बड़ी खबर LIVE: दिल्ली के नरेला में निर्माण कार्य के दौरान गोदाम का कुछ हिस्सा ढहा, 2 लोग घायल

दिल्ली के नरेला इलाके में रविवार को एक गोदाम का कुछ हिस्सा ढह गया, जिससे दो मजदूर घायल हो गए। खबरों के मुताबिक, दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए थे, हालांकि दिल्ली फायर सर्विस की टीम के पहुंचने से पहले ही उन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया गया।

फोटो: सोशल मीडिया
i

नगालैंड: एसआईआर के बाद मसौदा मतदाता सूची में 11.99 लाख मतदाता बरकरार, 1.59 लाख नाम हटे 

नगालैंड में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद रविवार को जारी मसौदा सूची से करीब 1.59 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। राज्य में पहले की सूची में 13.57 लाख मतदाताओं के नाम शामिल थे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने बताया कि मसौदा सूची में 11.99 लाख नाम शामिल हैं। एसआईआर के दौरान 29,944 मतदाताओं की मृत्यु हो जाने, 1.23 लाख मतदाताओं के अनुपस्थित या स्थायी रूप से स्थानांतरित हो जाने और 5,059 मतदाताओं के एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत होने का पता चला।

राज्य में मतदाता सूचियों के एसआईआर का गणना चरण 16 अगस्त से 14 सितंबर तक किया गया था।

मराठवाड़ा में सूखा घोषित करें, किसानों को प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपये दें : रोहित पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने रविवार को महाराष्ट्र सरकार से मराठवाड़ा क्षेत्र में तत्काल सूखा घोषित करने और किसानों को प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपये तथा खेतिहर मजदूरों को 25 हजार रुपये की सहायता देने की मांग की।

पवार ने कहा कि लंबे समय तक बारिश नहीं होने से राज्य के मध्य भाग में स्थित आठ जिलों वाले मराठवाड़ा क्षेत्र और खासकर लातूर में फसलों को भारी नुकसान हुआ है।

विधायक ने धाराशिव, बीड और लातूर में किसानों से मुलाकात करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने सूखा प्रभावित लोगों के लिए तत्काल राहत, चारा शिविर खोलने और अन्य जरूरी कदम उठाने की मांग की।

मोदी सरकार ने एनजीटी को ‘कमजोर’ कर दिया : कांग्रेस नेता जयराम रमेश

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मोदी सरकार पर पिछले एक दशक में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) को “कमजोर” करने का रविवार को आरोप लगाया। उन्होंने एक अध्ययन का हवाला देते हुए कहा कि इस साल के पहले छह महीनों में गुण-दोष के आधार पर सुनी गई किसी भी अपील में एनजीटी ने पर्यावरण या जनहित से जुड़े पक्ष के हक में फैसला नहीं दिया।

पूर्व पर्यावरण मंत्री ने कहा कि अब एनजीटी को उस ‘एनजीटी कानून’ की मूल भावना और उद्देश्य का फिर से पता लगाना चाहिए, जिसके तहत दो जून 2010 को उसका गठन हुआ था।

रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “साउथ एशियन रिपोर्टर फॉर एनवायरनमेंट लॉज (एसएआरईएल) की ओर से 19 सितंबर 2026 को प्रकाशित एक अध्ययन में पाया गया कि 2026 के पहले छह महीनों के दौरान राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने गुण-दोष के आधार पर सुनी गई किसी भी अपील में पर्यावरण या जनहित से जुड़े पक्ष के हक में फैसला नहीं दिया।”


दिल्ली के नरेला में निर्माण कार्य के दौरान गोदाम का कुछ हिस्सा ढहा, 2 लोग घायल

दिल्ली के नरेला इलाके में रविवार को एक गोदाम का कुछ हिस्सा ढह गया, जिससे दो मजदूर घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 11 बजे बुधपुर इलाके में जैन मंदिर के पास फार्म हाउस रोड पर प्लॉट नंबर 248 पर हुआ।

खबरों के मुताबिक, दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए थे, हालांकि दिल्ली फायर सर्विस की टीम के पहुंचने से पहले ही उन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया गया। सूचना मिलने पर फायर सर्विस ने तुरंत दो वाटर टेंडर, एक बाउजर फायर टेंडर (बीएफटी) और एक वाटर बाउजर भेजे, साथ ही स्टेशन ऑफिसर नवीन ठाकरान और सब-ऑफिसर प्रदीप को भी भेजा। घायल मजदूरों की पहचान 20 साल के सुनील और 28 साल के नरेश पजवान के तौर पर हुई है।

इससे पहले रविवार को ही उत्तरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में भी इमारत गिरने की ऐसी ही एक घटना हुई थी। इस घटना में किसी की मौत या गंभीर चोट की खबर नहीं है।

दिल्ली के नजफगढ़ में नकाबपोशों ने दवा की दुकान पर चलाई गोली, कोई घायल नहीं

दिल्ली राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ में मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश लोगों ने दवा की एक दुकान पर कथित तौर पर गोली चलायी, जो दुकान के ऊपरी हिस्से में लगी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे नया बाजार स्थित दवा की एक दुकान में हुई।

पुलिस ने बताया कि दुकान के मालिक 51 वर्षीय संजय रोहिल्ला ने पुलिस को सूचना दी कि करीब 25 से 30 वर्ष की उम्र के दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों में से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से उतरा और कथित तौर पर छत की ओर गोली चला दी। गोली दुकान की छत के पास गेट के ऊपरी हिस्से में लगी। इसके बाद दोनों संदिग्ध मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।


यूक्रेन ने मॉस्को पर बरसाए 1000 से ज्यादा ड्रोन, ऑयल रिफाइनरी में लगी आग 

रूस में संसदीय चुनाव के आखिरी दिन मॉस्को पर ड्रोन हमला हुआ, जिसमें यूक्रेन की ओर से एक हजार से अधिक ड्रोन दागे जाने की बात सामने आई है। हमले में मॉस्को की एक ऑयल रिफाइनरी को नुकसान पहुंचा और वहां आग लग गई। मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने रिफाइनरी को निशाना बनाए जाने की पुष्टि की है। इस हमले में दो लोगों की मौत की भी खबर है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रिफाइनरी के इलाके में आग और धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है।

भारत-जापान वायुसेना के बीच बढ़ते भरोसे और सहयोग का प्रतीक है ‘वीर गार्जियन-2026’: एयर चीफ मार्शल

राजस्थान के जोधपुर में भारत-जापान के बीच चल रहे द्विपक्षीय वायु अभ्यास ‘वीर गार्जियन-2026’ के दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने कहा कि भारत और जापान एक स्वतंत्र, खुले और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र की साझा सोच रखते हैं। दोनों देशों की वायुसेनाओं के बीच मजबूत सहयोग इस साझा उद्देश्य को आगे बढ़ाने में योगदान देता है।

उन्होंने कहा, “हमने पहले ही सुना है कि समय के साथ दोनों वायुसेनाओं के बीच संबंध किस तरह आगे बढ़े हैं। यह यात्रा ‘शिनमायू मैत्री’ से ‘वीर गार्जियन’ तक और बुनियादी विषय विशेषज्ञों के आदान-प्रदान (Subject Matter Expert Exchanges) से लेकर सामरिक स्तर पर अभ्यास करने तक पहुंची है। वह भी ऐसे बेहद जटिल वातावरण में।”

एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने कहा, “यह अभ्यास इस बात को दर्शाता है कि दोनों वायुसेनाओं के बीच एक-दूसरे के प्रति बहुत उच्च स्तर का भरोसा और विश्वास है। जब हम साथ अभ्यास करते हैं, तो एक-दूसरे से सीखते हैं, साथ उड़ान भरते हैं और साथ प्रशिक्षण लेते हैं। इससे दोनों पक्षों की क्षमता में सुधार होता है।”

उन्होंने कहा, “एक-दूसरे के अभियानों और संचालन से सीखने के लिए हमेशा बहुत कुछ होता है और ये अभ्यास हमें यह समझने का अवसर देते हैं कि दूसरा पक्ष किस तरह काम करता है। मुझे पूरा विश्वास है कि इससे दोनों पक्षों की क्षमताओं में और बढ़ोतरी होगी।”

उन्होंने दोनों वायुसेनाओं के बीच तालमेल को ‘किजुना’ (Kizuna) बताते हुए कहा, “मैं इस तालमेल का सबसे बेहतर वर्णन ‘किजुना’ शब्द से कर सकता हूं। मुझे इसे एक ऐसे स्थायी बंधन या जुड़ाव के रूप में समझाया गया है, जो साझा अनुभवों, आपसी सम्मान और सहयोगात्मक अभियानों के जरिए समय के साथ और मजबूत होता जाता है।”


कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से 22 से 25 सितंबर के बीच बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 22 से 25 सितंबर के बीच भारी बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली: सपा ने जंतर-मंतर पर किया प्रदर्शन, आजम खान-अब्दुल्ला आजम के लिए न्याय की मांग

समाजवादी पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं आजम खान और अब्दुल्ला आजम खान के लिए न्याय की मांग की गई। साथ ही रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय की रक्षा की मांग भी उठाई गई।


सूर्यकिरण टीम का आसमान में शानदार प्रदर्शन, ‘I’ फॉर्मेशन से लेकर DNA करतब तक दिखाए

भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने अपने प्रवेश और खास हवाई करतबों का प्रदर्शन किया। टीम ने आसमान में अंग्रेजी के अक्षर ‘I’ का आकार बनाया, जो India को दर्शाता है। इसके अलावा टीम ने डायनेमिक बैरल रोल और फ्लाईपास्ट भी किया।

सूर्यकिरण टीम ने अपने मशहूर DNA करतब का भी प्रदर्शन किया। इस दौरान विमान आसमान में एक-दूसरे को पार करते हुए और उनके चारों ओर घूमते हुए उड़ते हैं, जिससे DNA की डबल हेलिक्स संरचना जैसी आकृति दिखाई देती है।

मुंबई कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार BMW दुर्घटनाग्रस्त, तीन लोगों की मौत, एक गंभीर

पुलिस के अनुसार, मुंबई में कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार BMW के दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।


एशियन गेम्स में भारत का खाता खुला, महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम ने जीता रजत

आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत ने अपने पदक अभियान की शुरुआत कर दी है। भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद की तिकड़ी ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता है। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर जगह बनाई। इस रजत पदक के साथ शूटिंग ने एशियन गेम्स में भारत के पदक अभियान का आगाज कर दिया है।

मुंबई में गणपति पंडाल के पास करंट लगने से 8 साल की बच्ची की मौत 

मुंबई के कालाचौकी महागणपति पंडाल के पास बिजली का झटका लगने से 8 साल की एक बच्ची की मौत हो गई। मृतका की रिश्तेदार किस्मती यादव ने बताया, “हम रात करीब 2 बजे पहुंचे और कतार में लग गए। हादसा करीब 2:40 बजे हुआ। भारी भीड़ देखकर हम सोच रहे थे कि वापस घर चले जाएं। हम किनारे से आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी मंडप के पास कुछ दुकानें दिखाई दीं। हमने सोचा कि भीड़ कम होने तक दुकानों के पास ही रुक जाते हैं और दर्शन के लिए नहीं जाते। लेकिन वहां कतार के पास मंडप के ठीक बगल में एक लाइट लगी हुई थी। आयोजकों को सुरक्षा का पूरा इंतजाम सुनिश्चित करना चाहिए था। मेरे अपने दो बच्चों को भी बिजली का झटका लगा। यह पूरी तरह आयोजकों की गलती है। किसी चीज की मांग करने का क्या मतलब है?”


ईरान ने अमेरिका के सामने रखीं 7 शर्तें, जंग खत्म करने के लिए कतर के जरिए भेजा संदेश

ईरान ने अमेरिका के साथ जारी जंग खत्म करने के लिए सात शर्तें रखी हैं, जिन्हें कतर के जरिए अमेरिकी पक्ष तक पहुंचाया गया है। इनमें सभी मोर्चों पर जंग खत्म करना, रोके गए ईरानी फंड को जारी करना और समुद्री नाकेबंदी हटाना शामिल है।

ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी मोहसिन रेजाई ने कहा कि कतर ने ईरान की शर्तें अमेरिका तक पहुंचा दी हैं और अब तेहरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है। ईरान ने साथ ही संकेत दिया है कि शर्तें नहीं मानी गईं तो वह निर्णायक जंग के लिए तैयार है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए