बड़ी खबर LIVE: जंतर-मंतर समेत देशभर में प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा पर SC सख्त, जांच के लिए बनाई हाई पावर कमेटी
जंतर-मंतर और देश के अन्य हिस्सों में छात्रों के विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई के आरोपों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने पांच सदस्यीय हाई पावर एक्सपर्ट कमेटी का गठन किया है।

बिहार में शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों, अतिथि शिक्षकों और पीएचडी धारकों का प्रदर्शन जारी
बिहार में शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों, विश्वविद्यालयों के अतिथि शिक्षकों और पीएचडी धारकों का पटना के गर्दनीबाग इलाके में प्रदर्शन बृहस्पतिवार को जारी रहा और धरने का नेतृत्व कर रहे प्रदर्शनकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने मंगलवार दोपहर चेतावनी दी थी कि यदि शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई)-चार की अधिसूचना जारी नहीं की गई तो वे राज्य के शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव कर सकते हैं। इसी दिन बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने 32,000 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी।
हालांकि, टीआरई-चार के अभ्यर्थी अपनी अन्य मांगों के समाधान की मांग को लेकर धरना स्थल से नहीं हटे हैं।
बंगाल के चम्पाहाटी में एक पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में पांच लोग घायल
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के चम्पाहाटी में गुरुवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में पांच लोग घायल हो गए। उनमें से दो की हालत गंभीर है और उनकी पहचान पद्मरानी नस्कर (52) और अब्बास गाजी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को पहले बारुईपुर अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन बाद में उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चम्पाहाटी में एक घर में जोरदार धमाका हुआ, जहां पटाखे बनाए जा रहे थे। आवाज सुनकर इलाके के निवासी तुरंत मौके पर पहुंच गए।
विस्फोट में घर के अंदर मौजूद पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। खबर फैलते ही स्थानीय निवासियों की भीड़ घटनास्थल पर जमा होने लगी।
घायलों में पद्मरानी नस्कर नाम की एक महिला का नाम भी सामने आया। विस्फोट के बाद उन्हें तुरंत बचा लिया गया और अस्पताल भेज दिया गया। इसी बीच, विस्फोट के संबंध में अवैध रूप से पटाखे बनाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
मणिपुर में जनगणना प्रक्रिया रोकी जाए, पुराने विसंगतियों की नए सिरे से जांच हो : कांग्रेस
कांग्रेस ने मणिपुर में जनगणना प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि 2001 और 2011 की जनगणना से जुड़े अनसुलझे मुद्दों का ‘‘निष्पक्ष और विवेकपूर्ण’’ तरीके से समाधान किए बिना नई जनगणना आगे नहीं बढ़ाई जानी चाहिए।
पार्टी सांसद विमल अकोइजम ने संवाददाताओं से कहा कि मणिपुर में जनसंख्या वृद्धि से जुड़े आंकड़ों को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं और स्वतंत्र विद्वानों ने भी इस विषय का अध्ययन किया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) से जुड़े स्वतंत्र विद्वानों ने इस मुद्दे का अध्ययन किया है और उनका कहना है कि मणिपुर में जनसंख्या में असामान्य वृद्धि को सामान्य जनसांख्यिकीय कारकों के आधार पर नहीं समझाया जा सकता।
मध्य प्रदेश: रात भर हुई भारी बारिश से कई इलाकों में जलजमाव और बाढ़ जैसे हालात बन गए
मध्य प्रदेश: रात भर हुई भारी बारिश से कई इलाकों में जलजमाव और बाढ़ जैसे हालात बन गए। SDRF की टीमें राहत बचाव कार्य में जुटी है।
जंतर-मंतर समेत देशभर में प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा पर SC सख्त, जांच के लिए बनाई हाई पावर कमेटी
जंतर-मंतर और देश के अन्य हिस्सों में छात्रों के विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई के आरोपों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने पांच सदस्यीय हाई पावर एक्सपर्ट कमेटी का गठन किया है। यह समिति विरोध प्रदर्शनों से जुड़े मामलों के विभिन्न पहलुओं की जांच करेगी और समय-समय पर अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंप सकती है।
JPSC परीक्षा रद्द करने के फैसले पर हाई कोर्ट की रोक, परीक्षा रद्द करने का फैसला पलटा
झारखंड हाई कोर्ट ने 11वीं से 13वीं JPSC परीक्षाओं और नियुक्तियों को रद्द करने के राज्य सरकार के आदेश पर रोक लगा दी है।
राजस्थान: कांग्रेस विधायकों का विधानसभा के बाहर धरना, कार्यवाही में शामिल नहीं हुए
राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र बृहस्पतिवार को यहां शुरू हुआ जिसमें मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों ने भाग नहीं लिया।
कांग्रेस विधायकों ने राज्य के सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर कथित प्रतिबंध के मुद्दे को लेकर विधानसभा परिसर के बाहर धरना दिया।
सदन की कार्यवाही शुरू होने पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विपक्षी सदस्यों की गैरमौजूदगी पर निराशा जताई और उनसे कार्यवाही में हिस्सा लेने की अपील की।
मिजोरम के एकमात्र सरकारी मेडिकल कॉलेज में पहली 'ओपन-हार्ट सर्जरी' सफल
राज्य सरकार के ‘जोरम चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल’ (जेडएमसीएच) के चिकित्सकों ने इस संस्थान में पहली बार ‘ओपन-हार्ट सर्जरी’ को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि रेजिडेंट कार्डियोलोजिस्ट (हृदय रोग विशेषज्ञ) डॉ. मैरी हमिंगथानतलुआंगी और गुवाहाटी के एक निजी अस्पताल से आए डॉ. इंतेखाब आलम के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने बुधवार को 69 वर्षीय मरीज का ऑपरेशन किया। मरीज ‘ट्रिपल वेसल डिजीज’ से पीड़ित था, जो एक गंभीर स्थिति है जिसमें दिल की तीन प्रमुख मुख्य धमनियों (रक्त नलिकाओं) में रुकावट आ जाती है।
मरीज को लगभग छह महीने पहले दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद जांच में इस गंभीर बीमारी का पता चला था।
हमारे लिए वंदे मातरम् भावनात्मक विषय, भाजपा के लोग ‘नकली राष्ट्रवादी’: कांग्रेस
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को ‘वंदे मातरम्’ को लेकर गृह मंत्री अमित शाह द्वारा निशाना साधे जाने के बाद पलटवार करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छात्रों तथा राम मंदिर से कथित ‘चंदा चोरी’ जैसे विषयों से ध्यान भटकाने के लिए राष्ट्र गीत को लेकर विवाद खड़े करना चाहती है, जबकि उसके (भाजपा के) लोग ‘झूठे’ और ‘नकली’ राष्ट्रवादी हैं।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ‘ट्राइड’ (परखे जा चुके) और ‘टायर्ड’ (थक चुके) हैं तथा अब उन्हें जल्द ही ‘रिटायर’ हो जाना चाहिए।
रमेश ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री शाह और भाजपा छात्रों के मुद्दे और राम मंदिर से ‘चंदा चोरी तथा ‘आस्था के साथ धोखा’ जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस उनके जाल में फंसने वाली नहीं है।
राहुल गांधी बोले- ‘हर व्यक्ति की अपनी सच्चाई है, कोई किसी की जिंदगी का सच तय नहीं कर सकता’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के ‘स्वराज’ के विचार को मौजूदा शिक्षा, परीक्षा, आर्थिक और राजनीतिक व्यवस्था से जोड़ते हुए कहा कि गांधीजी का विजन तभी साकार हो सकता है, जब देश की व्यवस्थाएं हर व्यक्ति को अपनी क्षमता और सच्चाई के मुताबिक आगे बढ़ने का अवसर दें।
राहुल गांधी ने कहा कि गांधीजी के विचार ऐसे शिक्षा तंत्र के साथ नहीं चल सकते, जो बहुत महंगा हो। इसी तरह ऐसी परीक्षा व्यवस्था भी उनके विजन के अनुरूप नहीं हो सकती, जिसमें निष्पक्षता का अभाव हो। उन्होंने आर्थिक व्यवस्था में कुछ चुनिंदा लोगों के वर्चस्व और ऐसी राजनीतिक व्यवस्था की जरूरत पर भी सवाल उठाया, जिसकी पहुंच देश के हर हिस्से और हर नागरिक तक हो।
‘खराब माहौल इंसान को स्वराज से दूर कर देता है’
राहुल गांधी ने कहा कि एक खराब माहौल व्यक्ति को स्वराज से दूर कर देता है और उसकी स्वाभाविक स्थिति को बदल देता है। इसका असर उसकी जिंदगी जीने की क्षमता पर पड़ता है।
उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि हर जीव एक अलग और विशिष्ट इकाई है और हर व्यक्ति का सत्य तक पहुंचने का अपना रास्ता है।
राहुल गांधी ने कहा कि किसी दूसरे व्यक्ति के अनुभवों को पूरी तरह जाने बिना उसके सच को समझने का दावा करना सही नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि उन्होंने जिन परिस्थितियों का सामना नहीं किया और जो चीजें खुद नहीं देखीं, उनके आधार पर किसी दूसरे व्यक्ति की सच्चाई तय नहीं की जा सकती।
RSS और BJP पर राहुल गांधी का निशाना
राहुल गांधी ने RSS पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि संगठन ने यह मान लिया है कि वह देश के करीब 1.5 अरब लोगों की सच्चाई जानता है। उन्होंने कहा कि असल में हर व्यक्ति ही अपने जीवन और अपनी सच्चाई को सबसे बेहतर तरीके से जान सकता है।
उन्होंने कहा कि अगर वह खुद यह मानने लगें कि वे किसी दूसरे व्यक्ति की सच्चाई जानते हैं, तो यह उनकी समझ की कमी होगी, क्योंकि उन्होंने उस व्यक्ति के अनुभवों को खुद नहीं जिया है।
राहुल गांधी ने BJP पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुसलमानों, ईसाइयों और सिखों से कहा जाता है कि उनका अस्तित्व ही मायने नहीं रखता। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों को उनकी जमीन छिनने का डर है और विरोध करने पर कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। वहीं, दलितों के साथ होने वाले भेदभाव और उत्पीड़न को भी गंभीरता से नहीं लिया जाता।
‘हर व्यक्ति को महसूस होना चाहिए कि मैं इस देश का हिस्सा हूं’
राहुल गांधी ने कहा कि देश में इस स्थिति को बदलने की जरूरत है। उनके मुताबिक, धर्म, जाति, उम्र या लिंग चाहे कुछ भी हो, हर व्यक्ति को यह महसूस होना चाहिए कि ‘मैं यहां का हिस्सा हूं, मुझे यहां प्यार और सम्मान मिलता है और सत्य की मेरी तलाश भी महत्वपूर्ण है।’
उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब प्रत्येक नागरिक को अपनी पहचान, विचार और जीवन के रास्ते के साथ आगे बढ़ने की स्वतंत्रता मिले। राहुल गांधी ने इसे महात्मा गांधी के स्वराज के विचार से जोड़ते हुए कहा कि देश की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें हर व्यक्ति को अपनी सच्चाई तलाशने और अपने जीवन का रास्ता चुनने का अवसर मिले।
सरकार और देश का काम लोगों की कल्पना के दरवाजे खोलना और उन्हें अपने सपनों पर भरोसा करने का अवसर देना है- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने युवाओं की पसंद और उनके सपनों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर कोई इंजीनियर, रसोइया या मोची बनना चाहता है तो उसे अपनी पसंद का काम करने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। इसी तरह अगर कोई अंतरिक्ष यात्री बनना चाहता है, तो देश और सरकार की जिम्मेदारी है कि उसे उस दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता मिले।
उन्होंने कहा कि सरकार और देश का काम लोगों की कल्पना के दरवाजे खोलना और उन्हें अपने सपनों पर भरोसा करने का अवसर देना है। देश को लोगों को उनके चुने हुए रास्ते पर आगे बढ़ने में मदद करनी चाहिए।
राहुल गांधी ने इसे महात्मा गांधी के भारत के विजन और ‘स्वराज’ की अवधारणा से जोड़ते हुए कहा कि यही स्वराज का रास्ता है।
‘स्वराज’ का मतलब सिर्फ Freedom नहीं, खुद पर राज करना है- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि अक्सर ‘स्वराज’ को अंग्रेजी के शब्द Freedom के समान समझ लिया जाता है, जबकि दोनों के अर्थ में अंतर है। उनके मुताबिक, स्वराज का अर्थ है ‘स्व’ पर ‘राज’, यानी खुद पर शासन करना।
उन्होंने कहा कि स्वराज केवल अधिकार या स्वतंत्रता का नाम नहीं है, बल्कि यह एक जिम्मेदारी और सोचने का तरीका भी है। किसी व्यक्ति को कोई दूसरा व्यक्ति Freedom दे सकता है, लेकिन दूसरे व्यक्ति को स्वराज नहीं दिया जा सकता।
राहुल गांधी ने स्वराज की अवधारणा को समझाते हुए कहा कि अपने आप को गहराई से समझना स्वराज है। इसी तरह दुनिया और समाज के साथ किसी इंसान का व्यक्तिगत रिश्ता भी स्वराज की भावना का हिस्सा है।
गांधी चाहते थे कि देश का हर व्यक्ति स्वराज के रास्ते पर आगे बढ़े- राहुल गांधी
कार्यक्रम में राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के स्वराज के विचार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गांधी चाहते थे कि देश का हर व्यक्ति स्वराज के रास्ते पर आगे बढ़े। उनके मुताबिक, स्वराज का मूल विचार व्यक्ति को अपने फैसलों, सोच और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना है। यही विचार लोकतंत्र में नागरिक की भूमिका को मजबूत करता है।
राहुल गांधी के संबोधन में राजीव गांधी के विजन के साथ-साथ व्यक्ति की स्वतंत्र सोच, छात्रों की आवाज और लोकतांत्रिक मूल्यों को केंद्र में रखा गया।
राहुल गांधी बोले- कुछ लोगों ने यह मान लिया है कि उन्हें देश के हर व्यक्ति के लिए सच पता है
नई दिल्ली के जवाहर भवन में आयोजित ‘हरा-भरा स्वराज: राजीव गांधी के विजन को श्रद्धांजलि’ कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने स्वराज, आजादी और लोकतंत्र को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारत में आज की वैचारिक लड़ाई इस बात को लेकर है कि क्या कुछ लोग पूरे देश के लिए सच तय करेंगे या हर व्यक्ति को अपनी बात और अपने अनुभव को समझने का अधिकार मिलेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि कुछ लोगों ने यह मान लिया है कि उन्हें देश के हर व्यक्ति के लिए सच पता है। उन्होंने कहा कि इसी सोच के कारण छात्रों पर लगातार सवाल उठाए जाते हैं और उनकी आवाज को नजरअंदाज किया जाता है।
उन्होंने कहा कि अगर कोई छात्र उनके पास आता है, तो उनका मानना है कि वह छात्र अपने बारे में उनसे बेहतर जानता है। राहुल गांधी के मुताबिक, उनकी भूमिका उस छात्र की बात सुनने, उसका सम्मान करने और उसे समझने की है। उन्होंने इसे देश में चल रही मौजूदा राजनीतिक और वैचारिक लड़ाई का हिस्सा बताया।
दुष्कर्म मामले में तरुण तेजपाल ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
पूर्व तहलका संपादक तरुण तेजपाल ने पूर्व सहयोगी से दुष्कर्म के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा सुनाई गई 10 साल की सजा को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
वहीं, 18 अगस्त को गोवा सरकार ने भी इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। राज्य सरकार ने हाईकोर्ट से तेजपाल को मिली सजा बढ़ाने की मांग की थी।
यह मामला साल 2013 का है। तरुण तेजपाल पर आरोप था कि उन्होंने गोवा के एक लग्जरी होटल की लिफ्ट में अपनी जूनियर सहयोगी के साथ यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म किया। शिकायत के बाद गोवा पुलिस ने उनके खिलाफ दुष्कर्म समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया था। नवंबर 2013 में तेजपाल को गिरफ्तार किया गया था।
ग्रेटर नोएडा : जिम में लगी भीषण आग, पांच लोगों का रेस्क्यू, दमकल अधिकारी घायल
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ऐस सिटी के पास स्थित एक फिटनेस जिम में अचानक भीषण आग लग गई। आग जिम की दूसरी मंजिल पर लगी थी। देखते ही देखते पूरे जिम में धुआं भर गया और अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की सूचना मिलते ही गौतमबुद्धनगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) के नेतृत्व में फायर सर्विस यूनिट मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्काल हौज पाइप बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
वंदे मातरम पर कांग्रेस के रुख़ पर पार्टी नेता और केरल के मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति नहीं कर रही है; बल्कि बीजेपी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।
राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र शुरू, कांग्रेस विधायक शामिल नहीं हुए
राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र बृहस्पतिवार को यहां शुरू हुआ जिसमें मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों ने भाग नहीं लिया और राज्य के सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर कथित प्रतिबंध के मुद्दे पर विधानसभा परिसर के बाहर धरना दिया।
बिहार में BPSC AEDO परीक्षा में धांधली का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
बिहार में BPSC की अप्रैल 2026 में हुई AEDO परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में बायोमीट्रिक ऑपरेटर अतुल राज पांडेय को पटना से गिरफ्तार किया गया है।
दिल्ली - वकीलों के एक समूह ने अनियमितताओं को लेकर बार काउंसिल ऑफ़ इंडिया के ख़िलाफ़ विरोध-प्रदर्शन किया और BCI चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफ़े की मांग की
महाराष्ट्र - पुणे पुलिस ने राहुल गांधी के पुणे के SPMS कॉलेज ग्राउंड में 22 अगस्त को होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए मंज़ूरी दे दी
अगर राजीव आज हमारे बीच होते, तो हम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नंबर वन होते- भूपेश बघेल
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, "राजीव गांधी का राजनीतिक कार्यकाल छोटा था, लेकिन उनका योगदान बहुत बड़ा था। उन्होंने कई क्रांतिकारी कदम उठाए, जिनमें पंचायती राज, IT क्रांति और वोटिंग की उम्र घटाकर 18 साल करना शामिल है। अगर राजीव आज हमारे बीच होते, तो हम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नंबर वन होते।"
मणिपुर सरकार ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए 20 अगस्त 2026 से 22 अगस्त 2026 तक सभी स्कूलों और विश्वविद्यालयों को बंद रखने की घोषणा की है।
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने वीर भूमि पर राजीव गांधी को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की।
दिल्ली-UP से उत्तराखंड तक भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कहर बनकर टूट रहा है। बुधवार को जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल और उत्तराखंड में ज्यादातर जगहों पर गरज और चमक के साथ मूसलाधार बारिश हुई। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में भारी बारिश के बीच बादल फटा। भारी बारिश से पहाड़ी राज्यों में जगह-जगह भूस्खलन होने से कई मार्गों पर यातायात बाधित हो गया। उत्तराखंड के पिथौरागड़ में बेली ब्रिज टूटने से सीमावर्ती क्षेत्रों से संपर्क टूट गया। यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
