बड़ी खबर LIVE: कौमी इंसाफ मोर्चा का पंजाब बंद, नहीं चल रही बसें, स्कूलों में छुट्टी, देशभर में सक्रिय रहेगा मॉनसून
कौमी इंसाफ मोर्चा ने सजा पूरी कर चुके बंदी सिखों की रिहाई को लेकर सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंजाब बंद का आह्वान किया है। देश के कई हिस्सों में आज मॉनसून सक्रिय रहने से भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

कौमी इंसाफ मोर्चा का पंजाब बंद, नहीं चल रही बसें, स्कूलों में छुट्टी
कौमी इंसाफ मोर्चा ने सजा पूरी कर चुके बंदी सिखों की रिहाई समेत कई मांगों को लेकर 21 अगस्त को सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंजाब बंद का आह्वान किया है। बंद का असर सड़क और सार्वजनिक परिवहन पर दिख रहा है; खरड़-चंडीगढ़ मार्ग समेत कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ है, जबकि अमृतसर में बस सेवाएं भी प्रभावित होने की खबर है। सुरक्षा के मद्देनजर कई निजी स्कूलों और कॉलेजों ने छुट्टी या ऑनलाइन कक्षाओं का फैसला किया है, हालांकि सरकारी स्कूलों को खुले रखने का फैसला बताया गया है। बाजार और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर भी बंद का असर पड़ने की संभावना है, जबकि अस्पताल, दवा दुकानें और जरूरी सेवाओं को छूट दी गई है।
इस्लामाबाद - पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को आज तड़के कड़ी सुरक्षा के बीच रावलपिंडी की अदियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाया गया।
मुंबई- कल देर रात कुर्ला के कुरैशी नगर में एक घर पर बड़ी क्रेन गिर गई, जिससे 10 से ज़्यादा लोग घायल हो गए।
21 अगस्त को देशभर में सक्रिय रहेगा मॉनसून
देश के कई हिस्सों में 21 अगस्त को मॉनसून सक्रिय रहने से भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी तेज बारिश हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में 24 अगस्त तक बादल छाए रहने और रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें ललितपुर, झांसी और हमीरपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी भारी बारिश की चेतावनी है। उत्तर-पूर्वी राज्यों और ओडिशा में भी बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के पास बना कम दबाव का क्षेत्र, सक्रिय मॉनसून ट्रफ, पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण बारिश के प्रमुख कारण हैं, जिनका असर अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
