बड़ी खबर LIVE: हिमाचल प्रदेश के मंडी में भीषण भूस्खलन, 9 घरों को खाली कराया गया
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक पहाड़ी मंदिर से नीचे उतरते समय रोपवे ट्रॉली के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण एक महिला की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

हिमाचल प्रदेश के मंडी में भीषण भूस्खलन, 9 घरों को खाली कराया गया
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रोपडू गांव में रविवार को भीषण भूस्खलन के बाद नौ घरों को खाली करने के निर्देश दिए गए। पिछले तीन दिनों से जारी रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद कोटली उपमंडल में भूस्खलन हुआ। एक गौशाला पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बड़े-बड़े पत्थर और मलबा पहाड़ी पर खतरनाक तरीके से अटके हुए हैं, जिससे नीचे स्थित गांव के लिए गंभीर और तत्काल खतरा बना हुआ है।
अधिकारी और पूर्व प्रधान (गांव के मुखिया) घटनास्थल पर पहुंचे और खतरे में पड़े नौ घरों को खाली करने का निर्देश दिया। भूस्खलन का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया। गांव के निवासियों ने बताया कि वर्तमान में गांव के ऊपर स्थित स्थान पर पहाड़ी काटने का काम चल रहा है।
इस बीच स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में सोमवार और बृहस्पतिवार को कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने तथा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
नेतन्याहू ने ईरानी हमले से प्रभावित इलाके का दौरा किया: कहा-अमेरिका और इजराइल दुनिया के लिए लड़ रहे
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि डिएगो गार्सिया पर हाल ही में ईरान द्वारा किए गए मिसाइल हमलों से स्पष्ट होता है कि फारस खाड़ी का देश यूरोप तक मार करने की क्षमता रखता है और वह पूरी दुनिया के लिए खतरा पैदा करता है।
नेतन्याहू ने दक्षिणी इजराइली शहर अराद का रविवार को दौरा किया, जिस पर शनिवार शाम ईरान ने मिसाइल हमले किए थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका देश और अमेरिका पूरी दुनिया की ओर से मिलकर लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप इस बात का सबूत चाहते हैं कि ईरान पूरी दुनिया के लिए खतरा है, तो पिछले 48 घंटों में यह मिल गया है। पिछले 48 घंटों में, ईरान ने एक नागरिक क्षेत्र को निशाना बनाया। वह इसका इस्तेमाल सामूहिक नरसंहार के हथियार के रूप में कर रहा है।’’
मुख्यमंत्री जी ने ग्रीन कॉरिडोर नहीं, बल्कि 'बर्बाद' कॉरिडोर बनाया है : अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला करते हुए रविवार को कहा कि योगी जी ने ग्रीन कॉरिडोर नहीं, बल्कि एक 'बर्बाद' कॉरिडोर बनाया है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में तमाम अधिकारियों के हटाए जाने के बावजूद ममता बनर्जी को राज्य की जनता ऐतिहासिक जनादेश के साथ एक बार फिर मुख्यमंत्री चुनेगी।
लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित मालती देवी महिला सम्मान समारोह के दौरान यादव ने संवाददाताओं से कहा, “रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह निश्चित रूप से लखनऊ के लिए अच्छा काम करना चाहते हैं, क्योंकि यह उनका संसदीय क्षेत्र है। किसी भी जनप्रतिनिधि का अपने क्षेत्र और मतदाताओं से स्वाभाविक रूप से गहरा लगाव होता है। उन्होंने ग्रीन कॉरिडोर बनाने का प्रयास भी किया।”
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा, “उन्होंने (राजनाथ सिंह) ग्रीन कॉरिडोर स्थापित करने का प्रयास अवश्य किया, लेकिन मुख्यमंत्री ने ग्रीन कॉरिडोर नहीं बनाया, बल्कि एक ‘बर्बाद कॉरिडोर’ बना दिया है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह कॉरिडोर यातायात के सुचारू संचालन के लिए प्रभावी नहीं है और हर चौराहे पर पुलिस बल तैनात करना पड़ेगा। साथ ही, इसमें पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त स्थान भी नहीं है। अखिलेश यादव हाल ही में लखनऊ में उद्घाटित ग्रीन कॉरिडोर का जिक्र कर रहे थे।
सीईसी को हटाने की मांग वाले नोटिस में विपक्ष ने उन पर सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया
विपक्षी सांसदों द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए संसद में दिए गए नोटिसों में उन पर ‘‘सरकार के इशारे पर काम करने’’ और एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से ‘‘बड़े पैमाने पर लोगों को मताधिकार से वंचित करने’’ का भी आरोप लगाया गया है। विपक्षी सदस्यों ने कुमार की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए हैं।
संसद के दोनों सदनों में 12 मार्च को प्रस्तुत किए गए नोटिसों में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ ‘‘साबित कदाचार’’ के आधार पर सात आरोप सूचीबद्ध किए गए हैं, जिनमें उन्हें पद से हटाने का आह्वान किया गया है। लोकसभा में 130 और राज्यसभा में 63 विपक्षी सांसदों ने सीईसी को हटाने की मांग का प्रस्ताव किया है।
छत्तीसगढ़ के महासमुंद में रोपवे ट्रॉली हादसे में एक महिला की मौत, 6 लोग घायल
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक पहाड़ी मंदिर से नीचे उतरते समय रोपवे ट्रॉली के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण एक महिला की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बागबाहरा की उपमंडल मजिस्ट्रेट नमिता मारकोले ने बताया कि हादसा सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब पहाड़ी से सात यात्रियों को नीचे लाते समय ट्रॉली का केबल टूट गया। इससे पहले ट्रॉली में आठ लोगों के सवार होने की सूचना दी गई थी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख व्यक्त किया और इसकी विस्तृत जांच के आदेश दिए। अधिकारियों के अनुसार ट्रॉली करीब 200 से 300 फुट की ऊंचाई से नीचे आ गिरी।
घटना नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव के दौरान बागबाहरा तहसील के खल्लारी (भीमखोज) गांव स्थित खल्लारी माता मंदिर में हुई। लगभग 1,100 फुट की ऊंचाई पर स्थित इस पहाड़ी मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु आमतौर पर रोपवे सेवा का उपयोग करते हैं, जबकि करीब 900 सीढ़ियां चढ़कर भी मंदिर तक पहुंचा जा सकता है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण स्थगित की गई माता वैष्णो देवी यात्रा फिर शुरू
जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी के गुफा मंदिर की यात्रा अस्थायी स्थगन के बाद रविवार को फिर से शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने शनिवार को भवन क्षेत्र में भारी भीड़ के मद्देनजर यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी थी। दोपहर बाद तक करीब 39,000 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे, जिसके चलते एहतियातन यह कदम उठाया गया।
चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू हुई है और 27 मार्च को समाप्त होगी।
कतर में हेलिकॉप्टर हुआ क्रैश, छह लोगों की गई जान
दिल्ली: JDU के पूर्व नेता केसी त्यागी, RLD अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की मौजूदगी में राष्ट्रीय लोक दल में शामिल हुए।
कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा के आगामी उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, उमेश मेती बागलकोट से चुनाव लड़ेंगे समर्थ मल्लिकार्जुन दावणगेरे दक्षिण से चुनाव लड़ेंगे
मध्य प्रदेश: इंदौर के बाणगंगा इलाके में एक कबाड़ गोदाम में आग लग गई। दमकलकर्मी मौके पर मौजूद हैं
पटना: दानापुर में एक निर्माणाधीन पुल ढह गया
ईरान ने इजरायल की न्यूक्लियर साइट के पास डिमोना पर किया हमला, 100 से अधिक घायल
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली बचाव दल का कहना है कि दक्षिणी शहर डिमोना (जहां इजरायल की न्यूक्लियर फैसिलिटी मौजूद है) और पास के अराद पर ईरानी मिसाइल हमलों में 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।
अमृतसर में पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारी की आत्महत्या का मामला- AAP नेता लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ FIR दर्ज, जिन्होंने कल ही राज्य के परिवहन मंत्री के पद से इस्तीफा दिया था
दिल्ली: नवरात्रि के चौथे दिन पूजा-अर्चना के लिए झंडेवालान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
LPG कार्गो शिप ‘पिक्सिस पायनियर’ टेक्सास से न्यू मंगलुरु पोर्ट पहुंचा
48 घंटे में नहीं खोला होर्मुज स्ट्रेट तो पावर प्लांट्स पर करेंगे हमला, ट्रंप की ईरान को खुली चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को अल्टीमेटम दिया है।अगर 48 घंटों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला तो अमेरिका उसके पावर प्लांट्स पर हमला करेगा। ट्रंप ने साफ तौर पर कहा कि वो इसकी शुरुआत सबसे बड़े पावर प्लांट से करेंगे।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
