बड़ी खबर LIVE: जंतर-मंतर पर फिर हुंकार, समर्थकों संग पहुंचे अभिजीत दीपके

कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके एक बार फिर अपने समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पहुंच चुके हैं। सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर मौजूद हैं। हालांकि दिन में हुए उग्र प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने इस जगह और मंच को खाली करवा लिया था।

फोटो: विपिन
i

सिक्किम: भूस्खलन के बाद समरदुंग सुरंग में 12-20 श्रमिकों के फंसे होने की आशंका

सोमवार को दक्षिण सिक्किम के मामरिंग स्थित निर्माणाधीन समरदुंग सुरंग में भूस्खलन के कारण गैस रिसाव होने की आशंका है। राहत व बचाव दल को सुरंग में 12 से 20 श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है।

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना पटेल इंजीनियरिंग द्वारा तीस्ता चरण-छह जलविद्युत परियोजना के लिए निर्मित सुरंग के अंदर हुई। भूस्खलन के बाद सुरंग का एक हिस्सा ढह गया या अवरुद्ध हो गया, जिससे श्रमिकों को बाहर निकलने में बाधा आ रही है।

बचाव अभियान जारी है और सिक्किम पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं तथा अन्य आपातकालीन एजेंसियों के कर्मियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। बचाव कार्यों में सुविधा प्रदान करने के लिए अधिकारी क्षेत्र में यातायात को भी नियंत्रित कर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल से आए एक बचाव दल के सदस्यों को फंसे हुए श्रमिकों तक पहुंचने के प्रयास के दौरान चक्कर आने लगे और कथित तौर पर गैस के संपर्क में आने के कारण वे बेहोश हो गए।

उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जंतर-मंतर पर फिर हुंकार, समर्थकों संग पहुंचे अभिजीत दीपके

कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके एक बार फिर अपने समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पहुंच चुके हैं। सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर मौजूद हैं। हालांकि दिन में हुए उग्र प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने इस जगह और मंच को खाली करवा लिया था। लेकिन रात होते ही एक बार फिर से प्रोटेस्ट साइट पर कॉकरोच पार्टी के कार्यकर्ता पहुंच चुके हैं।

रूसी हमले में ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए 'एमवी गोल्डन लियो' पर सवार चार भारतीय नागरिकों की मौत : एमईए

रूस-यूक्रेन के बीच जारी घातक हमलों में रविवार को चार भारतीय नागरिकों की मौत की खबर सामने आई। ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए व्यावसायिक जहाज 'एमवी गोल्डन लियो' पर यह हमला हुआ। जहाज पर उस समय 17 क्रू सदस्य थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक थे।

भारतीय व‍िदेश मंत्रालय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' जानकारी साझा करते हुए बताया क‍ि 19 जुलाई रव‍िवार की शाम 'ओडेसा बंदरगाह' से रवाना होते समय व्यावसायिक जहाज 'एमवी गोल्डन लियो' पर हमला किया गया। घटना के समय जहाज पर 17 क्रू मेंबर मौजूद थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक भी शामिल थे।

मंत्रालय ने बताया क‍ि इस हमले में चार भारतीय नागरिकों की दुखद मौत हो गई है, जबकि एक भारतीय नागरिक की हालत गंभीर है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया क‍ि यूक्रेन में हमारा मिशन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए प्रयास कर रहा है। हम मृतक भारतीय नागरिकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायल भारतीय नागरिक के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करते हैं।

उन्‍होंने कहा क‍ि भारत ऐसे हमलों की कड़ी निंदा करता है। व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाना, निर्दोष चालक दल के सदस्यों की जान को खतरे में डालना या समुद्री रास्तों और व्यापार की आजादी में किसी भी तरह की रुकावट पैदा करना बेहद निंदनीय है और ऐसा नहीं किया जाना चाहिए।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने रविवार को जारी बयान में कहा कि रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने पिछले 24 घंटों में 774 यूक्रेनी फिक्स्ड-विंग ड्रोन और 13 निर्देशित हवाई बमों को मार गिराया है।

मंत्रालय ने कहा कि रूसी सेना ने पूरी रात यूक्रेन के सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और हवाई हमले किए।


उत्तराखंड: भारी बारिश से क्षतिग्रस्त देहरादून-मसूरी मार्ग पर आवागमन रोका गया

उत्तराखंड के देहरादून में भारी बारिश के कारण सोमवार को झड़ीपानी से आगे देहरादून-मसूरी मार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त मार्ग पर यातायात रोक दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, ‘पानी वाले बैंड’ के पास मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण उसे अगले आदेश तक आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है।

मसूरी के उपजिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि भारी बारिश के कारण देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग ‘पानी वाले बैंड’ के पास क्षतिग्रस्त हो गया।

गुवाहाटी में कई स्थानों पर भूस्खलन, बारिश की आशंका के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह

गुवाहाटी में सोमवार को कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुईं। इस बीच, प्राधिकारियों ने अगले 24 घंटों में शहर में और बारिश होने की चेतावनी जारी की है, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।

कामरूप मेट्रोपालिटन के जिला आयुक्त स्वप्नील पॉल ने बताया कि कम से कम पांच स्थानों पर भूस्खलन की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की अब तक कोई जानकारी नहीं है।

उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में प्रशांति लॉज के आगे कामाख्या मुख्य मार्ग, गणेश मंदिर के पास कामाख्या कॉलोनी, पानी के टैंकर के निकट पश्चिम कामाख्या गांव, पांडु टेंपल घाट और मालीगांव का माधवदेवनगर शामिल हैं।

पॉल ने कहा कि लोगों को जिले के पहाड़ी इलाकों, विशेष रूप से मालीगांव और पांडु क्षेत्र में, अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।


AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "हमारे देश के युवा अभी बहुत परेशान और नाराज़ हैं

AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "हमारे देश के युवा अभी बहुत परेशान और नाराज़ हैं। हमारे देश की परीक्षा प्रणाली की हालत देखिए: पहले पेपर लीक हुए; फिर UPSC की मूल्यांकन प्रक्रिया में एक बड़ा घोटाला सामने आया, जिससे छात्रों को गलत स्कोर दिए गए। इसके बाद, NEET परीक्षा आयोजित की गई और फिर दोबारा आयोजित की गई, फिर भी पूरी मूल्यांकन प्रणाली में कमियां बनी रहीं। छात्रों ने एक के बाद एक कई शिकायतें कीं, लेकिन किसी ने उनकी चिंताओं पर ध्यान नहीं दिया। ये छात्र और उनके माता-पिता कहां जाएं? न्याय और समाधान के लिए वे किसके पास जाएं? सरकार बस सुनती ही नहीं है। जब छात्र परीक्षा और शिक्षा प्रणालियों में सुधार की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे, तो उन पर लाठीचार्ज किया गया। सरकार ने उनसे मिलने या बातचीत करने से इनकार कर दिया है। मोदी सरकार बहुत अहंकारी हो गई है। छात्रों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है और उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं। विरोध प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण था और 25 दिनों तक बिना किसी गलत हरकत या घटना के चलता रहा। इसके बावजूद, जिस तरह से आज इस विरोध प्रदर्शन को दबाया गया, वह बेहद दुखद है।"

सोनम वांगचुक ने किया ऐलान, कहा- उनका अनशन जारी रहेगा

शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक जैसी धांधलियों के खिलाफ सोनम वांगचुक ने सोश मीडिया पर लिखा है कि उनका अनशन जारी रहेगा।


राहुल गांधी का पीएम पर सीधा वार, 'मोदी इतिहास के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री, फेल शिक्षा मंत्री को भी नहीं हटा सकते'

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत के इतिहास के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री हैं - इतने युवा विरोधी कि एक नाकाम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी नहीं ले सकते।

152 पेपर लीक। 7.5 करोड़ छात्र पीड़ित। और सज़ा एक दोषी को भी नहीं। सजा किसे मिली? मेहनती युवाओं को। और जब इन बच्चों ने शिक्षा के जायज़ सवाल उठाए - तो जवाब में मिली लाठी और हिरासत। लीक करने वाले अपराधी आज़ाद - और वाजिब मुद्दे उठाने वाले छात्र घसीटे जाते हैं, पीटे जाते हैं। यह सरकार सिर्फ़ युवाओं को नाकाम नहीं कर रही - उनपर टूट पड़ी है।

दिल्ली में छात्रों पर पुलिस की बर्बरता की कड़ी निंदा करती हूं: ममता बनर्जी

टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा मैं आज दिल्ली में हमारे युवाओं और छात्रों पर पुलिस की बर्बरता की कड़ी निंदा करती हूं. यह कैसी सरकार है जो अपने ही छात्रों से डरती है? यह कैसा लोकतंत्र है जहां सवालों का जवाब बातचीत के बजाय लाठी और आंसू गैस से दिया जाता है? यह देश यहां के छात्रों, किसानों, महिलाओं, मजदूरों और हर नागरिक का है. असहमति जताना कोई अपराध नहीं है. बर्बरता शासन नहीं है. मैं अपने युवा भाई-बहनों के साथ मजबूती से खड़ा हूं. जवाबदेही जरूरी है. मैं उन सभी के साहस, मजबूती और अटूट जज्बे को सलाम करता हूं. उन्होंने देश को दिखाया है कि निडरता क्या होती है.


दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक की पत्नी से मारपीट के दावे को खारिज किया

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल उस पोस्ट को सोमवार को झूठा बताते हुए खारिज कर दिया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि राष्ट्रीय राजधानी में 'चलो संसद' मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि एग्मो पर हमला किया और 12 वर्षीय एक लड़की सहित 40-50 प्रदर्शनकारियों को घायल कर दिया। पुलिस ने लोगों से भ्रामक जानकारी प्रसारित न करने का आग्रह किया है।

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने ‘एक्स’ पर दावा किया था, "दिल्ली पुलिस के कर्मियों ने गीतांजलि जी के बाल खींचे और उनके साथ मारपीट की। 12 वर्षीय एक लड़की के सिर पर चोट लगी और इसके अलावा 40-50 अन्य लोगों के सिर में भी चोटें आई हैं। कॉजपा के इस दावे के बाद दिल्ली पुलिस ने यह स्पष्टीकरण जारी किया है।

जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद CJP डेलिगेशन ने कहा- सरकार हमारी मांगों पर ध्यान देना ही होगा

सीजेपी नेताओं ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की है। मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई है। सीजेपी डेलीगेशन ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को अपना ज्ञापन सौंपा।

क्या हैं CJP की मुख्य मांगें ?

CJP मुख्य रूप से तीन बड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है:

1. नीट (NEET) परीक्षा में हुई धांधली, पेपर लीक मामलों और दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय हो.


2. परीक्षा में हुई इस बड़ी धांधली को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग.


3. देश में लगातार बढ़ती बेरोजगारी, सरकारी भर्ती परीक्षाओं के परिणामों में होने वाली देरी और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ के मुद्दों पर सरकार को घेरना.


डीएमआरसी ने पांच मेट्रो स्टेशन बंद किए, सैकड़ों यात्री फंसे, अफरा-तफरी का माहौल

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी के ‘संसद चलो’ मार्च के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से पांच मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए, जिससे राष्ट्रीय राजधानी के कई मेट्रो स्टेशन पर सैकड़ों यात्री फंस गए, कई प्रदर्शनकारी अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके और स्टेशन परिसर के भीतर तथा आसपास अफरा-तफरी का माहौल नजर आया।

शहर के सबसे व्यस्त ‘इंटरजेंच’ मेट्रो स्टेशन में से एक राजीव चौक पर बंद प्रवेश और निकास द्वारों के बाहर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई।

वहीं, पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के पास सुरक्षा कर्मियों ने जंतर-मंतर स्थित कॉजपा के प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ यात्री बंद किए गए मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने के लिए बैरिकेड और निकास-प्रवेश द्वार को फांदते नजर आए।

CJP के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को अपना ज्ञापन सौंपा

CJP के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा को अपना ज्ञापन सौंपा।


राम मंदिर दान विवाद: सुप्रीम कोर्ट 27 जुलाई को फिर से याचिका पर सुनवाई करेगा 

CJP मार्च: प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया, पटेल चौक के पास दंगा-रोधी यूनिटों ने आंसू गैस के गोले छोड़े


राजस्थान के टोंक में तेंदुए के हमले में दो लोग घायल

राजस्थान के टोंक जिले में सोमवार को तेंदुए के हमले में दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार ने विधानसभा में यूसीसी-2026 (समान नागरिक संहिता-2026) विधेयक पेश किया

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, "सरकार सांप्रदायिकता को बढ़ावा देना चाहती है। अगर उसे वास्तव में लोगों की चिंता है तो ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण क्यों नहीं देना चाहती? सरकार को ओबीसी की कोई चिंता नहीं है, उसे सिर्फ यूसीसी की चिंता है। विधायकों को इस विधेयक की जानकारी नहीं दी गई, यह राज्य विधानसभा सचिवालय की गलती है।"


अभिजीत दीपके हिरासत में लिए गए, CJP का दावा

कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके को हिरासत में लिया है। उन्होंने विपक्ष के सांसदों से अपील की है कि वे तुरंत सड़कों पर उतरे छात्रों के समर्थन में आएं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बेरहमी से कार्रवाई कर रही है और उनकी पिटाई कर रही है।

CJP के सौरव दास ने सांसदों से सड़कों पर उतरे छात्रों के समर्थन में खड़े होने की अपील की

CJP के सौरव दास ने सांसदों से सड़कों पर उतरे छात्रों के समर्थन में खड़े होने की अपील की है। पुलिस शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बेरहमी से कार्रवाई कर रही है और उन्हें पीट रही है।


संसद भवन के सामने प्रदर्शनकारियों पर छोड़े आंसू गैस, CJP ने कहा- दमन की बजाय संवाद का रास्ता चुनें

संसद भवन के सामने पहुंचे प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा कि युवाओं पर आंसू गैस छोड़ना बंद कीजिए। दमन की बजाय संवाद का रास्ता चुनिए।

दिल्ली: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव और अन्य नेता CJP के विरोध मार्च में शामिल हुए


CJP संसद मार्च: 'इंटरनेट बंद हो गया और क्रूरता शुरू हो गई', महुआ मोइत्रा का सरकार पर निशाना

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने CJP प्रोटेस्टर्स पर लाठीचार्ज का वीडियो शेयर करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉम एक्स पर लिखा, “मैं आज सुबह लोकसभा से पहले जंतर-मंतर गई थी। इसके तुरंत बाद पूरा इंटरनेट बंद हो गया और क्रूरता शुरू हो गई। कोई भी सरकार जो बिना हिंसा वाले स्टूडेंट प्रोटेस्टर पर बेरहमी से हमला करती है, वो अपने आखिरी पड़ाव पर होती है।”

CJP संसद मार्च के बीच हाई अलर्ट, संसद के मुख्य गेट पर सुरक्षा बढ़ी, दमकल वाहन भी तैनात

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय (मल्टी-लेयर) बना दिया गया है, ताकि हजारों प्रदर्शनकारी संसद परिसर तक न पहुंच सकें।

सुरक्षा बलों ने संसद परिसर के विशाल लोहे के मुख्य द्वारों को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया है। इसके साथ ही संसद परिसर के भीतर रणनीतिक रूप से दमकल की गाड़ियां और आपातकालीन जल प्रतिक्रिया (इमरजेंसी वाटर रिस्पॉन्स) वाहन भी तैनात किए गए हैं।


दिल्ली: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करने पहुंचे

कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करने पहुंचे हैं। ऐसे में सवाल पूछे जा रहे हैं कि क्या सीजेपी की मांगों के अनुसार, वह अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं?

CJP के प्रदर्शनकारी विजय चौक तक पहुंचे, पुलिस ने रोकने के लिए छोड़े आंसू गैस के गोले

CJP के प्रदर्शनकारी विजय चौक तक पहुंच गए हैं। इस दौरान उन्हें रोकने के लिए रेल भवन के पास पुलिस ने आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया है। वहीं, संसद के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं।


CJP का दावा- सरकार ने बातचीत के लिए बढ़ाया हाथ, दो प्रवक्ता जेपी नड्डा से करेंगे मुलाकात

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार को दावा किया कि सरकार ने बातचीत के लिए उनसे संपर्क किया है। पार्टी ने बताया कि उसके दो प्रवक्ता केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर संगठन की मांगें उनके सामने रखेंगे।

संसद में विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर की प्रतिक्रिया

संसद में विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "एक मुद्दा अयोध्या में चढ़ावे की कथित चोरी का है, दूसरा NEET परीक्षा और छात्रों से जुड़े मुद्दों का है, जिन्हें कांग्रेस पिछले कई महीनों से उठाती रही है। हमारी सिर्फ यही मांग थी कि इन विषयों पर सदन में चर्चा हो। लेकिन सरकार किसी भी मुद्दे को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। अगर संसद के भीतर चर्चा होती है तो यह सभी के हित में होगा। मुझे समझ नहीं आता कि चर्चा से सरकार को आखिर डर किस बात का है। उनके पास भारी बहुमत है, इसलिए देश की आवाज़ संसद में सुनाई देनी चाहिए। संसद का उद्देश्य भी यही है। लेकिन जब सरकार चर्चा से इनकार करती है और केवल अपने ही एजेंडे पर बात करना चाहती है, तो स्वाभाविक रूप से विपक्ष में असंतोष पैदा होता है।"

जंतर-मंतर पर कथित लाठीचार्ज को लेकर शशि थरूर ने कहा, "यह बेहद दुखद है। मुझे समझ नहीं आता कि इस तरह की कार्रवाई किस भावना से की जा रही है। जब शांतिपूर्ण प्रदर्शन हो रहा हो तो लाठीचार्ज की क्या जरूरत है? लाठीचार्ज अहिंसा नहीं, बल्कि हिंसा का एक रूप है। इसकी तर्कसंगतता मेरी समझ से परे है।" 


समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने संसद मार्ग से जंतर-मंतर तक विरोध मार्च निकाला

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने संसद मार्ग से जंतर-मंतर तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने कहा, "इस देश के युवा और छात्र सरकार से बेहद परेशान हैं, क्योंकि इसने सभी के अधिकार छीन लिए हैं। चाहे शिक्षा का अधिकार हो या निष्पक्ष परीक्षा का अधिकार, सरकार ने किसी भी अधिकार को नहीं छोड़ा है। पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। हम शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हैं, क्योंकि NEET परीक्षा के पेपर लीक के कारण हुई 20 छात्रों की मौत के लिए वही जिम्मेदार हैं। अगर इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो हम इस मुद्दे को संसद के अंदर पूरी ताकत से उठाएंगे। इसके साथ ही राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा भी जोर-शोर से सदन में उठाएंगे। यह ऐसी सरकार है जो स्कूल बंद करती है, विश्वविद्यालयों पर हमला करती है, परीक्षा के पेपर लीक कराती है और देश के बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रही है।"

CJP मार्च: पुलिस ने संसद मार्ग के पास कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया


प्रदर्शनकारियों से बात करेंगे जेपी नड्डा, CJP प्रवक्ता सौरव दास ने दी जानकारी

शिक्षा व्यवस्था में सुधारों की मांग और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद मार्च के लिए अड़े प्रदर्शनकारियों से बीजेपी सांसद जेपी नड्डा बात करेंगे। इस बात की जानकारी CJP प्रवक्ता सौरव दास ने दी है।

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट आज दोपहर 2:30 बजे करेगा सुनवाई 

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट आज दोपहर 2:30 बजे सुनवाई करने के लिए तैयार हो गया है। गीतांजलि अंगमो ने दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की डिवीजन बेंच के सामने यह याचिका दायर की है। उन्होंने अपनी याचिका में सिंगल बेंच के कल के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें जस्टिस मिमी पुष्करणा की सिंगल जज बेंच ने सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से हटाकर उनकी पसंद के किसी प्राइवेट अस्पताल में ट्रांसफर करने से साफ इनकार कर दिया था।


दिल्ली में 5 मेट्रो स्टेशन बंद होने से अफरा-तफरी, यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च से पहले सुरक्षा कारणों के चलते दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) द्वारा पांच मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने के बाद सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सैकड़ों यात्री प्रभावित हुए और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।

राज्यसभा की कार्यवाही जारी, नवनिर्वाचित सांसद ले रहे हैं शपथ

राज्यसभा की कार्यवाही जारी है। सदन में नवनिर्वाचित सांसद शपथ ले रहे हैं।


लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सांसद अलग-अलग मुद्दों पर नारेबाजी करने लगे। ऐसे में लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।

CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को डिप्टी कमिश्नर के दफ्तर ले जाया गया

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को डिप्टी कमिश्नर के दफ्तर ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी (सरकार के साथ) बातचीत चल रही है।


लोकसभा की कार्यवाही शुरू

लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। विपक्षी सांसद अलग-अलग मुद्दों पर नारेबाजी कर रहे हैं, इस भीच प्रश्नकाल की कार्यवाही जारी है।

दिल्ली हाईकोर्ट वांगचुक की पत्नी की अपील पर सुनवाई करने को तैयार

दिल्ली हाईकोर्ट सोमवार को वांगचुक की पत्नी की उस अपील पर सुनवाई करने को तैयार हो गया है, जिसमें सफदरजंग अस्पताल में उनके इलाज में दखल देने से इनकार करने वाले आदेश को चुनौती दी गई है।


संसद के मॉनसून सत्र 2026 की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान

संसद के मॉनसून सत्र 2026 की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मेरा मानना है कि जहां तथ्य और तर्क होते हैं, वहां व्यवधान की कोई गुंजाइश नहीं होती। अगर आपके तर्क मजबूत हैं और आपके पास ठोस तथ्य हैं, तो आप शांति और संयम के साथ भी अपनी बात प्रभावी ढंग से रख सकते हैं। हर आवाज़ को अवसर मिलना चाहिए और हर विचार का सम्मान होना चाहिए। यही हमारी संसद की भूमिका है। मैं सभी सांसदों से सदन की कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह करता हूं।"

पुलिस ने जंतर-मंतर जा रहे प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के पास हल्का बल प्रयोग किया


CJP के संसद मार्च से पहले जंतर-मंतर पर हंगामा, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज

कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च से पहले जंतर-मंतर पर हंगामा हुआ है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया है। 

CJP संसद मार्च: AISA की कार्यकर्ता नेहा, आमीन और मनीष ने 23 दिनों के बाद अपना अनशन खत्म किया

AISA का कहना है कि संगठन की कार्यकर्ता नेहा, आमीन और मनीष ने 23 दिनों के बाद अपना अनशन खत्म कर दिया है।


CJP का संसद मार्च: योगेंद्र यादव बोले- जवाबदेही तय नहीं हुई तो आंदोलन जारी रहेगा

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित संसद मार्च पर सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव ने कहा, "यह आंदोलन युवाओं के हित में नीतियां बनाने की दिशा में दबाव बनाएगा। यह प्रदर्शन खत्म नहीं होगा। अगर सरकार जवाबदेही तय नहीं करती है, तो आंदोलन जारी रहेगा। इस मुद्दे को संसद में भी उठाया जाना चाहिए।"

वांगचुक की पत्नी हाईकोर्ट में बोलीं- बिना गिरफ्तारी वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल में रखा गया

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. अंगमो ने हाईकोर्ट में कहा कि रविवार के आदेश के तहत बिना गिरफ्तारी के वांगचुक को अवैध रूप से सफदरजंग अस्पताल में रखा गया है।


CJP का संसद मार्च: जंतर-मंतर पहुंचे डीसीपी सचिन शर्मा, प्रदर्शनकारियों से की बातचीत

शिक्षा व्यवस्था में सुधारों की मांग को लेकर प्रस्तावित CJP के संसद मार्च से पहले नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने आंदोलनकारियों से बातचीत की।

दिल्ली: जंतर-मंतर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए

शिक्षा व्यवस्था में सुधारों की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के आज प्रस्तावित संसद मार्च से पहले जंतर-मंतर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


सोनम वांगचुक भूख हड़ताल खत्म करने को तैयार रखीं ये शर्तें 

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने कहा कि अगर सरकार शिक्षा व्यवस्था में हाल की विफलताओं की जिम्मेदारी स्वीकार करती है या सांसद उन्हें आश्वासन देते हैं कि इस मुद्दे को संसद में उठाया जाएगा, तो वे 20 जुलाई को अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल खत्म कर देंगे।

सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मैं 20 जुलाई को अपना अनशन खत्म कर दूंगा अगर, सरकार शिक्षा व्यवस्था में हालिया नाकामियों, पेपर लीक वगैरह की जिम्मेदारी ले या मैं और कॉकरोच जनता पार्टी की लीडरशिप संसद तक पहुंचें और वहां अलग-अलग पार्टियों के सांसद और नेता हमें भरोसा दिलाएं कि वे अब संसद में यह मुद्दा उठाएंगे।”

सोनम वांगचुक ने आगे लिखा, “अगर मेरी सेहत या कोई और वजह इसकी इजाजत न दे, तो अलग-अलग पार्टियों के सांसद और नेता इस अस्पताल में आकर ऊपर बताया गया भरोसा दिलाएं।” 19 जुलाई की तारीख वाले इस नोट में अंत में लिखा था, ”सफदरजंग अस्पताल में अवैध हिरासत से, जहां मेरी आवाजाही, बोलने और सभी प्रकार के संचार की स्वतंत्रता प्रतिबंधित है।”

दिल्ली में CJP का आज संसद मार्च, जंतर-मंतर पर उमड़ी भीड़, मार्च की इजाजत नहीं, सुरक्षा कड़ी

काकरोच जनता पार्टी आज दिल्ली के जंतर मंतर से संसद मार्च करेगी। संसद मार्च को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर रविवार शाम से ही बड़ी संख्या में छात्र, युवा और समर्थक जुट गए, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। इस मार्च के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

वहीं, पुलिस ने साफ किया है कि मार्च की अनुमति नहीं ली गई है, इसलिए उसे आगे बढ़ने नहीं दिया जाएगा, जबकि प्रदर्शनकारियों ने भी अपनी रणनीति तैयार कर ली है। मार्च में किसी राजनीतिक दल का झंडा नहीं होगा, बल्कि महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर, भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस जैसे महापुरुषों की तस्वीरें, राष्ट्रीय प्रतीक, नारों वाली तख्तियां और नीट से जुड़े आत्महत्या कर चुके छात्रों की तस्वीरें लेकर प्रदर्शन करने की योजना है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए