बड़ी खबर LIVE: नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 359 लोगों ने गंवाई जान, आंकड़ा बढ़ने की आशंका, सैकड़ों लापता

नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 359 लोगों की मौत हो चुकी है। मौत के आंकड़ों में बढ़ोतरी हो सकती है। अभी भी सैकड़ों लोग लापता है।

फोटो: PTI
i

हिमाचल में रक्षाबंधन पर 28 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश, महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त

हिमाचल प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर 28 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दौरान राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में अवकाश की घोषणा करते हुए कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का उत्सव है और यह निर्णय यह सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है कि बहनों को सुबह अपने भाइयों के पास पहुंचने के लिए जल्दबाजी न करनी पड़े।

अधिकारियों ने बताया कि पहले रक्षाबंधन के अवसर पर केवल महिला कर्मचारियों को अवकाश मिलता था, जबकि पुरुष कर्मचारी काम करते थे। इस वर्ष सभी सरकारी कर्मचारियों को अवकाश दिया जाएगा, ताकि परिवार मिलकर त्योहार मना सकें।

बरेली में रक्षाबंधन कार्यक्रम में साड़ी वितरण के दौरान अफरा-तफरी, कई महिलाएं बेहोश हुईं

रक्षाबंधन से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को बरेली क्लब में महिलाओं के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भीड़ जुटने के कारण अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि साड़ी वितरण के दौरान धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी के बीच कई महिलाओं और बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। कुछ महिलाओं के बेहोश होने के बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने कार्यक्रम में किसी महिला या बच्चे की मौत होने की पुष्टि से इनकार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस को इस कार्यक्रम के बारे में पूर्व सूचना नहीं थी। उन्होंने बताया कि बरेली क्लब में भीड़ होने की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी (प्रथम), थाना पुलिस और यातायात पुलिस को मौके पर भेजा गया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार राय ने कहा- चुनावी घोषणा पत्र में उन्होंने तमाम वादे किए थे

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार राय ने कहा, "चुनावी घोषणा पत्र में उन्होंने तमाम वादे किए थे। वादे पूरे नहीं कर पाए। अब चुनाव आ गया इसलिए फ्री बस यात्रा भी कराएंगे, 50 हजार रुपए भी डालेंगे, स्कूटर भी देंगे। योगी सुबह से शाम तक झूठ बोलते हैं।"


नेपाल में बाढ़: मरने वालों का आंकड़ा 359 पहुंचा, 285 भारतीयों से टूटा संपर्क, विदेश मंत्रालय अलर्ट

नेपाल में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ में अब तक 359 लोगों की जन चली गई है। गुरुवार को भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस भीषण तबाही में कम 285 भारतीय नागरिक लापता हैं। जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 359 लोगों ने गंवाई जान, आंकड़ा बढ़ने की आशंका, सैकड़ों लापता

नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 359 लोगों की मौत हो चुकी है। मौत के आंकड़ों में बढ़ोतरी हो सकती है। अभी भी सैकड़ों लोग लापता है।


नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद महाराजगंज के निचलौल इलाके में तीन शव बरामद किए गए हैं

नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद महाराजगंज के निचलौल इलाके में तीन शव बरामद किए गए हैं। आशंका है कि ये शव नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों से बहकर यहां आए हैं। SDRF के कॉन्स्टेबल बृजमोहन कहते हैं, "...हमने अब तक तीन शव बरामद किए हैं और उन्हें प्रशासन को सौंप दिया है..."

दिल्ली में एच1एन1 के 166 नए मामले आए, कुल संख्या 2,612 हुई

दिल्ली में बीते 24 घंटे में एच1एन1 के 166 मामलों की पुष्टि हुई जिसके बाद स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2612 पहुंच गई है। सरकार के आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

आंकड़ों के अनुसार, इन्फ्लुएंजा-ए के मामलों की कुल संख्या भी बढ़कर 3,300 हो गई है जो बुधवार को 3,177 थी।

अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को इंदिरा गांधी अस्पताल का दौरा किया और एच1एन1 और मौसमी इन्फ्लूएंजा के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा की।

अपने दौरान के दौरान, मंत्री ने अस्पताल की फ्लू प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लिया, जिसमें पृथक बिस्तर, आपातकालीन सेवाएं, जांच संबंधी बुनियादी ढांचे, दवाओं की उपलब्धता और कर्मचारियों की तैनाती शामिल थी।


मणिपुर में उग्रवादियों घात लगाकर वाहन पर किया हमला, चार लोगों की मौत, एक व्यक्ति लापता

मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक शख्स लापता है। अधिकारियों के अनुसार, मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों द्वारा घात लगाकर एक वाहन पर किये गये हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता हो गया है।

दिनुशा के शतक से श्रीलंका ने दूसरा टेस्ट ड्रॉ कराया, भारत ने श्रृंखला 1-0 से जीती

सोनल दिनुशा के मैच के दूसरे और श्रृंखला के तीसरे शतक से श्रीलंका ने भारत के खिलाफ फॉलोऑन खेलने के बावजूद दूसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट को ड्रॉ करा दिया लेकिन मेहमान टीम ने श्रृंखला 1-0 से जीत ली।

पैर में जकड़न से जूझने के बावजूद दिनुशा ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाते हुए नाबाद 133 रन की पारी के दौरान 264 गेंद का सामना किया और भारत को जीत से वंचित कर दिया। उन्होंने अपनी पारी में और आठ चौके और दो छक्के जड़े। कल के नाबाद सात रन से आगे खेलते हुए दिनुशा ने स्वीप शॉट का शानदार तरीके से इस्तेमाल किया और भारतीय गेंदबाजों को अंतिम दिन पूरी तरह से बेअसर साबित किया।

दिनुशा की अगुआई में श्रीलंका ने दूसरी पारी में जब 154 ओवर में नौ विकेट पर 429 रन बनाए थे तब दोनों टीम मैच ड्रॉ कराने पर सहमत हो गईं। इस समय श्रीलंका को 216 रन की बढ़त हासिल थी।


खड़गे का प्रधानमंत्री को पत्र, परिसीमन मामले पर सर्वदलीय बैठक बुलाने का आग्रह दोहराया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि परिसीमन के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए और किसी भी प्रस्ताव को संसद में पेश करने से पहले सभी राजनीतिक दलों और राज्य सरकारों को उस पर विस्तार से अध्ययन करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए।

खड़गे ने पत्र में कहा, ‘‘मैं अपने पहले के अनुरोध को दोहराना चाहता हूं कि परिसीमन से संबंधित आपके मन में जो भी प्रस्ताव हैं, उन पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाएं और सभी राजनीतिक दलों और राज्य सरकारों को ऐसे प्रस्तावों का अध्ययन करने के लिए पर्याप्त समय दें।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने इस बात का उल्लेख किया कि उन्होंने इससे पहले 16 जुलाई, 2026 को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सरकार के परिसीमन संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने का अनुरोध किया था। खड़गे ने कहा कि वह अब इस अनुरोध को दोहरा रहे हैं क्योंकि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने पिछली रात एक टेलीविजन साक्षात्कार में सार्वजनिक रूप से कहा है कि संसद का विशेष सत्र बुलाया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘शायद यही कारण है कि मानसून सत्र का अभी तक सत्रावसान नहीं किया गया है।’’

खड़गे ने कहा कि कांग्रेस का इस मामले पर रुख बिल्कुल स्पष्ट है। उन्होंने परिसीमन को लेकर तीन मांगें रखते हुए कहा कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखी जाए, लोकसभा में राज्यों के लिए मौजूदा सीटों का आवंटन अगले 25 वर्षों तक कायम रखा जाए और 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाए।

मशहूर बंगाली अभिनेता खराज मुखर्जी और उनकी पत्नी बाढ़ प्रभावित नेपाल में फंसे

‘कहानी’ और ‘स्पेशल 26’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुके बंगाली अभिनेता खराज मुखर्जी और उनकी पत्नी प्रतिभा नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद वहां फंस गए हैं। उनके परिवार ने गुरुवार को यह जानकारी दी। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि दोनों 20 अगस्त को एक बांग्लादेशी फिल्म की शूटिंग के लिए उसके निर्माण से जुड़ी टीम, अपने परिवार और दोस्तों के साथ नेपाल गए थे। उन्होंने कहा, ‘‘मुश्किल हालात के बावजूद मुखर्जी ने फोन करके हमें भरोसा दिलाया है कि वे सुरक्षित हैं।’’

अभिनेता रजताभ दत्ता भी मुखर्जी के साथ नेपाल में फंसे हुए हैं और सुरक्षित हैं। हालात ठीक नहीं होने के कारण समूह काठमांडू से विमान से वापस नहीं लौट सका। अब उनकी योजना सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पहुंचने और वहां से विमान के जरिये कोलकाता पहुंचने की है।

बंगाली फिल्म उद्योग में जाना-पहचाना नाम मुखर्जी ने ‘द नेमसेक’, ‘एक्सीडेंट’, ‘मुक्तधारा’ और ‘जातिस्वर’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। उनकी हिंदी फिल्मों में ‘युवा’, ‘परिणीता’, ‘लागा चुनरी में दाग’ और ‘लफंगे परिंदे’ शामिल हैं।


चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंदर कल्याण ने मॉनसून सत्र के पहले दिन सदन के अंदर विरोध-प्रदर्शन और हंगामे के कारण कांग्रेस के आठ विधायकों को उस दिन के लिए सस्पेंड कर दिया।

नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 270 हुई: पुलिस

नेपाल के नेशनल डिज़ास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी के अनुसार, नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 258 हो गई है।


नेपाल के लोगों की हिम्मत उन्हें मुश्किल समय से निकाल लेगी: युवराज सिंह 

भारत का पड़ोसी देश नेपाल इस समय बाढ़ से मची भीषण तबाही का दंश झेल रहा है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए अपनी संवेदना व्यक्त की है।

युवराज सिंह ने एक्स पर लिखा, "नेपाल में बाढ़ ने बहुत ज्यादा तबाही मचाई है। मेरी दुआएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो इससे प्रभावित हुए हैं, खासकर उन परिवारों के साथ जो अभी भी अपने प्रियजनों का इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद है, नेपाल के लोगों की हिम्मत उन्हें इस बहुत मुश्किल समय से निकाल लेगी।

मानसून सत्र के पहले दिन हरियाणा विधानसभा परिसर में कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के नेता भूपिंदर हुड्डा और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षाकर्मियों के साथ झड़प हो गई। 


'दंगों के मास्टरमाइंड थे शरजील और उमर खालिद', हाईकोर्ट में दिल्ली पुलिस ने दाखिल किया जवाब

दिल्ली पुलिस ने 2020 के दिल्ली दंगों की साजिश के मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम को मास्टरमाइंड बताया है। अदालत में पुलिस ने अपना जवाब दाखिल करते हुए उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं का भी विरोध किया।

31 जुलाई को पिछली सुनवाई में दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में दिल्ली पुलिस ने जवाब दाखिल करने को कहा था। गुरुवार को सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने हाईकोर्ट में कहा, "शरजील इमाम और उमर खालिद दिल्ली दंगों के मास्टरमाइंड थे। पुलिस के पास इनके खिलाफ दंगों की योजना बनाने, लोगों को जुटाने और दंगों में रणनीतिक भूमिका निभाने से जुड़े अहम सबूत है।"

बिहार के कई जिलों में गंगा, गंडक, कोसी समेत कई नदियां खतरे के निशान पर

 नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण गंगा, गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक और घाघरा नदियों का जलस्तर बढ़ने से बिहार के कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार वर्षा के कारण राज्य की कई प्रमुख नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और सीमावर्ती जिलों में कई स्थानों पर नदियां खतरे के निशान को छू चुकी हैं या उससे ऊपर बह रही हैं।

विभाग की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार गंडक, कोसी, गंगा, बूढ़ी गंडक और घाघरा नदियां राज्य के कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि कुछ जगहों पर जलस्तर चेतावनी स्तर तक पहुंच गया है।

बुलेटिन के मुताबिक, गोपालगंज और सिधवलिया में गंडक नदी खतरे के निशान पर पहुंच गई है। वहीं खगड़िया, कटिहार और कुरसेला में कोसी नदी खतरे के निशान को छू रही है। बूढ़ी गंडक भी खगड़िया में खतरे के निशान पर बह रही है।

गंगा नदी पटना के दीघा, गांधीघाट और हथीदह तथा भागलपुर के कहलगांव में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। वहीं सिवान जिले के दरौली में घाघरा नदी का जल स्तर भी खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया है।

मौसम विभाग के जिला-वार वर्षा बुलेटिन के अनुसार बृहस्पतिवार को पटना, पूर्णिया, भागलपुर, पश्चिम चंपारण, नालंदा और सिवान समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।


यूएई के बल्लेबाज आसिफ खान पर डोपिंग परीक्षण में विफल रहने पर 15 महीने का प्रतिबंध

 पाकिस्तान में जन्मे यूएई के बल्लेबाज आसिफ खान पर पिछले साल प्रतियोगिता के इतर किए गए डोप परीक्षण में प्रतिबंधित एनाबॉलिक स्टेरॉयड के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद 15 महीने का प्रतिबंध लगाया गया है।

आसिफ के आठ सितंबर 2025 को किए गए परीक्षण में मेस्टेरोलोन के मेटाबोलाइट की पुष्टि हुई थी। मेस्टेरोलोन का इस्तेमाल टेस्टोस्टेरोन का स्तर बढ़ाने के लिए किया जाता है।

क्रिकेट की वैश्विक संस्था आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘36 वर्षीय आसिफ ने आईसीसी की डोपिंग रोधी संहिता के नियम 2.1 के उल्लंघन की बात स्वीकार कर ली है और विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के साथ मामले के समाधान संबंधी समझौते के तहत सजा स्वीकार कर ली।’’

यूपी के कानपुर में विमान हादसा, गंगा बैराज के पास ट्रेनिंग प्लेन क्रैश, दोनों पायलट की मौत

उत्तर प्रदेश से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कानपुर में एक बड़ा विमान हादसा हो गया है। गंगा बैराज के पास ट्रेनिंग विमान क्रैश हो गया है। इस हादसे में दोनों पायलट की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गंगा बैराज के पास नत्थापुरवा गांव में हुआ। ट्विन-इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश होकर खेत में जा गिरा।


नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या 177 हुई

नेपाल में हाल के सालों की सबसे बड़ी आपदाओं में से एक, अचानक आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 177 हो गई है। गुरुवार को अधिकारी सैकड़ों लापता लोगों (जिनमें 300 भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं) को खोजने के लिए तेज़ी से काम कर रहे थे।

बुधवार को आई इस अचानक बाढ़ ने नेपाल के तीन ज़िलों में भारी तबाही मचाई।

त्रिशूली, नेपाल: बाढ़ से बचे लोगों को हेलिकॉप्टर से त्रिशूली बतार के आर्मी कैंप में लाया गया।


नेपाल में अचानक आई बाढ़ का अब तक UP, बिहार पर कोई असर नहीं पड़ा है, लगातार निगरानी जारी है- NDRF

ऐसे दुख की घड़ी में हम सब को एक होकर उनकी मदद करनी चाहिए, नेपाल बाढ़ पर खड़गे

नेपाल में अचानक आई बाढ़ पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "हमारे पर्यटक गए थे, बहुत से लोग भगवान के दर्शन के लिए गए थे वे लोग लापता हैं। बहुत से लोगों की मृत्यु हुई है। हमें बहुत दुख है, ऐसे दुख की घड़ी में हम सब को एक होकर उनकी मदद करनी चाहिए। मैं प्रधानमंत्री से अपील करता हूं कि वे ऐसे समय में उन लोगों की मदद करें।"


ग्वालियर के दो युवकों की मुरैना में आसन नदी में डूबने से मौत, एक का शव बरामद

मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में कथित तौर पर मछली पकड़ने के दौरान आसन नदी में डूब जाने से ग्वालियर के दो युवकों की मौत हो गई, जिनमें से एक का शव बृहस्पतिवार को बरामद किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र में हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फिर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) विजय भदौरिया ने बताया कि अंधेरा होने के कारण नदी में बचाव अभियान में परेशानी हो रही थी, इसलिए बुधवार रात इसे रोक दिया गया।

उन्होंने बताया कि युवकों की पहचान ग्वालियर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर के रहने वाले अशोक खान (30) और इरशाद खान (25) के रूप में हुई है।

नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद 800 से ज़्यादा लोग लापता हैं

अधिकारियों के अनुसार, नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद 800 से ज़्यादा लोग लापता हैं।नेपाल ने गुरुवार को बताया कि देश में आई ज़बरदस्त बाढ़ में 165 लोगों की मौत हो गई और 800 से ज़्यादा लोग लापता हैं, जिनमें लगभग 580 पर्यटक शामिल हैं।

नेशनल डिज़ास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) ने एक बयान में कहा कि बुधवार को नेपाल-तिब्बत सीमा के कुछ हिस्सों में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद से 826 लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है।

NDRRMA के आंकड़ों के अनुसार, लापता लोगों में सुरक्षा बलों के 85 जवान, अलग-अलग हाइड्रोपावर और कस्टम ऑफिस में काम करने वाले 162 कर्मचारी और 579 पर्यटक शामिल हैं।


USGS के अनुसार, नेपाल में अचानक आई बाढ़ की वजह भूकंप नहीं, बल्कि ग्लेशियर का ढहना था।  

US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने कहा कि नेपाल में अचानक आई बाढ़ ग्लेशियर के ढहने की वजह से आई थी, न कि 4.4 तीव्रता वाले भूकंप की वजह से, जैसा कि पहले बताया गया था। USGS ने कहा कि लंबी अवधि वाली भूकंपीय तरंगों के और विश्लेषण से पता चला कि झटके ग्लेशियर के ढहने और मलबे के बहाव के कारण आए थे।

नेपाल बाढ़: हमें लगता है कि बिहार सरकार को और ज़्यादा सतर्क रहने की ज़रूरत है और सभी को सावधान रहना चाहिए- तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने नेपाल बाढ़ को लेकर कहा कि "यह बहुत दुखद घटना थी। कल जो तस्वीरें हमने देखीं, वे बहुत परेशान करने वाली थीं; उनमें लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए दिख रहे थे। हमें लगता है कि बिहार सरकार को और ज़्यादा सतर्क रहने की ज़रूरत है और सभी को सावधान रहना चाहिए। इस बात की भी संभावना है कि इसका असर गंडक नदी और बिहार के दूसरे इलाकों में भी पड़ सकता है। इसलिए, सभी के लिए सतर्क और सावधान रहना बेहतर होगा।"


नेपाल में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए, मुसीबत में फंसे ओडिशा के लोगों को ज़रूरी मदद पहुंचाने के लिए नई दिल्ली के ओडिशा निवास में 24x7 कंट्रोल रूम बनाया गया है 

नेपाल में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए, मुसीबत में फंसे ओडिशा के लोगों को ज़रूरी मदद पहुँचाने के लिए नई दिल्ली के ओडिशा निवास में 24x7 कंट्रोल रूम बनाया गया है। मोबाइल: +91-7428135044/ 8527580245; लैंडलाइन: 011-23012807: ओडिशा सरकार

नेपाल बाढ़ में मरने वालों का आंकड़ा 160 के पार


नेपाल में बाढ़ के बाद उत्तराखंड के सीमावर्ती ज़िले चंपावत में SDRF हाई अलर्ट पर

अचानक आई बाढ़ से कैलाश पर्वत के रास्ते बंद होने के कारण आंध्र प्रदेश के तीर्थयात्री तिब्बत में फंसे

आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिला स्थित अदोनी के एक तीर्थयात्री ने बुधवार को बताया कि चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ से सड़कें क्षतिग्रस्त होने और रास्ते बंद हो जाने के कारण आंध्र प्रदेश के कई तीर्थयात्री डारचेन और उसके आसपास के इलाकों में फंस गए हैं।

निवर्ति रंगनाथ शास्त्री, जो इस समय अपने परिवार के साथ डारचेन में हैं, ने बताया कि उस इलाके में तेलुगु बोलने वाले तीर्थयात्रियों के कई समूह मौजूद हैं लेकिन आंध्र प्रदेश और अन्य राज्यों से आए तीर्थयात्रियों की सटीक संख्या का पता नहीं चल सका। शास्त्री ने बताया, ‘‘इस इलाके में ईशा फाउंडेशन से जुड़े समूह भी मौजूद हैं। हर समूह में कम से कम 150 सदस्य हैं और ऐसे करीब 15 समूह वहां मौजूद हैं।’’


नेपाल बाढ़ में मरने वालों का आंकड़ा 160 के पार, 750 से अधिक लोग अभी भी लापता

नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। इस भीषण फ्लैश फ्लड में करीब 160 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 133 भारतीय नागरिकों समेत 750 से ज्यादा लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है

बाढ़ की चपेट में आने से परिवहन और संचार व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 35 पुल और 45 सस्पेंशन ब्रिज बाढ़ के तेज बहाव में बह गए, जिससे कई इलाकों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है।

भूकंप के कुछ मिनट बाद आई बाढ़

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने संसद को बताया कि स्थानीय समय के अनुसार सुबह 8:37 बजे तिब्बत क्षेत्र में भूकंप आया था. इसके करीब तीन मिनट बाद अचानक बाढ़ आने की सूचना मिली. इससे आशंका जताई जा रही है कि भूकंप के झटकों से हिमनद फटा होगा और उसके कारण बाढ़ आई होगी।

अधिकारियों के अनुसार, भोटे कोशी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे तिब्बत की सीमा से लगे रसुवा और धादिंग जिले प्रभावित हुए।

राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के मुताबिक, नेपाल-तिब्बत सीमा पर लेंडे नदी में पानी बढ़ने और चट्टानों के खिसकने से रसुवा जिले के सीमावर्ती शहर तिमुरे में भोटे कोशी के रास्ते त्रिशूली नदी में भीषण बाढ़ आ गई।

इसके बाद बाढ़ का पानी नदी के रास्ते नुवाकोट, चितवन, गोरखा, तनहुं और नवलपरासी पूर्व समेत अन्य जिलों तक पहुंच गया. इससे काठमांडू से करीब 70 से 200 किलोमीटर दूर तक के इलाके प्रभावित हुए

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए