बड़ी खबर LIVE: बागी सांसदों पर सख्त आम आदमी पार्टी, दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग की

आप ने बीजेपी में शामिल होने के लिए राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक को राज्यसभा से अयोग्य घोषित करने की मांग की है। संजय सिंह ने कहा कि वह राज्यसभा स्पीकर को पत्र सौंपेंगे जिसमें दलबदल विरोधी कानून के तहत तीनों को अयोग्य घोषित करने की मांग की जाएगी।

फोटोः IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

आप सही रास्ते पर चलती तो चड्ढा एवं अन्य लोग पार्टी छोड़कर नहीं जाते: अन्ना हजारे

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने शुक्रवार को कहा कि अगर आम आदमी पार्टी (आप) ‘सही’ रास्ते पर चलती तो राघव चड्ढा और पार्टी के छह अन्य राज्यसभा सदस्य पार्टी नहीं छोड़ते। हजारे ने महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में पत्रकारों से कहा, ‘‘ लोकतंत्र में हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है। उन्हें (चड्ढा और अन्य लोगों को) कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा होगा, इसीलिए वे चले गए।’’

बागी सांसदों पर सख्त आम आदमी पार्टी, दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग की

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने शुक्रवार को बीजेपी में शामिल होने के लिए राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक को उच्च सदन से अयोग्य घोषित करने की मांग करेंगे। संजय सिंह ने कहा कि वह राज्यसभा स्पीकर को एक पत्र सौंपेंगे जिसमें दलबदल विरोधी कानून के तहत तीनों सांसदों को अयोग्य घोषित करने की मांग की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, आप बगावत करने वाले सांसदों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए अब दल-बदल कानून के तहत कानूनी कार्रवाई करने की भी तैयारी कर रही है। पार्टी का कहना है कि कानून के तहत उनकी सदस्यता रद्द हो सकती है। पार्टी का मानना है कि भले ही बागी सांसदों ने यह दावा किया है कि दो-तिहाई सांसद उनके साथ हैं, लेकिन हकीकत में केवल तीन सांसदों ने ही भाजपा का दामन थामा है। ऐसे में यह मामला सीधे तौर पर दल-बदल कानून के दायरे में आता है।

पार्टी इस पूरे मामले में कानूनी जानकारों की सलाह ले रही है और जल्द ही औपचारिक कार्रवाई की जा सकती है। आम आदमी पार्टी का स्पष्ट कहना है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने वाले सांसदों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

हाईकोर्ट ने बंगाल में बाइक से आवाजाही पर रोक लगाने पर चुनाव आयोग की खिंचाई की

कलकत्ता हाई कोर्ट का कहना है कि निर्वाचन आयोग पश्चिम बंगाल में फ्री और फेयर इलेक्शन के नाम पर मोटरसाइकिल चलाने पर पूरी तरह बैन नहीं लगा सकता। हाईकोर्ट ने कहा कि आयोग को मौजूदा कानूनों और नियमों का पालन करना होगा।


बस यह देखना है कि केजरीवाल कब बीजेपी में शामिल होते हैं: बघेल

कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल ने आम आदमी पार्टी (आप) के सात राज्यसभा सदस्यों के दल-बदल कर बीजेपी में जाने को लेकर शुक्रवार को कटाक्ष किया कि आप और बीजेपी में कोई अंतर नहीं है और बस अब यह देखना है कि अरविंद केजरीवाल कब बीजेपी में शामिल होते हैं।

पार्टी के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने अन्ना हजारे आंदोलन का उल्लेख करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘केजरीवाल जी विवेकानंद फाउंडेशन में बैठने वाले लोग हैं। उनके साथ बाबा रामदेव भी बैठे व और भी लोग थे जिन्होंने आंदोलन की शुरूआत की। आम आदमी पार्टी वहीं से निकली है और ये बीजेपी की बी टीम है।’’

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के लोग अब अपनी असली पार्टी में जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी और बीजेपी में अंतर नहीं है। अब देखना बस ये है कि केजरीवाल जी बीजेपी में कब जा रहे हैं।’’

महिला पत्रकारों पर आपत्तिजनक पोस्ट मामले में अभिजीत अय्यर मित्रा के खिलाफ प्राथमिकी के आदेश

दिल्ली की एक अदालत ने वेबसाइट ‘न्यूजलॉण्ड्री’ की नौ महिला पत्रकारों के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों के मामले में पत्रकार अभिजीत अय्यर मित्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट भानु प्रताप सिंह छह शिकायतकर्ताओं की ओर से पत्रकार मनीषा पांडे द्वारा उस याचिका पर सुनवाई कर रहे थे, जिसमें आरोप लगाया गया था कि मित्रा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रकाशित पोस्ट और लेखों की एक शृंखला में बार-बार आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।

अदालत ने 22 अप्रैल के आदेश में कहा, ‘‘अदालत का मानना है कि पुलिस जांच आवश्यक है, क्योंकि यह अपराध सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किया गया है। इसलिए यह जांच करना जरूरी है कि जिन अकाउंट्स ये ट्वीट किए गए, वे किसके हैं।’’

याचिका के अनुसार, मित्रा ने कथित तौर पर न्यूजलॉण्ड्री की महिला पत्रकारों के खिलाफ अपमानजनक ट्वीट किए।

शिकायतकर्ताओं ने 28 अप्रैल 2025 के एक कथित ट्वीट का स्क्रीनशॉट रिकॉर्ड पर प्रस्तुत किया। उन्होंने आठ फरवरी 2025 को भी एक अन्य ट्वीट किया, जिसमें आरोपी पर महिला पत्रकारों के खिलाफ यौन संबंधी अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप है।

न्यायाधीश ने कहा, ‘‘ट्वीट का अवलोकन करने पर यह अदालत इस निष्कर्ष पर पहुंचती है कि आरोपी द्वारा पोस्ट की गई विषय-वस्तु यौन संदर्भ युक्त हैं और प्रथम दृष्टया शिकायतकर्ता की मर्यादा को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से लिखी गई हैं।’’ अदालत ने माना कि इन पोस्ट से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(3) (यौन उत्पीड़न) और धारा 79 (महिला की मर्यादा भंग करना) के तहत संज्ञेय अपराध बनता है।

अदालत ने कहा, ‘‘यह भी आवश्यक है कि पुलिस जांच के माध्यम से उस कंप्यूटर स्रोत/इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का पता लगाया जाए, जिससे ये ट्वीट किए गए। साथ ही, प्रस्तुत की गई कार्रवाई रिपोर्ट संतोषजनक नहीं है।’’ इसके अनुसार, अदालत ने मालवीय नगर थाने के प्रभारी को प्राथमिकी दर्ज करने और चार मई तक अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया


तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने उच्च मतदान प्रतिशत को सराहा, इसे ‘बड़े बदलाव वाला चुनाव’ बताया

मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में 23 अप्रैल को हुआ भारी मतदान नागरिक जिम्मेदारी का एक सराहनीय कदम था और उन्होंने इसे बड़े बदलाव वाला चुनाव करार दिया। लोगों ने चिलचिलाती धूप के बावजूद बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोगों ने मतदान के लिए लंबी दूरी तय की और मत देने के बाद बृहस्पतिवार रात को ही अपने कार्यस्थल पर लौट गये। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ ‘यह केवल एक वोट है’ सोचने के बजाय, लोगों ने शायद इस प्रेरणा के साथ वोट दिया कि ‘यह एक समूची पीढ़ी के लिए है’। मैं ऐसे सभी जिम्मेदार नागरिकों की सराहना करता हूं।

ईरान के विदेश मंत्री अराघची अमेरिका के साथ युद्धविराम वार्ता के लिए पाकिस्तान जाएंगे

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ ने शुक्रवार को पुष्टि की कि ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची पाकिस्तान की यात्रा पर रवाना होने वाले हैं। इरना के अनुसार, अराघची ओमान और रूस भी जाएंगे।

अराघची की पाकिस्तान यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब वहां के अधिकारी अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता शुरू कराने के प्रयास कर रहे हैं। इरना की रिपोर्ट में कहा गया है कि शुक्रवार से शुरू हो रही अराघची की यात्रा ‘‘द्विपक्षीय परामर्श, क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा तथा अमेरिका एवं इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ थोपे गए युद्ध की ताजा स्थिति’’ पर केंद्रित है।


मुरादाबाद में डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मारी, एक परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह मैनाठेर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-संभल मार्ग पर हुई जब मुरादाबाद की ओर से आ रहे मिट्टी से भरे डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी जिससे ट्रॉली में सवार लोग सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरातफरी मच गई।

मैनाठेर थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि ट्रॉली में सवार लोग पारिवारिक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि इस हादसे में सुमन (30), उनके बेटे अजीत (12), बेटी सृष्टि (10) और एक अन्य की मौत हो गई। हादसे में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। डंपर चालक भी हादसे में घायल हुआ है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।

ममता ने अमित शाह की भाषा पर साधा निशाना, कहा- इस तरीके से आप बंगाल कभी नहीं जीत सकते

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अमित शाह की भाषा पर सवाल उठाते हुए कहा, "होम मिनिस्टर अमित शाह किस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं? आप कह रहे हैं कि चुनाव के बाद आप लोगों को उल्टा लटका देंगे। इस तरीके से आप बंगाल कभी नहीं जीत सकते, कभी नहीं!"


ममता के लिए प्रचार करने बंगाल पहुंचे तेजस्वी, बोले- ममता ने बिहारियों के लिए बहुत काम किया, बीजेपी ने बिहार और देश के लोगों को लूटा है

पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "मैं टीएमसी के लिए प्रचार कर रहा हूं और मुझे पूरा भरोसा है कि ममता बनर्जी फिर से सीएम बनेंगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल में बिहारियों के लिए बहुत काम किया है। बीजेपी ने बिहार और देश के लोगों को लूटा है।"

दिग्गज बंगाली अभिनेता बिप्लव दासगुप्ता का निधन

‘‘गुमनामी’’ और ‘‘जुल्फिकार’’ जैसी फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए पहचाने जाने वाले दिग्गज बंगाली अभिनेता बिप्लव दासगुप्ता का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार को यहां निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दासगुप्ता पिछले कुछ समय से सर्जरी के बाद होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से जूझ रहे थे। शुक्रवार को टॉलीगंज स्थित गोल्फ क्लब रोड आवास पर बेचैनी महसूस होने के बाद दासगुप्ता को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दासगुप्ता के परिवार में उनकी पत्नी और बेटी हैं। दासगुप्ता ने ‘केमिस्ट्री मासी’, ‘जगमाया’ और ‘चेकमेट’ जैसे टीवी धारावाहिकों में भी अपने अभिनय की छाप छोड़ी थी। दासगुप्ता के पार्थिव शरीर को ‘टेक्नीशियन स्टूडियो’ ले जाये जाने पर फिल्म, टेलीविजन और ओटीटी जगत की हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।


निर्वाचन आयोग ‘बीजेपी के विभाग’ की कर रहा है बर्ताव: कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल

कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को निर्वाचन आयोग को ‘बीजेपी का एक विभाग’ करार देते हुए आरोप लगाया कि उसने प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे को तुरंत नोटिस जारी कर दिया, जबकि नरेन्द्र मोदी के हालिया सार्वजनिक संबोधन पर कोई कार्रवाई नहीं की।

वेणुगोपाल ने दावा किया कि संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित विधेयकों के पारित नहीं होने के बाद प्रधानमंत्री का हालिया सार्वजनिक संबोधन ‘चुनाव नियमों और आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन’ था।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की शिकायतों के बावजूद निर्वाचन आयोग ने इस मामले पर कोई कार्रवाई नहीं की।

वेणुगोपाल ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा, “लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष को एक गैर-मुद्दे पर 24 घंटे के भीतर नोटिस जारी कर दिया गया, जबकि उन्होंने पहले ही स्पष्टीकरण दे दिया था। उन्हें नोटिस का जवाब देने के लिए सिर्फ 24 घंटे का समय दिया गया।’’

यमुना के विपरीत हुगली नदी का पानी साफ, प्रधानमंत्री इसमें नाव की सवारी का लुत्फ उठा सकते हैं: ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य में हुगली नदी में नाव की सवारी का लुत्फ उठा सकते हैं, क्योंकि दिल्ली में यमुना नदी के जल के विपरीत इसका पानी साफ है।

हावड़ा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता ने दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार को यमुना नदी में प्रदूषण के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण मोदी राष्ट्रीय राजधानी में यमुना नदी में नाव की सवारी का लुत्फ नहीं उठा पाएंगे।

ममता ने कहा कि यह अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री ने हुगली नदी में नौका विहार का आनंद लेने का फैसला किया, जहां राज्य सरकार और कोलकाता नगर निगम सहित अन्य नगर निकायों ने नदी तट के आस-पास के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण किया है।

बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा के बारे में प्रधानमंत्री के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता ने कहा कि उन्हें (मोदी) खुद स्थिति का आकलन करना चाहिए और इसकी तुलना भाजपा शासित राज्यों से करनी चाहिए।

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा, “देखिए यहां महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं - शहर में, राज्य में, सड़कों पर - भाजपा शासित दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के विपरीत, जहां महिलाओं पर हमले की घटनाएं हर रोज सामने आती हैं।”


जो लोग डर जाते हैं, वो बीजेपी में शामिल हो जाते हैं: तेजस्वी यादव

राज्यसभा में AAP के 2/3 सांसदों द्वारा बीजेपी में शामिल होने के ऐलान पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा किजो लोग डर जाते हैं वो बीजेपी में शामिल हो जाते हैं। हमें ऐसे नेताओं की पहचान करने की जरूरत है, जो वैचारिक रूप से जुड़े हुए हैं।

बंगाल में ममता, केरल में कांग्रेस और तमिलनाडु में द्रमुक चुनाव जीत रही है : फारूक अब्दुल्ला

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी, केरल में कांग्रेस और तमिलनाडु में द्रमुक चुनाव जीत रही है।

अब्दुल्ला ने हजरतबल में पत्रकारों से हालिया चुनावों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘मैं आपको बताता हूं, और बाकी सब तो ईश्वर ही जानते हैं, बंगाल में ममता बनर्जी जीत रही हैं, केरल में कांग्रेस जीत रही है और तमिलनाडु में (एम के) स्टालिन की पार्टी द्रमुक जीत रही है। यह ईश्वर की कृपा है।’’

पश्चिम एशिया संघर्ष से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर देते हुए, नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख ने कहा कि शांति आवश्यक है और उन्होंने आशा व्यक्त की कि युद्ध जल्द से जल्द समाप्त हो जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘यदि पश्चिम एशिया में शांति नहीं लौटती है, तो इस दुनिया के लिए बड़ी त्रासदी होगी, ऐसे में हर किसी को - हर देश, हर नेता - को यह सुनिश्चित करने का प्रयास करना चाहिए कि यह युद्ध तुरंत समाप्त हो जाए।’’


इन सभी नेताओं को AAP ने जमीन से उठाकर संसद तक पहुंचाने का काम किया था लेकिन इन सातों लोगों ने पंजाब की जनता को धोखा दिया है: संजय सिंह

AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "बीजेपी का ऑपरेशन लोटस और राजनीति का खेल जिसमें भगवंत मान के कार्य रोकने का काम बड़े पैमाने पर शुरू हो गया है... पंजाब की सरकार वहां के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का काम करती है... पंजाब के किसी भी व्यक्ति को कोई रोग हो तो 10 लाख रुपए तक का इलाज कराने का काम किया जाता है। ऐसी सरकार को भाजपा ने रोकने और तोड़ने का काम किया है... आज AAP राज्य सभा के 7 सांसद अलग होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। इन सातों नामों को पंजाब की जनता माफ नहीं करेगी। राघव चड्ढा को AAP ने क्या नहीं दिया लेकिन वे बीजेपी में चले गए... इन सभी नेताओं को AAP ने जमीन से उठाकर संसद तक पहुंचाने का काम किया था लेकिन इन सातों लोगों ने पंजाब की जनता को धोखा दिया है..."

राज्यसभा के 73 सांसदों ने CEC को हटाने के लिए नोटिस पर साइन किए

देश के मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के खिलाफ राज्यसभा के 73 सांसदों ने एक नोटिस पर साइन किए और राज्यसभा के महासचिव को सौंपा। इसमें CEC के खिलाफ 9 आरोप लगाए गए हैं।


दिल्ली: वकीलों का BCD चुनावों में पक्षपात के आरोप में विरोध प्रदर्शन

राजस्थान विधानसभा में बम मिलने की धमकी

आज राजस्थान विधानसभा में बम से उड़ाने की धमकी मिली. विधानसभा भवन और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, परिसर की तलाशी और उसे सुरक्षित बनाने हेतु ATS, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमों को तैनात किया गया।


कांग्रेस की ऐतिहासिक पहल के कारण आज पंचायतों में 15 लाख निर्वाचित महिला प्रतिनिधि: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को पंचायती राज दिवस के अवसर पर कहा कि 73वें संविधान संशोधन के माध्यम से कांग्रेस द्वारा की गई ऐतिहासिक पहल का परिणाम है कि आज देशभर में लगभग 15 लाख निर्वाचित महिला प्रतिनिधि पंचायती राज संस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, जो दुनिया में महिलाओं की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक भागीदारी में से एक है। कांग्रेस की सरकार के समय 1993 में 73वें संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए कम से कम 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया था।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पंचायती राज, महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने की दिशा में एक मजबूत नींव रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी ने भारत के गांवों को सशक्त बनाते हुए उन्हें देश की मुख्य धारा से जोड़ा। उन्होंने हर वर्ग को अधिकार दिलाए और पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से जनभागीदारी को सुनिश्चित किया।

दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने DGCA के डिप्टी DG मुदावत देवुला और भारत माथुर को 6 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने 2014 में अफ्रीकी मूल की एक महिला पर कथित हमले के मामले में दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती और 16 अन्य को बरी कर दिया है।

 तेजस्वी ने दी पगड़ी संभालकर रखने की नसीहत

बिहार विधानसभा में नए सीएम सम्राट चौधरी को तेजस्वी यादव ने कहा कि आपने जो पगड़ी उतारकर कहीं भी रखी है तो उसको संभाल कर रखिएगा. विजय सिन्हा की उस पर नजर है.


मुंबई, महाराष्ट्र: क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर अपने 53वें जन्मदिन पर मुंबई में प्रशंसकों से मिले।

हाथरस में युवक ने पुलिस हिरासत में आत्महत्या की, कोतवाली प्रभारी समेत दो निलंबित

हाथरस जिले के चंदपा कोतवाली परिसर के शौचालय में एक युवक ने फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि इस मामले में कोतवाली प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात आरक्षी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, चंदपा थाना क्षेत्र की एक 16 साल की नाबालिग किशोरी 15 अप्रैल को लापता हो गई थी। आरोप है कि गाजियाबाद के लोनी का निवासी चंद्रपाल (28) उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस मामले में किशोरी के पिता ने 18 अप्रैल को चंदपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार किशोरी की तलाश में जुटी हुई थी।


908 समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, यात्रियों की बढ़ी संख्या की वजह से मिली मंजूरी

15 अप्रैल 2026 से 15 जुलाई 2026 तक यह स्कूल और गर्मी की छुट्टियां और पर्यटन का पीक सीजन होता है, इसलिए ट्रेनों में बहुत भीड़ होती है और वेटिंग लिस्ट लंबी हो जाती है। ऐसे में रेलवे की तरफ से 908 समर स्पेशल ट्रेनें चलाने को मंजूरी दी गई है।

मुंबई के भांडुप (पश्चिम) में मेट्रो मॉल के पास एक निर्माणाधीन SRA बिल्डिंग साइट पर कल रात एक गड्ढे में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए।


सीतापुर की अंशिका वर्मा ने उत्तर प्रदेश हाई स्कूल परीक्षाओं में टॉप किया है, और राज्य टॉपर होने का गौरव प्राप्त किया है।

इज़रायल-लेबनान के बीच तीन सप्ताह बढ़ा सीजफायर, ट्रंप ने किया ऐलान


तेहरान स्थित भारतीय दूतावास भारतीय नागरिकों को सलाह देता है कि वे ईरान की यात्रा न करें, चाहे हवाई मार्ग से हो या थल मार्ग से।

यूपी ATS की बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तानी गैंगस्टर्स और ISI के लिए काम कर रहे दो आतंकी नोएडा से गिरफ्तार


दिल्ली-NCR में प्रचंड गर्मी और हीटवेव का कहर जारी, 42 डिग्री के पार पहुंचा पारा

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-एनसीआर) में भीषण गर्मी और हीट वेव का असर लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा, जिससे लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा। विभाग ने स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia