बड़ी खबर LIVE: बीजेपी द्वारा प्रधान का सम्मान लाखों बच्चों के भविष्य की बर्बादी का जश्न - राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान भ्रष्टाचार और भारत की बर्बाद education system के प्रतीक हैं और हमेशा रहेंगे। उसी system ने 26 बच्चों की जान ली, और लाखों युवाओं को सड़कों पर उतरने को मजबूर किया।

बीजेपी द्वारा प्रधान का सम्मान लाखों बच्चों के भविष्य की बर्बादी का जश्न - राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान भ्रष्टाचार और भारत की बर्बाद education system के प्रतीक हैं और हमेशा रहेंगे। उसी system ने 26 बच्चों की जान ली, और लाखों युवाओं को सड़कों पर उतरने को मजबूर किया। इस्तीफ़ा भी नैतिकता से नहीं - युवाओं के आक्रोश से डरकर देना पड़ा। और आज उसी व्यक्ति को संसद में BJP माला पहना रही है। यह कोई सम्मान नहीं - लाखों बच्चों के भविष्य की बर्बादी का जश्न है। देश का हर छात्र ये देख रहा है। और इसमें शामिल हर चेहरा याद रखेगा।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय रामपुर जौहर यूनिवर्सिटी में विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मिलने पहुंचे
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय रामपुर जौहर यूनिवर्सिटी में विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा, " मेरा सरकार से आग्रह है कि तुरंत ध्वस्तीकरण का आदेश वापस ले और यूनिवर्सिटी को सुचारू रूप से चलने दे। बच्चे के मन में जो संदेह है सरकार को उसे दूर करना चाहिए। शिक्षा के मंदिर को बर्बाद न करे और इनकी मदद करें।"
गोरखपुर के रामगढ़ ताल में स्पीडबोट की टक्कर से एक की मौत, आठ घायल
गोरखपुर जिले के रामगढ़ ताल झील में दो ‘स्पीडबोट’ की टक्कर में 20 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि अब जिला प्रशासन ने सूर्यास्त के बाद नौकायन पर प्रतिबंध लगा दिया और घटना की जांच के आदेश दिए।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान पड़ोसी जिले कुशीनगर के 12वीं कक्षा के छात्र लखमुद्दीन के रूप में हुई है, जो रविवार को परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ पर्यटन स्थल पर आया था।
पुलिस ने कहा कि लखमुद्दीन एक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहा था।
पंजाब के सफाई कर्मियों का बरनाला लाठीचार्ज के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन
पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मियों पर पुलिस द्वारा हाल में किये गए लाठीचार्ज के खिलाफ सोमवार को राज्य के स्वच्छता कर्मियों ने कई स्थानों पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो 30 जुलाई को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया जाएगा।
यह विरोध-प्रदर्शन पंजाब पुलिस द्वारा बरनाला के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी)सतवीर सिंह को निलंबित किए जाने के कुछ दिनों बाद हो रहा है। उन्हें सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज करने के कारण निलंबित किया गया था, जिसकी विपक्षी पार्टियों और कर्मचारी संघों ने आलोचना की थी।
जालंधर में सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शन के आह्वान के बाद सोमवार को कई बाजार बंद रहे।
होशियारपुर में, सफाई कर्मचारी संघ की अगुवाई में नगर निगम के सफाई कर्मियों ने स्थानीय निकाय कार्यालय परिसर में धरना दिया और निलंबित किये गए डीएसपी को बर्खास्त करने और लाठी-चार्ज में शामिल सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
तेज प्रताप यादव ने दाखिल की जमानत अर्जी, वकील ने पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी प्रक्रिया पर उठाए सवाल
बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सोमवार को सब-डिविजनल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (एसडीजेएम) की अदालत में जमानत की अर्जी दाखिल की। उनकी वकील निशा सिंह ने पुलिस की कार्रवाई की वैधता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि गिरफ्तारी राजनीतिक कारणों से प्रेरित थी और इसमें उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।
याचिका दायर करने के बाद मीडिया से बात करते हुए वकील निशा सिंह ने दावा किया कि तेज प्रताप यादव पटना के एक शॉपिंग मॉल में गए थे, तभी पुलिस वहां पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गिरफ्तारी का समय जानबूझकर चुना गया था।
उन्होंने दावा किया, "पटना पुलिस ने उन्हें शनिवार को हिरासत में लिया ताकि रविवार को कोर्ट की छुट्टी होने के कारण उन्हें तुरंत कानूनी राहत न मिल सके।"
वकील ने पुलिस द्वारा अपनाई गई कानूनी प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के समय कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी।
वकील सिंह ने आरोप लगाया, "बिना एफआईआर के गिरफ्तारी कानूनी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्हें पहले गिरफ्तार किया गया और एफआईआर बाद में दर्ज की गई।"
उन्होंने कोर्ट से जमानत अर्जी पर विचार करते समय तेज प्रताप यादव की मेडिकल स्थिति का ध्यान रखने का भी आग्रह किया। वकील के अनुसार, उन्हें डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है और जेल में रखने से उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है।
जमानत अर्जी में मांग की गई है कि उन्हें न्यायिक हिरासत में रखने के बजाय मेडिकल निगरानी में रखा जाए।
प्रश्नपत्र लीक: कांग्रेस ने प्रदर्शनकारी छात्रों की कानूनी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस और पार्टी का छात्र संगठन प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ लड़ाई में छात्रों के साथ मजबूती से खड़े हैं तथा हालिया प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तारी या कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे छात्रों को कानूनी मदद मुहैया कराने के लिए एक हेल्पलाइन शुरु गई है।
जाखड़ ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि छात्र कानूनी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर पर ‘मिस्ड कॉल’ दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, एनएसयूआई और युवा कांग्रेस जरूरतमंद छात्रों को पूरी मदद मुहैया कराएगी।
एनएसयूआई अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में 25 से अधिक छात्रों ने अपनी जान दे दी, लेकिन सरकार के प्रतिनिधि उनके परिवारों से मिलने तक नहीं पहुंचे, जो इस सरकार की ‘‘संवेदनहीनता’’ को दर्शाता है।
जाखड़ ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे छात्रों पर दिल्ली में किये गए कथित लाठीचार्ज और ‘‘बर्बरता’’ की निंदा की।
‘मोदी सरकार की धमकियों से युवा डरने वाले नहीं’, मल्लिकार्जुन खड़गे का हमला
खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार की धमकियों से आज के हमारे युवा डरने वाले नहीं है। जिन युवाओं ने protest में भाग लिया उनको धमकियां मिल रही है। पश्चिम बंगाल और बिहार में बहुत सारे युवाओं को जबरन हिरासत में लिया गया है।
पहले युवाओं को लाठी-डंडे-pellet guns से मारा गया और अब जब protest ख़त्म हुआ है तो उनके सोशल मीडिया अकाउंटों तक की जाँच-पड़ताल हो रही है। ये एक डरे हुए, तानाशाह की निशानी है।
देश के युवा सवाल पूछ रहें हैं -
▫️766 दिन पहले
शिक्षा क्षेत्र और पेपर लीक रोकने के लिए बनी डॉ राधाकृष्णन कमेटी की सिफारिशों का क्या हुआ?
▫️895 दिन पहले
पेपर लीक रोकने के लिए बना क़ानून पास हुआ था, उसके बाद इतने पेपर लीक क्यों हुए?
▫️647 दिन तक
NTA को एक full-time director क्यों नहीं दिया गया?
अमित शाह को बयान देना होगा, मोदी जी को माफी मांगनी पड़ेगी !
महाराष्ट्र: नीट परीक्षा में कम अंकों आने से हताश 19 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में 19 वर्षीय एक छात्रा ने कथित तौर पर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। छात्रा के घर से मिले एक सुसाइड नोट से पता चलता है कि 21 जून को हुई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) में कम अंक आने से हताश होकर उसने यह कदम उठाया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कर्जत तहसील के जलालपुर गांव की रहने वाली अंकिता सांगले ने 25 जुलाई को अपने घर में कथित तौर पर फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। उसने हाल ही में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और 21 जून को नीट- यूजी की पुन:परीक्षा दी थी।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, "छात्रा के घर से एक पत्र बरामद हुआ है, जिसमें उसने लिखा है कि नीट परीक्षा में कम अंक मिलने के कारण वह अवसाद में थी और इसी वजह से यह आत्मघाती कदम उठा रही है।"
राम मंदिर चढ़ावा चोरी: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, 'SIT जांच में CA को भी शामिल करो'
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए नवगठित एसआईटी में फोरेंसिक ऑडिट के अनुभव वाले एक चार्टर्ड अकाउंटेंट को शामिल करने का बड़ा आदेश दिया है।
विपक्ष तो सदन चलाना चाहता है सरकार जानकर ऐसी परिस्थितियां पैदा कर रहा है कि किसी तरह से सदन न चले: धर्मेंद्र यादव
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा, "पूरे विपक्ष की मांग है कि जो घटना हुआ था इस घटनाक्रम में जो छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ और आंसू गैस छोड़े गए, तमाम जगह फायरिंग तक की गई। उसके बारे में गृह मंत्री सदन में आए और पूरे देश को और सदन को बताए कि आखिर घटनाक्रम पर सरकार ने क्या-क्या फैसला लिया और क्या-क्या कदम उठाए और जिन युवाओं पर मुकदमें हुए और उन युवाओं के मुकदमें वापस हुए कि नहीं और जिन युवाओं ने आत्महत्या की उनके बच्चे को लेकर सरकार ने क्या मुआवजा का फैसला लिया। गृह मंत्री द्वारा सारी चीजे सदन में खुलासा होना चाहिए। विपक्ष तो सदन चलाना चाहता है सरकार जानकर ऐसी परिस्थितियां पैदा कर रहा है कि किसी तरह से सदन न चले और इसलिए हमने ये बात सर्वदलीय बैठक में कही थी कि सरकार चाहेगी तो सदन एक मिनट के लिए बाधित नहीं होगा लेकिन सरकार खुद नहीं चाहती है..."
ओडिशा: भारी बारिश के कारण चार जिलों के स्कूल बंद, सरकार हाई अलर्ट पर
बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा के कई हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण चार जिलों में स्कूल बंद रहे, कुछ समय के लिए ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं और सरकार ने जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा है।
अधिकारियों ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किए जाने के बाद एहतियात के तौर पर जगतसिंहपुर, सोनपुर, मयूरभंज और केंद्रपाड़ा जिलों के स्कूल बंद कर दिए गए।
स्थिति की समीक्षा के लिए हुई उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने वाले राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
पंजाब कांग्रेस के सांसदों ने राज्य में कथित पेपर लीक और सफाई कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग करते हुए संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
यह शांति की हमारी अपील और हमारे द्वारा खुद सही गई तकलीफ़ों की वजह से मुमकिन हुआ है- सोनम वांगचुक
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने कहा कि मैं देश के युवाओं, आम लोगों और सभी नागरिकों को बधाई देना चाहता हूँ। मैं बुज़ुर्गों, हर उम्र के लोगों और उन युवा आयोजकों को भी बधाई देता हूँ जिन्होंने इस आंदोलन को इतनी शांति से आगे बढ़ाया। हमें यह समझना होगा कि अगर कोई समाधान निकला है या कोई कामयाबी मिली है, तो वह हमारी ताक़त से नहीं, न ही लाठी या पत्थर के इस्तेमाल से मिली है। बल्कि, यह शांति की हमारी अपील और हमारे द्वारा खुद सही गई तकलीफ़ों की वजह से मुमकिन हुआ है।
कोझिकोड, केरल- बेपोर में नारियल तेल की एक मिल में आग लग गई
राज्यसभा की कार्यवाही भी शाम 5 बजकर 15 मिनट तक स्थगित
लोकसभा के बाद विपक्ष के भारी हंगामे के बाद राज्यसभा की कार्यवाही 5 बजकर 15 मिनट तक स्थगित
सोनम वांगचुक मेदांता अस्पताल से डिस्चार्ज, राजघाट के लिए रवाना
संसद परिसर से बिना जवाब दिए निकल गए धर्मेंद्र प्रधान
शनिवार को इस्तीफा देने के बाद पहली बार संसद पहुंचे पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जब संसद भवन से बाहर निकले तो उनसे मीडिया ने कई सवाल किए गए, लेकिन उन्होंने चुप्पी साध ली।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को उन बातों का खुलासा करना चाहिए जिन पर वह झुकी थी
किसके आदेश पर AK-47 से फायरिंग की गई?-तेजस्वी यादव
सिवान में विरोध प्रदर्शन के दौरान AK-47 से फायरिंग करते दिखे पुलिसकर्मियों पर की गई कार्रवाई पर राज्य के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, "एक बात तो साफ़ है, जब समझौता हो चुका है और जेपी नड्डा कह चुके हैं कि देशभर में प्रदर्शनकारियों पर दर्ज केस वापस लिए जाएंगे और सभी गिरफ्तार छात्रों को रिहा किया जाएगा, तो यह उसका उल्लंघन था। किसके आदेश पर AK-47 से फायरिंग की गई? अगर आप फुटेज देखें, तो यह हवा में फायरिंग नहीं थी। निशाना साधकर फायरिंग की गई थी। तीन छात्रों को गोली लगी। मैं कल उन तीनों से मिला था। लेकिन यह कार्रवाई सिर्फ़ दिखावा है। क्या SP पर कोई कार्रवाई हुई? क्या CM, जो गृह मंत्री भी हैं, ने आदेश दिया था? सम्राट चौधरी की खुद की छवि आपराधिक है और वह पुलिस को भी गुंडा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हम इसकी न्यायिक जांच की मांग करते हैं।"
संसद में विपक्ष का हंगामा जारी, लोकसभा की कार्यवाही 5 बजे तक स्थगित
कांग्रेस के सांसदों ने संसद कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही छात्रों के प्रोटेस्ट पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह से जवाबदेही तय करने की मांग की। विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा 5 बजे तक और राज्यसभा 3 बजे तक स्थगित
NEET पेपर लीक: फास्ट ट्रैक कोर्ट में पहले दिन ही सुनवाई टली, नहीं पहुंचा CBI का वकील
NEET पेपर लीक मामले की सुनवाई के लिए गठित फास्ट ट्रैक कोर्ट में पहले ही दिन सुनवाई नहीं हो सकी। सोमवार को हुई कार्यवाही के दौरान CBI की ओर से कोई भी वकील अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद अदालत ने मामले पर सुनवाई स्थगित कर दी।
NEET प्रदर्शन पर बिहार पुलिस द्वारा फायरिंग मामले पर राज्यसभा सांसद मनोज कुमार झा ने सुप्रीम कोर्ट का किया रुख
एंटी पेपर लीक बिल लोकसभा में पेश, संसद में विपक्ष का भारी हंगामा
एंटी पेपर लीक बिल लोकसभा में पेश हो गया है। विपक्ष के जोरदार हंगामे और नारेबाजी के बीच पीएमओ में राज्यमंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने यह बिल लोकसभा में पेश कर दिया है। बिल पेश होने के बाद भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
बिहार में छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलने पर भड़के राहुल गांधी, मोदी से पूछा- कहां गया आपका वादा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के ख़िलाफ़ पूरा का पूरा सिस्टम ही जानलेवा है। खबर आ रही है कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियाँ चलाई गई हैं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ़्तार करके उनपर FIR की जा रही है। मोदी जी, कहां गया आपका वादा कि छात्रों पर कोई FIR नहीं की जाएगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा? उल्टा उनपर घातक हमले और बर्बरता की जा रही है। दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन चली और बिहार में AK-47। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार हो या दिल्ली - हर जगह पैटर्न एक ही है। पहले भी कहा है, ये सरकार झूठी है। सुधार इनके बस का नहीं है। अपनी बातों से मुकर जाएगी और हर तरकीब से छात्रों की आवाज़ दबाएगी। मोदी जी, देश के छात्रों से माफ़ी मांगिए। और जिन्होंने छात्रों पर हमला किया है, उन्हें कुचला है उनपर कार्रवाई कीजिए, छात्रों पर नहीं।
"आप युवाओं पर पैलेट गन का इस्तेमाल करते हैं और सोचते हैं कि संसद में यह मुद्दा नहीं उठेगा?- पवन खेड़ा
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि "आप युवाओं पर पैलेट गन का इस्तेमाल करते हैं और सोचते हैं कि संसद में यह मुद्दा नहीं उठेगा? नहीं, संसद में यह मुद्दा ज़रूर उठेगा। उन्हें माफ़ी मांगनी होगी और पैलेट गन के इस्तेमाल की ज़िम्मेदारी लेनी होगी।"
नंदन नीलेकणि की अगुवाई में परीक्षा सुधारों के लिए बनी हाई-पावर्ड टास्क फ़ोर्स पर उन्होंने कहा कि "वे कांग्रेस के बिना काम नहीं कर सकते। उनके कई मुख्यमंत्री कहाँ से आए हैं? नरेंद्र मोदी तो कांग्रेस के बिना साँस भी नहीं ले सकते। वे नेहरू से शुरू करते हैं और नंदन नीलेकणि तक आते हैं।"
सिवान में बिहार बंद के दौरान AK-47 से फायरिंग करने वाला जवान सस्पेंड
संसद में भारी हंगामा, छात्रों को पीटे जाने के खिलाफ अमित शाह की जवाबदेही की मांग कर रहे, कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के सांसद संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया
प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के सांसद संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। वे जंतर-मंतर पर CJP के नेतृत्व में हुए छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान 20 जुलाई को हुई घटना के लिए केंद्रीय गृह मंत्री की जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना संवैधानिक अधिकार, पुलिस की कथित ज्यादती उचित नहीं: सुप्रीम कोर्ट
छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित ज्यादती से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और केवल प्रदर्शन या आंदोलन होने के आधार पर पुलिस की कथित अत्यधिक कार्रवाई को उचित नहीं ठहराया जा सकता।
NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में, स्पेशल फास्ट-ट्रैक कोर्ट ने प्रॉसिक्यूशन के डायरेक्टर को राज्य का पक्ष रखने के लिए एक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करने का निर्देश दिया
INDIA ब्लॉक की बैठक में लिया जाएगा फैसला -एंटी पेपर लीक बिल पर बोले अखिलेश यादव
मैंने सुना है कि बिहार और बंगाल में अभी भी छात्रों के ख़िलाफ़ FIR दर्ज की जा रही हैं- प्रियंका गांधी
PM और HM से कांग्रेस की माफ़ी की मांग पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि"मैंने सुना है कि बिहार और बंगाल में अभी भी छात्रों के ख़िलाफ़ FIR दर्ज की जा रही हैं। मैंने यह सुना है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। तो फिर इसका क्या फ़ायदा?"
अमेरिका: सिएटल में फूड फेस्टिवल के दौरान फायरिंग, 2 की मौत, 5 घायल
रॉयटर्स ने स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से बताया, अमेरिका के सिएटल शहर के बीचों-बीच आयोजित एक फूड फेस्टिवल में रविवार को हुई गोलीबारी में कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई और 2 साल के बच्चे समेत 5 अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि रविवार शाम अमेरिका के इस शहर के डाउनटाउन इलाके में कई लोगों को गोली मारी गई।
कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स, निफ्टी में तेजी
पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार तेजी दर्ज की गई।
इस दौरान बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 566 अंक चढ़कर 76,608.66 पर पहुंच गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 153.60 अंक की बढ़त के साथ 23,923.30 पर कारोबार कर रहा था।
क्या यह बिल पेपर लीक को रोक पाएगा?- राम गोपाल यादव का सरकार से सवाल
लोकसभा में 'सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' लाने के केंद्र सरकार के फैसले पर समाजवादी पार्टी (SP) के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि "क्या यह बिल पेपर लीक को रोक पाएगा? धारा 302 के तहत पहले से ही कड़े प्रावधान हैं। क्या उम्रकैद या मौत की सज़ा ने कभी हत्याओं को रोका है? इसे सिर्फ़ कानून से नहीं रोका जा सकता। पेपर लीक या तो उन लोगों के ज़रिए होते हैं जो प्रश्न-पत्र तैयार करते हैं या जहाँ वे छपते हैं, या फिर कुछ बहुत प्रभावशाली कोचिंग सेंटरों के ज़रिए जिनकी पहुँच बहुत मज़बूत होती है। लीक वहीं से शुरू होते हैं। आप चाहे कितने भी कानून बना लें, सिर्फ़ उससे ये नहीं रुकेंगे।"
दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद पहुंचे
पब्लिक एग्जामिनेशन अमेंडमेंट बिल पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि सवाल कानून का नहीं है क्योंकि कानून तो पहले से ही मौजूद था
पब्लिक एग्जामिनेशन अमेंडमेंट बिल पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि सवाल कानून का नहीं है क्योंकि कानून तो पहले से ही मौजूद था। यह टास्क कमेटी का मामला नहीं है, बल्कि नीयत का मामला है... उन्होंने प्राइवेट कंपनियों और कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोगों से पेपर सेट करवाए। इसलिए, दोषी तो यहीं बैठे हैं, फिर भी जांच कहीं और हो रही है। ये सभी फैसले धर्मेंद्र प्रधान ने लिए थे। SIT को सबसे पहले उनसे पूछताछ करनी चाहिए। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि सुधार के लिए जो भी कदम उठाए जाएं, उनका स्वागत है, लेकिन दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए
कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है
कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। यह नोटिस नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे छात्रों के ख़िलाफ़ दिल्ली पुलिस द्वारा बेरहमी से, बिना किसी उकसावे के और ज़रूरत से ज़्यादा बल प्रयोग किए जाने के मामले पर चर्चा करने के लिए दिया गया है।
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने दिल्ली में 20 जुलाई 2026 को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित बल प्रयोग के मुद्दे को लेकर राज्यसभा में कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है
नोटिस में उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया। साथ ही, सादे कपड़ों में मौजूद कुछ अज्ञात लोगों द्वारा छात्रों के साथ कथित मारपीट किए जाने के आरोपों की भी जांच की मांग की गई है। रेणुका चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री से इस पूरे घटनाक्रम, बल प्रयोग की अनुमति किस आधार पर दी गई और कार्रवाई में शामिल लोगों की पहचान पर विस्तृत बयान देने की मांग की है। इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री से भी सरकार की प्रतिक्रिया और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर सदन में बयान देने की मांग की है।
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने नए दलबदल विरोधी कानून की जरूरत पर चर्चा को लेकर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है
महाराष्ट्र: अहिल्यानगर में NEET छात्रा ने किया सुसाइड, एग्जाम में कम नंबर आने से डिप्रेशन में थी
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के करजत तालुका के जलालपुर गांव में एक 18 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अंकिता सांगले के रूप में हुई है। परिवार के मुताबिक, NEET परीक्षा में उम्मीद से कम अंक आने के कारण वह डिप्रेशन में थी।
कांग्रेस सांसद विजयकुमा ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। यह नोटिस छात्रों के खिलाफ पुलिस द्वारा बल प्रयोग के मामले में दिया गया है।
आज की बड़ी खबरें
पेपर लीक पर बिल आज लोकसभा में होगा पेश
संसद का मॉनसून सत्र जारी है। आज मॉनसून सत्र के दौरान लोकसभा में पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह इस विधेयक को सदन में पेश करेंगे। विधेयक पेश होने के बाद सरकार इसे विचार करने और पारित कराने का प्रस्ताव भी रखेगी।
SC में छात्रों की याचिकाओं पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट आज छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ दायर दो अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई करेगा। यह मामला मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के सामने सूचीबद्ध है। याचिकाओं में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं और न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की गई है।
असम में बाढ़ से भीषण तबाही, मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 68
वहीं, असम की बात करें तो यहां बाढ़ की स्थिति में पहले के मुकाबले कुछ सुधार जरूर हुआ है, लेकिन संकट अभी भी पूरी तरह से टला नहीं है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार पांच जिलों में अब भी 5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। पिछले 24 घंटे में दो और लोगों की मौत के बाद इस वर्ष बाढ़ से मरने वालों की संख्या 68 पहुंच गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
