बड़ी खबर LIVE: पुणे में छात्रों की गूंज में राहुल गांधी बोले- भारत की लड़कियां, भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं

राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए पुणे पहुंच गए हैं। उन्होंने कार्यक्रम में आई लड़कियों का स्वागत करते हुए कहा कि आप करोड़ों लड़कियों में से हर एक मेरे लिए विशेष है। उन्होंने कहा कि भारत की लड़कियां, भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

फोटोः वीडियोग्रैब
i

महाराष्ट्रः अभिजीत दिपके समेत 5 लोगों पर एफआईआर दर्ज, लातूर के सरकारी स्कूल में घुसकर हंगामा करने का आरोप

महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक सरकारी स्कूल में कथित तौर पर घुसकर हंगामा करने, शिक्षकों से विवाद करने और शैक्षणिक कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में अभिजीत दिपके, अजिंक्य शिंदे समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में औसा पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शिक्षकों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 20 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे अभिजीत दिपके, अजिंक्य शिंदे और उनके साथ कुछ अन्य लोग स्कूल परिसर में पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्रों से सवाल-जवाब किए और लगभग डेढ़ से दो घंटे तक विद्यालय परिसर में मौजूद रहे। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित लोगों ने बिना अनुमति स्कूल और कक्षाओं में प्रवेश किया तथा परिसर के भीतर तस्वीरें भी खींचीं।

बताया जा रहा है कि स्कूल में दूसरे विद्यालय के विद्यार्थियों को बैठाए जाने के मुद्दे को लेकर शिक्षकों और आगंतुकों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ। शिक्षकों का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया और उन्हें निलंबित कराने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के कारण विद्यालय के नियमित शैक्षणिक कार्य प्रभावित हुए और पढ़ाई का माहौल बाधित हुआ। मामले में पुलिस ने अभिजीत दिपके समेत पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

हॉकी विश्व कपः नीदरलैंड से हारकर भारतीय पुरूष हॉकी टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर

एफआईएच विश्व कप के आखिरी क्वार्टर में दो गोल गंवाने का खामियाजा भारत को भुगतना पड़ा और पहले हाफ में शानदार प्रदर्शन के बावजूद नीदरलैंड के हाथों 3 -1 से हारने के बाद भारतीय पुरूष हॉकी टीम शनिवार को सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई ।

भारत को अंतिम चार में पहुंचने के लिये यह मैच हर हालत में जीतना था लेकिन अच्छी शुरूआत के बावजूद आखिरी दस मिनट में की गई गलतियों ने भारत को मैच से बाहर कर दिया । हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम को अब दूसरे दौर का आखिरी मैच सोमवार को अर्जेंटीना से खेलना है। इसके बाद टीम पांचवें से आठवें स्थान के क्लासीफिकेशन मुकाबले खेलेगी ।

समाज महिलाओं को चार तरीके से कंट्रोल करने की कोशिश करता हैः राहुल गांधी

राहुल गांधी ने पुणें में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में कहा कि हमारा समाज महिलाओं को कंट्रोल करने की कोशिश करता है। इस कंट्रोल के चार तरीके हैं: हिंसा, अपमान, समय और कंट्रोल।उन्होंने कहा कि यह ज़ुल्म चिंता के रूप में छिपा होता है: "हमें आपकी बहुत चिंता है। इसलिए हमें आपको कंट्रोल करने की ज़रूरत है।"


पुणे में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ शामिल हुई 

पुणे में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ भी शामिल हुईं। उन्होंने मंच से कहा कि इस सरकार से, प्रधानमंत्री से सवाल पूछने पर चारों तरफ से गालियों का सामना करना पड़ता है।  

देश में 60 % लड़कियां घर से अकेले बाहर नहीं जा सकतीं, 45% को शादी के लिए पढ़ाई या करियर छोड़ना पड़ता हैः राहुल गांधी

पुणे में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि आज देश में 60 प्रतिशत लड़कियां घर से अकेले बाहर नहीं जा सकतीं। वहीं 45 प्रतिशत लड़कियों को शादी के लिए पढ़ाई या करियर छोड़ना पड़ता है। और सबसे आश्चर्यजनक यह है कि देश में केवल 8 प्रतिशत महिलाओं के नाम पर स्वतंत्र रूप से जमीन है।


देश में लड़कियों को तीन तरीके की हिंसा से जूझना पड़ता हैः राहुल गांधी

राहुल गांधी ने पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मनुस्मृति में महिलाओं की गलत व्याख्य की गई है। लड़कियों के मुद्दे पर केंद्रित इस कार्यक्रम में उन्होंने रोजमर्रा की जिंदगी में महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लड़कियों को तीन तरीके की हिंसा से जूझना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रोज 80 प्रतिशत लड़कियों को घर के बाहर सड़क पर, कॉलेज में. ऑफिस में उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। वहीं देश में 100 में से 29 महिलाओं को हिंसा का सामना करना पड़ता है।

पुणे में छात्रों की गूंज में राहुल गांधी बोले- भारत की लड़कियां, भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं

राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए पुणे पहुंच गए हैं। उन्होंने कार्यक्रम में आई लड़कियों का स्वागत करते हुए कहा कि आप करोड़ों लड़कियों में से हर एक मेरे लिए विशेष है। उन्होंने कहा कि भारत की लड़कियां, भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।


पुणे में छात्रों के गूंज कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे राहुल गांधी, बोले- लड़कियां भारत की सबसे बड़ी ताकत

यूपी के चंदौली में उपयोग नहीं हो रहे कुएं में उतरे चार लोगों में से तीन की मौत

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शनिवार को एक अनुपयोगी कुएं में उतरे चार लोगों में से तीन की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी चंद्रकुमार गर्ग ने आशंका जताई कि शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में यह घटना जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई होगी।

चकिया के पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि मृतकों की पहचान किड़हिरा गांव निवासी जमाल (35), तौकीर (18) और आलम (18) के रूप में हुई है। जिलाधिकारी गर्ग ने बताया कि कुआं काफी पुराना था और लंबे समय से अनुपयोगी था। उन्होंने बताया कि कुएं में लगा सबमर्सिबल पंप खराब हो गया था, जिसे निकालने के लिए जमाल, तौकीर, आलम और शमशेर ने कुएं के ऊपर लगी पट्टियां हटाईं और बारी-बारी से अंदर उतरे।

अधिकारी ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चारों लोगों को कुएं से बाहर निकाला और उस समय सभी बेहोशी की हालत में थे। उन्होंने बताया कि चारों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जमाल, तौकीर और आलम को मृत घोषित कर दिया जबकि चौथे व्यक्ति शमशेर का इलाज जारी है।


कांग्रेस वंदे मातरम् का वही संस्करण गाती है, जो महात्मा गांधी और पटेल ने तय किया था: खड़गे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और बीजेपी पर "ध्रुवीकरण की राजनीति" करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस वंदे मातरम् का वही संस्करण गाती है, जो महात्मा गांधी तथा सरदार वल्लभभाई पटेल समेत राष्ट्रीय नेताओं ने तय किया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या वंदे मातरम् के छोटे संस्करण को तय करने वाले राष्ट्रीय नेता भी "राष्ट्रविरोधी" थे।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खड़गे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की एक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वंदे मातरम् के केवल दो अंतरे गाने का कांग्रेस का फैसला "राष्ट्रविरोधी" है और ऐसा कानून की अनदेखी करते हुए अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए किया गया है।

खरगे ने कहा, "अगर आप इतिहास पढ़ेंगे, तो आपको पता चलेगा। पंडित नेहरू, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और वल्लभभाई पटेल ने मिलकर वंदे मातरम् के अंतरों की संख्या छह से घटाकर दो करने का फैसला किया था और कहा था कि यह देश के लिए बेहतर है। 1937 तक हमें आजादी नहीं मिली थी। उन सभी ने मिलकर यह फैसला किया और हम सभी 90 वर्ष से यही संस्करण गाते रहे हैं।"

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान सवाल किया कि जब 90 वर्ष से कोई समस्या नहीं थी, तो अब यह मुद्दा क्यों उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा, "आप (मोदी) गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब आपने इसे क्यों नहीं गाया? अब आपको प्रधानमंत्री बने 11-12 साल हो गए हैं, तो आपने अब तक इस मुद्दे पर कुछ क्यों नहीं किया था? कई राज्यों में आपकी बीजेपी की सरकारें हैं और आपके मुख्यमंत्री हैं, तो आपने वहां ऐसा क्यों नहीं किया? जब भी आपका मन होता है, आप नए मुद्दे ले आते हैं।"

उन्होंने कहा, "आप (मोदी/बीजेपी) ने भी वर्षों तक इसे नहीं गाया, तो क्या आप भी देशद्रोही हैं? वे देश में ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे हैं। यह अच्छा नहीं है, देश के लिए अच्छा नहीं है। हम रहें या न रहें, यह देश स्थायी है। इस देश, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है।”

राजस्थान: बिजली गुल होने से 49 अभ्यर्थी नहीं दे पाए प्रवेश परीक्षा, हंगामे के बाद एनटीए ने दोबारा परीक्षा लेने की बात कही

राजस्थान के जयपुर में शनिवार को एक परीक्षा केंद्र पर बिजली गुल होने से कंप्यूटर बंद हो गए, जिसके कारण 49 परीक्षार्थी ‘आयुष पीजी’ प्रवेश परीक्षा पूरी नहीं कर सके। कई परीक्षार्थी केंद्र से बाहर आ गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने इन परीक्षार्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की है।

यह घटना जयपुर के सत्य साईं पीजी कॉलेज में हुई, जहां एनटीए की ओर से आयोजित अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी) कंप्यूटर आधारित तरीके से कराई जा रही थी। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कंप्यूटर बंद हो गए और 192 में से 49 परीक्षार्थी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए।

एनटीए ने बताया कि परीक्षा पूरी नहीं कर सके उम्मीदवारों के लिए एक सितंबर को राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन में दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। एजेंसी ने परीक्षा केंद्र पर परीक्षा संचालित कर रही कंपनी ‘एडुक्यूटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड’ को बिजली कटौती के लिए जिम्मेदार ठहराया।

परीक्षार्थियों के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सत्य साईं पीजी कॉलेज में पूर्वाह्न 10 बजे शुरू हुई दो घंटे की परीक्षा के कुछ देर बाद करीब 20 मिनट के लिए बिजली चली गई। परीक्षा निरीक्षक ने परीक्षार्थियों को बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और जल्द ही इसे बहाल कर दिया जाएगा।

हालांकि, काफी देर तक बिजली नहीं आने पर कई परीक्षार्थी केंद्र से बाहर आ गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। कुछ उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि बिजली कटौती के दौरान कई परीक्षार्थी आपस में बातचीत कर रहे थे और कथित रूप से नकल कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि यह सब केंद्र पर्यवेक्षक की मौजूदगी में हुआ।


पुणे में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए लड़कियों की भारी भीड़ उमड़ी

चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव पर मुकदमा दर्ज न हुआ तो आंदोलन करेंगे वकील: बार एसोसिएशन

फैजाबाद बार एसोसिएशन ने शनिवार को चेतावनी दी कि अगर राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, पूर्व ट्रस्टी अनिल मिश्रा और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) पदाधिकारी गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।

यह फैसला बार एसोसिएशन की आम सभा की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने की। बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन आरोपियों को निर्दोष बता रहे हैं। इस मामले में शनिवार को अधिवक्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव ग्रोवर से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की।

कालिका प्रसाद मिश्रा ने कहा कि राम मंदिर से चोरी करने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि एसोसिएशन की शिकायत पर अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, जिसमें चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को मुख्य आरोपी बनाया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘जब तक इन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।’’


राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए पुणे पहुंचे, थोड़ी देर में देश की लड़कियों के मुद्दे पर करेंगे बात

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए पुणे पहुंच गए हैं। कुछ ही देर में वह कार्यक्रम में शामिल होंगे। आज मंच से छात्राएं राहुल गांधी के साथ संवाद करेंगी और साथ ही शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा, अवसर जैसे अहम मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखेंगी।

हैदराबाद में निर्माणाधीन इमारत गिरने से दो लोगों की मौत, एक घायल

हैदराबाद के गचीबोवली इलाके में शनिवार को एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत के ढह जाने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। बचाव अभियान में शामिल एक दमकल अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि ढही हुई इमारत का मलबा हटाने के दौरान दो शव बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि हादसे में पास की एक इमारत में मौजूद एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान अभी भी जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मलबे में कोई और व्यक्ति फंसा है या नहीं।


बीजेपी राहुल गांधी से डर गई है, ‘छात्रों की गूंज’ को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा: रोहित पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता रोहित पवार ने शनिवार को आरोप लगाया कि बीजेपी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से डरी हुई नजर आ रही है और सत्तारूढ़ दल पुणे में कांग्रेस के संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को बाधित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है, जबकि पुणे में छात्राओं को कथित रूप से धमकाने और कार्यक्रम में जाने से रोकने वाले लोगों को खुलेआम घूमने दिया जा रहा है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार शाम पुणे शहर के एसएसपीएमएस मैदान में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को विश्वविद्यालय छात्रावास परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और एनएसयूआई के सदस्यों के बीच झड़प हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने शनिवार को युवा कांग्रेस के 50 से 60 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया।

रोहित पवार ने एक बयान में आरोप लगाया कि ‘‘भाजपा के किराए के गुंडे’’ जिन्होंने छात्राओं को धमकाया था, वे खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है।

राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से डरी हुई है बीजेपी : संजय राउत 

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पुणे में होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा कि इस कार्यक्रम से भारतीय जनता पार्टी डर गई है। संजय राउत ने कहा, "राहुल गांधी पुणे में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए आ रहे हैं। हजारों छात्र, खासकर लड़कियां, इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी और राहुल गांधी से बातचीत करेंगी। उन्होंने कहा, "पुणे ऐसी जगह है, यहां से स्वतंत्रता की चिंगारी भी निकली थी। यहां से छात्रों की गूंज उठेगी और पूरे देश में जाएगी, और इस वजह से भारतीय जनता पार्टी डर गई है।


उच्च न्यायालय ने पिता से बच्ची को वापस लाने के लिए पुलिस भेजने पर कुटुम्ब अदालत को फटकार लगाई

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय ने यहां की एक कुटुम्ब अदालत की ‘‘कानूनी खामी’’ और ‘‘संवेदनहीनता’’ पर सवाल उठाए हैं। यह मामला पांच वर्षीय एक बच्ची को उसके पिता के पास से वापस लाने के लिए पुलिस तैनात करने और तलाशी वारंट जारी करने से जुड़ा है। संविधान के अनुच्छेद 227 के तहत शादाब हुसैन मीर की याचिका पर सुनवाई करते हुए, न्यायमूर्ति राहुल भारती की एकल पीठ ने कहा कि किसी बच्चे का अपने पिता की देखरेख में होना ‘‘किसी भी तरह से गैर-कानूनी नहीं माना जा सकता’’।

याचिकाकर्ता और प्रतिवादी ने एक समझौते के जरिए अपनी शादी खत्म की थी। इस समझौते में उनकी नाबालिग बेटी की अभिरक्षा मां को दी गई थी, लेकिन शर्त यह थी कि अगर मां दोबारा शादी करती है, तो बच्ची पिता को वापस मिल जाएगी। मां के दोबारा शादी करने के बाद, पिता ने बच्ची की देखभाल की जिम्मेदारी ले ली। इसके बाद मां ने श्रीनगर की कुटुम्ब अदालत का दरवाजा खटखटाया। 29 जून, 2026 को कुटुम्ब अदालत ने चनापोरा के थाना प्रभारी को तलाशी वारंट पर अमल करने, बच्ची को बरामद करने और उसे मां को सौंपने का आदेश दिया।

हालांकि, उच्च न्यायालय ने पाया कि याचिकाकर्ता 25 जनवरी, 2025 के आपसी सहमति वाले लिखित समझौते के तहत एक चिंतित पिता के तौर पर काम कर रहा था।

महाराष्ट्र: लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी  अपने 'छत्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए पुणे पहुंचे।


गुजरात में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हुई, तीन की हालत गंभीर

गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से शनिवार को एक और पीड़ित का उपचार के दौरान मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। जिला अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पीड़ित हार्दिक किलजी की शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को मौत हो गई। वहीं, शहर के सिविल अस्पताल और छह अन्य निजी अस्पतालों में अब भी इलाज करा रहे 17 मरीजों में से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

इसमें बताया गया कि अत्यधिक जहरीले पदार्थ 'मेथनॉल' युक्त शराब का सेवन करने वाले कम से कम 17 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 18 अन्य लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया है।

कन्नौज में प्रशासन ने कांवड़ियों से मांगी माफी, तब खत्म हुआ धरना

 उत्तर प्रदेश के कन्नौज के बोर्डिंग ग्राउंड पर शुक्रवार देर रात हंगामा हो गया, जब हरदोई के बिलग्राम से आए सैकड़ों कांवड़ियों के जुलूस में बज रहे डीजे को रोक दिया गया और पुलिसकर्मियों पर कांवड़ियों से अभद्रता एवं मारपीट का आरोप लगा। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

कांवड़ियों ने इस घटना के विरोध में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जो प्रशासन के माफी मांगने के बाद समाप्त हुआ।

मामला बढ़ने पर अपर जिलाधिकारी (एडीएम) देवेंद्र सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अजय कुमार मौके पर पहुंचे।

उन्होंने प्रशासन की ओर से कांवड़ियों से माफी मांगी और आश्वासन दिया कि अभद्रता और मारपीट के मामले में दोषियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी, कांवड़ियों ने करीब दो घंटे बाद धरना समाप्त कर दिया और बाबा गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना हो गए।

बिलग्राम से कांवड़ लेकर आए श्रद्धालु जैसे ही बोर्डिंग ग्राउंड पहुंचे, पुलिस ने विद्युत लाइन का हवाला देकर डीजे और कांवड़ को शहर के अंदर ले जाने से रोक दिया। इससे नाराज श्रद्धालु वहीं धरने पर बैठ गए।


गुजरात में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हुई, तीन की हालत गंभीर

 गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से शनिवार को एक और पीड़ित का उपचार के दौरान मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। जिला अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पीड़ित हार्दिक किलजी की शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को मौत हो गई। वहीं, शहर के सिविल अस्पताल और छह अन्य निजी अस्पतालों में अब भी इलाज करा रहे 17 मरीजों में से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

इसमें बताया गया कि अत्यधिक जहरीले पदार्थ 'मेथनॉल' युक्त शराब का सेवन करने वाले कम से कम 17 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 18 अन्य लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया है।

पटना में Phd. होल्डर्स का लोकभवन मार्च, टीचर रिक्रूटमेंट एग्जाम को लेकर प्रदर्शन

बिहार की राजधानी पटना के आर ब्लॉक स्थित वीर कुंवर सिंह पार्क के पास पीएचडी धारकों, रिसर्च स्कॉलर्स और अतिथि शिक्षकों (गेस्ट फैकल्टी) ने बिहार सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आक्रोशित इन बुद्धिजीवियों और शोधकर्ताओं ने लोकभवन मार्च निकाला है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिहार सरकार शिक्षा और शिक्षकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।


'तीन महीने में 40% महंगी हुई चीनी, महंगाई का जिम्मेदार कौन?', खड़गे ने मोदी सरकार से सवाल

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार से सवाल किया है। उन्होंने कहा कि त्योहारों से पहले मोदी सरकार की नीतियों के कारण चीनी की मिठास में कड़वाहट घुल गई है।

उन्होंने सवाल किया कि नौबत निर्यात पर रोक लगाने और 10 लाख टन चीनी ड्यूटी-फ्री आयात करने तक कैसे पहुंच गई।  साथ ही, उन्होंने तीन महीनों के भीतर चीनी की कीमतों में लगभग 40% की वृद्धि का जिक्र करते हुए पूछा कि त्योहारों से पहले पर जनता पर पड़े इस महंगाई के बोझ का आखिरकार जिम्मेदार कौन है।

राजस्थान: तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

जयपुर जिले में एक भयानक सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें एक दंपत्ति और उनकी दो बहुएं शामिल हैं। यह हादसा सरमथुरा-फलोदी मेगा हाईवे पर फागी से लगभग तीन किलोमीटर दूर माधोराजपुरा रोड पर हुआ।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे हुई, जब फागी के 'धामुनियों का मोहल्ला' के रहने वाले सत्यनारायण कुम्हार सड़क के किनारे अपने खेत से काटी गई मूंग की फसल सुखा रहे थे। उनकी पत्नी और दो बहुएं भी उनकी मदद कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार एसयूवी ने उन चारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सभी लगभग 20 फीट दूर जा गिरे।

पुलिस के अनुसार, 60 वर्षीय सत्यनारायण, पत्नी मनमौजी (55), बद्री की पत्नी अमृता (30) और सुरेश की पत्नी शिमला (25) की मौत मौके पर ही हो गई।


महाराष्ट्र: भिवंडी में ट्रक चालक की हत्या के मामले में दो व्यक्ति गिरफ्तार

 महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक ट्रक चालक से कथित रूप से लूटपाट कर उसकी हत्या करने के मामले में आपराधिक रिकॉर्ड वाले दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए तीन दिन तक अभियान चलाया गया तथा इस दौरान 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

पुलिस उपायुक्त (जोन-2 भिवंडी) पवन बंसोड के अनुसार, यह हत्या 16 अगस्त को भिवंडी-ठाणे बाईपास मार्ग पर हुई थी और इस सिलसिले में भिवंडी के रमीज अब्दुल राशिद अंसारी (23) और मोहम्मद अलकैश परवेज आलम मोमिन (25) को गिरफ्तार किया गया है।

महाराष्ट्र: राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' इवेंट से पहले पुणे एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी बढ़ाई गई 

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पुणे आने वाले हैं। इससे पहले महाराष्ट्र पुलिस ने पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी है।


मध्यप्रदेश के बैतूल में खड़े ट्रक से कार टकराई, तीन लोगों की मौत,छह घायल

मध्य प्रदेश के बैतूल में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां एक खड़े ट्रक से कार की टक्कर हो गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 घायल बताए जा रहे हैं। मृतक महाराष्ट्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

बिहार के बेतिया में भीषण सड़क हादसा, 5 की मौत

बिहार के बेतिया में भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत गई वहीं हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


नीरज दूसरे स्थान पर रहे, पथिरागे ने लुसाने डायमंड लीग में खिताब जीता

भारतीय भाला फेंक के दिग्गज खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने एक साल से अधिक समय में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन शुक्रवार को यहां लुसाने डायमंड लीग में श्रीलंका के उभरते सितारे रमेश पथिरागे ने सिर्फ नौ सेंटीमीटर के अंतर से उन्हें स्वर्ण पदक से वंचित कर दिया।

चोपड़ा ने अपने दूसरे प्रयास में 88.05 मीटर का थ्रो किया, जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इससे यह 28 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी नौ खिलाड़ियों के मुकाबले में दूसरे स्थान पर रहा। चोपड़ा का यह पिछले साल जून के बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। उन्होंने जून 2025 में पेरिस डायमंड लीग जीतने के दौरान 88.16 मीटर का थ्रो किया था। यह इस सत्र का उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो भी था।

लेकिन 23 वर्षीय पथिरागे ने इस सत्र में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए अपने तीसरे प्रयास में 88.14 मीटर के थ्रो के साथ चोपड़ा को पीछे छोड़ दिया।

ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने अपने छठे और अंतिम प्रयास में 86.69 मीटर की दूरी तय करके तीसरा स्थान हासिल किया।

त्रिनिदाद और टोबैगो के मौजूदा विश्व चैंपियन केशोर्न वालकॉट 83.71 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे।

अनंतनाग: NIA की एक टीम ने CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों के साथ मिलकर अनंतनाग ज़िले में दो जगहों पर छापेमारी की 


पुणे: एसएसपीएमएस कॉलेज ग्राउंड की तस्वीरें जहां राहुल गांधी आज 'छत्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे 

पुणे में आज राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम

महाराष्ट्र के पुणे में राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम होना है। पुणे पुलिस ने इस आयोजन के लिए हरी झंडी दे दी है। शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आयोजकों पर 30 शर्तें लगाई गई हैं, जिसमें आपत्तिजनक पोस्टर, बैनर या तस्वीरें लगाने पर सख्त रोक शामिल है


चित्रकूट: बरदहा नदी का रौद्र रूप, आधा दर्जन से ज्यादा गांवों का संपर्क टूटा

चित्रकूट जिले में लगातार बारिश के चलते कई नदी नाले उफान पर हैं। वहीं मानिकपुर पाठा क्षेत्र में पड़ने वाली बरदहा नदी उफान पर है। जिससे करीब आधा दर्जन से ज्यादा गांवों का संपर्क टूट गया है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, सुबह-सुबह झमाझम बारिश

दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में शनिवार सुबह-सुबह झमाझम बारिश हो रही । बारिश के बाद कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है और सड़कों पर पानी जमा होने लगा । मौसम विभाग ने सुबह से दोपहर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया । मोती बाग, फिरोज शाह रोड, एपीजे अब्दुल कलाम रोड और मंदिर मार्ग सहित कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिल रही है

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए