बड़ी खबर LIVE: विदेश में 'मेलोडी' और देश में विकसित भारत का 'लॉलीपॉप' दे रहे हैं प्रधानमंत्री :कांग्रेस
कांग्रेस ने शुक्रवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेश में 'मेलोडी' टॉफी बांट रहे हैं और देशवासियों को 2047 तक विकसित भारत बनाने का "लॉलीपॉप" दे रहे हैं।

विदेश में 'मेलोडी' और देश में विकसित भारत का 'लॉलीपॉप' दे रहे हैं प्रधानमंत्री :कांग्रेस
कांग्रेस ने शुक्रवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेश में 'मेलोडी' टॉफी बांट रहे हैं और देशवासियों को 2047 तक विकसित भारत बनाने का "लॉलीपॉप" दे रहे हैं।
पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि विकसित भारत के "लॉलीपॉप" वाला नारा भी फ्लॉप है क्योंकि कोई भी इस पर विश्वास नहीं करता।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि कि प्रधानमंत्री खुद का मार्गदर्शन करने के लिए एक अच्छे सलाहकार की सेवा लें या खुद 'मार्गदर्शक मंडल' का सदस्य बन जाएं।
खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट किया, "विदेश में 'मेलोडी' और घर में लॉलीपॉप बांटना...'विकसित भारत 2047' का नारा भी फ्लॉप है।" उन्होंने अपने पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया।
अभिषेक, ईशान और क्लासेन के अर्धशतक, सनराइजर्स हैदराबाद ने बनाए चार विकेट पर 255 रन
सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन (79 रन), अभिषेक शर्मा (56 रन) और हेनरिक क्लासेन (51 रन) के अर्धशतकों की मदद से शुकवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में चार विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
ईशान ने 46 गेंद का सामना करते हुए आठ चौके और तीन छक्के जमाए। अभिषेक ने 22 गेंद की पारी में चार चौके और पांच छक्के लगाए। क्लासेन 24 गेंद में दो चौके और पांच छक्के से अर्धशतक बनाकर आउट हुए।
आरसीबी के लिए रसिख सलाम ने दो जबकि सुयश शर्मा और कृणाल पंड्या ने एक एक विकेट झटका।
केकेआर के रघुवंशी चोट के कारण आईपीएल से बाहर
कोलकाता नाइट राइडर्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी चोट के कारण आईपीएल के मौजूदा सत्र से बाहर हो गए हैं।
रघुवंशी को सिर में चोट (कन्कशन) के साथ बाएं हाथ की उंगली में फ्रैक्चर है। उन्हें यह चोट बुधवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले के दौरान कैच लेने की कोशिश में लगी।
केकेआर ने जारी बयान में कहा, ‘‘मुंबई इंडियंस के खिलाफ 20 मई को मैच के दौरान कैच लेने की कोशिश में अंगकृष रघुवंशी को कन्कशन और बाएं हाथ की एक उंगली में फ्रैक्चर हुआ, जिसके चलते वह 2026 आईपीएल से बाहर हो गए हैं।”
ट्विशा शर्मा मौत मामले में जबलपुर कोर्ट में समर्थ सिंह ने किया सरेंडर
ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा है।
उत्तर प्रदेश: जवाहरपुर थर्मल पावर प्लांट के स्क्रैप यार्ड में आग लगी
उत्तर प्रदेश: जवाहरपुर थर्मल पावर प्लांट के स्क्रैप यार्ड में आग लगी, पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
विवाह में बारात के दौरान भड़की हिंसा, 300 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मथुरा में दलित कन्याओं के विवाह के दौरान बारात के पहुंचने पर हुई हिंसा के सिलसिले में पुलिस ने दो पक्षों के 41 नामित आरोपियों सहित 300 से अधिक लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों पर कथित हमले को लेकर भी अलग से मामला दर्ज किया गया है, जिसमें 15 लोग नामजद किये गये हैं और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
घटना 20 मई की रात को हाईवे थाना क्षेत्र के नरहौली गांव में हुई जब भगवान दास की बेटियों --लक्ष्मी और पूनम की शादी के लिए गोवर्धन क्षेत्र के भरना कलां गांव से बारात आई। इन दोनों की शादी नेमीचंद के बेटों अशोक और कुलदीप से हो रही थी।
आरोप है कि शादी समारोह के दौरान जब बारात ऊंची जाति के इलाके में घुसी तो उस पर पथराव किया गया, जिससे झड़पें शुरू हो गईं।
हालांकि, दूसरे पक्ष ने दावा किया कि कथित तौर पर जाति-आधारित अपमानजनक टिप्पणियों वाले गाने बजाने एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के बाद विवाद बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब स्थानीय निवासियों ने विरोध किया, तो जुलूस के सदस्यों ने उनके साथ मारपीट की और घरों में घुसकर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
नीट-यूजी पेपर लीक मामले में एनटीए का रवैया गैर-जिम्मेदाराना : अशोक गहलोत
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए एजेंसी के रुख को ‘‘गैर-जिम्मेदाराना’’ बताया।
गहलोत ने दावा किया कि एनटीए के अध्यक्ष प्रदीप जोशी ने एक संसदीय समिति से कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि नीट का प्रश्नपत्र लीक हुआ था।
उन्होंने कहा, “एक तरफ एनटीए ने स्वयं परीक्षा रद्द कर दी है, वहीं दूसरी ओर उसके अध्यक्ष इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं।”
गहलोत ने आरोप लगाया कि जयपुर में बृहस्पतिवार को कांग्रेस के प्रदर्शन समेत देशभर में विरोध प्रदर्शन होने के बावजूद भाजपा सरकार और प्रशासन ‘‘अब भी गहरी नींद में’’ है।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जयपुर में आयोजित प्रदर्शन का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में हजारों लोग एकत्र हुए थे।
विपक्ष के बहिर्गमन के बीच राज्यपाल ने असम की नयी सरकार का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया
असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने शुक्रवार को राज्य की 16वीं विधानसभा में अपने पहले अभिभाषण में अगले पांच वर्षों के लिए राज्य की नयी सरकार के दृष्टिकोण की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान विपक्ष ने सरकार पर जनता के असल मुद्दों का समाधान करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए सदन से बहिर्गमन किया।
सत्र के दूसरे दिन राज्यपाल के अभिभाषण के शुरू होने के सिर्फ पांच मिनट बाद ही कांग्रेस और रायजोर दल के विधायक सदन में अध्यक्ष के आसन के निकट पहुंच गये।
फरीदाबाद में पुलिस मुठभेड़ में वांछित बदमाश घायल, गिरफ्तार
फरीदाबाद पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद वांछित बदमाश संदीप उर्फ चेंटा को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार देर रात आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। पुलिस की एक गोली संदीप के पैर में लग गई। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि माछगर गांव के निवासी संदीप ने मंगलवार को सेक्टर 12 स्थित चंदिला फूड होटल के एक कर्मचारी को पिस्तौल से धमकाकर कथित तौर पर उसकी हत्या करने का प्रयास किया था।
ट्विशा शर्मा मामला: मध्य प्रदेश सरकार ने की CBI जांच की सिफारिश
दिल्ली दंगा केस में उमर खालिद को को मिली जमानत, HC ने 3 दिन की दी अंतरिम ज़मानत
राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव की तारीखों का एलान, 18 जून 2026 को चुनाव कराया जाएगा
10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों को लेकर चुनाव होना है। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग की ओर से जानकारी दी गई है कि 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर 18 जून 2026 को चुनाव कराया जाएगा
मुंबई- बांद्रा (पूर्व) के गरीब नगर में पश्चिम रेलवे का अतिक्रमण हटाओ अभियान चौथे दिन भी जारी है।
केरल -तिरुवनंतपुरम में विधानसभा में UDF विधायक दल की बैठक हो रही है।
दिल्ली एनसीआर में दूसरे दिन भी ट्रांसपोर्टर की हड़ताल
दिल्ली में आग उगलती गर्मी, 14 साल की सबसे तपती रात, पूरे हफ्ते लू का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का सितम जारी है, बुधवार की रात दिल्ली में बीते 14 वर्षों में सर्वाधिक गर्म दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, साल 2012 से लेकर 2026 तक सर्वाधिक न्यूनतम तापमान इस साल 21 मई को दर्ज किया गया है जोकि सामान्य से 5.2 अधिक 31.9 रहा।
चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। इससे पहले साल 2012 में 26 मई को सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री दर्ज किया गया था। आइएमडी ने अगले सात दिनों तक दिल्ली में ‘ताप लहर’ चलने की संभावना के साथ गर्म रातें दर्ज किए जाने की बात कही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
