बड़ी खबर LIVE: बेंगलुरु में मौसम की मार, तेज बारिश और आंधी से अस्पताल की दीवार गिरी, 7 लोगों की मौत

बेंगलुरु में मंगलवार शाम हुई तेज बारिश और आंधी के बीच बड़ा हादसा हो गया। आशंका जताई जा रही है कि भारी बारिश के कारण बोरिंग हॉस्पिटल की एक दीवार गिर गई, जिसमें 7 लोगों की मौत होने की आशंका है।

फोटोः IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

ईरान के साथ युद्ध पर अब तक करीब 25 अरब डॉलर का खर्च : पेंटागन

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन के मुख्य वित्तीय अधिकारी ने सांसदों को बताया कि ईरान के साथ युद्ध पर अब तक अनुमानित 25 अरब डॉलर की लागत आ चुकी है।

प्रतिनिधि सभा की सशस्त्र सेवा समिति की सुनवाई के दौरान युद्ध मामलों के वित्त विभाग के कार्यवाहक अवर सचिव जूल्स हर्स्ट तृतीय ने बुधवार को कहा कि इस राशि का अधिकांश हिस्सा हथियारों और गोला-बारूद पर खर्च हुआ है।

उन्होंने यह भी बताया कि सेना ने अभियानों को चलाने और उपकरणों के प्रतिस्थापन पर भी बड़ी राशि खर्च की है।

झारखंड: गिरिडीह में वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत, चार अन्य घायल

झारखंड के गिरिडीह जिले में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य मामूली रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव में शाम करीब साढ़े चार बजे हुई।

तिसरी थाना प्रभारी शंभू नंद ने बताया, "वज्रपात की चपेट में आने से 13 वर्षीय एक किशोर सहित दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब वे गांव में एक पेड़ के पास खड़े थे। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं और बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह भेजा जाएगा।"

हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश, मौसम विभाग ने पांच मई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसके बाद मौसम विभाग ने राज्य में पांच मई तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है।

शिमला मौसम केंद्र के अनुसार, मंगलवार शाम से शिमला जिले के सराहन में सबसे अधिक 25.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद मनाली में 15 मिमी, जुब्बड़हट्टी में 5.8 मिमी, कांगड़ा में 5.1 मिमी, कसौली और मंडी में 5-5 मिमी, गुलेर में 4.6 मिमी, भुंतर और पच्छाद में 4.4-4.4 मिमी, सुंदरनगर में 4 मिमी, शिमला में 3.8 मिमी, सोलन में 2.2 मिमी और कल्पा में 2 मिमी बारिश हुई। कांगड़ा और मुरारी देवी क्षेत्र में गरज के साथ बौछारें पड़ीं और बिजली भी कड़की।


तापमान में गिरावट, स्वच्छ वायु, वर्षा, भयंकर गर्मी- दिल्ली में इस बार अप्रैल में मौसम ने ली करवट

दिल्लीवासियों ने बारिश की बौछारें, भीषण गर्मी और कभी-कभी स्वच्छ हवा वाले दिन समेत इस बार इस महीने के कई रूपों को देखा जिससे यह एक दशक से अधिक समय में सबसे अधिक बारिश वाला, सबसे कम प्रदूषण वाला और हाल के वर्षों में सबसे ठंडा अप्रैल भी रहा।

पिछले 18 वर्षों में दिल्ली में इस बार अप्रैल में सबसे अधिक वर्षा हुई। महीने के पहले पखवाड़े में राजधानी के कुछ हिस्सों में मानसून से पहले की बारिश हुई। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक राजधानी में इस अप्रैल में 27.9 मिमी बारिश हुई है, जबकि अप्रैल 2008 में 38.6 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

बीच-बीच में भीषण गर्मी के बावजूद, शहर में पिछले दो वर्षों में अप्रैल का महीना सबसे ठंडा रहा, जिसमें औसत अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, खास बात यह है कि अब तक केवल एक ही दिन लू चली है।

बेंगलुरु में मौसम की मार, तेज बारिश और आंधी से अस्पताल की दीवार गिरी, 7 लोगों की मौत

बेंगलुरु में मंगलवार शाम हुई तेज बारिश और आंधी के बीच बड़ा हादसा हो गया। आशंका जताई जा रही है कि भारी बारिश के कारण बोरिंग हॉस्पिटल की एक दीवार गिर गई, जिसमें 7 लोगों की मौत होने की आशंका है।


वन भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर हरित अधिकरण ने दिल्ली सरकार से रिपोर्ट मांगी

राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने बुधवार को दिल्ली के मुख्य सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी कर वन भूमि से अतिक्रमण हटाने संबंधी अपने आदेश के अनुपालन पर रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है।

हरित अधिकरण उस याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें उसके आदेश के क्रियान्वयन के सबंध में अनुरोध किया गया था। अधिकरण ने अगस्त 2018 में अपने आदेश में दिल्ली सरकार और इससे संबंधित एजेंसियों को दक्षिण दिल्ली के असोला, सहूपुर और भाटी गांवों में सभी अवैध और गैर-वन संरचनाओं को हटाने का निर्देश दिया था।

न्यायिक सदस्य अरुण कुमार त्यागी और विशेषज्ञ सदस्य ए सेंथिल वेल की पीठ ने कहा, “हम इस अधिकरण द्वारा पारित आदेशों के आवश्यक अनुपालन के पहलू की जांच करना उचित समझते हैं।”

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी, 2 मई के बाद मौसम में बदलाव की संभावना

भोपाल स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और संभावित वायुमंडलीय गड़बड़ी को लेकर अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहा, लेकिन कई क्षेत्रों में तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। खजुराहो में राज्य का अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

विदिशा, रायसेन, रतलाम, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, सतना, दमोह और सागर सहित कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है।

दिन की भीषण गर्मी के अलावा, उमरिया जिले में रातें भी गर्म हैं, जहां न्यूनतम तापमान असहनीय रूप से अधिक बना हुआ है।

पचमढ़ी में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे मौजूदा गर्मी से कुछ राहत मिली।

भोपाल में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों ने कई मौसमी प्रणालियों की पहचान की है, जिनमें उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ और पंजाब और राजस्थान के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण शामिल हैं।


एकता और समावेशी विकास में विश्वास करती है समाजवादी पार्टी : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सपा को ‘विकास विरोधी’ बताए जाने पर बुधवार को पलटवार करते हुए कहा कि सपा एकता, समावेशिता और समान विकास में विश्वास करती है।

यादव ने कहा, “समाजवादी पार्टी ने हमेशा लोगों को जोड़ने का काम किया है। हमारा नाम ही संविधान से प्रेरित है। हम भेदभाव खत्म करने और सामाजिक सद्भाव बढ़ाने में विश्वास रखते हैं।”

उन्होंने कहा कि पार्टी ‘गंगा-जमुनी तहजीब’ और ‘हिंदुस्तानियत’ की पक्षधर है तथा ऐसी राजनीति का समर्थन करती है जो जाति और धर्म से ऊपर उठकर लोगों को साथ लाती है।

कर्नाटक: बीदर के एक अस्पताल में लगी आग, मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

बीदर के गुरु नानक अस्पताल में बुधवार सुबह आग लग गयी जिसके बाद कई मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अस्पताल के सभी मरीज और कर्मचारी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

बीदर की उपायुक्त शिल्पा शर्मा ने पीटीआई.भाषा को बताया कि अस्पताल के कार्यालय अनुभाग में आग लगने के कारण घना धुआं फैल गया।

प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने का संदेह है। हालांकि सटीक कारण अभी पता नहीं चला है।


गुजरात के साबरकांठा में बस की वैन से टक्कर होने के बाद छह महिलाओं की मौत, आठ लोग घायल

गुजरात के साबरकांठा जिले में एक राजमार्ग पर बुधवार को एक निजी बस द्वारा एक वैन को टक्कर मारने के बाद छह महिलाओं की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ए. के. पटेल ने बताया कि वैन अरावली जिले के मोडासा से महिलाओं को ले जा रही थी तभी जिले में शामलाजी को हिम्मतनगर से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर एक तेज रफ्तार बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।

अमेरिका के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र पहुंचा ईरान, कहा- हमारा जहाज जब्त करना समुद्री डकैती

ईरान ने अमेरिका के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र में शिकायत की है। तेहरान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक चिट्ठी में ईरान ने अमेरिका पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। ईरान का कहना है कि अमेरिका ने उसके जहाजों को जब्त करके ‘समुद्री डकैती’ की है।


राजनाथ ने पाकिस्तान को क्लीन चिट दी, अमेरिका को खुश करने की नीति का हिस्सा : कांग्रेस

कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सम्मेलन में आतंकवाद के विषय पर पाकिस्तान को "शर्मनाक क्लीन चीट" दी और यह सब अमेरिका को खुश करने तथा चीन के सामने संतुलित समर्पण की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीति का हिस्सा है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि यह उसी तरह की क्लीन चिट है जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जून, 2020 में भारत-चीन के बीच तनाव के समय अपने बयान से बीजिंग को दी थी।

रक्षा मंत्री ने मंगलवार को कहा था कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने भारत के ‘‘दृढ़ संकल्प’’ को दिखाया कि ‘‘आतंकवाद के केंद्रों को न्यायोचित दंड से अब छूट नहीं है।’’

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कैंपबेल बे स्थित श्री सिंह सभा गुरुद्वारे में मत्था टेका।


गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक सोसाइटी में लगी भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

उत्तर प्रदेशके गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के एक फ्लैट में भीषण आग लग गई है। मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंच गई हैं।

सोसाइटी के निवासी रोहित ने कहा, “करीब 10-12 फ्लैट इस आग में जलकर खाक हो गए हैं। शायद बिजली से जुड़ी कोई समस्या थी। मुझे पूरी जानकारी नहीं है।”

ग्रेट निकोबार में बहुत बड़ा घोटाला हो रहा है : राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ग्रेट निकोबार परियोजना का हवाला देते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में जो हो रहा है वह आदिवासी विरासत के खिलाफ गंभीर अपराध तथा सबसे बड़ा घोटाला है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने मंगलवार को निकोबार का दौरा किया था और स्थानीय लोगों से मुलाकात की थी।

उन्होंने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया, ‘‘मैंने ग्रेट निकोबार की यात्रा की। मैंने अपने जीवन में ऐसे असाधारण जंगल नहीं देखे हैं। यहां बहुत पुराने पेड़ हैं, इस जंगल को विकसित होने में पीढ़ियां लग गईं।’’


तमिलनाडु: मदुरै मीनाक्षी अम्मन मंदिर चिथिराई महोत्सव रथ जुलूस में शामिल होने के लिए हजारों लोग एकत्र हुए।

दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश, गर्मी से मिली राहत

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना कर रहे लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुमान के बीच तेज हवा के साथ बारिश ने दिल्ली एनसीआर का मौसम बदल दिया है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia