बड़ी खबर LIVE: नेपाल बाढ़ अपडेट, मौत का आंकड़ा 1,003 हुआ, मलबे और पानी के बीच 4,000 लापता लोगों की खोज जारी

नेपाल में आठ जिलों से और शव मिलने के बाद भयंकर बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर मंगलवार को 1,003 हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

फोटो: सोशल मीडिया
i

हिमाचल प्रदेश : अगस्त में 1901 के बाद 29वीं सबसे कम बारिश, आईएमडी की रिपोर्ट में सामने आई जानकारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को बताया कि हिमाचल प्रदेश में अगस्त महीने के दौरान 1901 के बाद से 29वां सबसे कम वर्षा रिकॉर्ड दर्ज किया गया। अगस्त 2026 में राज्य में 212.5 मिमी बारिश हुई, जबकि अगस्त 1927 में सबसे अधिक 542.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी

आईएमडी के अनुसार, अगस्त महीने में कई दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। 5, 7, 11, 19 और 31 अगस्त को मानसून की गतिविधियां सक्रिय रहीं, जबकि 2, 3, 9, 13, 14, 21, 25, 27, 28, 29 और 30 अगस्त को मानसून कमजोर रहा।

अगस्त के दौरान सिरमौर और बिलासपुर जिलों में 4 अगस्त को, सिरमौर और ऊना में 5 अगस्त को, कांगड़ा में 15 अगस्त को तथा ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 19 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा, 2 अगस्त को बिलासपुर, 3 अगस्त को मंडी, बिलासपुर और सिरमौर, 4 अगस्त को सिरमौर, 5 अगस्त को सिरमौर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर, 6 अगस्त को चंबा और कांगड़ा, 7 अगस्त को सिरमौर, मंडी और कांगड़ा, 29 अगस्त को कांगड़ा तथा 31 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, बिलासपुर, सिरमौर और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई।

आईएमडी के मुताबिक, अगस्त में हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई। राज्य में सामान्य वर्षा 256.8 मिमी के मुकाबले 212.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 658 मिमी वर्षा हुई, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 27.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में बारिश हुई।

बिहार में नदियों का जलस्तर बढ़ा, गंगा-कोसी-गंडक और सोन में उफान, प्रशासन अलर्ट

बिहार में गंगा, कोसी, गंडक और सोन समेत कई प्रमुख नदियों के जलस्तर में वृद्धि के बीच जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी और राहत-बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। भागलपुर में गंगा के तेज प्रवाह से कटाव की स्थिति बनी हुई है, जबकि बक्सर में गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मंगलवार दोपहर की रिपोर्ट के अनुसार, वीरपुर बैराज पर कोसी नदी का डाउनस्ट्रीम प्रवाह 1,92,735 क्यूसेक दर्ज किया गया, जो बढ़ रहा था। वाल्मीकिनगर बैराज पर गंडक नदी का प्रवाह 1,50,200 क्यूसेक रहा और इसमें भी वृद्धि दर्ज की गई। इंद्रपुरी बैराज पर सोन नदी का डाउनस्ट्रीम प्रवाह 4,25,854 क्यूसेक तक पहुंच गया। इससे नदियों से जुड़े निचले और तटवर्ती इलाकों में प्रशासन की चिंता बढ़ी है।

गंगा नदी का जलस्तर भी कई स्थानों पर खतरे के निशान के आसपास या उससे ऊपर बना हुआ है। पटना के गांधी घाट में जलस्तर खतरे के निशान से 80 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया और अगले दिन सुबह तक इसमें 20 सेंटीमीटर की वृद्धि की संभावना जताई गई है। हाथीदह में जलस्तर खतरे के निशान से 48 सेंटीमीटर ऊपर था और 22 सेंटीमीटर वृद्धि की संभावना है। मनेर में जलस्तर 15 सेंटीमीटर ऊपर था, जहां 31 सेंटीमीटर तक वृद्धि का अनुमान है।

वहीं, बक्सर में जलस्तर खतरे के निशान से 34 सेंटीमीटर नीचे था और अगले दिन दोपहर तक 17 सेंटीमीटर बढ़ने की संभावना जताई गई है। बक्सर में जिला पदाधिकारी साहिला ने गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर लाल सिंह का डेरा क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों और संभावित बाढ़ की स्थिति का जायजा लेते हुए सिमरी के अंचलाधिकारी को आबादी वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में नाव, नाविक और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही नदी के जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने तथा आपात स्थिति के लिए सभी संसाधन तैयार रखने को कहा।


असम में भूस्खलन से एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित चार की मौत

असम के गुवाहाटी में मंगलवार को भूस्खलन की दो अलग-अलग घटनाओं में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार तड़के से लगातार बारिश होने के कारण ही संभवत: भूस्खलन की ये दोनों घटनाएं हुईं है। बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अधिकारियों ने बताया कि शहर के मथघारिया इलाके में हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब परिवार के सदस्य अपने घर में सो रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘भूस्खलन में एक दंपति और उनकी बेटी की मौत हो गई। शवों को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।’’ अधिकारी ने बताया कि दंपति के 19 वर्षीय बेटे बिपलब को मलबे से सुरक्षित निकाला गया और उसे गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।

बिहार: समान अवसर की मांग को लेकर मंत्री के आवास के बाहर एकत्र हुए बीपीएससी अभ्यर्थी

बीपीएससी परीक्षा के अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण (टीआरई-4) में ‘‘समान अवसर’’ देने की मांग को लेकर मंगलवार को बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के यहां स्थित सरकारी आवास के बाहर एकत्र हुए।

नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों ने मांग की कि राज्य के एसटीईटी अभ्यर्थियों की तरह केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) पास करने वाले अभ्यर्थियों को भी टीआरई-4 के लिए आवेदन करने की अनुमति दी जाए।

18 अगस्त को जारी टीआरई-4 की अधिसूचना में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने एसटीईटी अभ्यर्थियों को शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन करने की अनुमति दी, लेकिन सीटीईटी अभ्यर्थियों को इससे बाहर रखा।

एसटीईटी पात्रता परीक्षा है, जबकि बीपीएससी की टीआरई सरकारी शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए होने वाली परीक्षा है।


यूपी: लखीमपुर खीरी में भारी बारिश से जलभराव, कक्षा आठ तक के स्कूल बंद; ट्रेन सेवाएं बाधित

लखीमपुर खीरी में लगातार बारिश के कारण खासकर ग्रामीण इलाकों में भारी जलभराव हो गया, जिसके चलते मंगलवार को कक्षा आठ तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए। वहीं, शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने से मैलानी-नानपारा रेलखंड पर ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुई हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) प्रवीण तिवारी ने सोमवार देर रात जारी आदेश में भारी बारिश, जलभराव और आगे भी बारिश की संभावना को देखते हुए कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में मंगलवार को अवकाश घोषित किया।

पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण भीरा और पलिया कलां रेलवे स्टेशनों के बीच मैलानी-नानपारा मीटरगेज रेलखंड पर पानी का रिसाव हो गया है। इसके चलते मैलानी, बिछिया और नानपारा के बीच चलने वाली करीब आधा दर्जन ट्रेनों की सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित रहेंगी।

चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का दूसरा चरण 15 सितंबर से शुरू होगा

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) ने मंगलवार को घोषणा की कि चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं का दूसरा चरण 15 सितंबर से शुरू होगा। यूसीएडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि यह फैसला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के बाद लिया गया है।

उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के आधार पर 15 सितंबर तक मानसून के कमजोर पड़ने और पीछे हटने की संभावना है। ऐसे में मौसम की स्थिति अपेक्षाकृत अनुकूल और हेलीकॉप्टर संचालन के लिए सुरक्षित रहने की उम्मीद है।


मनरेगा की जगह नयी व्यवस्था लाकर ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ाई गईं : अशोक गहलोत

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र और राज्य सरकार पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत पहले लागू रोजगार गारंटी ढांचे को खत्म कर ग्रामीणों की समस्याएं बढ़ाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को अधिकारियों से सूखा राहत कार्यों की तत्काल तैयारी शुरू करने का आग्रह किया।

प्रतापगढ़ में कांग्रेस की ‘जन आक्रोश यात्रा’ के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी ने राज्य और देशभर के लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस नीत सरकार के दौरान लागू मनरेगा ने ग्रामीणों को 100 दिन के रोजगार की मांग करने का कानूनी अधिकार दिया था। गहलोत ने कहा, ‘‘मनरेगा रोजगार की गारंटी थी। इसमें किसी से खैरात मांगने की जरूरत नहीं थी।’’

मेरठ में किसानों की महापंचायत, राकेश टिकैत ने उठाए गन्ना मूल्य और बिजली के मुद्दे

भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में मंगलवार को मेरठ में किसानों की महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में किसानों से जुड़ी कई समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने गन्ने के दाम बढ़ाने, बकाया भुगतान करने के साथ-साथ बिजली, खाद, भूमि अधिग्रहण और बाढ़ से होने वाले नुकसान का मुआवजा देने जैसी मांगें रखीं।

राकेश टिकैत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि किसानों के सामने इस समय कई मोर्चों पर समस्याएं हैं। बिजली की बढ़ती लागत और भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए उन्होंने कहा कि जमीन के सर्किल रेट कम हैं, जबकि बिजली के रेट अधिक हैं। सरकार को किसानों की लागत और आमदनी के बीच बढ़ते अंतर पर ध्यान देना चाहिए। गन्ना किसानों की स्थिति का जिक्र करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि गन्ने के दाम में पर्याप्त बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने मांग की कि गन्ने का भाव 500 रुपए प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर कपड़े और रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजों की कीमतों में वृद्धि हुई है, लेकिन किसान की फसल के दाम उसी अनुपात में नहीं बढ़े हैं। किसानों को कम से कम पिछले साल के मुकाबले चीनी के बढ़े हुए भाव का लाभ मिलना चाहिए। किसानों की समस्या लगातार बढ़ रही है और सरकार को उनकी आय तथा उत्पादन लागत को ध्यान में रखते हुए फसलों के उचित दाम सुनिश्चित करने चाहिए।


नेपाल में बाढ़ : मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,003 हुई; करीब 4,000 लोग अब भी लापता

नेपाल में आठ जिलों से और शव मिलने के बाद भयंकर बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर मंगलवार को 1,003 हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरएमए) ने बताया कि लगभग 4,000 लोग अब भी लापता हैं, जबकि करीब 12,000 लोगों को बचाया गया है।

बीते 26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास हिमस्खलन की वजह से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों तथा गांवों में भारी तबाही हुई। हिमालयी सीमावर्ती इलाके से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी के जरिए बाढ़ का पानी तेजी से नीचे की ओर आया, जिससे घर, गाड़ियां, सड़कें और पुल बह गए तथा पनबिजली परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा।

तेजस्वी का सरकार पर हमला, बिहार में पुलिस राज का आरोप, आरक्षण को लेकर मांझी, चिराग पर साधा निशाना

आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को एनडीए सरकार पर बिहार में पुलिसिया अत्याचार बढ़ने और आरक्षण के मुद्दे पर पिछड़े, दलित एवं वंचित वर्गों के साथ न्याय नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिहार को पुलिस राज्य बनाने की कोशिश की जा रही है, जिसे राजद किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।

पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में तेजस्वी यादव ने वैशाली के एक पत्रकार का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि जनसमस्याओं और बदहाल सड़कों को लेकर सवाल उठाने के कारण उन्हें पुलिस प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। प्रेस वार्ता में उपस्थित पीड़ित पत्रकार ने आरोप लगाया कि 29 अगस्त की देर रात थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस बल के साथ उनके घर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए।

उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने उन पर रिवाल्वर तान दी और उनकी मां, बहन तथा भाई के साथ अभद्रता और मारपीट की। इसके बाद उन्हें जबरन थाने ले जाया गया और रात में दूसरे थाने भेज दिया गया। पत्रकार के मुताबिक, अगले दिन सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों ने उन पर अलग-अलग मामलों में संलिप्तता स्वीकार करने का दबाव बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या के मामले में कबूलनामा कराने तथा उनके घर से देसी कट्टा और कारतूस बरामद होने की बात स्वीकार करने के लिए उन्हें बुरी तरह पीटा गया। उन्होंने किसी भी आरोप को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने दावा किया कि बाद में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, लेकिन गिरफ्तारी और बरामदगी से जुड़े पुलिस के साक्ष्यों पर सवाल उठे। अदालत ने उन्हें बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया।


बंगाल- ममता बनर्जी की भतीजी बीरभूम के रामपुरहाट में कुसुम्बा गांव स्थित अपने पिता के घर पर मृत पाई गईं 

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भतीजी बीरभूम के रामपुरहाट में कुसुम्बा गांव स्थित अपने पिता के घर पर मृत पाई गईं। पुलिस मौके पर मौजूद है। पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है

लखीमपुर खीरी और वाराणसी में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में जलभराव

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी और वाराणसी जिलों में लगातार बारिश के कारण भारी जलभराव हो गया है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस कारण मंगलवार को आठवीं कक्षा तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

लखीमपुर खीरी में लगातार बारिश के कारण खासकर ग्रामीण इलाकों में जलभराव हो गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) प्रवीण तिवारी ने सोमवार देर रात जारी आदेश में भारी बारिश, जलभराव और आगे भी बारिश की संभावना को देखते हुए मंगलवार को कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया।


अशोक लेलैंड की अगस्त में बिक्री 38 प्रतिशत बढ़कर 21,038 इकाई पर 

वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता कंपनी अशोक लेलैंड की अगस्त, 2026 में कुल बिक्री सालाना आधार पर 38 प्रतिशत बढ़कर 21,038 इकाई हो गई। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी की बिक्री 15,239 इकाई रही थी।

अशोक लेलैंड ने मंगलवार को बयान में कहा कि माह के दौरान घरेलू बाजार में उसकी बिक्री करीब 43 प्रतिशत बढ़कर 19,438 इकाई हो गई, जो अगस्त, 2025 में 13,622 इकाई थी।

अगस्त में घरेलू बाजार में मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 55 प्रतिशत बढ़कर 12,408 इकाई हो गई जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 7,991 इकाई थी।

संभल जामा मस्जिद सर्वे मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली, अगली सुनवाई 8 सितंबर को

संभल की शाही जामा मस्जिद के सर्वे के खिलाफ मुस्लिम पक्ष की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को होने वाली सुनवाई टल गई। अब इस मामले में अगली सुनवाई 8 सितंबर को होगी।

यह मामला संभल की शाही जामा मस्जिद के कोर्ट कमिश्नर सर्वे को लेकर है। निचली अदालत ने शाही जामा मस्जिद का कोर्ट कमिश्नर सर्वे कराने का आदेश दिया था, जिसे इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बरकरार रखा था। इलाहाबाद हाईकोर्ट के इसी फैसले को मुस्लिम पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।

मुस्लिम पक्ष का कहना है कि सर्वे का आदेश देना निचली अदालत के अधिकार क्षेत्र में नहीं है। पिछली सुनवाई के दौरान हिंदू पक्ष ने इस मामले को प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट से जोड़े जाने का विरोध किया था। हिंदू पक्ष ने दलील दी थी कि यह मस्जिद पहले से ही एक संरक्षित स्मारक है, इसलिए यहां प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट लागू नहीं होता।


SC का जंतर-मंतर प्रदर्शन FIR रद्द करने का आदेश

जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान FIR से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अनुच्छेद 142 के तहत असम, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, बिहार और दिल्ली में दर्ज छात्रों के खिलाफ एफआईआर को रद्द करने का आदेश दिया है

दिल्लीः CJP ने सुप्रीम कोर्ट से कहा- 5 सितंबर को प्रदर्शन नहीं करेगी पार्टी

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि सीजेपी द्वारा 5 सितंबर को इंडिया गेट पर होने वाले प्रदर्शन को वापस लेने का फैसला किया गया है


आंकड़ों की बाजीगरी से ‘बदहाल’ आर्थिक स्थिति को छिपा रही है सरकार: कांग्रेस

कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों की ‘‘बाजीगरी’’ के जरिये देश की आर्थिक स्थिति की ‘‘बदहाल हकीकत’’ छिपा रही है।

मुख्य विपक्षी दल ने यह सवाल भी किया किया कि अगर अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही है तो परिवारों को खर्च के लिए कर्ज लेने की जरूरत क्यों पड़ रही है?

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि सरकार ने जीडीपी की गणना की पद्धति में बार-बार बदलाव कर आंकड़ों को अपने हिसाब से ‘‘सेट’’ किया है।

रमेश ने कहा कि ‘नॉमिनल’ और ‘रियल जीडीपी’ के बीच का अंतर महंगाई को दर्शाता है और सरकार के मुताबिक यह अंतर केवल 2.3 प्रतिशत है, जबकि इसी तिमाही में थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) आधारित महंगाई नौ प्रतिशत से अधिक रही है। उन्होंने इसे ‘‘स्पष्ट विसंगति’’ करार दिया।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह विसंगति केंद्र सरकार की ओर से जीडीपी गणना की पद्धति में किए गए बदलावों का नतीजा है।

उन्होंने दावा किया कि सरकार ने इस वर्ष जीडीपी की गणना की पद्धति में दो बार बदलाव किया और जून में नवीनतम जीडीपी अनुमानों के दौर से ठीक पहले इसकी गणना में डब्ल्यूपीआई के इस्तेमाल से दूरी बना ली।

प्रधानमंत्री की ‘‘झूठ बोलने की क्षमता’’ के अलावा आर्थिक मोर्चे पर कुछ नहीं बदला: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आर्थिक विकास दर से जुड़े प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान को लेकर मंगलवार को उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि लोगों से ‘‘झूठ बोलने की उनकी क्षमता’’ के अलावा आर्थिक मोर्चे पर कुछ नहीं बदला है। उन्होंने कहा कि आम लोग बेरोजगारी, महंगाई और बढ़ती असमानता से परेशान हैं, जबकि सरकार सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि का जश्न मना रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को अप्रैल-जून तिमाही में 7.8 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि की सराहना की थी और भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाने वालों पर तंज कसते हुए कहा था, ''निराशावादी नाकाम हुए और भारत एक बार फिर खिल उठा।'' उन्होंने कहा था कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के दौरान भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि एक 'असाधारण उपलब्धि है।

खड़गे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आर्थिक मोर्चे पर मोदी सरकार के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम आदमी ‘‘तीन यू’’ यानी ‘अनप्रेसीडेंटेड अनएम्प्लॉयमेंट, अनबियरेबल प्राइस राइज, अनब्रिडल्ड इनइक्वैलिटी’ (अभूतपूर्व बेरोजगारी, असहनीय मूल्य वृद्धि और बेलगाम असमानता) से जूझ रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि बेरोजगारी 50 साल के उच्चतम स्तर पर है और 40 प्रतिशत युवा स्नातक बेरोजगार हैं। उन्होंने जुलाई, 2026 में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के छह में से एक युवा के बेरोजगार होने का भी दावा किया और कहा कि हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा टूट चुका है।

खड़गे ने खुदरा महंगाई को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि खुदरा मुद्रास्फीति 19 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है और चीनी, प्याज, टमाटर, दाल, खाद्य तेल, चावल तथा दूध जैसी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतें आम लोगों पर बोझ डाल रही हैं। उन्होंने पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और सीएनजी की कीमतों का भी जिक्र किया। उन्होंने आर्थिक असमानता को लेकर आरोप लगाया, ‘‘देश में शीर्ष एक प्रतिशत लोगों के पास कुल संपत्ति का 40 प्रतिशत हिस्सा है, जबकि निचले 50 प्रतिशत लोगों के पास केवल 15 प्रतिशत संपत्ति है।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार पर ‘‘बेलगाम मित्रवादी पूंजीवाद’’ को आर्थिक नीति बनाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि 2014 के बाद से 16 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कॉरपोरेट कर्ज माफ किए गए हैं। उन्होंने एक मीडिया व्यवसायी के मामले का उल्लेख करते हुए दावा किया कि 22,006 करोड़ रुपये के स्वीकार किए गए दावों के मुकाबले ऋणदाताओं को केवल 6.5 करोड़ रुपये की वसूली हुई। खड़गे ने प्रधानमंत्री पर एक कारोबारी मित्र के हितों के लिए काम करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भारतीय नागरिकों से सोना नहीं खरीदने और विदेश यात्रा नहीं करने की अपील किए जाने का हवाला देते हुए कहा कि ये टिप्पणियां देश की ‘‘जमीनी हकीकत’’ से अलग हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘तथ्य यह है कि कुछ नहीं बदला है, सिवाय आपकी (मोदी) लोगों से झूठ बोलने की क्षमता के।


चंडीगढ़: हल्द्वानी 'शुद्धिकरण' विवाद को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में प्रदर्शन कर रहे पंजाब कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने TMC सांसद महुआ मोइत्रा के ख़िलाफ़ 'कैश-फॉर-क्वेरी' घोटाले में लोकपाल की याचिका पर सुनवाई टाल दी।


गोवा-दिल्ली IndiGo विमान का इंजन फेल!

इंडिगो की फ्लाइट आज सुबह गोवा से दिल्ली के लिए उड़ी थी। थोड़ी देर बाद ही इसका एक इंजन फेल हो गया। इसके बाद विमान को वापस गोवा भेज दिया गया और मोपा एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश पार्टी अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर को लेकर सचिवालय का घेराव किया।


नेपाल में फिर बाढ़ का अलर्ट, नदियों का जलस्तर बढ़ा, अबतक 1 हजार से ज्यादा मौतें

नेपाल में नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद 7 जिलों में बाढ़ का नया अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, गोरखा, तनहूं, नवलपरासी और चितवन जिलों में नदियों के किनारे बसे इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है।

उड़ान भरते ही विमान में आई खराबी, गोवा लौटी IndiGo फ्लाइट

इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी. उड़ान के कुछ देर बाद विमान के एक इंजन में खराबी का अंदेशा लगा। इसके बाद विमान को वापस गोवा के मोपे एयरपोर्ट लाया गया और उसकी आपात लैंडिंग कराई गई। फिलहाल घटना से जुड़ी अधिक जानकारी का इंतजार है।


KMP एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, खड़े ट्रक से टकराई श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 6 की मौत और 15 घायल   

पलवल में केएमपी एक्सप्रेसवे पर आज मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार कर लिए पलवल के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजस्थान में धार्मिक स्थलों के दर्शन कर वृंदावन लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप गाड़ियां केएमपी के किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

कोलकाता: भारी बारिश के कारण शहर में जलजमाव हो गया।


हम प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों और देश के 80-90 प्रतिशत लुटेरे और भ्रष्ट नेताओं से तंग आ चुके हैं- पप्पू यादव 

पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत GDP ग्रोथ पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने कहा कि हम प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों और देश के 80-90 प्रतिशत लुटेरे और भ्रष्ट नेताओं से तंग आ चुके हैं। उन्हें आखिर किस तरह की GDP ग्रोथ दिखती है? पूरी दुनिया में महंगाई चरम पर है... प्याज, टमाटर और दालों की कीमतें देखिए, वे सब रिकॉर्ड स्तर पर हैं। चावल, बासमती चावल और साधारण चावल को देखिए। तेल और नमक जैसी बुनियादी चीज़ों की हालत भी देखिए। ऐसे हालात में, उन्हें बस यह नहीं दिखता कि क्या हो रहा है। उन्हें सड़कों पर किसान नहीं दिखते, उन्हें बेरोजगारी नहीं दिखती।"

रियासी, J&K: चिनाब नदी का जलस्तर फिर बढ़ा, सलाल बांध के चार गेट खोले गए।


बिहार: जहानाबाद में दर्धा और जमुना नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों के घरों में पानी घुस गया है 

दिल्ली में एक दिन में स्वाइन फ्लू के 48 नए केस

राजधानी दिल्ली में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) के मामलों में वृद्धि का सिलसिला जारी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, 30 अगस्त को 48 नए मामलों की पुष्टि हुई है


विमान ईंधन की कीमत में ₹6.28 प्रति लीटर का इजाफा, 5 किलो LPG भी महंगी

चाकू लिए US के टाइम्स स्क्वायर पहुंची महिला, दो पर किया हमला, पुलिस ने किया शूट 

अमेरिका के न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक महिला ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने महिला को काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन जब महिला पुलिस पर भी हमला करने को दौड़ी तो उसे गोली मार दी गई. गोली लगने से हमलावर महिला की मौत हो गई.


देहरादून, उत्तराखंड: रात भर हुई भारी बारिश के कारण टोंस नदी का जलस्तर बढ़ गया है। 

नेपाल बाढ़ में मौत का आंकड़ा 962 पहुंचा, त्रिशूली प्रोजेक्ट के 118 कामगारों से संपर्क नहीं हो पा रहा

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। आपदा में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 962 पहुंच गया है, जबकि त्रिशूली प्रोजेक्ट में काम कर रहे 118 कामगारों से अब तक संपर्क नहीं हो पाया है। लगातार बारिश और बाढ़ के कारण राहत एवं बचाव कार्यों में भी मुश्किलें आ रही हैं। प्रशासन लापता लोगों की तलाश और प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने के लिए अभियान चला रहा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए