर्वी चंपारण में घरों के डूब जाने से बाढ़ पीड़ित सड़कों पर रहने को मजबूर हैं।


राहुल गांधी का ECI से सवाल- ऑनलाइन Form 6 में बदलाव का आदेश किसने दिया? TCS में किसने दी मंजूरी 

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर ऑनलाइन Form 6 में कथित तौर पर किए गए बदलाव को लेकर चुनाव आयोग से सवाल पूछे हैं। उन्होंने लिखा, “ऑनलाइन Form 6 में अवैध तरीके से बदलाव किया गया था, जैसा कि चुनाव आयोग के अपने आयुक्तों ने दर्ज किया है। चुनाव आयोग में किसने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को यह बदलाव करने का आदेश दिया? TCS में किसने इसे मंजूरी दी? और क्या ऐसा करने के लिए उन पर दबाव डाला गया था?”

राहुल गांधी का यह सवाल ऐसे समय आया है जब चुनाव आयोग ने 30 सितंबर को उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ऑनलाइन Form 6 के साथ जोड़ी गई SIR से संबंधित अतिरिक्त घोषणा को हटा दिया, जहां विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पूरा हो चुका है। इन राज्यों में अब नए मतदाताओं को सिर्फ चुनावी नियमों के तहत निर्धारित Form 6 भरना होगा। हालांकि, जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR अभी जारी है, वहां यह अतिरिक्त घोषणा बनी हुई है।

Form 6 को लेकर विवाद तब सामने आया था, जब चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने ऑनलाइन प्रक्रिया में इस अतिरिक्त घोषणा को शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई थी। रिपोर्टों के मुताबिक, उनका कहना था कि Registration of Electors Rules, 1960 के तहत निर्धारित वैधानिक Form 6 में बदलाव निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के बिना नहीं किया जा सकता। संधू ने इस बदलाव को “unauthorised/illegal” बताते हुए इसे हटाने की मांग की थी।

जम्मू-कश्मीर: कुपवाड़ा के तरथपोरा गांव के मुख्य बाजार में लगी आग, दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा के तरथपोरा गांव के मुख्य बाजार इलाके में बीती रात आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।


यूपी के गाजियाबाद की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल की 7 गाड़ियों ने पाया काबू, कोई जनहानि नहीं

यूपी के गाजियाबाद कमिश्नरेट की फायर सर्विस यूनिट ने एविनिक्स डिजाइन कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की गाजियाबाद स्थित फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाने के लिए कार्रवाई की। आग बुझाने के लिए दमकल की कुल 7 गाड़ियों की मदद ली गई। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

अक्टूबर महीने की शुरूआत के साथ ही लगा महंगाई का झटका, 62 रुपए महंगा हुआ LPG सिलेंडर

अक्टूबर महीने की शुरूआत के साथ ही महंगाई का झटका लगा है। आज से तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी की है। सितंबर में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 2747.50 रुपये थी, जो अब बढ़कर 2810 रुपये हो गई है। कमर्शियल गैस महंगी होने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग और छोटे कारोबारों की लागत बढ़ सकती है, जिसका असर आगे खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी पड़ने की संभावना है। घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए