बड़ी खबर LIVE: नेपाल में मृतकों की संख्या बढ़कर 579 हुई, 2000 से ज्यादा लापता, तलाशी अभियान पूरी रफ्तार से फिर शुरू
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 579 हो गई है। अभी भी कई विदेशियों समेत 2000 से ज्यादा लोग लापता हैं। इस बीच दोबारा बाढ़ आने की आशंका से धीमा कर दिया गया तलाशी अभियान फिर पूरी रफ्तार से शुरू कर दिया गया है।

नेपाल में बाढ़ से मृतकों की संख्या बढ़कर 579 हुई, 2000 से ज्यादा लापता, तलाशी अभियान पूरी रफ्तार से फिर शुरू
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 579 हो गई है। वहीं अभी भी कई विदेशियों समेत 2000 से ज्यादा लोग लापता है। इस बीच दोबारा बाढ़ आने की आशंका के कारण तलाशी अभियान की रफ्तार कुछ समय के लिए धीमी कर दी गई थी, लेकिन अब इसे पूरी रफ्तार से फिर शुरू कर दिया गया है।
बिहारः गंडक नदी का जल स्तर नॉर्मल रेंज में, नेपाल में तबाही के बाद इलाके में बाढ़ आने का खतरा कम हुआ
बरेली में साड़ी वितरण कार्यक्रम में भीड़ के कुचलने से महिला की मौत हुईः परिजन
बरेली में रक्षाबंधन के त्योहार से पहले गुरुवार को आयोजित साड़ी वितरण कार्यक्रम में कथित तौर पर भीड़ द्वारा कुचले जाने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिवार ने शुक्रवार को यह दावा किया। महिला का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया गया। परिवार ने आरोप लगाया कि गुरुवार को घटना के बहुत बाद उन्हें घटना की जानकारी दी गई।
बारादरी थाना क्षेत्र के सतीपुर कॉलोनी के चंद्रगुप्तपुरम की रहने वाली मधु सिंह बृहस्पतिवार को बरेली क्लब के मेला ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। महापौर उमेश गौतम और उनके बेटे पार्थ गौतम के फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में रक्षा बंधन से पहले महिलाओं को साड़ियों का वितरण भी किया जाना था।
परिजनों के मुताबिक घटना के बाद मधु की हालत बिगड़ने पर उसे मिशन अस्पताल ले जाया गया। मृतका के भतीजे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजा तोमर ने कहा कि वह मधु को पूर्वाह्न 10 बजे के आसपास कार्यक्रम स्थल पर लाए थे और स्कूल ऑटो चलाने के लिए जाने से पहले उन्हें अपने पड़ोस की महिलाओं के साथ छोड़ दिया था।
तोमर ने कहा कि उन्हें अपराह्न करीब 1.30 बजे एक फोन कॉल आया जिसमें बताया गया कि भीड़ की वजह से हुई अव्यवस्था की घटना के बाद मधु की हालत खराब हो गई है। एक रिश्तेदार लता देवी ने आरोप लगाया कि परिवार को अस्पताल में मधु की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
नेपाल में बाढ़ के बाद 320 भारतीय नागरिक लापता, चीन की सीमा पर फंसे 400 सुरक्षित: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद 320 भारतीय नागरिक लापता हैं, जबकि चीन की सीमा पर फंसे 400 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि त्रिशुली-वन जलविद्युत परियोजना में कार्यरत 63 भारतीय नागरिकों सहित 84 भारतीय नागरिकों को अब तक बचाया जा चुका है। उन्होंने आगे बताया कि चीन की सीमा पर फंसे 96 भारतीय नागरिक सड़क मार्ग से सुरक्षित रूप से नेपाल पहुंच गए हैं।
दिल्ली पुलिस में बड़ा फेरबदल, 18 एसीपी के तबादले, 8 युवा आईपीएस को मिली पहली पोस्टिंग
दिल्ली पुलिस में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। दिल्ली पुलिस आयुक्त कार्यालय, पुलिस मुख्यालय, जय सिंह रोड से जारी आदेश के तहत 18 सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) का तबादला तत्काल प्रभाव से कर दिया गया है। यह आदेश एसीपी/सीबी-I विक्रमजीत सिंह द्वारा पुलिस स्थापना बोर्ड की ओर से जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, 8 युवा आईपीएस अधिकारियों को ट्रेनिंग के बाद पहली पोस्टिंग दी गई है। इनमें 2023 और 2024 बैच के अधिकारी शामिल हैं।
नेपाल त्रासदीः मौत का आंकड़ा 547 पहुंचा, मंडराया दोबारा बाढ़ का खतरा
नेपाल में कई और शव बरामद किये जाने के साथ ही भीषण बाढ़ से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 547 हो गई। इस बीच, तलाश और बचाव अभियान सतर्कता के साथ जारी है, क्योंकि भोटेकोशी नदी इलाके में जलस्तर बढ़ने से दोबारा इस आपदा का खतरा मंडरा रहा है।
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने कहा कि इस सप्ताह की शुरुआत में जिस स्थान पर भीषण बाढ़ आई थी वहां जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। एनडीआरआरएमए ने अपने ताजा नोटिस में कहा, ‘‘बुधवार को जिस स्थान पर अचानक बाढ़ आई थी, उसी जगह पर अब कीचड़-युक्त पानी का स्तर बढ़ जाने से उस क्षेत्र में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
मध्य नेपाल के रसुवा और अन्य इलाकों में बुधवार को आई जबरदस्त बाढ़ के बाद यह चेतावनी जारी की गई है। बुधवार को आई बाढ़ में सैकड़ों लोगों की मौत हुई है तथा बस्तियों, सड़कों, पुलों और पनबिजली के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा।
मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में बीजेपी विधायक के आवास पर बम विस्फोट
मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में अज्ञात बदमाशों ने बीजेपी के नेता और विधायक सपम रंजन सिंह के आवासीय परिसर में बृहस्पतिवार देर रात बम विस्फोट किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ। विस्फोट से जमीन में एक छोटा गड्ढा बन गया और परिसर की दीवारों को मामूली नुकसान पहुंचा।
सपम ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘देर रात करीब डेढ़ बजे मेरे आवास के पिछले हिस्से में जोरदार विस्फोट की आवाज सुनाई दी, जिससे पूरा घर लगभग हिल गया। पुलिस को इसकी सूचना दी गई और उसने मौके पर पहुंचकर जांच की।’’ कोंथौजम से विधायक सिंह सरकार के प्रवक्ता भी हैं।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लैंडिंग के दौरान अलायंस एयर के विमान का टायर फटा, सभी 41 लोग सुरक्षित
दिल्ली से बिलासपुर आ रहे एक विमान का टायर शुक्रवार को बिलासपुर हवाईअड्डे पर उतरने समय फट गया। हालांकि, विमान में सवार सभी 41 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजे विमान के हवाई अड्डे पर उतरते समय हुई। उन्होंने बताया कि अलायंस एयर के इस विमान (उड़ान संख्या 9आई613)में घटना के समय 37 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।
अधिकारी ने बताया कि लैंडिंग के समय विमान के बाईं ओर का टायर पंचर हो गया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद सभी यात्रियों और चालक दल सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और रनवे से टर्मिनल बिल्डिंग तक लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद विमानन कंपनी ने बिलासपुर से आगे जाने वाली उड़ान को रद्द कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
अज्ञानता के साथ सांप्रदायिकता का तड़का एक लाइलाज बीमारी है: पवन खेड़ा
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने गुजरात में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई के संस्मरण ‘आई एम मलाला’ के पाठ सत्र में शामिल लोगों पर दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं द्वारा कथित हमले को लेकर शुक्रवार को तंज कसते हुए कहा कि अज्ञानता के साथ सांप्रदायिकता का तड़का एक लाइलाज बीमारी है।
पुलिस के अनुसार, अहमदाबाद शहर के वस्त्रपुर गार्डन में गुरुवार शाम आयोजित पाठ सत्र में शामिल लोगों पर एक समूह ने हमला किया। हमलावरों ने खुद को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से संबद्ध बताया था। पुलिस ने बताया कि हमले के सिलसिले में शुक्रवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इस घटना को लेकर कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख खेड़ा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अज्ञानता के साथ सांप्रदायिकता का तड़का एक लाइलाज बीमारी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अहमदाबाद के वस्त्रपुर उद्यान में बजरंग दल के सदस्यों ने एक पाठ कार्यक्रम में व्यवधान डाला और एक नागरिक समाज समूह के सदस्यों के साथ मारपीट की, क्योंकि वे मलाला यूसुफजई की किताब पढ़ रहे थे। उनका तर्क था? मुस्लिम मलाला की किताब नहीं पढ़ी जा सकती।’’
छत्तीसगढ़: रक्षा बंधन के मौके पर शहीद सैनिकों की बहनों ने उनकी मूर्तियों को राखी बांधी
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 538 हुई
नेपाल की नेशनल डिज़ास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी के अनुसार, नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 538 हो गई है।
कोलकाता: ममता बनर्जी की मांग, बेदखल रेहड़ी-पटरी वालों को हर महीने 25 हजार दें
कोलकाता में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम में कहा, "अगर बंगाल सरकार बेदखली के बाद रेहड़ी-पटरी वालों का पुनर्वास नहीं कर सकती है, तो उन्हें हर महीने 25,000 रुपये का मुआवजा दिया जाए।"
दिल्ली में दंपति गिरफ्तार, ISI समर्थित जासूसी मॉड्यूल चलाने का आरोप, 8 सिम कार्ड पाकिस्तान भेजे
दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित कथित जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए एक दंपति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि दोनों पर 2024 से पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों के लिए काम करने, भारतीय सिम कार्ड हासिल करने और उन्हें दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजने का आरोप है।
नेपाल की विनाशकारी बाढ़ के पीछे ग्लेशियर ढहने और हिमस्खलन के पुख्ता संकेत मिले
नेपाल में रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने भी बाढ़ की मुख्य वजह के तौर पर बर्फ और चट्टानों के हिमस्खलन को माना है। वैज्ञानिकों द्वारा सैटेलाइट तस्वीरों के विश्लेषण में रासुवागढ़ी सीमा चौकी से करीब 20 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में एक बड़े हिमस्खलन के संकेत मिले हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, हिमस्खलन से आया मलबा ल्हेंदे नदी में गिरा, जो भोते कोशी नदी की सहायक नदी है। इससे मलबे से भरी तेज धार वाली बाढ़ आई और बड़े पैमाने पर तबाही हुई।
काठमांडू यूनिवर्सिटी के जलवायु शोधकर्ता और प्रोफेसर रिजन भक्त कायस्थ ने द काठमांडू पोस्ट को बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि हिमस्खलन ने ल्हेंदे नदी का रास्ता रोक दिया था और इसके बाद नदी का पानी अवरोध तोड़कर तेजी से बह निकला।
कायस्थ ने कहा, “हमें आशंका है कि नेपाल की तरफ हुए हिमस्खलन ने ल्हेंदे नदी का रास्ता रोक दिया था। लगभग उसी समय भूकंप भी आया था, लेकिन अभी यह पता नहीं है कि भूकंप ने हिमस्खलन को शुरू करने में कोई भूमिका निभाई थी या नहीं।”
नेपाल त्रासदी में अब तक 489 मौतें, 2300 से ज्यादा अब भी लापता, इनमें 644 विदेशी नागरिक शामिल
नेपाल न्यूज़ ने नेपाल पुलिस के हवाले से बताया है कि विनाशकारी फ्लैश फ्लड में शुक्रवार दोपहर तक मृतकों की संख्या बढ़कर 489 हो गई है। बाढ़ से प्रभावित आठ जिलों में शव बरामद किए गए हैं। सबसे ज्यादा 186 शव चितवन में मिले हैं। इसके अलावा नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता पूर्व) में 112, गोरखा में 44, धादिंग में 40, नुवाकोट में 37, तनहूं में 29, नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता पश्चिम) में 28 और रासुवा में 13 शव बरामद हुए हैं।
नेपाल पुलिस के मुताबिक, 2,381 लोग अब भी लापता हैं। इनमें 644 विदेशी नागरिक शामिल हैं, जिनमें मुख्य रूप से भारत, अमेरिका, यूक्रेन, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और कनाडा के नागरिक हैं। इसके अलावा विदेश से नेपाल आए 127 नेपाली नागरिक और 1,737 स्थानीय नागरिक भी लापता हैं।
नेपाल पुलिस और आपातकालीन सेवाएं जोखिम वाले इलाकों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, सड़कों से मलबा हटाने और स्थानीय समुदायों के सहयोग से बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
'जवाबदेही से बचने का दिखावा', कांग्रेस ने सरकार की मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग योजना पर साधा निशाना
कांग्रेस ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा पर हमला बोला। कांग्रेस ने इसे “जवाबदेही से बचने वाला दिखावा” करार दिया और आरोप लगाया कि सरकार ने अब तक ऐसी योजना को सफलतापूर्वक लागू करने की बहुत कम क्षमता दिखाई है।
'जो सवाल से घबराएगा वो लोकतंत्र को कमजोर करेगा', अखिलेश का BJP पर तंज
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग सवालों से बहुत घबराते हैं। उन्होंने कहा कि जो सवालों से घबराएगा वह लोकतंत्र को कमजोर करेगा। अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर भी तंज कसा।
नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद गुजरात के 26 लोग अब भी लापता
नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद गुजरात के लापता लोगों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। इनमें राज्य के कई प्रवासी भारतीय (एनआरआई) भी शामिल हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने फंसे लोगों का पता लगाने और उन्हें सहायता पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार तथा विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय तेज कर दिया है।
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) की ओर से जारी अद्यतन सूची में पहले लापता बताए गए 17 लोगों के अलावा नौ और नाम जोड़े गए हैं। इनमें से कई लोग कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग या नेपाल-तिब्बत सीमा के आसपास यात्रा कर रहे थे।
एसईओसी के अनुसार, लापता लोगों में अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में रहने वाले एनआरआई भी शामिल हैं। इन लोगों का संबंध अहमदाबाद, आनंद, राजकोट, वलसाड, सूरत, खेड़ा, अमरेली, गांधीनगर और वडोदरा से है।
नेपाल में फिर बाढ़ का खतरा, फ्लैश फ्लड प्रभावित इलाके में बढ़ा जलस्तर
नेपाल के अधिकारियों ने शुक्रवार को एक बार फिर बाढ़ की चेतावनी जारी की। इस सप्ताह की शुरुआत में जिस जगह विनाशकारी फ्लैश फ्लड आया था, वहां जलस्तर बढ़ने के बाद यह चेतावनी जारी की गई है। अधिकारियों ने इलाके में मौजूद लोगों और बचावकर्मियों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
नेपाल त्रासदी: धादिंग में गांव को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला पुल बहा, सेना ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
नेपाल के धादिंग में बाढ़ में गांव को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला पुल बह गया। सेना ने स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
नेपाल त्रासदी में अब तक 475 लोगों की मौत, 1500 से ज्यादा लापता, इनमें 290 भारतीय भी शामिल
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मची तबाही में अब तक 475 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 1,500 से ज्यादा लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद 290 भारतीय नागरिकों से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिनकी तलाश के प्रयास लगातार जारी हैं।
नेपाल में बाढ़ की तबाही के बाद अपनों की तलाश, काठमांडू अस्पताल में लापता लोगों की सूची खंगाल रहे परिजन
लापता लोगों के परिजन और रिश्तेदार 28 अगस्त को नेपाल के काठमांडू स्थित त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग अस्पताल में बने हेल्पडेस्क पर अधिकारियों से बातचीत करते हुए लापता लोगों की सूची देख रहे हैं। यह घटनाक्रम बुधवार को मध्य नेपाल में आई अचानक बाढ़ के बाद का है।
TMC के कोलकाता कार्यालय में हुई झड़प को लेकर अभिषेक बनर्जी समेत 3 के खिलाफ FIR दर्ज, 13 लोग गिरफ्तार
TMC के कोलकाता कार्यालय में हुई झड़प को लेकर अभिषेक बनर्जी समेत 3 के खिलाफ FIR दर्ज, पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।
असम: गुवाहाटी में भारी बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में भारी जलभराव
नेपाल त्रासदी: अपनों की तलाश में भटक रहे लोग, बचाए गए और लापता लोगों की सूची खंगाल रहे परिजन
नेपाल के नुवाकोट में बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। इस बीच लोग अपने परिजनों की जानकारी हासिल करने के लिए बचाए गए और लापता लोगों की सूचियां देख रहे हैं। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “मेरे साले लापता हैं। हमने उन्हें काफी तलाश किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।”
नेपाल फ्लैश फ्लड के बाद वडोदरा का NRI कपल लापता, 21 अगस्त को कैलाश के लिए हुआ था रवाना
गुजरात के वडोदरा के नेपाल में आई फ्लैश फ्लड के बाद वडोदरा का एक NRI दंपति लापता हो गया है। लापता किन्नरी पटेल के भाई चिराग पटेल ने बताया, “मेरी बहन किन्नरी पटेल और उनके पति मिहिर पटेल न्यूजीलैंड से सीधे काठमांडू गए थे। वे पिछले 30 साल से न्यूजीलैंड में रह रहे हैं और वहीं बसे हुए हैं। उन्होंने अपनी यात्रा की बुकिंग सीधे की थी।
हमने काठमांडू के होटल के कर्मचारियों से बात की। उन्होंने बताया कि दंपति तीन दिन तक होटल में रुका था और फिर चेक-आउट कर दिया। इसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। हमें नेपाल और भारत, दोनों के प्रशासन से सहयोग मिल रहा है। फिलहाल पूरी मदद की जा रही है।
अधिकारियों ने सभी जरूरी जानकारी जुटा ली है और भरोसा दिलाया है कि जैसे ही कोई अपडेट मिलेगा, वे हमसे संपर्क करेंगे। मेरी बहन ने कहा था कि वह रक्षाबंधन के लिए आ रही है, लेकिन उससे पहले कैलाश धाम जाने की योजना थी। उनका इरादा पहले कैलाश जाने और फिर भारत लौटने का था। वे 21 अगस्त को कैलाश के लिए रवाना हुए थे।
सरकार ने जल्द से जल्द स्थिति का समाधान करने का भरोसा दिया है। सरकार से हमारी सिर्फ एक अपील है कि अधिक से अधिक हेलीकॉप्टर तैनात किए जाएं, सेना को पूरी ताकत के साथ भेजा जाए और वहां जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए।”
रक्षाबंधन पर भीषण सड़क हादसा, उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रोडवेज बस और डंपर की टक्कर में दो लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के खुर्जा देहात क्षेत्र में बगराई कट के पास NH-34 पर दिल्ली से कानपुर जा रही रोडवेज बस की डंपर ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
नेपाल-तिब्बत फ्लैश फ्लड में मौतों का आंकड़ा 469 पहुंचा
मध्य नेपाल में आई फ्लैश फ्लड से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 469 हो गई। आपदा के बाद लगातार तीसरे दिन भी सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इसी दौरान कई और शव बरामद किए गए हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ी है।
राजस्थान के दौसा में एक्सप्रेसवे पर हादसा, सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई वोल्वो बस, कई यात्री घायल
राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अहमदाबाद से जयपुर होते हुए दिल्ली जा रही एक वोल्वो बस गुडलिया के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना में कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
नेपाल में बाढ़ का कहर, अब तक 392 मौतें, 1,500 से ज्यादा लापता, 290 भारतीय भी शामिल
नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ से हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। बाढ़ और उससे जुड़ी घटनाओं में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 392 हो गया है, जबकि 1,500 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं। लापता लोगों में 290 भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं। इस बीच नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और स्थिति को गंभीर बताया। नेपाल में फिर से बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
