बड़ी खबर LIVE: गांधी स्मृति से राहुल गांधी बोले- यहां गांधी जी की हत्या हुई थी, आज सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है

गांधी स्मृति पहुंचने पर, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा- महात्मा गांधी की हत्या यहीं हुई थी। आज मोदी सरकार भारत में लोकतंत्र की हत्या कर रही है, छात्रों पर ज़ुल्म कर रही है और उन्हें पीट रही है। विपक्ष इसे स्वीकार नहीं करेगा।

फोटोः inc
i

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने घोषणा की है कि कल सुबह 07:30 बजे से अगले निर्देश तक 17 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने घोषणा की है कि कल सुबह 07:30 बजे से अगले निर्देश तक 17 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। मेट्रो स्टेशन हैं: 1. लोक कल्याण मार्ग 2. राजीव चौक 3. पटेल चौक 4. रामकृष्ण आश्रम मार्ग 5. बाराखंभा रोड 6. सुप्रीम कोर्ट 7. सेवा तीर्थ 8. जनपथ 9. मंडी हाउस 10. सेंट्रल सेक्रेटेरिएट 11. ITO 12. दिल्ली गेट 13. इंद्रप्रस्थ 14. खान मार्केट 15. जोर बाग 16. शिवाजी स्टेडियम 17. झंडेवालान

राहुल गांधी ने INDIA ब्लॉक सांसदों के साथ, NEET पेपर लीक पर अपना विरोध जारी रखते हुए गांधी स्मृति में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने INDIA ब्लॉक सांसदों के साथ, NEET पेपर लीक पर अपना विरोध जारी रखते हुए गांधी स्मृति में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

विपक्ष और देश के युवाओं की मांग है

⦿ शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो

⦿ मोदी सरकार देश के युवाओं से माफी मांगे

⦿ युवाओं पर लाठीचार्ज के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो


राहुल गांधी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद गांधी स्मृति से निकले

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद गांधी स्मृति से निकले।

गांधी स्मृति में कांग्रेस MP केसी वेणुगोपाल ने कहा, "महात्मा गांधी देश की आत्मा हैं, भारत में डेमोक्रेसी की हत्या हो रही है

गांधी स्मृति में कांग्रेस MP केसी वेणुगोपाल ने कहा, "महात्मा गांधी देश की आत्मा हैं। भारत में डेमोक्रेसी की हत्या हो रही है। नरेंद्र मोदी डेमोक्रेसी और स्टूडेंट्स के भविष्य को खत्म कर रहे हैं। यह वह जगह है जहां हमें प्रार्थना करनी चाहिए। महात्मा गांधी ने हमें ज्ञान दिया और देश को दिशा दी। इसलिए, हम सांकेतिक रूप से यह शपथ लेने के लिए यहाँ आ रहे हैं कि हम स्टूडेंट्स और सही मकसद के लिए खड़े रहेंगे।"


प्रियंका गांधी का मोदी सरकार को संदेश, 'गांधी के देश में बच्चों पर अत्याचार, देश में खत्म किया जा रहा है लोकतंत्र'

प्रियंका गांधी ने कहा कि हम सरकार को ये संदेश देने आए हैं कि इसी देश में महात्मा गांधी जी ने किसानों और गरीबों के साथ मिलकर एक आंदोलन किया था, उसमें किसी पर भी हाथ नहीं उठा था। लेकिन आज उसी देश में बच्चों को मोदी सरकार सिर्फ इसलिए पीट रही है, क्योंकि वो अपना अधिकार मांग रहे हैं। सभी को दिख रहा है कि छात्रों के साथ कितना गलत हो रहा है। लोकतंत्र के लिए महात्मा गांधी जी शहीद हुए और तमाम लोग आजादी के लिए लड़ते हुए शहीद हुए। आज उसी देश में वो लोकतंत्र खत्म किया जा रहा है। क्या वे इसलिए शहीद हुए कि उनके बच्चों को पीटा जाए, सिर्फ इसलिए क्योंकि उनके पेपर लीक हो रहे हैं और जिस पर वे जवाबदेही मांग रहे हैं।

राहुल गांधी, INDIA ब्लॉक सांसदों के साथ, NEET पेपर लीक पर अपना विरोध जारी रखते हुए गांधी स्मृति पहुंचे

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, INDIA ब्लॉक सांसदों के साथ, NEET पेपर लीक पर अपना विरोध जारी रखते हुए गांधी स्मृति पहुंचे।


गांधी स्मृति पहुंचकर बोले राहुल गांधी- यहां गांधी जी की हत्या हुई थी, आज सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है

गांधी स्मृति पहुंचने पर, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा- महात्मा गांधी की हत्या यहीं हुई थी। आज मोदी सरकार भारत में लोकतंत्र की हत्या कर रही है, छात्रों पर ज़ुल्म कर रही है और उन्हें पीट रही है। विपक्ष इसे स्वीकार नहीं करेगा। हम छात्रों के साथ हैं, और नरेंद्र मोदी को शिक्षा मंत्री को हटाना होगा और माफ़ी मांगनी होगी।"

NEET विवाद और पेपर लीक पर घमासान जारी, राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के सांसदों का गांधी स्मृति पर विरोध मार्च

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, INDIA ब्लॉक सांसदों के साथ, NEET पेपर लीक पर अपना विरोध जारी रखते हुए गांधी स्मृति पहुंचे।


राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के सांसदों का काफिला पहुंचा गांधी स्मृति

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत INDIA गठबंधन के सांसदों को ले जा रही बसें गांधी स्मृति पहुंचीं। इससे पहले इस रुट में हाई वोल्टेज का ड्रामा देखने को मिला। पहले पुलिस ने इन सांसदों के बस को रोका, फिर जाने दिया।

राहुल गांधी, INDIA ब्लॉक के सांसदों साथ, अपने घर से गांधी स्मृति की ओर जा रहे हैं

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, INDIA ब्लॉक के सांसदों साथ, अपने घर से गांधी स्मृति की ओर जा रहे हैं


जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे में शाम चार बजे से रात 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी: गृह मंत्रालय

दिल्ली के जंतर-मंतर इलाके में इंटरनेट को बंद करने का गृह मंत्रालय ने फैसला लिया है। मंत्रालय के मुताबिक, जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे में शाम 4 बजे से आधी रात 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी।

राहुल गांधी इंडिया ब्लॉक के नेताओं के साथ निकाल रहे विरोध मार्च, बोले- पुलिस हमें आगे नहीं जाने दे रही है

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि हमारे छात्र सड़कों पर हैं, इसलिए विपक्ष के सभी सांसदों को लगा कि हमें भी सड़कों पर उतरना चाहिए। विपक्ष के सभी सांसद इंडिया गेट जाना चाहते थे। उन्होंने मना कर दिया और हमें रोक दिया। फिर हमने कहा कि हम तीस जनवरी (गांधी स्मृति) जाना चाहते हैं. उन्होंने बस यहीं खड़ी कर दी है. हम आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं, लेकिन छात्रों तक मुख्य संदेश यही है कि हम आपके साथ हैं।


पुलिस हमें आगे नहीं जाने दे रही है - राहुल गांधी

राहुल गांधी के साथ ये नेता भी मौजूद 

राहुल गांधी के साथ बस में सवार सांसदों में शिवसेना (यूबीटी) के अरविंद सावंत, एनसीपी (शरद पवार) की सुप्रिया सुले, टीएमसी की महुआ मोइत्रा और सौगत राय, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ मांझी, आरजेडी की मीसा भारती और संजय यादव, सीपीएम के जॉन ब्रिटास, सीपीआई के पी. संतोष कुमार, समाजवादी पार्टी के रामजी लाल सुमन और आईयूएमएल के ईटी मोहम्मद बशीर शामिल हैं।


NEET पेपर लीक को लेकर गांधी स्मृति मार्च, राहुल गांधी बोले, 'छात्र अकेले नहीं, पूरा विपक्ष साथ'

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि अभी, INDIA गठबंधन के सांसद और नेता शांतिपूर्ण तरीके से तीस जनवरी मार्ग पर गांधी स्मृति जा रहे हैं। हम उन छात्रों को याद करने जा रहे हैं जिन्हें हमने खो दिया - वे बच्चे जिन्हें NEET पेपर लीक के बाद अपनी जान देने के लिए मजबूर होना पड़ा। और हम उन छात्रों के साथ खड़े होने जा रहे हैं जो आज घायल हैं - जिन्हें न्याय और जवाबदेही की शांतिपूर्ण मांग करने पर पीटा गया। भारत के छात्र अकेले नहीं हैं। पूरा विपक्ष उनके और उनकी मांगों के साथ खड़ा है।

राहुल गांधी के घर के बाहर पुलिस बैरिकेड्स लगाए गए, बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के घर के बाहर पुलिस बैरिकेड्स लगाए गए; बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता यहां पहुंचे।


कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहुंचे

कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहुंचे। NEET मुद्दे पर उन्होंने कहा, "इस्तीफा होना ही चाहिए।"

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, "पूरी दिल्ली में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, "पूरी दिल्ली में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। वे इसे युद्ध जैसी स्थिति बना रहे हैं।"


कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के घर पहुंचे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के घर पहुंचे। उन्होंने कहा, "चाय पर बुलाया है इसलिए मैं चाय पीने आया।

नीट प्रश्नपत्र लीक मामला: कटिहार में छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस ने लाठीचार्ज किया

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का प्रश्नपत्र लीक होने की कथित घटना के विरोध में बिहार के कटिहार जिले में बृहस्पतिवार को छात्रों ने समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हर व्यक्ति को संविधान के दायरे में और कानूनी तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है। लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि पुलिस हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है, जिसके बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के घर पहुंचीं।

दिल्ली के कनॉट प्लेस की सभी दुकानें, दफ्तर और रेस्तरां शाम साढ़े छह बजे तक बंद करने के निर्देश

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र कनॉट प्लेस (सीपी) में बिगड़ते हालात को देखते हुए गुरुवार को सभी दुकानों, कार्यालयों और रेस्तरां को शाम 6:30 बजे तक बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं

इस संबंध में नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) के अध्यक्ष अतुल भार्गव की ओर से एक अत्यावश्यक सलाह (एडवाइजरी सर्कुलर) जारी किया गया। एडवाइजरी के अनुसार, नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के टेलीफोन पर दिए गए निर्देशों के बाद यह फैसला लिया गया है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि कनॉट प्लेस के आसपास की गंभीर और संवेदनशील स्थिति को देखते हुए 23 जुलाई को सभी दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, कार्यालय और रेस्तरां शाम 6:30 बजे तक अनिवार्य रूप से बंद कर दिए जाएं।


TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम मोदी के ट्वीट पर कहा, " उन्होंने बड़ी देर कर दी

TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम मोदी के ट्वीट पर कहा, " उन्होंने बड़ी देर कर दी। राहुल गांधी के मांग के जवाब में और छात्र जो आज धरना पर बैठे हुए हैं उनके समस्याओं के समाधान के प्रक्रिया में आज पीएम मोदी आए हुए हैं और उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने को कहा है और दोषियों पर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करेंगे। जिन लोगों ने करोड़ों बच्चों का जीवन बर्बाद करने की कोशिश की उनके माता-पिता को चोट पहुंचाई है उसके लिए आप कह रहे हैं फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाएंगे। मैं समझता हूं ये सब खोखली बाते हैं...समाधान तभी होगा जब तीन बाते- मंत्री का इस्तीफा, मुआवजा दिया जाए जिन बच्चों ने आत्महत्या की, उनके परिवार और राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह ने कहा कि 1 करोड़ का मुआवजा मिलना चाहिए...बच्चों पर जो फर्जी मुकदमे किए गए हैं उस सबको हटाना चाहिए...

इतना बड़ा आंदोलन चल रहा है; देश के युवा बाहर बैठे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री संसद नहीं आए हैं- प्रियंका गांधी 

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि इतना बड़ा आंदोलन चल रहा है; देश के युवा बाहर बैठे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री संसद नहीं आए हैं। और आप मुझसे पूछ रहे हैं कि संसद क्यों नहीं चल रही है?"


अन्ना हजारे ने प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के समर्थन में ‘मौन आंदोलन’ किया

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के समर्थन में बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में दो घंटे का ‘मौन आंदोलन’ किया। अन्ना ने अहिल्यानगर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास पूर्वाह्न 11 बजे अपना विरोध प्रदर्शन शुरू किया और अपराह्न एक बजे इसे समाप्त किया। इसके बाद वह इसी जिले में स्थित अपने गांव रालेगण सिद्धि के लिए रवाना हो गए।

हजारे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बुधवार को पत्र लिखकर कहा था, ‘‘हिंसा और पुलिस कार्रवाई की खबरें बेहद पीड़ादायक हैं।’’ उन्होंने पत्र में कहा था कि प्रदर्शनकारियों के असंतोष को ‘‘कानून-व्यवस्था की समस्या के रूप में नहीं, बल्कि समाज की पीड़ा और अपेक्षाओं के रूप में देखा जाना चाहिए।’’

हजारे ने लिखा था कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने को कहा जाता है तो ‘‘इससे सरकार नहीं गिरेगी, बल्कि उसकी कार्यप्रणाली अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनेगी।’’ उन्होंने सरकार से प्रदर्शनकारियों की बात ‘‘धैर्यपूर्वक सुनने, विश्वास का माहौल बनाने और सकारात्मक संवाद के जरिये समाधान तलाशने’’ का अनुरोध किया। हजारे ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने मोदी को इसलिए पत्र लिखा, क्योंकि प्रधानमंत्री ‘‘देश के सर्वोच्च नेता हैं और उन्हें जनता के मुद्दों से अवगत कराया जाना चाहिए।’’

अभिषेक बनर्जी की याचिका पर सुनवाई 30 जुलाई तक के लिए स्थगित 

कलकत्ता हाई कोर्ट ने विभिन्न थानों में दर्ज आठ मामलों में दंडात्मक कार्रवाई से संरक्षण देने की तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी की याचिका पर सुनवाई बृहस्पतिवार को 30 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी।


हॉलीवुड अभिनेता जॉन कुसैक ने CJP के प्रदर्शन का समर्थन किया

 हॉलीवुड अभिनेता जॉन कुसैक ने बृहस्पतिवार को नीट पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के नेतृत्व में जारी छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन किया।

‘हाई फिडेलिटी’, ‘कॉन एयर’ और ‘2012’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के अभिनेता कुसैक ने ‘एक्स’ पर लेखिका अरुंधति रॉय का एक लेख साझा किया। लेख में रॉय ने इस सप्ताह की शुरुआत में संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करने के लिए अधिकारियों की आलोचना की है।

कुसैक ने पोस्ट किया, ‘‘मेरे पसंदीदा साथी ‘कॉकरोच’ से एक अच्छी खबर।’’

कुसैक ने 2019 में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन के दौरान भी उनका समर्थन किया था।

केरल - स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ़ इंडिया ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े और अपनी मांगों के चार्टर को स्वीकार किए जाने की मांग को लेकर लोक भवन तक मार्च निकाला।


सुवेंदु ने मुर्शिदाबाद लेवल क्रॉसिंग हादसे में 5 लोगों की मौत के मामले में गेटमैन के लिए मौत की सज़ा की मांग की

पश्चिम बंगाल CM सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को पुलिस को मुर्शिदाबाद लेवल क्रॉसिंग हादसे की जांच तेज़ करने का निर्देश दिया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि सरकारी वकील को गिरफ्तार गेटमैन के लिए मौत की सज़ा की मांग करनी चाहिए।

अधिकारी ने पीड़ितों के परिवारों से मिलने और उन्हें 5-5 लाख रुपये के चेक सौंपने के बाद ये निर्देश दिए।

संसद परिसर के अंदर NEET पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष और सत्ताधारी पार्टी के सांसदों ने एक ही समय पर विरोध प्रदर्शन किया    


संसद में एक बार फिर भारी हंगामा देखेने को मिला, जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए और राज्यसभा की कार्यवाही 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई

सुप्रीम कोर्ट के वकीलों ने जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध-प्रदर्शन का समर्थन किया   

सुप्रीम कोर्ट के वकीलों ने जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में और पुलिस की कार्रवाई के विरोध में संविधान की प्रस्तावना पढ़ी।

वकील इंदिरा जयसिंह ने कहा हम यहां छात्रों के साथ खड़े होने आए हैं। हम न्याय का साथ देने आए हैं। हम छात्रों के लिए न्याय की मांग करने आए हैं। हम अपने लिए आंदोलन करने नहीं आए हैं। यह मामला हमारे बारे में नहीं है। यह छात्रों के अधिकारों से जुड़ा है और वकीलों का यह कर्तव्य है कि वे सुप्रीम कोर्ट के सामने खड़े हों और उनके लिए न्याय की मांग करें। भारत के सुप्रीम कोर्ट की भूमिका और काम न्याय देना है। इसीलिए हम अपनी मांगों के साथ न्याय के इस मंदिर में आए हैं।"


पेपर लीक को लेकर संसद से सड़क तक हंगामा, CJP बोली- मोदी का जवाब नाकाफी, प्रधान का इस्तीफा जरूरी

कॉकरोच जनता पार्टी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की अपनी मांग को फिर से दोहराते हुए कहा कि प्रश्नपत्र लीक के मामलों में कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा में जवाबदेही के मुद्दे पर कोई बात नहीं की गई है।

सोनम रघुवंशी को फिर जाना होगा जेल, सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की जमानत 

इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सर्वोच्च अदालत ने उसकी जमानत रद्द कर दी है और तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। इस फैसले के साथ ही बहुचर्चित हनीमून मर्डर केस एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।


संसद का मानसून सत्र: विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई

संसद के मानसून सत्र में गुरुवार को भी जोरदार हंगामा देखने को मिला। पेपर लीक समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्षी सांसदों के हंगामे और नारेबाजी के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे दोबारा शुरू होते ही बाधित हो गई। लगातार जारी शोर-शराबे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

संसद का मॉनसून सत्र: संसद परिसर में मकर द्वार पर विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सरकार के खिलाफ़ नारे लगाए।


संसद परिसर पर विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन

कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य नेता संसद परिसर के अंदर मकर द्वार पर INDIA ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

NDA सांसद भी INDIA गठबंधन के सांसदों के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

संसद में आज भी भारी हंगामा, दोनों सदनों की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित

संसद में आज भी भारी हंगामा देखने को मिला। पेपर लीक, बच्चों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए विपक्ष ने सरकार विरोधी नारे लगाए, हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई।


दिल्ली हाई कोर्ट कल एक PIL पर सुनवाई करेगा, जिसमें कथित NEET पेपर लीक को लेकर 20 जुलाई को हुए "संसद चलो" विरोध प्रदर्शन की NIA से जांच कराने की मांग की गई है।

आजकल मोदी की बातों पर कोई भरोसा नहीं करता, उनकी बातों की विश्वसनीयता पहले ही खत्म हो चुकी है- केसी वेणुगोपाल

पेपर लीक में शामिल लोगों को कड़ी सज़ा दिलाने के लिए फ़ास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के बारे में PM मोदी के ट्वीट पर कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, "आजकल उनकी बातों पर कोई भरोसा नहीं करता। उनकी बातों की विश्वसनीयता पहले ही खत्म हो चुकी है। सबसे पहले, उन्हें धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाना होगा। फिर उन्हें छात्रों से बात करनी होगी।"


आपके कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था खराब हो गई है। हमें खोखली बातें या टुकड़ों में की गई घोषणाएं नहीं चाहिए-खड़गे का मोदी को जवाब

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने पेपर लीक मामलों में फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के पीएम मोदी के ऐलान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "आपके कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था खराब हो गई है। हमें खोखली बातें या टुकड़ों में की गई घोषणाएं नहीं चाहिए... अपने एयर-कंडीशन्ड महलों से बाहर निकलिए और उन युवा पुरुषों और महिलाओं की आंखों में देखिए जिन्होंने आपकी तानाशाही के खिलाफ लड़ते हुए सड़कों पर खून बहाया है।"

आज पीएम मोदी ने सिर्फ़ छोटे-मोटे एजेंटों को सज़ा देने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाए हैं- प्रमोद तिवारी

पीएम नरेंद्र मोदी के ट्वीट पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "भारतीय राजनीति इस बात का सबूत है कि जब भी किसी मंत्री के विभाग में ऐसी स्थिति आती है कि जांच का आदेश देना पड़े या फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाना पड़े... तो आज पीएम मोदी ने सिर्फ़ छोटे-मोटे एजेंटों को सज़ा देने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाए हैं। उस मंत्री का क्या, जिसकी देखरेख में 152 बार पेपर लीक हुए? क्या ऐसा अयोग्य और भ्रष्ट मंत्री सत्ता में बना रहेगा? रावण में भी ऐसा अहंकार नहीं था..."


BJP के कार्यकाल में कितने पेपर लीक हुए हैं और कितनों के खिलाफ कार्रवाई हुई है? अभी तक किसी को कोई सजा हुई है- राम गोपाल यादव का सरकार से सवाल

समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने CJP के विरोध-प्रदर्शन पर कहा, "इनके(भाजपा) कार्यकाल में कितने पेपर लीक हुए हैं और कितनों के खिलाफ कार्रवाई हुई है? अभी तक किसी को कोई सजा हुई है?..." उन्होंने आगे कहा आप सत्ता में बैठे हैं और जनता आपसे जवाब चाहती है। ये प्रदर्शन कर रहे बच्चे कोई किराए पर लाए नहीं गए हैं... यह तरीका ठीक नहीं है। जो लोग सिविल कपड़ों में बच्चों पर लाठियां बरसा रहे थे, वे लोग कौन थे?"

सरकार ने एजुकेशन सिस्टम को बर्बाद कर दिया, पीएम मोदी के फास्ट ट्रैक कोर्ट के एलान पर बोले राहुल गांधी

पीएम मोदी के पोस्ट पर रीपोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने जमकर हमला बोला, राहुल गांधी ने लिखा- आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज़्यादा नुकसान पहुंचाया है। आपने न सिर्फ हमारी education system पर पूरा कब्ज़ा होने और उसे बर्बाद होने दिया, उसे बढ़ावा भी दिया - और इसके ज़िम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया।

छात्रों की मांगें साफ़ हैं:

1. धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं।

2. छात्रों से माफ़ी मांगे।

3. छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करें।


सिक्किम सुरंग हादसा: 22 शव बरामद, तीन अन्य श्रमिकों की तलाश जारी

सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन एनएचपीसी जलविद्युत परियोजना की सुरंग से अब तक 22 श्रमिकों के शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एनएचपीसी की निर्माणाधीन तीस्ता चरण-छह जलविद्युत परियोजना की सुरंग सोमवार अपराह्न एक बजे के कुछ देर बाद संदिग्ध रूप से मीथेन गैस के कारण हुए विस्फोट के बाद ढह गई थी और उस समय सुरंग में 25 श्रमिक मौजूद थे।

राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और विशेष दल बाकी तीन श्रमिकों का पता लगाने एवं उन्हें बाहर निकालने के लिए आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘सिक्किम सरकार, जिला प्रशासन और सभी संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं तथा बचाव दलों और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं।’’

पेपर लीक पर मोदी के पोस्ट को लेकर जयराम रमेश ने साधा निशाना, कहा- यह पोस्ट दिखाता है कि वह घबराए हुए और परेशान हैं

जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री में संसद में खड़े होकर बोलने और ज़रूरत पड़ने पर गंभीर बहस करने की हिम्मत नहीं है, जैसा कि उनसे पहले के सभी प्रधानमंत्रियों ने किया था। आज सुबह उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया ताकि यह दिखाया जा सके कि उन्हें देश भर के छात्रों द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों की चिंता है। असल में, यह पोस्ट दिखाता है कि वह घबराए हुए और परेशान हैं। वोट चोरी, सीट चोरी, चंदा चोरी, एग्ज़ाम पेपर चोरी... यह लिस्ट बहुत लंबी है।


जेपी नड्डा के दावों पर उमर अब्दुल्ला का पलटवार, बोले- 'पेपर लीक के समय एलजी चला रहे थे सरकार'

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एसएसबी पेपर लीक को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के दावों पर जवाब दिया है। उन्होंने पेपर लीक की बात स्वीकार करते हुए कहा कि यह घटना 2022 की थी। साथ ही, उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उस समय जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस की सरकार नहीं, बल्कि उपराज्यपाल का शासन था।

जब तक धर्मेंद्र प्रधान को हटाया नहीं जाता, हम यहीं डटे रहेंगे- आशुतोष रांका, CJP प्रवक्ता

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान को हटाया नहीं जाता, हम यहीं डटे रहेंगे। यहाँ बड़ी संख्या में लोग पूरे जोश और संकल्प के साथ मौजूद हैं और हर कोई उनके इस्तीफ़े की मांग कर रहा है। लेकिन जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, यह मुद्दा अब सिर्फ़ धर्मेंद्र प्रधान तक सीमित नहीं रहा है। अब लोगों का ध्यान प्रधानमंत्री की ओर भी जा रहा है। अगर आप यहां लग रहे नारों को सुनें, तो पाएंगे कि लोगों का गुस्सा प्रधानमंत्री पर भी बढ़ रहा है कि वे उनकी बात सुनने को तैयार क्यों नहीं हैं। मुझे लगता है कि सरकार को यह बात समझनी चाहिए क्योंकि अब लोग सीधे प्रधानमंत्री से सवाल पूछने लगे हैं।


कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने NEET UG पेपर लीक मामले और 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज को लेकर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।

पेपर लीक की फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई -पीएम मोदी 

पेपर लीक को लेकर पिछले 25 दिन से देशभर में बवाल मचा है। 20 जुलाई को पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को जमकर पीटा, इस बीच पीएम मोदी ने पेपर लीक में शामिल दोषियों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाने की बात कही है।


अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह गिरफ्तार

अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने कनाडा से संचालित रविंदर ढांडा गिरोह के लिए मादक पदार्थों की तस्करी में कथित भूमिका को लेकर भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह को गिरफ्तार किया है।

एफबीआई ने बुधवार को बताया कि कैलिफोर्निया राजमार्ग गश्ती दल के अधिकारियों ने सिंह को मंगलवार को कैलिफोर्निया के स्टॉकटन से गिरफ्तार किया।

एफबीआई ने यह कार्रवाई लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर ढांडा के गिरोहों को निशाना बनाकर चलाए गए समन्वित अंतरराष्ट्रीय अभियान ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत की।

जांच एजेंसी ने कहा कि सिंह एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन में कथित संलिप्तता के लिए वांछित था। इस संगठन पर नियंत्रित मादक पदार्थों को वितरित करने एवं वितरण के इरादे से उनके भंडारण की साजिश करने तथा उनका निर्यात करने का षड्यंत्र रचने का आरोप है।

नई दिल्ली: सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में कार्यस्थगन प्रस्ताव दिया है। उन्होंने NEET-UG प्रश्नपत्र लीक, सार्वजनिक परीक्षा प्रणाली की विफलता, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य के मुद्दे पर सदन में तत्काल चर्चा कराने की मांग की है।


सीजेपी आंदोलन के बाद मुंबई में सख्ती, 6 अगस्त तक निषेधाज्ञा लागू

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) समर्थित आंदोलन के समर्थन में मुंबई के कुछ हिस्सों में हुए हालिया प्रदर्शनों के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने पूरे शहर में एहतियाती कदम उठाए हैं। पुलिस द्वारा मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार गुरुवार से 6 अगस्त तक पूरे मुंबई में निषेधाज्ञा लागू रहेगी।

इस दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी सभा पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। पुलिस ने नागरिकों से आदेशों का पालन करने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी आंदोलन के समर्थन में मुंबई के कई इलाकों में प्रदर्शन हुए थे। इन प्रदर्शनों के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 900 लोगों के खिलाफ 8 एफआईआर दर्ज की हैं।

असम में बाढ़ का कहर जारी, 24 घंटे में 10 की मौत, मृतकों का आंकड़ा 41 पहुंचा

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य में बाढ़ के कारण चार बच्चों समेत 10 लोगों की मौत हो गई।

ASDMA की बाढ़ रिपोर्ट के मुताबिक, शिवसागर और जोरहाट जिलों में तीन-तीन लोगों, चराइदेव जिले में दो लोगों, जबकि धीमाजी और कार्बी आंगलोंग जिले में एक-एक व्यक्ति की बाढ़ के कारण जान गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि अब तक राज्य में बाढ़ से कुल 41 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, तीन पुरुष और तीन महिलाओं समेत छह अन्य लोग अब भी लापता हैं।

राज्य में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। बाढ़ की मौजूदा लहर से 11 जिलों के 6.53 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। प्रभावित जिलों में कार्बी आंगलोंग, गोलाघाट, चराइदेव, कामरूप, शिवसागर, जोरहाट, डिब्रूगढ़, नगांव, धीमाजी, होजाई और कामरूप (मेट्रो) शामिल हैं।


CJP प्रोटेस्ट के बीच सोनम वांगचुक ने अनिश्चित काल के लिए बढ़ाई भूख हड़ताल, आज भी मेट्रो के 16 स्टेशन बंद

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन जारी है। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल अनिश्चित काल के लिए बढ़ा दी है। उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने बताया कि वांगचुक सरकार से यह भरोसा चाहते हैं कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं की जाएगी और न ही उनके साथ कोई अन्याय होगा।

धरना प्रदर्शन के बीच दिल्ली मेट्रो ने आज फिर राजीव चौक, पटेल चौक, सुप्रीम कोर्ट और मंडी हाउस समेत 16 स्टेशनों को बंद रखा है। यह अगले आदेश के बाद खुलेंगे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए