बड़ी खबर LIVE: नेपाल आपदा में मृतकों की संख्या 675 हुई, 2,400 से अधिक लोग अब भी लापता, तलाशी अभियान जारी
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 675 हो गई है, जबकि आपदा के बाद 2,400 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। नेपाल पुलिस ने बताया कि तलाश एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी रहने के दौरान शनिवार को प्रभावित सभी आठ जिलों से शव बरामद किये गये।

नेपाल आपदा में मृतकों की संख्या 675 हुई, 2,400 से अधिक लोग अब भी लापता
नेपाल में और शव बरामद होने के बाद अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 675 हो गई है, जबकि आपदा के बाद 2,400 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। नेपाल पुलिस ने बताया कि तलाश एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी रहने के दौरान, प्रभावित सभी आठ जिलों से शव बरामद किये गये।
नेपाल-तिब्बत सीमा के निकट हिमनद के टूटने के बाद हिमस्खलन जैसी घटना से पानी, कीचड़ और मलबे का तेज बहाव नीचे की ओर आया, जिससे बुधवार को मध्य नेपाल में कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया और जलविद्युत केंद्रों को नष्ट कर दिया।
नेपाल पुलिस के एक बयान के अनुसार, अब तक भोटेकोशी बाढ़ के पीड़ितों के 675 शव आठ जिलों से बरामद किए जा चुके हैं। बयान के मुताबिक, बचावकर्मियों ने चितवन से 246, नवलपरासी पूर्व से 165, नवलपरासी पश्चिम से 63 और गोरखा से 57 शव बरामद किए हैं। इसी तरह, धादिंग जिले से 45, नुवाकोट से 51, तनहूं से 35 और रसुवा जिले से 13 शव बरामद किए गए हैं। शनिवार तक 2,400 से अधिक लोग लापता थे।
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के अनुसार नेपाल में बचाव दलों ने शनिवार को अभियान के चौथे दिन लगभग 2,500 फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। बचाव अभियान के लिए 11,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है, जिनमें 5,000 से अधिक नेपाली सेना के जवान शामिल हैं।
'शुद्धीकरण' के खिलाफ उत्तराखंड कांग्रेस के नेता हल्द्वानी के रामलीला मैदान में रामधुन के साथ मौन व्रत रखेंगे
उत्तराखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता यशपाल आर्य ने बताया कि लगभग 300 से 400 कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हल्द्वानी के रामलीला मैदान में रामधुन के साथ मौन व्रत रखेंगे। यशपाल आर्य ने कहा, "कल रामलीला मैदान में शांतिपूर्ण मौन व्रत रखने की इजाज़त के लिए ज़िला प्रशासन और पुलिस से बार-बार रिक्वेस्ट करने के बावजूद, अधिकारी इजाज़त देने में आनाकानी कर रहे थे। मैंने इलाके के सर्किल ऑफ़िसर को बता दिया है कि अगर बार-बार रिक्वेस्ट करने के बाद भी इजाज़त नहीं मिलती है, तो भी रविवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रामलीला मैदान में इकट्ठा होंगे और मौन व्रत में हिस्सा लेंगे। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि मौन व्रत का विरोध हर हाल में किया जाएगा।"
महाराष्ट्र: ब्राह्मण समुदाय की मांगों को लेकर कार्यकर्ता ने जालना में अनशन शुरू किया
महाराष्ट्र के जालना में ब्राह्मण समुदाय की लंबित विभिन्न मांगों के समाधान को लेकर एक कार्यकर्ता ने शनिवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की। कार्यकर्ता दीपक रणनवारे ने शहर के महात्मा गांधी चमन में यह आंदोलन शुरू किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि ब्राह्मण समुदाय की समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए वह इससे पहले भी जालना में दो बार भूख हड़ताल कर चुके हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद राज्य सरकार ने समुदाय की शिकायतों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। दीपक ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में ब्राह्मण समुदाय के छात्र-छात्राओं के लिए मुफ्त शिक्षा और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जरूरी संसाधनों से लैस प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के केंद्र स्थापित करना शामिल है।
PM आवास के पास से हटाई जाने वाली झुग्गियों के लोगों ने राहुल गांधी से मुलाकात कर मांगी मदद
दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास स्थित तीन झुग्गी बस्तियों के लोगों ने शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर दिल्ली के बाहरी इलाके सावदा घेवरा में प्रस्तावित पुनर्वास नीति के खिलाफ हस्तक्षेप की मांग की। इन लोगों का कहना है कि इस कदम से उनकी आजीविका, बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच प्रभावित होगी।
भाई राम कैंप, मस्जिद कैंप और डीआईडी कॉलोनी के निवासी 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि इन तीनों बस्तियों में रहने वाले करीब 717 परिवार इस फैसले से प्रभावित होंगे। इन झुग्गियों में लगभग 3,000 से 5,000 लोग रहते हैं।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार को इन निवासियों को अपनी झुग्गियां खाली करने और सावदा घेवरा में वैकल्पिक आवास में जाने के लिए छह सप्ताह का समय दिया था।
यूक्रेन के कीव क्षेत्र में रूस का बड़ा हमला, कम से कम 37 लोगों की मौत
यूक्रेन की राजधानी कीव के निकट बुचा जिले पर रूसी हमले में कम से कम 37 लोग मारे गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। स्थानीय क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर टकाचेंको ने बताया कि हमले से भीषण आग लग गई, जो कई घरों और एक रेस्तरां तक फैल गई। उन्होंने कहा कि इस हमले में कम से कम 50 रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।
एक बयान में, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि माइला गांव में एक गोदाम पर हमला हुआ, ‘जिसके बाद धमाका हुआ।’ उन्होंने हमलास्थल के बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं दी, लेकिन उसी संदेश में लिखा कि सरकारी लापरवाही के आरोपों पर आपराधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नेपाल में आई अचानक बाढ़ में 183 भारतीय पर्यटक अभी भी लापता, दुनिया भर के कुल 753 टूरिस्ट लापता
नेपाल टूरिज्म डिपार्टमेंट के अनुसार, नेपाल में आई अचानक आई बाढ़ में 183 भारतीय टूरिस्ट अभी भी लापता हैं। वहीं इस आपदा के बाद दुनिया भर से कुल 753 टूरिस्ट लापता हैं।
ममता बनर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, टीएमसीपी बैठक को लेकर अदालत के आदेश के ‘उल्लंघन’ का आरोप
कोलकाता पुलिस ने तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसीपी) की बैठक के संबंध में उच्च न्यायालय के आदेश के कथित उल्लंघन को लेकर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह प्राथमिकी यहां तृणमूल कांग्रेस की छात्र इकाई तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस कार्यक्रम के आयोजन के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा लगाई गई शर्तों के कथित उल्लंघन को लेकर शुक्रवार को दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख बनर्जी के साथ-साथ तृणमूल छात्र परिषद की बैठक के आयोजकों के खिलाफ हेस्टिंग्स पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नेपाल आपदा कोष को गत तीन दिन में दो अरब रुपये का दान मिला
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मची भारी तबाही के बाद देश के प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में लोग दिल खोलकर दान कर रहे हैं और गत तीन दिन में 2.295 अरब रुपये से अधिक का दान मिला है। नेपाल में गत बुधवार को आई अचानक बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 626 हो गई है। इस बाढ़ ने कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, जिससे घर, गाड़ियां, सड़कें और पुल बह गए तथा पनबिजली परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा एवं अब भी करीब 2,400 लोग लापता हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि बुधवार दोपहर से बृहस्पतिवार आधी रात तक 36 घंटों के भीतर कोष में लोगों ने 1.91 अरब रुपये का दान दिया जबकि अकेले शुक्रवार को 38.55 करोड़ रुपये की सहायता राशि जमा हुई। उन्होंने कहा कि हालिया योगदान के साथ कोष में जमा राशि 2.17 अरब रुपये से बढ़कर 4.09 अरब रुपये हो गई है। सरकार ने कोष में दान एकत्र करने और सहायता में समन्वय के लिए वित्त मंत्रालय को नोडल मंत्रालय नामित किया है।
‘शुद्धिकरण’ मामले में SC-ST कानून के तहत FIR दर्ज करने का निर्देश दें प्रधानमंत्री: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सभा स्थल के ‘शुद्धिकरण’ को लेकर शनिवार को बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा हमला बोला और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि यह घटना एक अपराध है और कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि ‘शुद्धिकरण’ में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।
अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव से पहले फिर एसआईआर कराए जाने की आशंका जताई
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर लोगों को सतर्क रहने का आह्वान करते हुए आशंका जताई कि विधानसभा चुनाव से पहले फिर से एसआईआर कराकर नई मतदाता सूची तैयार की जा सकती है।
एसपी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में अखिलेश यादव ने कहा, "उत्तर प्रदेश के लोगों को आगाह करना चाहता हूं कि चुनाव से पहले ये फिर एसआईआर कराएंगे। आपने देखा है इस एसआईआर में क्या हुआ है। चुनाव आने पर वे फिर एसआईआर कराएंगे और नई मतदाता सूची तैयार करेंगे, इसलिए उनकी साजिशों से सतर्क रहें।"
नेपाल बाढ़ में उत्तराखंड के 8 लोग लापता, विदेश और गृह मंत्रालय को दी गई जानकारी
नेपाल में आई बाढ़ को लेकर उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा, “हमें अपनी हेल्पलाइन नंबर के जरिए आठ लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। हमने इस बारे में विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय को जानकारी दे दी है।”
'100 साल बाद RSS किस उपलब्धि की बात करेगा?', मोहन भागवत के कार्यक्रम पर संजय सिंह का वार
RSS प्रमुख मोहन भागवत के मैडिसन स्क्वायर संबोधन पर AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, “अब 100 साल बाद RSS अपनी किन उपलब्धियों की बात करेगा? क्या वह पूरे देश में नफरत की राजनीति को बढ़ावा देने में अपनी लगातार भूमिका की बात करेगा? जहां तक RSS के इतिहास की बात है, उसने 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया। उसने राष्ट्रगान को ‘मनोरंजन की चीज’ कहा था। RSS इन सवालों से कभी बच नहीं पाएगा।”
नेपाल त्रासदी में अब तक 626 लोगों की मौत, 2,426 अब भी लापता, रेस्क्यू में जुटे 15 हजार सुरक्षाकर्मी
नेपाल में अचानक आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 626 हो गई है। नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के मुताबिक, 626 शव बरामद किए जा चुके हैं।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, 2,426 लोग अब भी संपर्क से बाहर हैं। इनमें 933 हाइड्रोपावर परियोजनाओं में काम करने वाले कर्मचारी हैं। सुरक्षा बलों में 45 नेपाली सेना, 27 नेपाल पुलिस और 13 सशस्त्र पुलिस बल (APF) के जवान लापता हैं।
सबसे ज्यादा 233 शव चितवन में बरामद हुए हैं। इसके बाद पूर्वी नवलपरासी में 158, पश्चिमी नवलपरासी में 47, नुवाकोट में 51, गोरखा में 48, धादिंग में 45, तनहूं में 31 और रसुवा में 13 शव बरामद किए गए हैं।
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, रसुवा में 562, नुवाकोट में 115 और मकवानपुर में 65 लोग लापता हैं। इसके अलावा छुट्टियां बिताने नेपाल पहुंचे 517 विदेशी नागरिकों और विदेश में रहने वाले 127 नेपाली नागरिकों की स्थिति भी अभी पता नहीं चल सकी है।
आपदा प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव अभियान के लिए 15,224 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें 6,755 नेपाली सेना, 4,811 नेपाल पुलिस और 3,658 सशस्त्र पुलिस बल (APF) के जवान शामिल हैं।
नीरज चोपड़ा को लगी चोट, पूरे सीजन से हुए बाहर, बोले- अब और मजबूत होकर करूंगा वापसी
भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने पोस्ट कर कहा, “कड़ी मेहनत के दौर के बाद आखिरकार मुझे लगा कि मुझे वह लय और गति मिल रही है, जिसकी मैं तलाश कर रहा था। लॉज़ेन में सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने के बाद मेरा आत्मविश्वास बढ़ रहा था। लेकिन दुर्भाग्य से इसके कुछ ही समय बाद ट्रेनिंग के दौरान मेरे टखने में लिगामेंट में चोट आ गई।”
उन्होंने कहा, “डॉक्टर और अपनी टीम से चर्चा के बाद हमने फैसला किया है कि मैं इस सीजन के बाकी बचे मुकाबलों में हिस्सा नहीं लूंगा। यह निराशाजनक है, खासकर इसलिए क्योंकि मुझे लग रहा था कि मैं अपनी लय हासिल करने के करीब हूं। लेकिन जैसा कहा जाता है, मुश्किलें भी सफर का हिस्सा होती हैं। अब मेरा पूरा ध्यान अच्छी तरह से ठीक होने और पहले से भी ज्यादा मजबूत होकर वापसी करने पर है। आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।”
कोलकाता: पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और WBTMCP आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज
कोलकाता में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पश्चिम बंगाल तृणमूल छात्र परिषद (WBTMCP) के आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह मामला 28 अगस्त को संगठन के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के कथित उल्लंघन को लेकर हेस्टिंग्स पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।
शिकायत के मुताबिक, कार्यक्रम में शामिल समर्थकों ने कथित तौर पर बैरिकेड हटा दिए, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, कैथेड्रल रोड पर यातायात बाधित किया और अदालत द्वारा निर्धारित समय खत्म होने के बाद भी कार्यक्रम जारी रखा।
पुलिस ने यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 61(2), 223, 125(a), 132 और 285 के तहत दर्ज किया है।
हम कांग्रेस अध्यक्ष के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, “हम कांग्रेस अध्यक्ष के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। अगर मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे वरिष्ठ व्यक्ति के साथ ऐसा किया जा सकता है, तो सोचिए कि स्कूल में 4 साल के बच्चे के साथ क्या किया जा सकता है।”
राहुल गांधी ने कहा कि हल्द्वानी में हुई ‘शुद्धिकरण’ की घटना बीजेपी-आरएसएस के उन लोगों की मानसिकता को दिखाती है, जो नहीं चाहते कि दलित आगे बढ़ें और सफल हों।
'संविधान बनाम BJP-RSS की विचारधारा की जंग', दलितों पर अत्याचार और 'शुद्धिकरण' को लेकर राहुल गांधी का हमला
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश में दो विचारधाराओं के बीच जंग चल रही है। एक तरफ संविधान की विचारधारा है और दूसरी तरफ बीजेपी-आरएसएस की विचारधारा है। उन्होंने कहा कि इस देश में हजारों वर्षों से दलितों पर अत्याचार होते आए हैं और आज भी संविधान लागू होने के बावजूद उनके खिलाफ हिंसा की जा रही है, जो गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि देश के कई स्कूलों में दलित बच्चों से शौचालय साफ करवाए जाते हैं और फर्श पर झाड़ू लगवाई जाती है। दलितों को कुओं से पानी भरने की अनुमति नहीं दी जाती। चाय की दुकानों पर भी उनके साथ भेदभाव किया जाता है। शादी के जुलूस में घोड़े पर सवार होने को लेकर उन्हें पीटा, डराया और धमकाया जाता है।
राहुल गांधी ने कहा कि कोई दलित व्यक्ति जितना अधिक सफल होता है, उस पर उतनी ही जोरदार तरीके से हमला किया जाता है और देश में लाखों लोगों के साथ हर दिन ऐसा होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान कांग्रेस विधायक दल के नेता टीकाराम जूली के मंदिर जाने पर बीजेपी नेताओं ने शुद्धिकरण की रस्म की। इसी तरह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी के रामलीला मैदान में भाषण देने जाने पर भी शुद्धिकरण किया गया। राहुल गांधी ने दावा किया कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के मंदिर जाने पर भी ऐसा ही किया गया। उन्होंने कहा कि ये काम बीजेपी-आरएसएस के लोगों द्वारा किए जाते हैं और भारत के संविधान के अनुसार यह अपराध है।
'शुद्धिकरण' छुआछूत का ही एक रूप, BJP-RSS खुलेआम कर रहे इसका पालन: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, “करोड़ों दलित लोग इस तरह के हमलों का सामना कर रहे हैं। अगर कोई दलित व्यक्ति कारोबार, क्रिकेट या किसी भी क्षेत्र में सफल होता है, तो उस पर हमला किया जाता है। राजस्थान में हमारे कांग्रेस विधायक दल (CLP) के नेता एक मंदिर जाते हैं और बीजेपी नेता वहां ‘शुद्धिकरण’ की रस्म करते हैं।"
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश और संविधान के लिए समर्पित किया है, हल्द्वानी के रामलीला मैदान में एक सभा को संबोधित करने जाते हैं और वहां भी ‘शुद्धिकरण’ की रस्म की जाती है। यह बीजेपी और आरएसएस से जुड़े लोगों द्वारा किया जाता है।"
उन्होंने कहा, "यह भारत के संविधान के तहत अपराध है। ‘शुद्धिकरण’ छुआछूत का ही एक और रूप है। छुआछूत को कानूनन खत्म कर दिया गया है, फिर भी बीजेपी के लोग खुले तौर पर इसका पालन कर रहे हैं।"
यूपी: प्रयागराज में स्वामीनारायण मंदिर परिसर में तीन मंजिला इमारत ढही
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के जॉर्ज टाउन इलाके में स्थित स्वामीनारायण मंदिर परिसर में तीन मंजिला इमारत ढह गई। एक अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पथराव के बाद झड़प, 5 लोग घायल, निषेधाज्ञा लागू
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में दो गुटों के बीच हुई झड़प में दो पुलिसकर्मियों समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने निषेधाज्ञा लागू कर दी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
असम: बारिश के बाद गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर बढ़ रहा
असम और अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुई बारिश के बाद गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर बढ़ रहा है।
नेपाल त्रासदी में अब तक 616 मौतें, करीब 2,500 लापता, त्रिशूली में भारी बारिश, रेस्क्यू ऑपरेशन रुका
नेपाल न्यूज़ ने नेपाल पुलिस के हवाले से बताया कि रासुवा-भोटेकोशी बाढ़ के बाद अब तक 616 शव बरामद किए गए हैं, जबकि 2,301 लोग घायल या रेस्क्यू किए गए हैं। प्रभावित इलाकों में आपात राहत और बचाव के लिए सुरक्षा बलों के 4,811 पुलिसकर्मी तैनात हैं, जबकि 27 पुलिसकर्मियों से अभी संपर्क नहीं हो पाया है।
बरामद शवों में सबसे ज्यादा 233 मौतें चितवन में हुई हैं। इसके बाद नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता ईस्ट) में 158, गोरखा में 48, नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता वेस्ट) में 47, धादिंग में 45, नुवाकोट में 41, तनाहुन में 31 और रासुवा में 13 शव बरामद हुए हैं।
मैदानी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान नुवाकोट में 1,622, रासुवा में 676 और धादिंग में 3 लोगों को सुरक्षित निकाला गया या घायल अवस्था में बचाया गया। इसके अलावा काठमांडू घाटी के अलग-अलग अस्पतालों में 140 घायल पीड़ितों का इलाज चल रहा है या उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
देहरादून में 35 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 5 लोग घायल, SDRF ने सभी को बचाया
उत्तराखंड के देहरादून में आज सुबह तड़के एसडीआरएफ को सूचना मिली कि सहिया से पहले लालपुल के पास एक वाहन खाई में गिर गया है और उसमें कई लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही चकराता से एसडीआरएफ की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।
टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कार करीब 35 मीटर गहरी खाई में गिरी हुई थी। वाहन में तीन पुरुष और दो महिलाएं, कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आईं, जबकि तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए।
स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय करते हुए एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम खाई में उतरी और सभी पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
दिल्ली: कालिंदी कुंज ब्लाइंड मर्डर केस सुलझा, बेटे की हत्या में पिता समेत 2 गिरफ्तार
दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले की पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाते हुए 64 वर्षीय तालुकदार अंसारी और 49 वर्षीय मोहम्मद वसीम उर्फ अकबर को 38 वर्षीय गुल हसन की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है।
23 अगस्त 2026 को कालिंदी कुंज की कच्ची कॉलोनी के पास एक लावारिस कंटेनर के अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शव के पास सिर पर चोट के निशान और खून से सना कंक्रीट का पत्थर बरामद हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, गुल हसन स्किजोफ्रेनिया से पीड़ित था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वे उसे डॉक्टर के पास ले जाने के बहाने लावारिस कंटेनर के पास ले गए थे। पुलिस का आरोप है कि वसीम ने पत्थर से उसके सिर पर वार किया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और कथित तौर पर कपड़े की रस्सी से उसका गला घोंट दिया।
पुलिस ने कथित हत्या में इस्तेमाल पत्थर, खून से सने कपड़े और गला घोंटने में इस्तेमाल की गई रस्सी बरामद कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।
दिल्ली में CNG के दाम बढ़े, आज सुबह 6 बजे से नई कीमत लागू, अब ₹86.98 प्रति किलो हुआ
दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। नई कीमतें आज सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं। अब दिल्ली में सीएनजी की कीमत 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। ये दृश्य एक सीएनजी स्टेशन के हैं।
बंगाल: हुगली में परिवार के 3 लोगों ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटके मिले शव, सुसाइड नोट में 4 लोगों के नाम
पश्चिम बंगाल के हुगली के धनीखाली के सोमासपुर दुल्लेपाड़ा इलाके में किराए के मकान में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। परिवार के लोगों के जवाब नहीं देने और घर अंदर से बंद मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। एक कमरे में उत्तम चेन (52), उनकी पत्नी रूपा चेन (45) और बेटी अंकिता चेन (17) के शव फंदे से लटके मिले। मौके से बरामद सुसाइड नोट में चार लोगों के नाम दर्ज हैं। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर मामले की आगे जांच शुरू कर दी है।
नेपाल: भारी बारिश के चलते फिलहाल त्रिशूली में रोका गया रेस्क्यू ऑपरेशन
नेपाल के त्रिशूली में भारी बारिश के चलते मौसम की स्थिति बिगड़ने से राहत-बचाव अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पा रहा है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के बीच एहतियात के तौर पर आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
नेपाल त्रासदी में अब तक 587 मौतें, करीब 2,500 लापता, 420 भारतीयों से संपर्क नहीं
नेपाल में भीषण बाढ़ से 587 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 2,500 लोग लापता हैं। इनमें 320 भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के 100 लोग शामिल हैं, जिनसे अब तक संपर्क नहीं हो पाया है। वहीं तिब्बत में मौजूद 400 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं।
बाढ़ से 90,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 13 हाइड्रोपावर परियोजनाओं से जुड़े 933 कर्मचारी लापता हैं, जिनमें से 254 को बचा लिया गया है। पहाड़ी इलाकों में सड़क और पुल बह जाने से राहत-बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। इस बीच भोटेकोशी नदी में पानी बढ़ने से दोबारा बाढ़ का खतरा पैदा हुआ है, हालांकि शनिवार सुबह 6:30 बजे तक भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों का बहाव सामान्य बताया गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
