बड़ी खबर LIVE: सलमान खान की बढ़ी मुश्किलें, चंडीगढ़ अदालत ने बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी शोरूम धोखाधड़ी मामले में जारी किया नोटिस
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। चंडीगढ़ जिला अदालत ने अभिनेता सलमान खान, उनकी बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री, 'बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन' और 'स्टाइल कोशेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड' के डायरेक्टर्स को नोटिस जारी किया है।

सलमान खान की बढ़ी मुश्किलें, चंडीगढ़ अदालत ने बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी शोरूम धोखाधड़ी मामले में जारी किया नोटिस
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। चंडीगढ़ जिला अदालत ने अभिनेता सलमान खान, उनकी बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री, 'बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन' और 'स्टाइल कोशेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड' के डायरेक्टर्स को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस मनीमाजरा में प्रस्तावित 'बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी शोरूम' से जुड़ी धोखाधड़ी की शिकायत के मामले में जारी किया गया है।
यह मामला केस नंबर सीओएमआई/9/2023, अरुण गुप्ता बनाम स्टाइल कोशेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से दर्ज है। शिकायत मनीमाजरा के व्यवसायी अरुण गुप्ता ने दर्ज कराई है। अदालत ने सभी पक्षों को 5 अक्टूबर को पेश होने का निर्देश दिया है।
जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का दावा करने वाला वीडियो भ्रामक: दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को उस वीडियो को भ्रामक बताया जिसमें दावा किया गया है कि आरक्षण सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर पांचवें दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस ने स्पष्ट किया कि फिलहाल जंतर-मंतर पर ऐसा कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हो रहा है और 24 अगस्त को ऐसे किसी भी प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई थी।
यह स्पष्टीकरण सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के बाद आया जिसमें जंतर-मंतर पर कथित तौर पर विरोध प्रदर्शन होते दिखाया गया था।
पुलिस ने कहा कि बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा आदेश पहले से ही नई दिल्ली जिले में लागू हैं, जिसके तहत विरोध मार्च, जुलूस, प्रदर्शन और पांच या अधिक व्यक्तियों के साथ एकत्र होने पर रोक है।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, भूस्खलन से चंबा मार्ग अवरुद्ध, 99 अन्य सड़कें भी बंद
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को बारिश का दौर जारी रहा, जिससे राज्य में 99 सड़कें अवरुद्ध हैं तथा भूस्खलन के कारण चंबा में कोडला-उराई सड़क भी बाधित हो गई है।
भरमौर संभाग में जबर्दस्त भूस्खलन के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई, जिससे गाड़ियों को उराई जाने के लिए वैकल्पिक कंडी-कुठेड़ मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ा। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी प्रसारित हो रहा है जिसमें भूस्खलन के दौरान एक बड़ा पत्थर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है।
सबसे ज़्यादा 44 सड़कें मंडी में, कुल्लू में 23 , सिरमौर में 12, कांगड़ा में सात, चंबा में पांच, ऊना में चार, शिमला में तीन और लाहौल-स्पीति ज़िले में एक सड़क अवरुद्ध है।
यूपी: वाराणसी में बारिश से संबंधित हादसों में पांच लोगों की मौत, बाढ़ से हालात खराब
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बीच अलग-अलग हादसों में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
शहर में सोमवार रात से हो रही भारी बारिश के बाद मंगलवार को कई जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल अस्पताल के चारों ओर पानी भर जाने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार, बारिश के बीच सिगरा थाना क्षेत्र में एक मकान में सजावट का काम कर रहे सलीमुद्दीन (45) और उनके पुत्र अनीस (17) करंट की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बीपीएससी परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थियों का प्रदर्शन हिंसक, पथराव के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की शिक्षक भर्ती परीक्षाओं और परीक्षा प्रणाली में बदलाव की मांग को लेकर मंगलवार को पटना में हजारों विद्यार्थियों का प्रदर्शन हिंसक हो गया।
मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस और विद्यार्थियों के बीच कई स्थानों पर झड़प हो गयी।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने लाठीचार्ज और पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। प्रदर्शन में शामिल अधिकांश अभ्यर्थी अगले महीने होने वाली बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई) में शामिल होने वाले हैं।
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि शिक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के बजाय एक ही चरण में कराई जाए।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद मामले में अब 18 सितंबर को होगी सुनवाई
इलाहाबाद हाईकोर्ट में मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद मामले में सुनवाई हुई। अब इस मामले में अगली 18 सितंबर को अगली सुनवाई होगी। कोर्ट हिंदू पक्ष की तरफ से दाखिल 18 वादों पर एक साथ सुनवाई कर रही है। विवादित परिसर की पूरी 13.37 एकड़ भूमि श्रीकृष्ण जन्मभूमि को सौंपने की मांग की गई है। जस्टिस अवनीश सक्सेना की सिंगल बेंच में मामले की सुनवाई चल रही है।
आंध्र प्रदेश : श्रीशैलम में एक ही परिवार के पांच लोग मृत मिले, पुलिस को आत्महत्या का संदेह
आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम में मंगलवार को एक लॉज में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत पाए गए। पुलिस को संदेह है कि स्वास्थ्य और आर्थिक परेशानियों के कारण उन्होंने संभवत: आत्महत्या की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, श्री सत्य साईं जिले के बट्टलापल्ली गांव निवासी पल्लापु सुधाकर (36) अपनी तीन बहनों और 15 वर्षीय भांजे के साथ 28 जुलाई को श्रीशैलम आए थे। पांचों सुधाकर के ऑटोरिक्शा से श्रीशैलम पहुंचे और वड्डे सत्रम में एक कमरा किराये पर लिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ‘‘यहां वड्डे सत्रम में मंगलवार को एक कमरे में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत मिले। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि संभवत: स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और आर्थिक परेशानियों के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।’’
महाराष्ट्र के लातूर में सी-सेक्शन प्रसव के बाद महिला की मौत, चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज
) महाराष्ट्र के लातूर जिले में कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित एक निजी अस्पताल में सीजेरियन से प्रसव के बाद 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने एक महिला चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने 11 अगस्त को अस्पताल में ज्योति शिशुपाल वलसे (30) का कथित तौर पर ऑपरेशन किया था। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि अस्पताल और उसका ऑपरेशन थिएटर पंजीकृत नहीं थे और नियमों का पालन नहीं करने वाली इमारत में ऑपरेशन किया गया। सरकारी सेवा में कार्यरत चिकित्सक को निजी अस्पताल में ऑपरेशन करने की अनुमति नहीं थी।
युवा कांग्रेस का BJP मुख्यालय की ओर मार्च, गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की
भारतीय युवा कांग्रेस ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) मुख्यालय की ओर मार्च किया।
हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर बैरिकेड लगाकर रोक दिया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी की।
दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने दावा किया कि गृह मंत्री संसद सत्र के दौरान सदन में उपस्थित नहीं हुए और छात्रों पर हुई ‘‘बर्बरता’’ को लेकर जवाब भी नहीं दिया।
मौजूदा जाति जनगणना प्रक्रिया में खामियां, केंद्र को इसे तुरंत ठीक करना चाहिए: अशोक गहलोत
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जाति जनगणना की मौजूदा प्रक्रिया को पूरी तरह से दोषपूर्ण बताया है और केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति महज संयोग नहीं लगती, बल्कि केंद्र की एक सोची-समझी रणनीति है ताकि जाति जनगणना के मूल उद्देश्य को कमजोर किया जा सके और सटीक आंकड़े सामने आने से रोके जा सकें।
गहलोत ने कहा कि जब जाति जनगणना की घोषणा हुई थी, तो सभी ने इसका स्वागत किया था। हालांकि, जिस तरह से अब भ्रम पैदा किया जा रहा है, उससे केंद्र सरकार के इरादों पर गंभीर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने "ओपन-एंडेड सवाल" (खुले-समाप्त सवाल) का तरीका अपनाया है, जिसके तहत हर व्यक्ति की जाति ठीक वैसी ही दर्ज की जाएगी, जैसा वे बताएंगे।
तरुण तेजपाल को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 2 हफ्ते में करना होगा सरेंडर
तहलका के पूर्व एडिटर-इन-चीफ तरुण तेजपाल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें दो हफ्ते के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है। तेजपाल ने कोर्ट में सरेंडर से छूट देने की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने उनकी दलीलों को स्वीकार नहीं किया। अब उन्हें 22 सितंबर तक सरेंडर कर उसका सर्टिफिकेट कोर्ट में जमा करना होगा। इसके बाद मामले की अगली सुनवाई तय की जाएगी।
दिल्ली के जसोला इलाके में 15 साल के मिथुन का शव मिला, वह शनिवार, 23 अगस्त को एक नाले में गिर गया था।
बिहार: CM आवास के पास छात्रों ने बैरिकेड तोड़े, वॉटर कैनन के बीच किया 'रेन डांस'
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बिहार के मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश में पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए। जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, तो पीछे हटने के बजाय उन्होंने 'रेन डांस' शुरू कर दिया।
बिहार- हिरासत में लिए गए छात्र ने लगाए गंभीर आरोप
बिहार में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए एक छात्र ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है। उसने कहा, पुलिस ने बूट से मारा, मां-बहन की गाली दी, लाठी से मारा है"
दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने कथित DJB STP टेंडर घोटाले के मामले में AAP नेता सत्येंद्र जैन की ज़मानत अर्ज़ी पर अपना फ़ैसला 3 सितंबर के लिए सुरक्षित रख लिया है।
पूर्व न्यायमूर्ति सुनील शुक्रे बने महाराष्ट्र के नए लोकायुक्त
मुंबई उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुनील शुक्रे को मंगलवार को महाराष्ट्र का नया लोकायुक्त नियुक्त किया गया।
मुंबई स्थित राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने राज्य की इस भ्रष्टाचार विरोधी संस्था के नए प्रमुख बने न्यायमूर्ति शुक्रे को बधाई दी।
बिहार: 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर गांधी मैदान से राजभवन की ओर मार्च करते समय पुलिस और छात्र आपस में भिड़े
TMC सांसद अभिषेक बनर्जी को राहत
तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी को तीन FIR में फिलहाल बड़ी राहत मिली है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ कोई जबरन कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया है
जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के दो संदिग्ध मददगार गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के एक वन क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के दो संदिग्ध मददगारों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में आतंकवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया, ‘‘आतंकवादी नेटवर्क को ध्वस्त करने और शांति एवं सुरक्षा भंग करने की कोशिशों को रोकने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस, सेना और सीआरपीएफ ने राजपोरा के सीबी नाथ इलाके के यारवन वन क्षेत्र में आतंकवादियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक पिस्तौल, पिस्तौल के 12 कारतूस और एक हथगोला बरामद किया गया।’’
तमिलनाडु विधानसभा में अगस्त 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट देने का प्रस्ताव पेश
तमिलनाडु के स्कूल शिक्षा मंत्री ए. राजमोहन ने मंगलवार को विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें 23 अगस्त 2010 से पहले नियुक्त सरकारी शिक्षकों को अपनी नौकरी पर बने रहने के लिए अनिवार्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पास करने की शर्त से ‘‘पूरी तरह और स्थायी रूप से’’ छूट देने की मांग की गई है।
प्रस्ताव पेश करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य के करीब 3,28,701 सरकारी स्कूल शिक्षक, शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता से प्रभावित होंगे। यदि वे यह परीक्षा पास नहीं करते हैं, तो उन्हें अपने नौकरी संबंधी लाभ या पद गंवाने का खतरा है।
दिल्ली में भारी बारिश, कई इलाकों में पानी भरा
मंगलवार सुबह हुई भारी बारिश से दिल्ली के कई हिस्सों में पानी भर गया और ट्रैफिक जाम हो गया। सुबह 8:30 बजे खत्म हुए 24 घंटे में कई इलाकों में करीब 100 mm या उससे ज़्यादा बारिश हुई।
लुटियंस दिल्ली में अशोका रोड, रायसीना रोड, RML हॉस्पिटल के आस-पास के इलाके, पार्लियामेंट स्ट्रीट, बाबा खड़क सिंह मार्ग और कनॉट प्लेस समेत शहर के कई हिस्सों से पानी भरने की खबर मिली है।
पालघर के आवासीय स्कूल में सात वर्षीय छात्र की बुखार से मौत, 26 अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र में पालघर जिले के एक आवासीय स्कूल में पढ़ने वाले सात वर्षीय छात्र की तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ के बाद मौत हो गई, जबकि सर्दी, खांसी और बुखार के लक्षणों के साथ 26 अन्य छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब इस महीने की शुरुआत में गढ़चिरौली जिले के एक आवासीय स्कूल के छात्रावास में फर्श पर सोने के दौरान जहरीले सांप के काटने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत हो गई थी।
पालघर मामले में मसवन के आश्रम स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ने वाले छात्र को 22 अगस्त को तेज बुखार आया था। उसे इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया।
सोमवार को जब उसका बुखार फिर बढ़ गया, तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी ने उसके ऑक्सीजन स्तर में गिरावट देखी और उसे एंबुलेंस से मनोर के ग्रामीण अस्पताल में ले जाने की सलाह दी।
दिल्ली: भारी बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में भारी जलभराव, AIIMS के पास की तस्वीरें।
दिल्ली: भारी बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में भारी जलभराव; करकोला इलाके की तस्वीरें।
दिल्ली: भारी बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति है। बाबा खड़क सिंह मार्ग की तस्वीरें।
गुरमीत राम रहीम को फिर परोल, 21 दिन के लिए आएगा बाहर
सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को फिर से परोल मिल गई है। साध्वियों के यौन शोषण के मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम को फिर से 21 दिन की परोल दे दी गई है। जिला कारागार सुनारिया से डेरा सच्चा सौदा सिरसा हेडक्वार्टर के लिए 21 दिन की परोल मंजूर हुई। इससे पहले भी 16 बार जेल से बाहर आ चुका है।
आज की बड़ी खबरें
दिल्ली-NCR में बारिश बनी आफत, कई जगह जलभराव
दिल्ली-NCR में सोमवार को हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई। दिल्ली के संगम विहार, जखीरा, न्यू अशोक नगर, शिवाजी स्टेडियम और कनॉट प्लेस समेत कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं, जबकि गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी कई प्रमुख रास्तों पर यातायात प्रभावित हुआ। गुरुग्राम में हालात को देखते हुए 25 अगस्त के लिए कॉरपोरेट कार्यालयों और स्कूल-कॉलेजों को वर्क फ्रॉम होम/ऑनलाइन व्यवस्था अपनाने की सलाह दी गई है। भारी बारिश का असर दिल्ली एयरपोर्ट की उड़ानों पर भी पड़ा और कुछ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। मौसम विभाग ने 25 अगस्त को भी दिल्ली-NCR में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।
पटना में छात्र संगठन आज करेंगे CM आवास का घेराव
पटना में आंदोलन कर रहे छात्र संगठनों के साथ सरकार की बैठक होनी है, हालांकि बावजूद इसके बावजूद छात्र आज मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। इससे पहले छात्र संगठनों और सरकार के बीच हुई बैठक में कई मुद्दों पर सकारात्मक बातचीत हुई है। बैठक के दौरान सरकार की ओर से छात्र संगठनों की कई मांगों को लेकर आश्वासन दिया गया है। बैठक के बाद छात्र नेताओं ने कहा कि सरकार और छात्र संगठनों के बीच जो दूरी बनी हुई थी, वह अब लगभग खत्म होने की स्थिति में है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
