बड़ी खबर LIVE: अयोध्या राम मंदिर चंदा मामले में केजरीवाल ने एसआईटी जांच की वैधता पर सवाल उठाए
अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर के लिए मिले चंदे में कथित हेराफेरी की जांच के लिए बनाए गए विशेष जांच दल (एसआईटी) पर सवाल उठाए।

जम्मू कश्मीर में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत, छह लोग घायल
जम्मू कश्मीर के डोडा और रियासी जिलों में बुधवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि डोडा जिले के खेलानी में एक कार के खाई में गिर जाने से एक दंपत्ति और उनकी बेटी की मौत हो गई।
इस हादसे में एक महिला और 13 साल का लड़का घायल हो गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारियों ने मृतकों की पहचान जय सिंह (46), उनकी पत्नी बबली देवी (44) और बेटी सोनाक्षी (18) के रूप में हुई है। ये सभी जम्मू के नगरोटा इलाके के रहने वाले थे।
उन्होंने बताया कि परिवार किश्तवाड़ जिले में मचैल माता मंदिर में दर्शन करके घर लौट रहा था।
अयोध्या राम मंदिर चंदा मामला: केजरीवाल ने एसआईटी जांच की वैधता पर सवाल उठाए
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर के लिए मिले चंदे में कथित हेराफेरी की जांच के लिए बनाए गए विशेष जांच दल (एसआईटी) पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस एसआईटी के पास कोई कानूनी अधिकार नहीं है और इसे कथित “चंदा चोरी” में शामिल लोगों को बचाने के लिए बनाया गया था।
केजरीवाल का यह बयान एसआईटी द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार को अपनी शुरुआती जांच रिपोर्ट सौंपने के एक दिन बाद आया है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और वे और तथ्य जुटा रहे हैं।
आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, “एसआईटी के पास कोई अधिकार नहीं हैं। यह न तो किसी को समन भेज सकती है, न ही किसी को गिरफ़्तार कर सकती है और न ही छापेमारी कर सकती है। अगर कोई प्राथमिकी नहीं है, तो किस कानून के तहत यह एसआईटी बनाई गई है?”
महिला आरक्षण बहाना है, आरक्षण असली निशाना है: कांग्रेस
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार महिला आरक्षण लागू करने के नाम पर दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है, लेकिन इसके पीछे का असली मकसद अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्ग के आरक्षण को समाप्त करना है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को दिए साक्षात्कार में यह भी कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिला आरक्षण लागू करना चाहती है तो वह मौजूदा 543 लोकसभा सीटों में से एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित कर सकती है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सीटों की संख्या बढ़ाने या परिसीमन की प्रक्रिया को महिला आरक्षण से जोड़ने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा, “तत्काल लक्ष्य परिसीमन हो सकता है, लेकिन असली निशाना आरक्षण है। 2024 के चुनाव के बाद जो घटनाक्रम सामने आए हैं, उनसे इस आशंका को और बल मिलता है।”
लखनऊ में आग लगने की घटना में मारे गये सभी लोगों की मौत दम घुटने से होने की पुष्टि
लखनऊ के अलीगंज इलाके में गत सोमवार को एक इमारत में आग लगने की घटना में जान गंवाने वाले सभी 15 लोगों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से उनकी मौत होने की पुष्टि हुई है।
सूत्रों ने बताया कि किसी भी शव के पोस्टमार्टम में ऐसी कोई गंभीर बाहरी चोट नहीं पायी गयी है, जिसे सीधे तौर पर मृत्यु का कारण माना जा सके।
उन्होंने बताया कि डॉक्टरों को शवों पर बुरी तरह जलने या गहरे घाव के कोई स्पष्ट सुबूत भी नहीं मिले हैं, मगर कई मृतकों के चेहरे और आंखों के आसपास सूजन देखी गई।
पोस्टमार्टम करने वाले विशेषज्ञों ने मृतकों की नाक के अंदर कालिख और धुएं के कण भी पाए जिससे यह जाहिर होता है कि मरने से पहले उनके शरीर में काफी मात्रा में धुएं ने प्रवेश किया था और दम घुटने से उनकी मौत हुई।
सूत्रों ने बताया कि इन तथ्यों के आधार पर डॉक्टरों ने निष्कर्ष निकाला कि आग लगने की घटना में मारे गये सभी 15 लोगों की मौत दम घुटने के कारण हुई है।
पोस्टमार्टम करने वाली टीम में शामिल एक वरिष्ठ डॉक्टर ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, ''पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि सभी 15 मृतकों की मौत फेफड़ों में अत्यधिक धुआं जाने से चलते दम घुटने के कारण हुई। शरीर पर जलने या बाहरी चोट के ऐसे कोई गंभीर निशान नहीं मिले जिन्हें मौत की सीधी वजह माना जा सके।''
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान सामने आयी ये जानकारियां जांच अधिकारियों को दे दी गई हैं।
कोलकाता के तारातला में निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिरा, 11 घायल SSKM ट्रॉमा केयर में भर्ती
पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल कोलकाता के तारातला में निर्माणाधीन गोदाम के शेड गिरने की जगह पर हैं। यहां सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अब तक 11 घायलों को SSKM हॉस्पिटल ट्रॉमा केयर सेंटर लाया गया है।
कोलकाता: NDRF और दूसरी टीमें तारातला में उस जगह पर ऑपरेशन कर रही हैं जहां एक बन रहा गोदाम शेड गिर गया था
कोलकाता में NDRF और दूसरी टीमें तारातला में उस जगह पर ऑपरेशन कर रही हैं जहां एक बन रहा गोदाम शेड गिर गया था।
कोलकाता: कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम के ढहने के बाद बचाव कार्य जारी है।
कोलकाता - तारातला में निर्माणाधीन गोदाम शेड गिरने वाली जगह पर NDRF की टीम पहुंची
कोलकाता में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन गोदाम गिरा, कई लोग मलबे में फंसे
पश्चिम कोलकाता के तारातला थाना क्षेत्र में ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर स्थित एक निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक ढह गई, जिसमें वहां काम कर रहे कई मजदूरों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।
मुंबई लोकल ट्रेन में मर्डर, शख्स की चाकू घोपकर हत्या, गेट बंद करने पर बढ़ा विवाद
मुंबई में बारिश के दौरान दरवाजा बंद करने और सीट विवाद को लेकर फास्ट मुंबई लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रेन रुकने से पहले ही फरार हो गया।
उप्र : लखीमपुर खीरी में बाघिन की मौत
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में वन अधिकारियों द्वारा पकड़ी गई चार वर्षीय बाघिन की मंगलवार शाम को अप्रत्याशित रूप से मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जून महीने की शुरुआत में बाघिन के कथित तौर पर हमले में दो लोगों की मौत हो गई थी।
वन अधिकारियों के गहन अभियान के बाद मंगलवार तड़के दुधवा बफर जोन के मझगईं रेंज में बाघिन को सफलतापूर्वक शांत करके पिंजरे में पकड़ लिया गया था। अधिकारियों ने कहा कि रेंज कार्यालय में लाए जाने के बाद बाघिन की चिकित्सीय जांच की गई और उसे फिट और स्वस्थ पाया गया।
वंशिका और नरवाल ने जूनियर विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता
वंशिका चौधरी और शिव नरवाल की भारतीय जोड़ी ने यहां आईएसएसएफ जूनियर विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता।
भारतीय जोड़ी ने कुल 469.7 अंक हासिल किए और वह पोलैंड के माल्गोरज़ाटा डाब्रोव्स्का और इवान राकित्स्की के बाद दूसरे स्थान पर रही। पोलैंड की जोड़ी ने 471.9 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। चीनी ताइपे के चेंग येन-चिंग और ह्सिएह ह्सियांग-चेन ने 410.0 अंक बनाकर कांस्य पदक हासिल किया।
भारत मंगलवार को रजत पदक जीतने के बावजूद चैंपियनशिप की पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। उसके कुल पदकों की संख्या 16 हो गई है, जिसमें पांच स्वर्ण, चार रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं।
इस प्रतियोगिता में विश्व भर के 800 से अधिक निशानेबाज भाग ले रहे हैं। भारत ने 84 सदस्यीय दल भेजा है। यह प्रतियोगिता 26 जून तक चलेगी।
दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना, वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में
दिल्ली में बुधवार सुबह आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने शहर के कुछ अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश, गरज और बिजली चमकने का पूर्वानुमान जताया है।
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। पालम में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है, जबकि लोधी रोड में यह 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम दर्ज किया गया।
रिज क्षेत्र के मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री कम रहा, जबकि आयानगर में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।
मुंबई में आफत की बारिश, ट्रांस हार्बर रेल मार्ग पर यातायात ठप
मुंबई में मानसून ने अब पूरी तरह से दस्तक दे दी है। तेज बारिश से अलग-अलग इलाकों में जलभराव हो गया. भारी बारिश का असर अब यातायात व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। ट्रांस हार्बर रेल मार्ग पर मंगलवार रात से रेल यातायात प्रभावित हुआ, जिसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
महाराष्ट्र: मुंबई शहर के कुछ हिस्सों में ज़ोरदार बारिश; मालाबार हिल्स की तस्वीरें।
इथेनॉल सम्मिश्रण कार्यक्रम सुरक्षित, E20 के उपयोग से वाहन बीमा वैधता प्रभावित नहीं होगी: सरकार
मुंबई में रात भर हुई भारी बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया, किंग्स सर्कल की तस्वीरें
एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) जयपुर की एक महिला के जैश-ए-मोहम्मद के सदस्यों के संपर्क में होने के कथित संबंधों की जांच कर रहा है।
आज की बड़ी खबरें
शांति वार्ता के बीच ईरान पर फिर भड़के ट्रंप, परमाणु जांच पर दिया अल्टीमेटम
स्विट्जरलैंड में हुई शुरुआती वार्ता के बाद अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु निरीक्षण को लेकर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। शांति समझौते की कोशिशों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (23 जून) को स्पष्ट कर दिया कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु जांच के बिना किसी भी समझौते की संभावना नहीं है।
एक ओर ईरान ने उन खबरों को खारिज किया है जिनमें कहा गया था कि वह संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों को बमबारी से प्रभावित परमाणु स्थलों का निरीक्षण करने की अनुमति देगा। वहीं, अमेरिका का दावा है कि निरीक्षण व्यवस्था को लेकर आवश्यक सहमति पहले ही बन चुकी है।
ट्रंप ने कहा कि प्रस्तावित शांति समझौते के तहत अंतरराष्ट्रीय परमाणु निरीक्षकों को ईरान में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने तेहरान के उन दावों को भी खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि ईरान ने किसी भी प्रकार की निरीक्षण व्यवस्था को स्वीकार नहीं किया है। उनके अनुसार, परमाणु कार्यक्रम की पारदर्शिता सुनिश्चित करना किसी भी संभावित समझौते की अहम शर्त होगी।
मानसून की पहली बारिश में डूबी मुंबई, रातभर झमाझम से हार्बर लाइन बंद, लोकल ट्रेनें लेट, सड़कों पर पानी
मुंबई में मानसून ने अब पूरी तरह से दस्तक दे दी है। मंगलवार रात से जारी तेज बारिश ने शहर की सामान्य रफ्तार को काफी हद तक प्रभावित कर दिया। सुबह तक कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और रोजाना लाखों लोगों को सेवा देने वाली लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। हर वर्ष की तरह इस बार भी मानसून ने मुंबई की व्यवस्थाओं की परीक्षा लेनी शुरू कर दी है। रातभर हुई भारी बारिश के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह घरों से निकलने वाले ऑफिस जाने वालों के लिए सफर चुनौतीपूर्ण बन गया, क्योंकि जगह-जगह पानी भरने, धीमे ट्रैफिक और ट्रेनों के विलंब से यात्रा प्रभावित हुई।
मौसम विभाग ने पहले ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था और अब उसके प्रभाव शहर के विभिन्न हिस्सों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
