बड़ी खबर LIVE: प्रीमियम पेट्रोल कीमत वृद्धि पर भड़के प्रमोद तिवारी, कहा- ये मुनाफाखोरी है, कीमत वापस लें

पेट्रोल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रीमियम पेट्रोल पर 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मुनाफाखोरी और अवसरवादिता करार देते हुए सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

प्रधानमंत्री मोदी को पश्चिम एशिया संकट का खुलकर विरोध करना चाहिए: ओवैसी

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पश्चिम एशिया के प्रति भारत की पहले से चली आ रही तटस्थ नीति के विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ नजदीकी बढ़ा ली है।

उन्होंने कहा कि मोदी को खुले तौर पर कहना चाहिए कि पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष गलत है।

यहां मक्का मस्जिद में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने पश्चिम एशिया के सभी देशों के साथ मित्रतापूर्ण संबंध बनाए रखे हैं और फलस्तीन के मुद्दे पर भी उसका रुख कायम है।

हिमाचल प्रदेश: भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में लैंडस्लाइड हुआ। 

ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट ने पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 33 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है


प्रीमियम पेट्रोल कीमत वृद्धि पर भड़के प्रमोद तिवारी, कहा- ये मुनाफाखोरी है, कीमत वापस लें

पेट्रोल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रमोद तिवारी ने शुक्रवार को केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रीमियम पेट्रोल पर 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मुनाफाखोरी और अवसरवादिता करार देते हुए सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।

प्रमोद तिवारी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 110–120 डॉलर प्रति बैरल के बीच होने के बावजूद सरकार द्वारा पेट्रोल के दाम बढ़ाना जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि यही काम कोई डीलर करता, तो उसे मुनाफाखोर और अवसरवादी कहा जाता, लेकिन जब यही काम सरकार कर रही है तो उसे क्यों नहीं? उन्होंने आरोप लगाया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम घटे थे, तब केंद्र सरकार ने उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं दी और कीमतों में कटौती नहीं की गई।

ईरान ने कुवैती तेल रिफाइनरी पर हमला किया, इजराइल ने तेहरान पर की बमबारी

ईरान ने शुक्रवार तड़के कुवैत की एक तेल रिफाइनरी पर ड्रोन से हमला किया और इजराइल में हमलों की चेतावनी के रूप में सायरन बजने लगे। वहीं, फारसी नववर्ष के अवसर पर तेहरान में इजराइली हमलों से भयावह विस्फोटों की आवाज सुनाई दी।

वैश्विक अर्थव्यवस्था को हिला देने वाला यह युद्ध तीसरे सप्ताह के अंत के करीब पहुंच गया है और ईरान खाड़ी क्षेत्र की ऊर्जा संरचना पर अपने हमलों में कोई कमी करता नहीं दिख रहा। कुवैत ने कहा कि मीना अल-अहमदी तेल रिफाइनरी पर सिलसिलेवार ढंग से दो बार हुए ड्रोन हमलों के कारण आग लग गई और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए काम कर रहे हैं।

यह रिफाइनरी बृहस्पतिवार को ईरान के एक अन्य हमले में पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिसकी क्षमता प्रतिदिन लगभग 7,30,000 बैरल तेल शोधित करने की है। यह फारस की खाड़ी में स्थित छोटे एवं तेल-समृद्ध राष्ट्र कुवैत में स्थित तीन तेल रिफाइनरियों में से एक है।


ईद से पहले तनाव को लेकर दिल्ली के द्वारका इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गयी

पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में चार मार्च को हुई हत्या के बाद तनाव व्याप्त रहने के मद्दनेजर ईद के त्योहार से एक दिन पहले, इससे लगे द्वारका जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि 100 से अधिक नाके स्थापित किए गए हैं और संवेदनशील इलाकों में गतिविधियों पर करीबी नजर रखने के लिए प्रमुख चौराहों एवं इमारतों की छतों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग होने की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त सुरक्षा तैयारी सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा गई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने तैनाती की विस्तृत योजना बनाई है और किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं।’’

पुलिस के अनुसार, हस्तसाल गांव, जहां हिंसक घटना हुई थी, और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, साथ ही रणनीतिक स्थानों पर दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों (सीएपीएफ) की संयुक्त तैनाती की गई है।

पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर JKNC प्रमुख फ़ारूक़ अब्दुल्ला ने कहा- अल्लाह इस युद्ध को समाप्त करे

जम्मू-कश्मीर: पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर JKNC प्रमुख फ़ारूक़ अब्दुल्ला ने कहा, अल्लाह इस युद्ध को समाप्त करे, शांति लाए और लोगों को चैन से रहने दे। इसका पूरी दुनिया पर असर पड़ेगा। इसलिए, यह युद्ध जितनी जल्दी हो सके, समाप्त होना चाहिए।


मध्य प्रदेश : कल ईद से पहले आखिरी शुक्रवार को, भोपाल की ताज-उल-मसाजिद में नमाज़ अदा की जा रही है।

खाड़ी युद्ध का असर देश में प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़े, नार्मल पेट्रोल की कीमतों में बदलाव नहीं

भारत में 20 मार्च, 2026 से प्रीमियम पेट्रोल 2.35 रुपये तक महंगा हो गया है। BPCL के Speed, HPCL के Power और IOCL के XP95 की कीमतें 2.09 रुपये से 2.35 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ गई हैं।

हालांकि, फिलहाल रेगुलर पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।


यह कुछ लोगों को खुश करने की कोशिश और चाटुकारिता की हद के अलावा और कुछ नहीं है, पहलगाम में 40 लोग मारे गए, फिर भी आतंकवादियों को पकड़ा नहीं जा सका: भूपेश बघेल 

'धुरंधर' फ़िल्म की रिलीज़ पर, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, "...यह कुछ लोगों को खुश करने की कोशिश और चाटुकारिता की हद के अलावा और कुछ नहीं है। पहलगाम में 40 लोग मारे गए, फिर भी आतंकवादियों को पकड़ा नहीं जा सका। इससे पहले पुलवामा में 40 किलो RDX लाया गया था — उसका कभी पता क्यों नहीं चल पाया? आतंकवादी घटनाएँ तो और बढ़ी हैं, फिर भी वे दावा करते हैं कि आतंकवाद खत्म हो रहा है।"

ईरान की चेतावनी- ऊर्जा स्थलों को निशाना बनाया तो हमले और तेज होंगे

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने बड़ा बयान जारी करते हुए साफ चेतावनी दी है कि अगर उसके ऊर्जा प्रतिष्ठानों को फिर से निशाना बनाया गया, तो वह अपने हमलों को और तेज तथा व्यापक कर देगा।


वाराणसी के शिवपुर इलाके में स्थित उदय प्रताप कॉलेज में पुलिस तैनात कर दी गई

वाराणसी: वाराणसी के शिवपुर इलाके में स्थित उदय प्रताप कॉलेज में पुलिस तैनात कर दी गई है। यह कदम, प्रतिद्वंद्वी छात्र गुटों के बीच हुई झड़प के दौरान कथित तौर पर एक छात्र को गोली मारे जाने की घटना के बाद भड़के विरोध-प्रदर्शनों के चलते उठाया गया है।

अमृतसर: पंजाब पुलिस ने गुरु नानक देव अस्पताल से अपहृत नवजात को 24 घंटे के भीतर बरामद किया, महिला गिरफ्तार

एसएचओ रंजीत सिंह धालीवाल ने बताया, “तरनतारन जिले की रहने वाली रानी ने एक बेटे को जन्म दिया था। तीन दिन बाद एक महिला ने नवजात का अपहरण कर लिया। गुरदासपुर जिले की निवासी जसप्रीत कौर नाम की महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है।”


केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी, शिकायत दर्ज

एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को एक अज्ञात कॉलर से कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

रुपए में आई ऐतिहासिक गिरावट, डॉलर पहली बार ₹93 के पार

खाड़ी देशों में जारी ईरान की जंग से आज शुक्रवार को बाजार खुलते ही रुपया डॉलर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। रुपया डॉलर के मुकाबले 93.24 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में यह 92.63 पर बंद हुआ था। 


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आगरा ज़िले में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आगरा ज़िले में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया है और मृतकों के शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

उत्तराखंड में धामी मंत्रिमंडल का विस्तार आज, लोक भवन में सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार शुक्रवार को होने जा रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन लोक भवन में सुबह 10 बजे होगा।

धामी मंत्रिमंडल में पांच पद रिक्त हैं, जिन्हें भरे जाने की लंबे समय से प्रतीक्षा की जा रही थी।


गुजरात: चैत्र नवरात्रि 2026 के दूसरे दिन, भक्त मां ब्रह्मचारिणी की पूजा करने के लिए अंबाजी माता मंदिर में एकत्र हुए

हरियाणा के नूंह में सोशल मीडिया पर 'विवादित' टिप्पणी को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।


दिल्ली पुलिस ने लाजपत नगर मेट्रो से एक महिला का चोरी हुआ बैग बरामद किया, जिसमें 26,728 रुपये नकद थे, आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की जांच जारी है।

मदुरै शहर में हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव हो गया है।


तमिलनाडु- मदुरै के तमुक्कम मैदान में रमज़ान ईद की विशेष नमाज़ अदा की जा रही है।

पुंछ, जम्मू-कश्मीर: क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बाद, मुगल रोड पर बर्फ हटाने का काम फिलहाल जारी है।


दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश, पहाड़ों में बर्फबारी से गिरा तापमान

दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई इलाकों में मौसम ने करवट बदल ली है. दिल्ली समेत आसपास के कई इलाकों में सुबह से ही बारिश हो रही है। वहीं पहाड़ी इलाकों में भी बर्फबारी से तापमान में कापी गिरावट आई है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia