बड़ी खबर LIVE: राहुल गांधी का बड़ा हमला, 'अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया तो मुझसे माफी मांगने को कहा, मैं कभी नहीं झुकूंगा'

राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि उन्हें छात्रों की बर्बरता पर सदन में बोलने नहीं दिया। उन्होंने मुझे बताया कि मैंने अमित शाह पर कुछ बोला, इसीलिए मुझे नहीं बोलने दिया गया।

फोटो: विपिन
i

भारतीय जहाजों को अदन की खाड़ी, हॉर्न ऑफ अफ्रीका से गुजरते समय सतर्कता बरतने की सलाह

नौवहन प्रशासन महानिदेशालय (डीजीएमए) ने भारतीय नाविकों को ले जा रहे देशी और विदेशी ध्वज वाले जहाजों को अदन की खाड़ी और हॉर्न ऑफ अफ्रीका के समुद्री क्षेत्र से गुजरने समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

यह परामर्श अप्रैल, 2026 से इस क्षेत्र में समुद्री डकैती की कई घटनाएं सामने आने के कुछ दिन बाद जारी किया गया है।

डीजीएमए ने कहा कि सभी जहाज मालिक, परिचालक, जहाज के कप्तान, कंपनी सुरक्षा अधिकारी (सीएसओ) और भर्ती एवं नियुक्ति सेवा लाइसेंस (आरपीएसएल) एजेंसियां इस क्षेत्र से गुजरते समय समुद्री डकैतों तथा समुद्री सुरक्षा संबंधी खतरों से बचाव के लिए ‘बेस्ट मैनेजमेंट प्रैक्टिसेज’ (बीएमपी-5) के नवीनतम संस्करण का सख्ती से पालन करें।

मजदूर, किसान 10 अगस्त को ‘कॉर्पोरेट समर्थक नीतियों’ के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे

केंद्रीय श्रमिक संघों और संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने बुधवार को केंद्र की श्रम, कृषि और आर्थिक नीतियों के खिलाफ 10 अगस्त को एक नया देशव्यापी आंदोलन शुरू करने का फैसला किया तथा चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

यह फैसला ‘मजदूरों और किसानों के दूसरे राष्ट्रीय सम्मेलन’ में लिया गया, जिसमें 10 केंद्रीय श्रमिक संघों, अलग-अलग क्षेत्रों की फेडरेशन और एसकेएम के सदस्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन में एक संयुक्त प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें केंद्र पर आरोप लगाया गया कि वह मजदूरों, किसानों, छात्रों और युवाओं के हितों को नजरअंदाज करके ‘‘कॉर्पोरेट-समर्थक’’ नीतियां अपना रहा है।

प्रस्ताव में चार श्रम संहिताओं को रद्द करने, विकसित भारत -जी राम जी- अधिनियम को खत्म करके मनरेगा को बहाल करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, बिजली संशोधन विधेयक को वापस लेने, सार्वजनिक उपक्रमों और सार्वजनिक सेवाओं के निजीकरण को रोकने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, खाली सरकारी पदों को भरने और मजदूरों के लिए सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा की मांग की गई।

प्रस्ताव में अमेरिका और यूरोपीय संघ के साथ भारत की जारी व्यापार वार्ताओं का भी विरोध किया गया, और आरोप लगाया कि इनसे कृषि, एमएसएमई और घरेलू उद्योगों पर बुरा असर पड़ेगा।

2026 में जो नया कानून बना है वो दबाव में बना है जब बड़ी संख्या में छात्र, युवा सड़कों पर आए तब सरकार को ये नया कानून बनाना पड़ा: अखिलेश यादव

लोकसभा में पास हुए एंटी-पेपर लीक बिल पर SP राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "ये कानून 2024 में था 2026 में जो नया कानून बना है वो दबाव में बना है जब बड़ी संख्या में छात्र, युवा सड़कों पर आए तब सरकार को ये नया कानून बनाना पड़ा। सवाल ये है कि देश की जनता जानती है कि जितने भी शिक्षा संस्थान है उस पर बिना रजिस्ट्री एकरंगी लोगों का कब्जा है अगर आप इसके समर्थक नहीं तो आपको आगे बढ़ने का मौका नहीं मिलेगा और उसी का परिणाम है आज सदन में नाराजगी रही और सरकार जवाब देने को तैयार नहीं थी।"


राहुल गांधी ने कहा, "अमित शाह गृह मंत्री हैं। पैलेट गन का इस्तेमाल गृह मंत्री की इजाजत के बिना नहीं किया जाता है

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "अमित शाह गृह मंत्री हैं। पैलेट गन का इस्तेमाल गृह मंत्री की इजाजत के बिना नहीं किया जाता है। गृह मंत्री ने ऑर्डर किया था पैलेट गन चलाने का या फिर इन्हें पता ही नहीं था कि ऐसा दिल्ली में हो रहा था। कोई भी कारण हो लेकिन इन्हें हटाया जाना चाहिए। ये लोकसभा में नहीं आ पाए हैं... हिंसा किसने की थी? दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय को रिपोर्ट करती है..."

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर हमले को लेकर मैंने गृहमंत्री को चिट्ठी लिखी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर हमले को लेकर मैंने गृहमंत्री को चिट्ठी लिखी। एक घायल छात्र से तो मैंने खुद मुलाकात की। लाठी में कील गाड़कर छात्रों को मारा गया। आज उसी मुद्दे को मैंने संसद में उठाया तो मुझे वहां बोलने नहीं दिया गया। मेरे लिए बोलने का जो प्लेटफॉर्म है वो लोकसभा है, लेकिन वहां मुझे बोलने ही नहीं दिया गया।


राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- मुझे संसद में बोलने नहीं दिया गया

राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि उन्हें छात्रों की बर्बरता पर सदन में बोलने नहीं दिया। उन्होंने मुझे बताया कि मैंने गृह मंत्री अमित शाह पर कुछ बोला, मैनें कहा कि जो भी छात्रों के साथ बर्बरताकी गई, उसके लिए अमित शाह जिम्मेदार हैं। इसीलिए मुझे नहीं बोलने दिया गया। मुझसे ये आश्वासन दिया गया कि मैं अगर माफी मांग लूं तो मैं अपना संबोधन जारी रख सकता हूं। मैं कभी भी बीजेपी और आरएसएस वालों से माफी नहीं मांगूंगा।

ओडिशा में बाढ़ से तीन लोगों की मौत, दो लाख से अधिक प्रभावित; भारी बारिश से सभी प्रमुख नदियां उफान पर

ओडिशा में बुधवार को बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही। उफनती नदियों के कारण राज्य के छह उत्तरी जिले जलमग्न हो गए हैं। इस दौरान अग्निशमन सेवा के एक कर्मी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि तीनों मौतें क्योंझर जिले में हुई हैं, जो सबसे अधिक प्रभावित बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों की तुलना में अपेक्षाकृत कम प्रभावित है।

उन्होंने बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के बाद बताया कि ड्यूटी के दौरान करंट लगने से एक अग्निशमन कर्मी की मौत हो गई, दीवार गिरने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की जान चली गई और एक बच्चे का शव बाढ़ के पानी में मिला।

उन्होंने कहा, ‘‘बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों में किसी मानव या पशु की मौत की कोई सूचना नहीं है। हमने मुख्यमंत्री को उनके गृह जिले क्योंझर में हुई मौतों के बारे में जानकारी दे दी है।’’


राजस्थान में मानसून का कहर: जयपुर में सड़कें जलमग्न, धौलपुर में बाजार डूबे; 22 जिलों में येलो अलर्ट

राजस्थान में बुधवार को मानसून ने रफ्तार पकड़ ली। राजधानी जयपुर समेत राज्य के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। जयपुर में दोपहर के समय करीब 35 मिनट तक हुई तेज बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए, जबकि धौलपुर जिले के राजाखेड़ा कस्बे में बाजारों और निचले क्षेत्रों में पानी भर गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के 22 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और कहा है कि 2 अगस्त तक सक्रिय मानसून बना रहेगा। विभाग के अनुसार 30 और 31 जुलाई को उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

जयपुर में तेज बारिश के चलते टोंक रोड, रामबाग, परकोटा क्षेत्र (चारदीवारी), अजमेरी गेट, 22 गोदाम और सी-स्कीम समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। जगतपुरा रोड पर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने बस स्टॉप पर रुककर बारिश थमने का इंतजार किया।

संत कबीर नगर कचहरी में एक परिवार ने की आत्मदाह की कोशिश, पुलिसकर्मियों ने रोका

संत कबीर नगर जिले में बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय के परिसर में एक परिवार के चार सदस्यों ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने समय रहते उन्हें बचा लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुशील कुमार सिंह ने बताया कि खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के दिघा गांव का रहने वाला बलराम गुप्ता अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ कचहरी पहुंचा था और आरोप है कि उसने खुद पर और अपने परिवार के सदस्यों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि कचहरी में तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें रोक दिया।

सिंह ने बताया कि खलीलाबाद के बरदहिया बाजार में फल और जूस बेचने वाले गुप्ता ने आरोप लगाया कि स्थानीय निवासी बंटी शर्मा और विजय ठाकुर उनसे जबरन वसूली की मांग कर रहे थे और पैसे न देने पर कई बार उनकी पिटाई की गई।


जम्मू एंड कश्मीर बैंक का शुद्ध लाभ जून तिमाही में 11.5 प्रतिशत घटकर 428.80 करोड़ रुपये पर 

जम्मू एंड कश्मीर बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 11.5 प्रतिशत घटकर 428.80 करोड़ रुपये रहा है।

निजी क्षेत्र के इस बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 484.53 करोड़ रुपये था।

बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 3,765 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,521 करोड़ रुपये थी।

चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) दो प्रतिशत बढ़कर 1,497 करोड़ रुपये रही, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 1,465 करोड़ रुपये थी। वहीं, शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) 3.28 प्रतिशत रहा।

बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमिताव चटर्जी ने कहा, ‘‘पूरे बैंकिंग उद्योग में ऊंची कोष लागत और कम लागत वाली जमा राशि जुटाने की धीमी रफ़्तार के कारण मार्जिन पर दबाव पड़ा, जिससे तिमाही के दौरान मुनाफ़ा प्रभावित हुआ।

एंटी पेपर लीक बिल हंगामे के बीच लोकसभा से पास, ध्वनिमत से हुआ मतदान

डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा का जवाब दिया। इसके बाद विपक्ष के हंगामे के बीच ही इस बिल को संशोधनों के साथ पारित कर दिया गया। लोकसभा में ध्वनिमत से पारित हो गया।


राज्यसभा के बाद लोकसभा की कार्यवाही भी कल तक के लिए स्थगित 

लोकसभा में भी विपक्ष ने भारी हंगामा किया और अमित शाह के सदन पर मौजूद ना होने पर सरकार को भी घेरा, हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही को स्पीकर ने कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

राज्यसभा से विपक्ष का वॉकआउट, कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित 

राज्यसभा से विपक्षी कांग्रेस और अन्य दलों के सदस्य वॉकआउट कर गए हैं। विपक्ष के वॉकआउट के बाद भी सदन की कार्यवाही कुछ देर जारी रही, लेकिन बाद में सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई


अगर गृह मंत्री को यह भी नहीं पता था कि गोलियां चल रही हैं, तो इसका मतलब है कि वे अक्षम हैं- राहुल गांधी 

लोकसभा में अपने भाषण के दौरान, विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "दो स्थितियां हो सकती हैं। एक तो यह कि गृह मंत्री ने आदेश दिया हो। दूसरी यह कि गृह मंत्री को पता ही न हो कि गोलीबारी होने वाली है। पहली स्थिति में, वे दोषी हैं; दूसरी में, वे अक्षम हैं इन दोनों में से कोई एक बात तो होगी ही; कोई तीसरी संभावना नहीं है। अगर गृह मंत्री को यह भी नहीं पता था कि गोलियां चल रही हैं, तो इसका मतलब है कि वे अक्षम हैं; और अगर उन्होंने आदेश दिया था, तो वे दोषी हैं..."

अगर शाह ने कुछ नहीं किया है और कोई आदेश जारी नहीं किया है, तो उन्हें बस यह साफ़ कर देना चाहिए कि उन्होंने आदेश जारी नहीं किया था- राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सदन में अपने भाषण के दौरान कहा, "वे (केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह) सदन में आए ही नहीं हैं। वे क्यों नहीं आ रहे हैं? भारत के तथाकथित बहादुर गृह मंत्री सदन में क्यों नहीं हैं? अगर उन्होंने कुछ नहीं किया है और कोई आदेश जारी नहीं किया है, तो उन्हें बस यह साफ़ कर देना चाहिए कि उन्होंने आदेश जारी नहीं किया था। मुख्य बात यह है कि मुझे संसद में बोलने का अधिकार है, और मुझे वह अधिकार मिलना ही चाहिए।"


राहुल गांधी के अमित शाह परदिए बयान के बाद हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही 3 बजे तक के लिए स्थगित    

राहुल गांधी केबयान के बाद एक बार फिर सदन में हंगामा देखने को मिला। जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

राहुल गांधी ने सही कहा छात्रों पर कार्रवाई के लिए गृह मंत्रालय जिम्मेदार, अमित शाह सदन में आकर जवाब दें: केसी वेणुगोपाल 

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी ने जो कहा है, वह बिल्कुल साफ़ है। दिल्ली पुलिस पूरी तरह से गृह मंत्रालय के कंट्रोल में है, है ना? दिल्ली पुलिस कमिश्नर किससे आदेश लेते हैं? वे गृह मंत्रालय से ही आदेश लेते हैं। इसके लिए खुद गृह मंत्री ज़िम्मेदार हैं। इसीलिए वे सदन में बिल्कुल नहीं आ रहे हैं। अगर राहुल जी यह आरोप लगाते हैं, तो इसका क्या रास्ता है? गृह मंत्री को सदन में आना होगा और उन्हें यह बताना होगा कि मैंने आदेश नहीं दिया... जब विपक्ष के नेता (LoP) सदन में यह मुद्दा उठा रहे हैं, तो आप लोग उन्हें बोलने ही नहीं दे रहे हैं। जब उन्होंने भाषण शुरू ही किया था, तभी उन्हें रोकने की कोशिश की गई। उन्हें अच्छी तरह पता है कि वे पूरी तरह दोषी हैं। इसीलिए वे हम पर आरोप लगा रहे हैं। छात्रों पर ज़्यादती की यह पूरी घटना गृह मंत्रालय की कार्रवाई की वजह से ही हुई


अमित शाह में इतना साहस नहीं है कि वह यहां आकर संसद में बैठें- राहुल गांधी   

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने परीक्षा संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "इस देश के तथाकथित गृह मंत्री अमित शाह में इतना साहस नहीं है कि वह यहां आकर संसद में बैठें। राहुल गांधी ने कहा वो यहां इसलिए नहीं है क्योंकि वो डरे हए हैं।

राहुल गांधी ने इस दौरान कहा कि भारत के छात्र को अमित शाह ने गोली मारने का आदेश दिया, इसके बाद सदन में भारी हंगामा हो गया। हंगामे के बीच राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय फोर्स गृह मंत्री और पीएम के अधिकृत हैं। राहु गांधी के इस बयान के बाद एक बार फिर सदन में हंगामा हो गया जिसके बाद सदन की कार्यवाही 2.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

शिक्षा के सिस्टम पर आरएसएस ने कब्जा कर लिया है- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने परीक्षा संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान परीक्षा प्रणाली, शिक्षा व्यवस्था और केंद्रीय गृह मंत्री की अनुपस्थिति को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि परीक्षा का पूरा तंत्र पेपर तैयार करने से लेकर उसे परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन तक सवालों के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह "एग्जाम सिस्टम नहीं, बल्कि एक्सटॉर्शन सिस्टम" बन गया है, जिसमें ईमानदार छात्र पीछे छूट रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि 30 से 40 लाख रुपये में पेपर लीक हो रहे हैं।

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में निजी कंपनियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आज निजी संस्थाएं परीक्षाएं संचालित कर रही हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने शिक्षा व्यवस्था पर कब्जा कर लिया है और शिक्षा मंत्रालय का संचालन मंत्री नहीं, बल्कि आरएसएस कर रहा था।


अंधभक्त वे लोग हैं, जो बेवकूफों को फॉलो करते हैं- राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने परीक्षा संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान कहा कि एक सुंदर फ्रेमवर्क मुझे एक 18 साल की लड़की ने समझाया। लगता है कि हमारे जो छात्र-छात्राएं हैं वो एग्जाम के बारे में बात कर रहे हैं। वो शिक्षा प्रणाली के बारे में बात कर रहे हैं, वह शिक्षा की कॉस्ट के बारे में बात कर रहे हैं। यह काफी महंगा है। शिक्षा में काफी पैसा सिर्फ एक परीक्षा में खर्च होता है। उतना, जितना लगभग हमारा शिक्षा बजट में खर्च होता है।

राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि मैंने उस छात्र को बताया समाज में तीन तरह की श्रेणियां हैं आप इन्हें कहा कहां देखती हैं, पहली छात्रों की, दूसरी "इडियट" (बेवकूफ) और तीसरी "अंधभक्तों" की।

राहुल गांधी ने कहा, मैंने सोचा कि ये बच्चे हैं और ये बेवकूफ भी हैं। फिर मैंने एक बच्ची से पूछा कि तीसरी कैटेगरी कहां जाती है, अंधभक्तों को कहां रखा जाए? जवाब मिला कि अंधभक्त वे लोग हैं, जो बेवकूफों को फॉलो करते हैं।

राहुल गांधी के संबोधन के बीच सदन में हंगामा

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने परीक्षा संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान अपनी बात रखी, इस दौरान सत्ता पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया।


लोकसभा में परीक्षा संशोधन विधेयक पर चर्चा, राहुल गांधी बोले- देश का भविष्य सड़कों पर उतरा   

संसद के मानसून सत्र में मंगलवार को पेपर लीक के मुद्दे पर लंबी और गरमागरम बहस हुई। आज फिर इस विधेयक पर लोकसभा में चर्चा हो रही है। नेता विपक्ष राहुल गांधी अपनी बात रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य को सड़कों पर उतरना पड़ा।

राहुल गांधी ने कहा कि छात्र आंदोलन देश के युवाओं का भाव व्यक्त करना था। मुझे लगता है कि हर राजनीतिक दल को इस भाव व्यक्तता का सम्मान करना चाहिए। खासकर हमारे भाजपा के साथियों को। अगर हमारे भाजपा के साथी अपने खुद के बच्चों से पूछें कि उनके भाई-बहन क्या कर रहे थे तो उन्हें पता चलेगा कि प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ और वह क्यों प्रदर्शन से सहमति रखते हैं।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि कुछ छात्रों, युवा लड़कियों के परिप्रेक्ष्य ने मुझे नया नजरिया दिया। मैं उनके नजरिए से सहमत हूं। आप कहते हैं कि आप छात्र हैं इसका क्या मतलब है? उन्होंने मुझसे कहा कि एक छात्र वह है जिसका खुला दिमाग और खुला दिल है। छात्र वह है जो शुरुआत से लिखता है, मानते हैं कि उन्हें सबकुछ नहीं पता। छात्र वह होते हैं जो वह जानते हैं उसके ऊपर कुछ नया ज्ञान है। वह यह मानते हैं कि ब्रह्मांड लगातार बदल रहा है। ऐसे में छात्र मानते हैं कि ज्ञान भी लगातार बदल रहा है। छात्रों ने कहा कि विनम्रता भी इसका एक अहम पहलू है क्योंकि हमें पता है कि कोई हमसे भी ज्ञानी मौजूद है, जो इस ज्ञान को बढ़ा सकता है।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि युवाओं के प्रदर्शन को गुस्से, हिंसा या नफरत के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह देश के युवाओं की भावनाओं, चिंताओं और अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से रखने का माध्यम है। राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं का यह प्रदर्शन देखकर उन्हें खुशी और विश्वास मिला है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, विशेष रूप से भाजपा से, युवाओं की आवाज का सम्मान करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के नेता अपने बच्चों से इस प्रदर्शन के बारे में चर्चा करेंगे, तो संभव है कि उनके बच्चे भी प्रदर्शन कर रहे युवाओं के प्रति समर्थन व्यक्त करें। राहुल गांधी ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में उन्हें कुछ भी गलत नहीं दिखता और हर भारतीय को युवाओं की इस लोकतांत्रिक भागीदारी पर गर्व होना चाहिए।

दिल्ली: राहुल गांधी संसद पहुंचे, वे सदन में 'पब्लिक एग्ज़ामिनेशन्स (प्रिवेंशन ऑफ़ अनफेयर मीन्स) अमेंडमेंट बिल, 2026' पर बोलेंगे


'एनटीए के चेयरमैन को अब तक क्यों नहीं हटाया गया',  पप्पू यादव ने सरकार से पूछे कई सवाल

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने पेपर लीक और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के कामकाज को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आरटीआई और ऑडिट जैसी जवाबदेही तय करने वाली व्यवस्थाओं को कमजोर कर दिया गया है, ऐसे में जवाबदेही किसकी होगी। पप्पू यादव ने पूछा कि एनटीए के चेयरमैन को अब तक क्यों नहीं हटाया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में एनटीए में नियुक्त एक वरिष्ठ अधिकारी पहले मध्य प्रदेश के शिक्षा विभाग में भी बड़े पद पर थे और लंबे समय से उसी व्यवस्था का हिस्सा बने हुए हैं।

उन्होंने कहा कि हर साल छह से आठ करोड़ आवेदन फॉर्म भरे जाते हैं और इसके जरिए बड़ी राशि एनटीए को मिलती है। ऐसे में एजेंसी की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि इस पूरे मामले की जांच कौन करेगा और विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कौन करेगा। पप्पू यादव ने यह भी आरोप लगाया कि संजीव मुखिया को बरी कर दिया गया है और राज्यों के अधिकार भी छीन लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल पेपर लीक तक सीमित रहने के बजाय एनटीए की कार्यप्रणाली और उसकी जवाबदेही पर भी स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

संसद से अमित शाह के गायब रहने को लेकर विपक्ष ने उठाए सवाल, राज्यसभा 2 बजे तक स्थगित

राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस सासंद रेणुका चौधरी ने अमित शाह की सदन से गायब रहने को लेकर सावाल किया और कहा कि शाह हैं कहा? बुलाओ उन्हें.. इस दौरन सदन में हंगामा हो गया, जिसके बाद स्पीकर ने कार्यवाही को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।


परीक्षा पर चर्चा हो रही है और प्रधानमंत्री या गृह मंत्री सदन में नहीं हैं। यह कैसी चर्चा है जिसमें प्रधानमंत्री और गृह मंत्री दोनों ही मौजूद नहीं हैं?- गौरव गोगोई

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि परीक्षा पर चर्चा हो रही है और प्रधानमंत्री या गृह मंत्री सदन में नहीं हैं। यह कैसी चर्चा है जिसमें प्रधानमंत्री और गृह मंत्री दोनों ही मौजूद नहीं हैं? इसलिए, विपक्षी दलों ने प्रश्नकाल के दौरान यह मांग उठाई। हमारी मुख्य मांग है कि केंद्रीय गृह मंत्री जवाब दें, लेकिन जब वे मौजूद ही नहीं हैं, तो वे जवाब कैसे दे सकते हैं? मुझे लगता है कि केंद्रीय गृह मंत्री और प्रधानमंत्री शिक्षा के मुद्दे पर जवाब नहीं देना चाहते... जो अन्याय हुआ है, उसके खिलाफ विपक्षी दलों ने आज प्रश्नकाल के दौरान अपनी आवाज़ उठाई..."

लोकतंत्र सुरक्षित नहीं है, सीपीएम कार्यालय पर रेड करने वाले अरेस्ट हों- खड़गे  

मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में कहा कि जो ब्रिटास ने उठाया मुद्दा, वह बहुत शर्मनाक है कि हम एक नेशनल पार्टी के ऑफिस में घुसकर अरेस्ट करने की बात करते हैं। लोकतंत्र सुरक्षित नहीं है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को अरेस्ट करना चाहिए। किसने ऑर्डर दिया इसके लिए।

राज्यसभा में केरल से सीपीएम के राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास ने सीपीएम के दिल्ली कार्यालय पर दिल्ली पुलिस की रेड का मुद्दा उठाया। जॉन ब्रिटास ने कहा कि हमारा लोकतंत्र मल्टी पार्टी है। सीपीएम एक राष्ट्रीय पार्टी है और इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है।


राज्यसभा की कार्यवाही भी 12 बजे तक स्थगित

लोकसभा के बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित हो गई है। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।

प्रह्लाद जोशी पर टिप्पणी को लेकर प्रियंका गांधी का पलटवार, बोलीं- सच बोलने की सजा मिलेगी तो भी सच कहूंगी

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी पर अपनी टिप्पणी को लेकर कहा, "इसमें असंसदीय क्या था? मैंने सिर्फ सच कहा है। अगर सच बोलने के लिए मुझे सजा देना चाहते हैं, तो भी मैं सच ही बोलूंगी।"

उन्होंने कहा, "आपने वीडियो देखे हैं और यह कोई एक घटना नहीं है। महिलाओं पर मंगलुरु पब हमले में शामिल व्यक्ति को भाजपा में किसने शामिल कराया था? प्रह्लाद जोशी ने। हालांकि, उसे कुछ घंटों बाद पार्टी से निकाल दिया गया था, लेकिन उसे भाजपा में शामिल कराते हुए उनकी तस्वीर मौजूद है। यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि महिलाओं के प्रति उनके नजरिए को दर्शाता है।


संसद में सपा का प्रदर्शन,लगाए 'चंदा चोर-गद्दी छोड़' के नारे

लोकसभा में विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों ने हंगामा किया। इसके बाद स्पीकर ने 12 बजे तक कार्यवाही स्थगित कर दी है।


परीक्षा संशोधन विधेयक पर लोकसभा में आज फिर चर्चा, सदन में बोलेंगे राहुल गांधी

संसद के मानसून सत्र में मंगलवार को पेपर लीक के मुद्दे पर लंबी और गरमागरम बहस हुई। प्रियंका गांधी ने नए संसोधनों की आलोचना की और पीएम मोदी द्वारा गठित उच्च स्तरीय टास्क फोर्स के सदस्यों का मजाक उड़ाया। इस पर सत्ता पक्ष ने भी कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर जमकर निशाना साधा और पेपर लीक मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। आज भी इस मुद्दे पर संसद में बहस होगी और आज राहुल गांधी सरकार पर निशाना साधेंगे।

एफआईआर वापस न लेने पर अखिलेश यादव का सरकार पर निशाना, बोले- सदन में भरोसा दिया होता तो विवाद खत्म हो जाता

प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ दर्ज FIR वापस न लिए जाने पर दोबारा विरोध करने के CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास के बयान पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "इसीलिए हमने कहा था कि अगर सरकार सदन में यह भरोसा दिलाती कि किसी के ख़िलाफ़ कोई केस दर्ज नहीं किया जाएगा और न ही कोई दंडात्मक कार्रवाई होगी, तो मामला साफ़ हो जाता।


संसद का मॉनसून सत्र: अगर सरकार खुद पेपर लीक में शामिल है , तो कानून से क्या उम्मीद की जा सकती है?- अखिलेश यादव

पर लीक के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव ने कहा, "इसकी ज़िम्मेदारी मौजूदा सरकार की है। हमने संसद में भी यह बात कही है। बीजेपी सरकार के कार्यकाल में सबसे ज़्यादा पेपर लीक हुए हैं और लोग यह बात जानते हैं। इसीलिए इतनी बड़ी संख्या में युवा दिल्ली में इकट्ठा हुए थे। बिल में सिर्फ़ संशोधन किया गया है। हमें बताएं कि पुराने कानून के तहत कितने लोगों को गिरफ़्तार किया गया था। अकेले उत्तर प्रदेश में 20 से ज़्यादा पेपर लीक हुए हैं। कितने लोग पकड़े गए? सरकार को बताना चाहिए कि कितने लोगों पर कार्रवाई हुई है और कितने लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। अगर सरकार खुद इसमें शामिल है और उसकी अपनी पार्टी के लोग इसमें शामिल हैं, तो कानून से क्या उम्मीद की जा सकती है?"

बांसवाड़ा में स्कूल वैन खड़े ट्रक से टकराई, एक छात्र की मौत, छह घायल

राजस्थान के बांसवाड़ा शहर में बुधवार सुबह ठीकरिया क्षेत्र में सेंट पॉल स्कूल की बच्चों से भरी वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें एक बच्चे की मौत और छह लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, वैन में सवार बच्चे जानामेड़ी, बाहुबली कॉलोनी और हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के निवासी थे, जो सुबह स्कूल जा रहे थे। दुर्घटना में हयन बसानिया, पुत्र डॉ. राजेंद्र बसानिया, निवासी हाउसिंग बोर्ड की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छह बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही राजा तालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।


घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी, सेंसेक्स 726 अंक उछला

 घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी ने बुधवार को शुरुआती कारोबार में जोरदार वापसी की। आईटी कंपनियों तथा एचडीएफसी बैंक के शेयर की लिवाली और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ताजा खरीदारी से घरेलू बाजारों को समर्थन मिला।

बीएसई सेंसेक्स 726.13 अंक चढ़कर 77,471.26 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 203.50 अंक की बढ़त के साथ 24,189.05 अंक पर रहा।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल और एचसीएल टेक के शेयर सबसे अधिक बढ़त में रहे। वहीं, इंटरग्लोब एविएशन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, पावर ग्रिड और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 7.85 प्रतिशत गिरावट में कारोबार कर रहा है। जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट भी नुकसान में रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।

अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 87.68 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 755.33 करोड़ रुपये के शेयर की शुद्ध खरीदारी की।

बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 69.86 अंक और एनएसई निफ्टी 10.60 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

संवैधानिक पदाधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पर दिल्ली पुलिस का 'एक्स' को नोटिस

संवैधानिक पदाधिकारियों को निशाना बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर कथित रूप से आपत्तिजनक, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित किए जाने की शिकायत के संबंध में दिल्ली पुलिस ने 'एक्स' को पत्र लिखा है।

दिल्ली पुलिस ने 'एक्स' से निम्नलिखित जानकारी और कार्रवाई की मांग की है

  1. संबंधित पोस्ट/वीडियो को तत्काल प्लेटफॉर्म से हटाया जाए।

  2. जिस एक्स अकाउंट से यह सामग्री पोस्ट की गई है, उसके पंजीकृत धारक का पूरा नाम, पता, संपर्क विवरण, ईमेल आईडी तथा लॉगिन और लॉगआउट का समय एवं तारीख सहित पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जाए।

  3. जांच में सहायक होने वाली अन्य सभी प्रासंगिक जानकारी साझा की जाए।

  4. संबंधित पोस्ट/वीडियो से जुड़े सभी डिजिटल रिकॉर्ड भविष्य की जांच के लिए सुरक्षित रखे जाएं।

  5. भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की धारा 63(4) के तहत आवश्यक प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाए।


मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में हथियार और गोला-बारूद बरामद

सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में तलाशी अभियान के दौरान राइफल, मोर्टार के गोलों और हथगोलों सहित हथियारों एवं गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक बयान के अनुसार, यह बरामदगी मंगलवार को सेइजंग चेइराव चिंग क्षेत्र की तलहटी में की गई।

बयान में कहा गया, ‘‘अभियान के दौरान मैगजीन के साथ एक .303 राइफल, 12 बोर की तीन सिंगल बैरल बंदूकें, एक .22 राइफल, दंगा नियंत्रण में इस्तेमाल होने वाली एक बंदूक, मोर्टार के तीन गोले, दो हथगोले, विभिन्न कैलिबर के 43 कारतूस, आंसू गैस के तीन ग्रेनेड और पांच वायरलेस सेट बरामद किए गए।’’

आषाढ़ पूर्णिमा पर छड़ी मुबारक पहलगाम पहुंची, देशभर में शांति और समृद्धि की हुई प्रार्थना

कड़ी सुरक्षा के बीच आषाढ़ पूर्णिमा (गुरु पूर्णिमा) के मौके पर पारंपरिक भूमि पूजन और नवग्रह पूजन की रस्मों के लिए पवित्र छड़ी (छड़ी मुबारक) को श्रीनगर के दशनामी अखाड़े से पहलगाम ले जाया गया।

पवित्र छड़ी (छड़ी मुबारक) के संरक्षक महंत दीपेंद्र गिरी ने कहा कि हमेशा की तरह पूजा-अर्चना और यात्रा जारी है। मेरी जानकारी के अनुसार, इस साल लगभग 4,25,000 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं और सुरक्षित अपने घर लौट आए हैं। मौसम की मुश्किल स्थितियों के बावजूद यह यात्रा का वाकई बहुत उत्साहजनक पहलू है।


मध्य प्रदेश- मूंग की 100 फीसदी MSP पर खरीद की मांग,  किसानों का आंदोलन तेज 

मध्य प्रदेश में मूंग की 100 फीसदी MSP पर खरीद की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। नर्मदापुरम से भोपाल तक मार्च कर पहुंचे किसानों ने राजधानी में सावरकर सेतु के पास डेरा डाल रखा है। आंदोलन के बीच राज्य सरकार ने केंद्र से हस्तक्षेप की मांग करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को चिट्ठी लिखा है। इस बीच किसान सीएम आवास तक मार्च करने की तैयारी में हैं।

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खातों और कार्यप्रणाली की स्वतंत्र जांच की मांग, राज्यसभा में कांग्रेस सांसद का स्थगन प्रस्ताव

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद सैयद नासिर हुसैन ने राज्यसभा में स्थगन प्रस्ताव (Adjournment Motion Notice) का नोटिस देकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खातों और कार्यप्रणाली की व्यापक एवं स्वतंत्र ऑडिट (लेखा-परीक्षण) कराने की आवश्यकता पर चर्चा कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार को एक स्वतंत्र और व्यापक ऑडिट की व्यवस्था करनी चाहिए।


उत्तराखंड: गुरु पूर्णिमा के मौके पर हरिद्वार में हर की पौड़ी पर श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में पवित्र डुबकी लगाई।  

अब तक की बड़ी खबरें

अमेरिका का दावा- सैनिकों पर ईरानी मिसाइल हमले को नाकाम किया

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने ईरान की ओर से दागी गई कई बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही सफलतापूर्वक मार गिराया। अमेरिकी सेंट्रल कमान के अनुसार, मंगलवार को ईरान ने अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर यह हमला किया था, जिससे दोनों देशों के बीच जारी बातचीत की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में नियंत्रण को लेकर शुरू हुई यह जंग पिछले कुछ समय से थमी हुई थी, लेकिन इस नए हमले ने फिर से युद्ध की आग भड़का दी है। अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसके सभी सैनिक पूरी तरह सुरक्षित और सतर्क हैं।

इराक में अमेरिका और सऊदी सेना का बड़ा हवाई हमला, ईरान समर्थित गुटों के ठिकाने किए तबाह

अमेरिका और सऊदी अरब की वायुसेना ने इराक में ईरान समर्थित गुटों के ठिकानों पर जोरदार हवाई हमला किया है। दोनों देशों के लड़ाकू विमानों ने पूर्वी इराक में आतंकियों के हथियारों और रसद के ठिकानों को निशाना बनाया। अमेरिकी सेंट्रल कमान के अनुसार, यह कार्रवाई पिछले 72 घंटों में हुए 30 से अधिक ड्रोन हमलों के जवाब में की गई है। इन हमलों का संचालन ईरान का रिवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) कर रहा था। अमेरिका ने चेतावनी दी है कि और अधिक सैन्य कार्रवाई से बचने के लिए ये हमले तुरंत रोके जाएं।

कम नहीं हो रहा मिडिल ईस्ट का तनाव, तेहरान ने होर्मुज पर फिर3 तेल टैंकरों पर किया अटैक

ईरान एक बार फिर होर्मुज पर आक्रामक हो गया है। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का दावा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में चेतावनी की अनदेखी करने वाले तीन तेल टैंकरों को कुछ घंटे पहले निशाना बनाकर रोक दिया गया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए