बड़ी खबर LIVE: ट्रंप का दावा- ईरान से अच्छी डील होने वाली है, अब कोई युद्ध, न्यूक्लियर हथियार नहीं होंगे

डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि मैंने पहल नहीं किया, ईरान ने कॉल किया। वे एक डील करना चाहते थे। हम डील के लिए तैयार हैं। यह एक अच्छी डील होने वाली है। अब कोई युद्ध नहीं होंगे। वे इस बात पर सहमत हो गए हैं कि उनके पास अब न्यूक्लियर हथियार नहीं होंगे

फोटोः GettyImages
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

बंगाल चुनावः वाम मोर्चा ने 15 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की

वाम मोर्चा ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी की, जिसमें 15 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए। इससे पहले, वाम मोर्चा ने 224 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पश्चिम बंगाल की विधानसभा में कुल 294 सीट हैं।

इस नवीनतम सूची के साथ, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चा ने राज्य में 23 और 29 अप्रैल को होने वाले दो चरणों के विधानसभा चुनाव के लिए 239 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। मतगणना 4 मई को होगी।

नौशाद सिद्दीकी के नेतृत्व वाले इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) ने 33 सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है, 29 सीट पर वाम मोर्चा के साथ सहमति बन गई है। हालांकि, सिद्दीकी ने कहा कि आईएसएफ नंदीग्राम, पांसकुरा पश्चिम, भगबंगोला और मुरारई में भी उम्मीदवार उतारेगा।सीपीआई (एमएल)-लिबरेशन 10 निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है।

पालघर की एक दवा फैक्टरी में रसायन रिसाव के बाद 22 कर्मचारी अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र के पालघर के बोइसर इलाके में स्थित तारापुर एमआईडीसी में एक दवा बनाने की फैक्टरी में रसायन के रिसाव के बाद 20 से अधिक कर्मचारी अस्पताल में भर्ती कराए गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पालघर की कलेक्टर इंदु रानी जाखड़ ने बताया कि यह घटना रविवार दोपहर करीब 1:45 बजे एक टैंकर में डाई-मिथाइल सल्फेट (डीएमएस) भरते समय घटी।

उन्होंने बताया, "टैंकर की वेंट लाइन से थोड़ी मात्रा में रसायन जमीन पर फैल गया। ऑपरेटर ने तुरंत रिसाव को बंद कर दिया, लेकिन बाद में सफाई प्रक्रिया के दौरान उठी गैसों से कई कर्मचारी प्रभावित हुए। अपराह्न 2:30 बजे तक चूने और सोडा ऐश का उपयोग करके फैले हुए रसायन को निष्क्रिय कर दिया गया।" हालांकि, कलेक्टर ने बताया कि कुछ सुरक्षाकर्मियों और सफाई कार्य में लगे श्रमिकों को डाई-मिथाइल सल्फेट के कारण आंखों में जलन महसूस हुई।

मकान में नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं देने के मामले में बरेली के डीएम, एसएसपी तलब

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने मकान के भीतर कथित तौर पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं देने के एक मामले की सोमवार को सुनवाई करते हुए बरेली के जिलाधिकारी (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को 25 मार्च को उसके समक्ष पेश होने का निर्देश दिया। यह आदेश न्यायमूर्ति सरल श्रीवास्तव और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की पीठ ने बरेली के तारिक खान द्वारा दायर याचिका पर पारित किया।

राज्य सरकार की ओर से सोमवार को पेश हुए अपर महाधिवक्ता अनूप त्रिवेदी ने अदालत को बताया कि अधिकारियों ने नमाज पढ़ने में कभी कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं किया और वहां 50 लोग नियमित नमाज अदा कर रहे हैं।

इससे पूर्व, 12 फरवरी को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार के वकील को इस मामले में सरकार से जवाब हासिल करने का समय दिया था। इसी के साथ मरानाथा फुल गॉस्पेल मिनिस्ट्रीज बनाम उत्तर प्रदेश सरकार के मामले में 27 जनवरी, 2026 को पारित आदेश के लिए अदालत की अवमानना के तहत बरेली के डीएम एवं एसएसपी को नोटिस जारी किया था।

इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रतिवादी अधिकारियों ने 16 फरवरी को मकान के भीतर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी।


यूपी: गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी करने वाले आरोपियों की जमानत याचिका खारिज

वाराणसी की एक अदालत ने गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी करने और चिकन बिरयानी खाने के मामले में 14 आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी। वादी पक्ष के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित कुमार यादव ने 14 आरोपियों की जमानत सोमवार को खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि आरोप गंभीर और गैर जमानती हैं, इसलिए इस समय जमानत देने का कोई पर्याप्त आधार नहीं है।

त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने, सार्वजनिक उपद्रव, जल प्रदूषण सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया। बाद में पुलिस ने जबरन नाव लेने की धारा भी प्राथमिकी में जोड़ी। उन्होंने बताया कि सभी 14 आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। सभी को अदालत ने इस महीने के 19 तारीख को 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। आरोपियों के परिजनों ने 19 तारीख को जमानत अर्जी दाखिल की थी।

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और ओले गिरे


निर्वाचन आयोग के आदेश पत्र पर केरल बीजेपी की मुहर से विवाद,  आयोग ने इसे ‘लिपिकीय त्रुटि’ बताया

केरल में सोमवार को उस वक्त एक राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, जब निर्वाचन आयोग के एक पत्र पर भाजपा की प्रदेश इकाई की मुहर लगी पाई गई, जिसके बाद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रियाएं व्यक्त कीं। इस घटनाक्रम पर सफाई देते हुए आयोग ने कहा कि यह ‘‘पूरी तरह एक लिपिकीय त्रुटि’’ थी और इसे ‘‘तुरंत सुधार लिया गया था।’’

यह विवाद उस वक्त सामने आया जब माकपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर यह मुद्दा उठाया। इसने 19 मार्च 2019 को देश की राजनीतिक पार्टियों को भेजे गए एक पत्र के साथ संलग्न शपथपत्र साझा किया, जिस पर आयोग की आधिकारिक मुहर की जगह प्रदेश बीजेपी की मुहर लगी हुई थी।

माकपा ने इस मामले में कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘क्या बीजेपी ने अब सारे दिखावे छोड़ दिए हैं?’’ इसने यह भी कहा, ‘‘यह कोई रहस्य नहीं है कि एक ही शक्ति केंद्र भारत निर्वाचन आयोग और बीजेपी, दोनों को नियंत्रित करता प्रतीत होता है। फिर भी, कम से कम दो अलग-अलग डेस्क की औपचारिकता तो बनाए रखें।’’

पार्टी ने आरोप लगाया, ‘‘मुहरें यूं ही बदली जा रही हैं। निर्वाचन आयोग के पत्र पर बीजेपी की मुहर! पुराने आरोप की तरह कि- आप कोई भी बटन दबाएं, कमल ही दिखाई देता है- वैसा ही एक और ‘संयोग’ सामने आया है।’’ माकपा ने दावा किया कि यह दस्तावेज़ ‘‘कई पार्टियों को प्राप्त हुआ था’’ और ‘‘कम से कम दो प्राप्तकर्ताओं से इसका मिलान (क्रॉस-वेरिफिकेशन) किया गया’’। पार्टी ने यह भी कहा कि कि ईमेल आयोग के एक आधिकारिक स्रोत से भेजा गया था।

विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने एक आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा, ‘‘हमारे संज्ञान में आया है कि निर्वाचन आयोग का एक पत्र, जिस पर बीजेपी की मुहर लगी है, विभिन्न मलयालम समाचार चैनलों पर प्रसारित किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) का कार्यालय स्पष्ट करता है कि यह पूरी तरह एक लिपिकीय त्रुटि थी, जिसे तुरंत सुधार लिया गया था।’’ बयान में कहा गया, ‘‘त्रुटिपूर्ण दस्तावेज की वापसी का नोटिस सभी राजनीतिक दलों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचन अधिकारियों को भेजा गया था।’’

पुडुचेरी चुनाव के लिए सीट समझौता, कांग्रेस 16 सीटों पर और DMK 14 सीटों पर चुनाव लड़ेगी


तमिलनाडु चुनावः DMK और CPM में सीट शेयरिंग हुई, वामपंथी पार्टी 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी

ट्रंप का दावा- एक अच्छी डील होने वाली है, अब कोई युद्ध, न्यूक्लियर हथियार नहीं होंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि मैंने पहल नहीं किया, ईरान ने कॉल किया। वे एक डील करना चाहते थे। हम डील करने के लिए तैयार हैं। यह एक अच्छी डील होने वाली है। अब कोई युद्ध, न्यूक्लियर हथियार नहीं होंगे। वे इस बात पर सहमत हो गए हैं कि उनके पास अब न्यूक्लियर हथियार नहीं होंगे।"


एलपीजी कमी के चलते ओडिशा के भोजनालयों ने मेन्यू में कटौती की, कोयला और लकड़ी का इस्तेमाल शुरू

ओडिशा में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की कमी के कारण सड़क किनारे सैकड़ों ढाबे और छोटे रेस्तरां को अपना मेन्यू घटाने, दाम बढ़ाने और कई मामलों में कोयला और लकड़ी का सहारा लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है। भुवनेश्वर के एक शाकाहारी रेस्तरां के प्रबंधक प्रशांत कुमार भट्ट ने कहा कि संकट के चलते उन्हें अपने मेन्यू में भारी कटौती करनी पड़ी है। उन्होंने कहा, “पहले हम ग्राहकों को 180 व्यंजन परोसते थे, लेकिन अब पर्याप्त सिलेंडर नहीं मिलने के कारण इसे घटाकर 18 कर दिया गया है।” उन्होंने बताया कि अब कई व्यंजन इंडक्शन पर तैयार किए जा रहे हैं।

राजधानी का प्रसिद्ध ‘किशोर मटन’ होटल भी गैस की कमी के कारण अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए लकड़ी का इस्तेमाल कर रहा है। होटल के मालिक ने कहा, “पर्याप्त सिलेंडर नहीं मिलने के कारण हमने रात का खाना परोसना बंद कर दिया है।” इस संकट के चलते ‘खाओगली’ क्षेत्र के कई 'स्ट्रीट फूड' विक्रेताओं ने अपनी दुकानें बंद कर दी हैं, जबकि अन्य ने खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ा दिए हैं।

इसी तरह, दक्षिण भारतीय व्यंजनों के लिए प्रसिद्ध ब्रह्मपुर के कई टिफिन सेंटर संचालकों ने भी एलपीजी आपूर्ति में कथित कमी के बीच कीमतें बढ़ा दी हैं। इडली, वडा और पूड़ी जैसे व्यंजन, जो पहले 5 रुपये प्रति नग मिलते थे, अब सात रुपये में बिक रहे हैं, जबकि उपमा और डोसे की कीमतें क्रमशः 10 और 30 रुपये से बढ़ाकर 15 और 40 रुपये कर दी गई हैं।

उन्होंने कहा, “ईंधन और खाद्य तेल पर अधिक खर्च होने के कारण हमें विभिन्न वस्तुओं के दाम बढ़ाने पड़े हैं।” ब्रह्मपुर में खल्लिकोट यूनिटरी यूनिवर्सिटी के पास ‘घुगनी’ बेचने वाले कृष्ण चंद्र पाणिग्रही ने बताया कि उन्होंने इसकी कीमत 25 रुपये से बढ़ाकर 30 रुपये प्रति प्लेट कर दी है। वाणिज्यिक एलपीजी की कमी और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर जिला प्रशासन की सख्ती के चलते कई विक्रेताओं को अपना काम बंद करना पड़ा है।

पश्चिम एशिया पर पीएम मोदी के भाषण पर कांग्रेस सांसद बोले- कोई ठोस रणनीति नहीं दिखी

संसद में पश्चिम एशिया विवाद पर पीएम मोदी के बयान पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि उनके भाषण में कोई ठोस रणनीति नहीं दिखी। उन्होंने बार-बार 'चुनौती' शब्द का इस्तेमाल किया। अगर इसका मतलब चुनौती है, तो सरकार की तैयारी क्या है?


दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन के लिए 72 घंटे पहले सूचना देना अनिवार्य

दिल्ली विश्वविद्यालय ने परिसर में प्रस्तावित किसी भी विरोध प्रदर्शन या सभा का विवरण विश्वविद्यालय अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को कम से कम 72 घंटे पहले प्रस्तुत करना अनिवार्य कर दिया है। सोमवार को जारी एक आधिकारिक नोटिस में यह जानकारी दी गई।

यह निर्देश विश्वविद्यालय द्वारा 17 फरवरी को विरोध प्रदर्शनों पर लगाए गए एक महीने के प्रतिबंध के कुछ दिनों बाद आया है। यह प्रतिबंध नॉर्थ कैंपस में छात्रों के एक मार्च के हिंसक हो जाने के बाद लगाया गया था, जिसमें कथित तौर पर एक महिला पत्रकार पर हमला किया गया था।

प्रॉक्टर कार्यालय द्वारा जारी यह नोटिस छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य हितधारकों को संबोधित है। इसमें कहा गया है कि आयोजकों को अपने आवेदन की हस्ताक्षरित हार्ड कॉपी विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर कार्यालय और संबंधित स्थानीय पुलिस अधिकारियों (जिनमें पुलिस उपायुक्त और संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी शामिल हैं) के पास जमा करानी होगी।

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के प्रॉक्टर मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आवेदन में आयोजक का नाम, कॉलेज या विभाग, संपर्क विवरण, कार्यक्रम की प्रकृति और अवधि, रसद आवश्यकताएं, वक्ताओं की सूची और प्रतिभागियों की अपेक्षित संख्या जैसे विवरण शामिल होने चाहिए। नोटिस के अनुसार, परिसर में किसी भी सभा, जमावड़े, विरोध प्रदर्शन, धरने, मार्च, जुलूस या इसी तरह की गतिविधि से 72 घंटे पहले ये विवरण जमा करने होंगे।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की आंख की एक और सर्जरी हुई

पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दाहिनी आंख की सर्जरी तीसरी बार सोमवार को की गई। अस्पताल अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जनवरी में पाकिस्तानी उच्चतम न्यायालय में प्रस्तुत एक रिपोर्ट के अनुसार, 73-वर्षीय खान को सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन (सीआरवीओ) नामक एक गंभीर नेत्र रोग का पता चला था।

अस्पताल के एक बयान के अनुसार, उन्हें इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पिम्स) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी दाहिनी आंख की ‘तीसरी बार सर्जरी’ की गई। क्रिकेटर से राजनेता बने और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक खान को एंटी-वीईजीएफ इंट्राविट्रियल इंजेक्शन की तीसरी खुराक दी गई। बयान में आगे कहा गया है कि सर्जरी से पहले, उसके दौरान और इसके बाद में उनकी हालत स्थिर रही।


केरल: सतीशन ने नामांकन पत्र दाखिल किया, CPM-BJP पर चुनावी समझौते का आरोप लगाया

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी. डी. सतीशन ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और आरोप लगाया कि राज्य के कई निर्वाचन क्षेत्रों में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) और बीजेपी ने चुनावी ‘‘समझौते’’ किए हैं।

नामांकन पत्र दाखिल करने का आखिरी दिन सोमवार था और कई प्रमुख नेताओं ने निर्वाचन आयोग के प्राधिकारियों के समक्ष अपने दस्तावेज जमा किए। वरिष्ठ नेताओं के साथ सतीशन ने दोपहर के आसपास परवूर में अतिरिक्त तहसीलदार के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सतीशन ने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद कहा कि माकपा-भाजपा के बीच कथित ‘‘समझौता’’ केवल पलक्कड़ तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अन्य निर्वाचन क्षेत्रों तक भी फैला हुआ है।

ईरान ने अमेरिका से किसी बातचीत से किया इनकार, कहा- कड़ी चेतावनी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति पीछे हटे

ईरानी सरकारी टेलीविजन ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की समय सीमा को पांच दिन के लिए बढ़ाने के फैसले पर तेहरान की पहली प्रतिक्रिया दी।

मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय समयानुसार रात लगभग 12 बजे समय सीमा समाप्त होनी थी, लेकिन ट्रंप ने सोमवार को कहा कि उन्होंने समय सीमा पांच दिन के लिए बढ़ा दी है। इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए, ईरानी सरकारी टेलीविजन ने स्क्रीन पर एक ग्राफिक में कहा, ‘‘ईरान की कड़ी चेतावनी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति पीछे हटे।’’


असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने जोरहाट सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया

कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगाई ने सोमवार को जोरहाट सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और यह पहली बार है जब वह विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाने मैदान में उतरे हैं। लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गोगोई ने जोरहाट स्टेडियम से रैली शुरू करने से पूर्व विभिन्न धार्मिक स्थलों का दौरा किया। उन्होंने जोरहाट गुरुद्वारा, बूढ़ी गोसाईं देवालय, ताराजान मस्जिद और जेल रोड चर्च में प्रार्थना की। लगभग तीन घंटे बाद इस रैली का समापन जिला आयुक्त कार्यालय पर हुआ। रैली में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए।

नामांकन दाखिल करने से पहले गोगोई ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव “असम की राजनीति को बदलने का अवसर” है। उन्होंने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में राज्य की राजनीति बहुत निचले स्तर पर चली गई है, जिसके कारण देश के अन्य हिस्सों में जाने पर हमें शर्म महसूस होती है।” कांग्रेस नेता ने समाज और राजनीति को स्वच्छ बनाने के लिए लोगों से “सामूहिक जिम्मेदारी” निभाने का आह्वान किया।

गोगोई ने कहा, ‘‘कांग्रेस की सरकार बनी तो यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसी भी दल की बैठक या रैली में शामिल होने की बाध्यता न रहे।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लाभार्थी महिलाओं को योजनाओं का फायदा पाने के लिए पार्टी की रैलियों और बैठकों में शामिल होने के लिए बाध्य कर उनका अपमान कर रही है।

ट्रंप ने ईरानी पावर प्लांट्स और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले को पांच दिन के लिए रोकने का आदेश दिया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, "मैंने डिपार्टमेंट ऑफ़ वॉर को निर्देश दिया है कि वह ईरानी पावर प्लांट्स और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर किसी भी मिलिट्री हमले को पांच दिन के लिए टाल दे, यह चल रही मीटिंग्स और चर्चाओं की सफलता पर निर्भर करेगा।"


फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' ने रिलीज के बाद पहले चार दिनों में 761 करोड़ रु की कमाई की

आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ रिलीज के पहले चार दिनों में वैश्विक स्तर पर 761 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार करते हुए ‘पुष्पा 2’ के बाद शुरुआती सप्ताहांत में रिकॉर्ड बनाने वाली दूसरी भारतीय फिल्म बन गई है। अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' ने अपने रिलीज के बाद चार दिनों में 795.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी जबकि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने इस समयसीमा के अंदर 761 करोड़ रुपये कमाए।

फिल्म ने भारत में 'पेड प्रिव्यू' और पहले दिन के प्रदर्शन से 145 करोड़ रुपये कमाए जबकि विदेशों में 52 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही यह एक ही भाषा में एक दिन में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई।

दूसरे दिन फिल्म ने भारत में 83 करोड़ और विदेशों में 46 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। शनिवार और रविवार को यह बढ़कर क्रमश: भारत में 117 करोड़ और 121 करोड़ रुपये तथा विदेशों में 58 करोड़ और 56 करोड़ रुपये रहा, जिसके साथ चार दिनों में कुल वैश्विक कलेक्शन 761 करोड़ रुपये हो गया। यह फिल्म 19 मार्च को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुई। फिल्म कंधार विमान अपहरण, 2001 के संसद हमले और 26/11 मुंबई हमलों जैसी भू-राजनीतिक और आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि पर आधारित खुफिया अभियानों की कहानी है।

पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारी की आत्महत्या मामले में पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को गिरफ्तार किया गया


कर्नाटक उपचुनाव: बागलकोट से कांग्रेस उम्मीदवार उमेश मेती ने नामांकन दाखिल किया

UP के मुज़फ़्फ़रनगर में लड़के का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में मदरसा शिक्षक गिरफ़्तार


मिडिल इस्ट में जारी जंग पर लोकसभा में पीएम मोदी का बयान

मिडिल ईस्‍ट में जारी जंग पर लोकसभा में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में हालत चिंताजनक है। देश के सामने चुनौतियां बेहद ज्‍यादा हैं। दुनियाभर के लोग जंग रोकने के लिए अपील कर रहे हैं।

मिडिल ईस्‍ट संघर्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "पश्चिम एशिया की स्थिति चिंताजनक है। पिछले दो-तीन हफ्तों में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने सदन को स्थिति का विस्तृत विवरण दिया है। यह संघर्ष तीन हफ्ते से अधिक समय से चल रहा है। इसका वैश्विक अर्थव्यवस्था और लोगों के जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है, और इसीलिए दुनिया इस संघर्ष के शीघ्र समाधान के लिए सभी पक्षों से आग्रह कर रही है।"

उन्होंने कहा कि भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए हमने कई कदम उठाए हैं। हम 41 देशों से ऊर्जा उत्‍पाद आयात करते हैं। मिडिल संकट के बाद हमने कई और विकल्‍प तलाशने पर भी जोर दिया है। लेकिन हॉर्मुज स्‍ट्रेट से सप्‍लाई चेन प्रभावित होने के कारण आयात पर प्रभाव पड़ा है। इसे दूर करने के लिए हम कदम उठा रहे हैं।

पीएम मोदी ने बताया, "भारत के सामने भी इस युद्ध ने अप्रत्याशित चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। यह चुनौतियां आर्थिक भी हैं, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी भी है और मानवीय भी हैं। युद्धरत और युद्ध से प्रभावित देशों के साथ भारत के व्यापक व्यापारिक रिश्ते हैं। जिस क्षेत्र में यह जंग हो रहा है, वह दुनिया के दूसरे देशों के साथ हमारे व्यापार का भी एक महत्वपूर्ण रास्ता है।  विशेष रूप से कच्चे तेल और गैस की हमारी जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा यही क्षेत्र पूरा करता है।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "भारत के युद्धग्रस्त और संघर्ष से प्रभावित देशों के साथ व्यापक व्यापारिक संबंध हैं। जिस क्षेत्र में संघर्ष चल रहा है, वह विश्व के अन्य देशों के साथ हमारे व्यापार का एक महत्वपूर्ण मार्ग भी है, खास तौर पर हमारी कच्चे तेल और गैस की जरूरतों के एक बड़े हिस्से के लिए। यह क्षेत्र हमारे लिए एक और कारण से भी महत्वपूर्ण है। खाड़ी देशों में लगभग 1 करोड़ भारतीय रहते और काम करते हैं। वहां वाणिज्यिक जहाज चलते हैं. भारतीय चालक दल के सदस्यों की संख्या भी बहुत अधिक है। इन विभिन्न कारणों से, भारत की चिंताएं स्वाभाविक रूप से अधिक हैं। इसलिए, यह आवश्यक है कि संसद से इस संकट के संबंध में एक एकीकृत आवाज और आम सहमति विश्व तक पहुंचे।"

बिहार बोर्ड के 12वीं का रिजल्ट जारी, 85.19% छात्र पास, आर्ट्स-कॉमर्स में लड़कियां बनीं टॉपर

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने आज दोपहर 12वीं (इंटर) का रिजल्ट आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया है। छात्र अपना स्कोरकार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.biharboardonline.com पर देख सकते हैं।

इस साल भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा है। तीनों संकायों (आर्ट्स,  कॉमर्स, साइंस) को मिलाकर कुल 13.17 लाख (13,17,846) छात्र परीक्षा में बैठे थे, जिनमें से 86.23 प्रतिशत छात्राएं पास हुई हैं।


सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, चांदी 2 लाख से नीचे लुढ़की, सोने के दाम धड़ाम

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच सोना-चांदी के भाव में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। चांदी की कीमत 2 लाख रुपये से नीचे लुढ़क गई है। वहीं, सोने में लगा लोअर सर्किट लग गया है।

29 जनवरी 2026 को चांदी की कीमत 4.25 लाख रुपये प्रति किलो थी, जो आज गिरकर 2 लाख रुपये नीचे पहुंच गई है। यानी महज दो महीने के अंदर चांदी 2.25 लाख रुपये किलो सस्ती हो चुकी है। सोमवार को ट्रेडिंग के दौरान चांदी की कीमत 2 लाख रुपये से नीचे लुढ़क गई। वहीं, सोने में 10 फीसदी का लोअर सर्किट लग गया है।

सोमवार को MCX पर सोने में 10 फीसदी लोअर सर्किट लग गया है, जिससे भाव करीब 14000 रुपये गिरकर 1.30 लाख रुपये से नीचे प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है। 

SC ने गुरुग्राम में नाबालिग से रेप की CBI जांच की मांग वाली याचिका पर हरियाणा सरकार, DGP से जवाब मांगा

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को हरियाणा सरकार, उसके DGP और अन्य को नोटिस जारी कर गुरुग्राम में चार साल की बच्ची से रेप के मामले में CBI या SIT जांच की मांग वाली याचिका पर जवाब मांगा है।


दिल्ली आर्थिक समीक्षा 2025-26 पेश,प्रति व्यक्ति आय 5.31 लाख रुपये रहने का अनुमान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में आर्थिक समीक्षा 2025-26 सोमवार को पेश की।

आर्थिक समीक्षा के अनुसार, प्रति व्यक्ति आय मौजूदा कीमतों पर अग्रिम अनुमान के अनुसार 2025-26 में 5,31,610 रुपये तक पहुंचने की संभावना है जो 2024-25 के मुकाबले 7.92 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।

कॉर्पोरेट कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 लोकसभा में पेश, JPC को भेजा गया

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को लोकसभा में 'कॉर्पोरेट कानून (संशोधन) विधेयक, 2026' पेश किया। लोकसभा ने इस विधेयक को विस्तृत जांच के लिए एक 'संयुक्त संसदीय समिति' (JPC) के पास भेजने का प्रस्ताव पारित किया।

इस विधेयक के माध्यम से 'सीमित दायित्व भागीदारी अधिनियम, 2008' और 'कंपनी अधिनियम, 2013' में और संशोधन करने का प्रस्ताव है।


असम: गौरव गोगोई ने जोरहाट में अपना नामांकन दाखिल करने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई को श्रद्धांजलि दी

यह सरकार सिर्फ ‘खास’ दोस्तों और कंपनियों के लिए काम करती है, घरेलू हवाई किराए पर लगी सीमा हटाने के फैसले पर सपा सांसद राजीव राय


न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर एयर कनाडा का एक विमान पोर्ट अथॉरिटी के वाहन से टकराया

 न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर एयर कनाडा का एक विमान लैंडिंग के बाद पोर्ट अथॉरिटी के वाहन से टकरा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने इस घटना की पुष्टि की लेकिन कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी।

न्यूयॉर्क शहर के दमकल विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि रात 11:38 बजे रनवे पर एक विमान और वाहन की टक्कर के बारे में सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मी वहां पहुंचे।

कुछ प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए और सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए कई वीडियो में विमान के सामने का हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है।

पश्चिम बंगाल की जनता ममता बनर्जी की सरकार को ही चुनेगी, अखिलेश यादव का दावा


उत्तर प्रदेश: हापुड़ के धौलाना इलाके में कूलर फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

जम्मू-कश्मीर: दिल्ली लाल किला ब्लास्ट केस के सिलसिले में NIA की टीमों ने नौगाम में कई जगहों पर छापेमारी की


बंगाल में जिस तरह SIR के नाम पर तमाम लोगों के साथ बेईमानी की है, जनता इनको सबक सिखाने के लिए इंतजार कर रही है- कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत

बंगाल चुनाव: कोई वोट इधर-उधर नहीं जाएगा, सब वोट ममता बनर्जी को ही जाएंगे, TMC नेता फिरहाद हकीम


दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश, अगले कुछ घंटो के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में सोमवार सुबह बारिश हुई, वहीं अगले कुछ घंटों में अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है जिससे नोएडा, गाजियाबाद, बहादुरगढ़ और आसपास के क्षेत्र भी प्रभावित होंगे।

मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों के लिए सुबह करीब 11:20 बजे तक के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है और निवासियों को आंधी-तूफान के दौरान सतर्क रहने को कहा है।

Sensex 800 अंक टूटा, Nifty 22,850 के नीचे; US के 48 घंटे के अल्टीमेटम से बाज़ारों में हड़कंप


मध्य इजराइल में मिसाइल गिरने के बाद IDF ने ईरान में ठिकानों पर हमलों की नई लहर शुरू की 

मैक्रों ने सऊदी क्राउन प्रिंस के साथ बातचीत में "ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमलों को रोकने" का आह्वान किया


ब्रेंट क्रूड 112 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, 30 दिनों में इसमें करीब 56 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई

ईरान की चेतावनी, 'अमेरिका ने पावर प्लांट्स पर हमला किया तो पूरी तरह बंद होगा होर्मुज स्ट्रेट'

ईरान ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका उसके बिजली संयंत्रों पर हमला करता है तो वह होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह से बंद कर देगा और वॉटर इंफ्रास्ट्रक्चर पर जवाबी हमला करेगा।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia