बड़ी खबर LIVE: अखिलेश ने नदियों की सफाई के नाम पर हजारों करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया, बीजेपी पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की नदियों की बदहाल स्थिति को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बीजेपी सरकार पर नदियों की सफाई के नाम पर हजारों करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है।

 फोटोः सोशल मीडिया
i

राम मंदिर को दान दी गई 40 किलोग्राम चांदी का पता नहीं : ज्वैलर्स एसोसिएशन के प्रमुख

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की हेराफेरी के आरोपों के बीच लखनऊ के एक जौहरी ने शनिवार को दावा किया कि उन्हें मंदिर को दान में दिए गए तीन किलोग्राम वजनी चांदी के दीपक और चांदी की अन्य वस्तुओं की मौजूदा स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के उत्तर भारत प्रमुख अनुराग रस्तोगी ने कहा कि उन्हें एसोसिएशन द्वारा भूमिपूजन (पांच अगस्त 2020) से पहले दान किए गए 39.26 किलोग्राम चांदी के सामान का भी कोई पता नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे परिवार की ओर से मैंने तीन किलोग्राम वजनी चांदी का दीपक ‘गुप्त दान’ के रूप में राम मंदिर को अर्पित किया था। इसके अलावा, आईबीजेए उत्तर भारत प्रमुख के रूप में हमने 30 चांदी की वस्तुएं (34.64 किलोग्राम) और चार चांदी की ईंटें (4.62 किलोग्राम) भी दान की थीं।’’

रस्तोगी ने बताया कि यह दान मार्च 2020 में उस समय किया गया था जब अयोध्या में रामलला की मूर्ति को अस्थायी संरचना में स्थानांतरित किया गया था। उन्होंने दावा किया कि यह दान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा की सहमति से किया गया था।

अखिलेश यादव ने नदियों की सफाई के नाम पर हजारों करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया, बीजेपी पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की नदियों की बदहाल स्थिति को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार की भ्रष्ट नीतियों और लापरवाही के कारण गोमती, गंगा, यमुना समेत प्रदेश की अधिकांश नदियां प्रदूषण और अव्यवस्था की शिकार हो गई हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार ने नदियों की सफाई और उनके निर्बाध प्रवाह के लिए मॉडल पेश किया था, जिसे बीजेपी सरकार ने पूरी तरह बर्बाद कर दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार ने मां गंगा की सफाई के नाम पर बड़े-बड़े दावे किए, हजारों करोड़ रुपए खर्च होने की बातें कहीं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात में कोई बड़ा बदलाव दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में विकास कार्यों की बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। नदियों की सफाई के लिए आवंटित बजट खर्च हो गया, लेकिन नदियों की दशा नहीं सुधरी। सरकार के दावे और जमीनी सच्चाई में बड़ा अंतर है।

अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता बीजेपी सरकार को सत्ता से हटाकर भ्रष्टाचार का अंत करेगी। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में नदियों की सफाई और पुनर्जीवन का नया अभियान शुरू किया जाएगा। गोमती रिवर फ्रंट मॉडल के आधार पर अन्य नदियों की भी सफाई कर उन्हें प्रदूषण मुक्त बनाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ जल और बेहतर पर्यावरण मिल सके।

बिहारः भरत भूषण तिवारी मामले की न्यायिक जांच के आदेश, तेजस्वी ने बताया ‘फर्जी मुठभेड़’

बिहार सरकार ने भोजपुर जिले में हाल ही में हुई पुलिस मुठभेड़ पर चौतरफा सवाल उठने के बाद घटना की न्यायिक जांच कराने का निर्णय लिया है। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौती गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की बुधवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘बिलौती गांव में बुधवार को हुई मुठभेड़ की स्वतंत्र न्यायिक जांच उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की देखरेख में कराई जाएगी।’’

उधर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को ‘‘फर्जी मुठभेड़’’ करार देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से माफी मांगने की मांग की। तेजस्वी ने पटना में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह फर्जी मुठभेड़ का स्पष्ट मामला है। चूंकि सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री दोनों हैं, इसलिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।’’


उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में एक गुरुद्वारा को लेकर दो पक्षों में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

तमिलनाडुः आईयूएमएल ने डीमके नीत गठबंधन से अलग होने की घोषणा की

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने तमिलनाडु में डीएमके नीत गठबंधन से अलग होने की शनिवार को आधिकारिक रूप से घोषणा कर दी और कहा कि वह सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा जारी रखेगी। इसके साथ ही द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) के साथ उसका दशकों पुराना ऐतिहासिक गठबंधन समाप्त हो गया।

पार्टी ने आज पारित एक प्रस्ताव में कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के लिए डीएमके नीत ‘सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस’ में बने रहना संभव नहीं है। साथ ही उसने टीवीके को मिले जनादेश का सम्मान करने की बात भी कही। प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया कि पार्टी द्रमुक गठबंधन का साथ छोड़ रही है।

आईयूएमएल ने मई में सरकार गठन के दौरान टीवीके का समर्थन किया था। पापनासम विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित पार्टी विधायक ए. एम. शाहजहां को विजय के मंत्रिमंडल में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बनाया गया है।


तीसरे वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को हराकर क्लीनस्वीप किया

 प्रसिद्ध कृष्णा (23 रन पर पांच विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के बाद सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के दूसरे शतक से भारत ने तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के करियर के पहले शतक के बावजूद अफगानिस्तान को नौ विकेट से हराकर श्रृंखला में 3-0 से सूपड़ा साफ किया।

अफगानिस्तान के 219 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अफगानिस्तान के बेहद खराब क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाते हुए जायसवाल (नाबाद 110 रन, 86 गेंद, 14 चौके, तीन छक्के) और रोहित शर्मा (79 रन, 69 गेंद, नौ चौके, तीन छक्के) के बीच पहले विकेट की 170 रन की साझदेारी से सिर्फ 28.4 ओवर में एक विकेट पर 224 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की।

लेबनान पर इज़रायली हमलों से भड़का ईरान, होर्मुज स्ट्रेट बंद करने का किया ऐलान

ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने सरकारी टीवी पर लेबनान में इज़रायली हमलों का हवाला देते हुए ऐलान किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद कर दिया गया है।


महाराष्ट्र के परभणी में मंदिर की छत का हिस्सा गिरा, 5 से ज्यादा लोगों की मौत

महाराष्ट्र में परभणी जिले के यशवाड़ी गांव में शनिवार दोपहर हनुमान मंदिर की छत का एक हिस्सा गिर गया। इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। यह गांव मानवत मार्ग पर स्थित है और छत्रपति संभाजीनगर से करीब 190 किलोमीटर दूर है।

कर्नाटक: सीएम शिवकुमार ने शिकायत निवारण के लिए ‘प्रजासेवा विभाग’ स्थापित करने की घोषणा की

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शनिवार को जनता की शिकायतों के समाधान के लिए ‘प्रजासेवा’ नाम का एक नया विभाग बनाने की घोषणा की और कहा कि इसका नेतृत्व एक मंत्री करेंगे। उन्होंने यहां कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करने के बाद कहा कि जिला (के प्रभारी) मंत्रियों को सभी विधानसभा क्षेत्रों में नियमित रूप से जनता से संवाद करना होगा ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा सके।

कैबिनेट बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि 31 मई 2000 से पहले बन चुकी इमारतों में रहने वाले पात्र लोगों को स्थायी बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने के संबंध में 15 दिन का समय दिया जाएगा और इसके लिए उन्हें फोटो और जीपीएस साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे।

शिवकुमार ने सरकार की दूसरी कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, “आज हमने जो पहला फैसला लिया है, वह जनता की शिकायतों से जुड़ा है। लोगों के सामने कई समस्याएं हैं। जब जिला मंत्री दौरे करते हैं, जब मुख्यमंत्री लोगों से मिलते हैं या जब विरोध प्रदर्शन होते हैं, तो हमें उनकी भावनाओं और समस्याओं का जवाब देना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि सरकार एक अलग ‘प्रजासेवा विभाग’ बनाएगी, जिसके लिए एक विशेष मंत्री और अलग प्रशासनिक व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विभाग शिकायतों की जांच करेगा और प्रशासन की ओर से समय पर जवाब सुनिश्चित करेगा।


महाराष्ट्र के परभणी जिले में मंदिर की छत का एक हिस्सा गिरा, तीन लोगों की मौत

महाराष्ट्र में परभणी जिले के यशवाड़ी गांव में शनिवार दोपहर हनुमान मंदिर की छत का एक हिस्सा गिर गया। इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह गांव मानवत मार्ग पर स्थित है और छत्रपति संभाजीनगर से करीब 190 किलोमीटर दूर है।

एक अधिकारी ने बताया, “मंदिर के सभा-मंडप (बाहरी हॉल) की छत का हिस्सा करीब अपराह्न साढ़े तीन बजे गिर गया। पुलिस और जिला प्रशासन ने अपनी टीमें भेज दी हैं और बचाव अभियान जारी है। अब तक करीब 25 लोगों को मलबे के नीचे से बाहर निकाला जा चुका है।”

वहीं, पुलिस ने बताया कि इस हादसे में अब तक कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार बचाव दल राहत कार्यों में जुटे हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शनिवार होने के कारण मंदिर में भक्तों की भीड़ थी।

शिवसेना (यूबीटी) के बगावती गुट को झटका, सांसद ओम निंबालकर के बदले सुर

ऑपरेशन टाइगर पर, शिवसेना यूबीटी सांसद ओम राजे निंबालकर ने कहा, "मैं जनता से सलाह करने के बाद अपना पॉलिटिकल स्टैंड साफ करूंगा। मेरे पॉलिटिकल फ़ैसले के बावजूद, मैंने कभी उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे के ख़िलाफ़ बात नहीं की है और न ही कभी करूंगा। भविष्य में मैं जो भी पॉलिटिकल फ़ैसला लूंगा, मैं उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे की बुराई या नेगेटिव कमेंट नहीं करूंगा। मैं अगले दो दिनों में अपना पॉलिटिकल स्टैंड साफ़ करूंगा। मैं 2022 में शिवसेना में फूट पड़ने पर भी जा सकता था, इसलिए, अब मेरे जाने को लेकर मुझ पर इल्ज़ाम लगाना गलत है। मैं अगले दो दिनों में अपने पॉलिटिकल भविष्य और आगे क्या करना है, इस बारे में आख़िरी फ़ैसला करूंगा।"


केरल में इबोला का डर खत्म, संदिग्ध महिला की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई

केरल में इबोला की संदिग्ध मरीज की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि नहीं होने से इस बीमारी का डर खत्म हो गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, 52-वर्षीय एक महिला हाल ही में दक्षिण सूडान से युगांडा होते हुए केरल आई, जिसमें इबोला जैसे लक्षण दिखने के संदेह के आधार पर उसे कोट्टायम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) से शुक्रवार देर रात मिली जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआत में महिला को बुखार के कारण पाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, बाद में इबोला प्रभावित अफ्रीकी देशों की यात्रा के इतिहास को देखते हुए उन्हें कोट्टायम मेडिकल कॉलेज के पृथकवास वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया था।

केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने संवाददाताओं को बताया कि अब इबोला को लेकर चिंता दूर हो गई है और मरीज को घर पर पृथकवास में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘महिला कितने दिनों तक घर पर पृथकवास में रहेगी, इसका फैसला इस संबंध में गठित किए गए मेडिकल बोर्ड द्वारा लिया जाएगा। आमतौर पर, हम 21 दिनों के पृथकवास नियम का पालन करते हैं, लेकिन मरीज में अब कोई लक्षण नहीं हैं। इसलिए अंतिम निर्णय मेडिकल बोर्ड ही लेगा।"

कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में जुल्फिकार अली को विधायक दल का नेता बनाया

कांग्रेस ने शनिवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा के अपने सदस्य जुल्फिकार अली को विधायक दल का नेता नियुक्त किया। पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अली की नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की। पार्टी ने मुताब शेख को उपनेता बनाया है।

पश्चिम बंगाल के हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर सिर्फ ये दो विधायक निर्वाचित हुए हैं। पार्टी सभी 294 सीट पर अकेले चुनाव लड़ी थी। जुल्फिकार अली मुर्शिदाबाद जिले के रानीनगर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं, जबकि शेख इसी जिले की फरक्का सीट से चुने गए हैं।


दोहा डायमंड लीग में चौथे स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा  

चोट के कारण अपने सत्र की शुरुआत देर से करने वाले भाला फेंक के दिग्गज भारतीय खिलाड़ी नीरज चोपड़ा शुक्रवार को यहां दोहा डायमंड लीग प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर रहे।

ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले 28 वर्षीय चोपड़ा ने अपने तीसरे प्रयास में 85.69 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जो पदक जीतने के लिए पर्याप्त नहीं था।

चोपड़ा पिछले कुछ समय से पीठ दर्द से परेशान रहे हैं। उन्हें यह चोट सितंबर 2025 में तोक्यो विश्व चैंपियनशिप के दौरान लगी थी। विश्व चैंपियनशिप में आठवें स्थान पर रहने के बाद वह पहली बार किसी प्रतियोगिता में में प्रतिस्पर्धा कर रहे थे। तुर्किए में ‘रिहैबिलिटेशन’ के बाद वह 25 मई से स्विट्जरलैंड में अभ्यास कर रहे थे।

बीजेपी के ‘विकसित भारत’ में नफरत भरे भाषण सामान्य बात हो गई है: महबूबा मुफ्ती

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को कहा कि देश में नफरत फैलाने वाले भाषणों पर लोगों की चुप्पी समाज को बांटने की कोशिश करने वालों का हौसला बढ़ाती है।

महबूबा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) का तथाकथित विकसित भारत ऐसा दिखता है, जहां नफरती भाषण इस हद तक सामान्य बना दिए गए हैं कि अजन्मे मुस्लिम बच्चों तक को धमकियां दी जा रही हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘घरों और मस्जिदों को कार्रवाई के किसी डर के बिना गिराया जा रहा है, जबकि मुसलमानों, ईसाइयों, दलितों और आदिवासियों को लगातार हाशिये पर धकेला जा रहा है। ऐसी बयानबाजी के सामने लगातार चुप्पी समाज को बांटने की कोशिश करने वालों का हौसला ही बढ़ाती है।’’

महबूबा ने हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष ललित शर्मा द्वारा मुस्लिम महिलाओं और अजन्मे बच्चों को निशाना बनाकर कथित तौर पर दिए गए नफरती भाषण का उल्लेख करते हुए यह बयान दिया।


उत्तर प्रदेश: गाज़ियाबाद में एक केमिकल फ़ैक्ट्री में आग लग गई।

हैदराबाद में फीफा-एआईएफएफ अकादमी का उद्घाटन

भारतीय फुटबॉल में प्रतिभा विकास पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने की एक अहम पहल के तहत यहां लड़कों और लड़कियों के लिए फीफा-एआईएफएफ तेलंगाना अकादमी शुरू की गई है।

गाचीबाउली स्टेडियम परिसर में स्थित यह अकादमी भारतीय फुटबॉल की युवा प्रतिभा को साल भर हाई परफोर्मेंस ट्रेनिंग देगी। साथ ही उन्हें रहने की सुविधा, शिक्षा, चिकित्सा देखभाल, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं भी मिलेंगी।

शुक्रवार को तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की मौजूदगी में इस अकादमी का उद्घाटन किया।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने एक बयान में कहा, ‘‘लड़कों का कार्यक्रम देश में (भुवनेश्वर के बाद) इस तरह की दूसरी परियोजना है जबकि लड़कियों का कार्यक्रम भारत में पहला और दुनिया में हांगकांग के बाद अपनी तरह का दूसरा कार्यक्रम है।’’

बयान के अनुसार, ‘‘फीफा की प्रतिभा विकास योजना तहत फीफा-एआईएफएफ तेलंगाना प्रतिभा अकादमी की स्थापना फीफा, एआईएफएफ, तेलंगाना सरकार और तेलंगाना खेल प्राधिकरण के सहयोग से संभव हो पाई है।’


गाजियाबाद: एक और NEET छात्र ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 साल के एक छात्र ने अपने कमरे में फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। खुदकुशी करने से पहले छात्र ने एक भावुक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मौत की वजह बयां की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अनंतनाग में विचाराधीन कैदी की बीमारी के बाद मौत

जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिला जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान जालंधर के गांधी कैंप निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। वह स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम से जुड़े एक मामले में आरोपी था।

उन्होंने बताया कि रात के समय उसने तबीयत खराब होने की शिकायत की थी जिसके बाद उसे उपचार के लिए अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा अधिक जानकारी का इंतजार है।


चेन्नई में भारत के खिलाफ़ तीसरे और आखिरी वनडे में अफ़गानिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया।

नागपुर के स्टूडेंट को अबूधाबी में मिला सेंटर तो आया राहुल गांधी का रिएक्शन, कहा- 'NTA को परीक्षा करवाने का कोई हक नहीं


महाराष्ट्र: बेस्ट की हड़ताल दूसरे भी जारी, बसें नहीं चलने से लोग परेशान

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री की अपील और ‘आवश्यक सेवा रखरखाव अधिनियम लागू किए जाने के बावजूद ‘बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट’ (बेस्ट) के कर्मचारी शनिवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शहर भर में अपनी मंज़िल तक पहुंचने के लिए यात्रियों को खचाखच भरी लोकल ट्रेनों और मेट्रो सेवाओं, टैक्सियों, ऑटो-रिक्शा और ऐप आधारित कैब सेवा पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

बेस्ट संयुक्त कामगार कृति समिति के संयोजक उदय अंबोनकर ने शुक्रवार देर रात ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया ‘‘किसी ठोस फैसले के अभाव में, हमने अपना आंदोलन जारी रखने का फ़ैसला किया है।’’

NEET-UG की दोबारा परीक्षा से पहले देशभर में मॉक ड्रिल जारी; सुरक्षा बढ़ाई गई 


खान सर को कोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर रोक बरकरार

खान सर को पटना कोर्ट ने बड़ी राहत दी है।फिलहाल, उनकी गिरफ्तारी पर रोक बनी रहेगी

दिल्ली के शाहदरा में बिजली के सामान के गोदाम में आग लगी, एक व्यक्ति को बचाया गया।


नाथू ला दर्रे से आज से शुरू होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा, 10 जत्थों में यात्रा करेंगे 500 तीर्थयात्री

कैलाश मानसरोवर यात्रा की शनिवार को शुरुआत हो रही है। तीर्थयात्रियों का पहला जत्था सिक्किम के नाथू ला दर्रे से अपनी आध्यात्मिक यात्रा शुरू करेगा। इस साल कुल 500 तीर्थयात्री नाथू ला मार्ग से यात्रा करेंगे।

तीर्थयात्रियों को 50-50 प्रतिभागियों के 10 जत्थों में बांटा गया है। यात्रा के दौरान बेहतर तालमेल और जरूरी मदद के लिए हर जत्थे के साथ एक संपर्क अधिकारी और एक मेडिकल असिस्टेंट होगा।

दिल्ली: शाहदरा की बिहारी कॉलोनी की गली नंबर 7 में एक घर में आग लग गई। दिल्ली फायर सर्विस की छह गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग बुझाने की कोशिशें जारी हैं।


'लेबनान समेत सभी मोर्चों पर जंग खत्म कराए अमेरिका' ईरान बोला- समझौता टूटा तो US जिम्मेदार होगा

ईरान ने कहा है कि लेबनान सहित सभी मोर्चों पर जारी संघर्ष को खत्म कराने की जिम्मेदारी अमेरिका की है। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, अगर किसी भी समझौते का उल्लंघन होता है तो इसकी जवाबदेही वॉशिंगटन की होगी। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शुक्रवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार से फोन पर बातचीत के दौरान यह बात कही।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए