बड़ी खबर LIVE: राम मंदिर चंदा चोरी मामले में केसी वेणुगोपाल का पीएम मोदी को पत्र, कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
केसी वेणुगोपाल ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में किसी उच्च स्तरीय स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए।

गुजरात में हुई मूसलाधार वर्षा, जूनागढ़ में जलभराव, राज्य में और वर्षा होने की संभावना
गुजरात के कई जिलों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश हुई तथा जूनागढ़ में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गयी, जबकि अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग खुले नालों में गिर गए, हालांकि वे बाल-बाल बच गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण गुजरात में ज़्यादातर जगहों पर, सौराष्ट्र क्षेत्र में कई स्थानों पर और उत्तर गुजरात में कुछ जगहों पर बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को और बारिश होने का अनुमान जताया है।
आईएमडी ने कहा, ‘‘तीन जुलाई को सुबह 8.30 बजे से दक्षिण गुजरात के सूरत, नवसारी एवं वलसाड जिलों में, सौराष्ट्र के अमरेली और भावनगर जिलों में तथा दमन, दादरा एवं नगर हवेली में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।’’
विभाग ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून गुजरात में और आगे बढ़ गया है, लेकिन अभी तक पूरे राज्य में नहीं फैला है।
आईएमडी ने छह जुलाई की सुबह 8:30 बजे तक के अपने पूर्वानुमान में दक्षिण गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
राज्य आपात परिचालन केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम छह बजे तक जूनागढ़ के मांगरोल में सबसे ज़्यादा 245 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि ज़िले के केशोद तालुक में 242 मिलीमीटर और मानवदार तालुक में 213 मिलीमीटर बारिश हुई।
डीयू: स्नातक प्रवेश के लिए दूसरा चरण तीन जुलाई से, पहली आवंटन सूची 16 जुलाई को
दिल्ली विश्वविद्यालय शुक्रवार को सामान्य सीट आवंटन प्रणाली (सीएसएएस) पोर्टल के जरिये स्नातक प्रवेश का दूसरा चरण शुरू करेगा। इससे उम्मीदवार 16 जुलाई को आने वाली पहली सीट आवंटन सूची से पहले अपने कॉलेज और पाठ्यक्रम की प्राथमिकताएं भर सकेंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने फेज एक का पंजीकरण पूरा कर लिया है, वे तीन जुलाई से 11 जुलाई की रात 11:59 बजे तक फेज दो में शामिल हो सकेंगे।
पहली सीएसएएस आवंटन सूचती 16 जुलाई को शाम पांच बजे जारी की जाएगी। जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित होंगी, उन्हें 16 से 18 जुलाई के बीच उन्हें स्वीकार करना होगा, जबकि कॉलेज 20 जुलाई तक आवेदनों की जांच और मंजूरी देंगे। पहले दौर में प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने राम मंदिर में गड़बड़ियों से जुड़ी कई खुफिया रिपोर्ट को नजरअंदाज किया : केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या स्थित राम मंदिर के चंदे में कथित गबन के मामले को लेकर बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जवाब मांगा और आरोप लगाया कि मामले में केवल ‘‘प्यादों’’ को गिरफ्तार किया गया है, जबकि इसमें शामिल ‘‘ताकतवर’’ लोगों को बचाया जा रहा है।
केजरीवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि मंदिर के लिए जमीन की खरीद और उसके निर्माण के अलावा श्रद्धालुओं से मिले चंदे में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह बात स्वीकार नहीं की जा सकती कि यह सब होता रहा और प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी नहीं थी।’’
तृणमूल नेता सौगत रॉय ने महुआ मोइत्रा पर ‘हमले’ को लेकर लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सौगत रॉय ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर सांसदों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप की मांग की है।
उन्होंने यह पत्र पार्टी सांसद महुआ मोइत्रा पर पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में उनके संसदीय क्षेत्र के दौरे के दौरान कथित हमले के बाद लिखा है।
रॉय ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि मोइत्रा पर उनके निर्वाचन क्षेत्र में हमला हुआ, लेकिन उन्होंने तुरंत वह इलाका छोड़ने से इनकार कर दिया और स्थिति सामान्य होने तक वहीं डटी रहीं।
रॉय ने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने तुरंत पुलिस महानिदेशक को मामले की सूचना दी, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही।’’
तृणमूल नेता ने कहा कि उन्होंने बृहस्पतिवार को लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर उनसे सांसदों की उनके अपने निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर सांसदों की उनके अपने निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। मुझे उम्मीद है कि लोकसभा अध्यक्ष इस पर कार्रवाई करेंगे।’’
राम मंदिर चंदा चोरी मामले में केसी वेणुगोपाल का पीएम मोदी को पत्र, कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में किसी उच्च स्तरीय स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए।
वेणुगोपाल ने दावा किया कि इस पूरे प्रकरण से करोड़ों भारतीय नागरिकों की आस्था के साथ विश्वासघात हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रारंभिक जांच में किसी ‘‘संगठित गिरोह’’ के सक्रिय होने और हर स्तर पर ‘‘संस्थागत विफलताओं’’ के संकेत मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह कथित लूट संस्थागत संरक्षण के बिना संभव नहीं थी।
साकीनाका हादसा: 'मुंबईकरों की और कितनी जान लेगी महायुति?'
साकीनाका में एक व्यक्ति के खुले मैनहोल में गिरने की घटना पर कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा, "सवाल यह है कि महाराष्ट्र की महायुति सरकार को और महानगर पालिका में बैठे हुए महायुति के पदाधिकारी मुंबई के कितने और लोगों की जान लेना चाहते हैं?...पहली बारिश में बस पर पेड़ गिरने से एक मासूम बच्चे की जान गई और आज मैनहोल खुला रहने की वजह से एक और व्यक्ति की जान चली गई। उन्हें और कितने लोगों की जान चाहिए?..."
अयोध्याः फैजाबाद बार एसोसिएशन ने चंपत, अनिल-गोपाल के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग
फैजाबाद बार एसोसिएशन ने पुलिस को एक शिकायत दी है, जिसकी प्राप्ति पुलिस द्वारा कर ली गई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि अपनी शिकायत में हमने चंपत राय अनिल मिश्रा और गोपाल राव जी के नाम शामिल किए हैं।
महाराष्ट्र: पालघर में भारी बारिश, शहर के कई इलाकों में जलजमाव
मुंबई- साकीनाका हादसे पर भड़के नाना पटोले, बोले- आम लोगों की जान की कोई परवाह नहीं
जम्मू-कश्मीर: अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों के आने का सिलसिला जारी रहने के बीच पहलगाम में सुरक्षा बढ़ाई गई
मुंबईः साकीनाका में मैनहोल में गिरे शख्स की मौत
दिल्ली में पकड़े गए आईएसआई के आतंकी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआई प्रायोजित एक अंतर-राज्यीय आतंकी और हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस अभियान में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से तीन पंजाब से और एक दिल्ली से है। ये आरोपी दिल्ली में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
मुंबई में सुबह से भारी बारिश हो रही है, जलभराव के कारण वडाला में CNG पंप बंद कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बातचीत करेंगे।
महाराष्ट्र: मुंबई में भारी बारिश के कारण चर्चगेट स्टेशन के पास पेड़ उखड़ गया।
बेंगलुरु में पत्थर की खदान में चट्टान गिरने से बिहार के सात मज़दूरों की मौत
महाराष्ट्र में भारी बारिश के बाद नवी मुंबई के कुछ इलाकों में भारी जलभराव
उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश से अलकनंदा और मंदाकिनी दोनों ही नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।
महाराष्ट्र - शहर में भारी बारिश के बाद मुंबई के कुछ इलाकों में भारी जलभराव देखा गया।
एलजी सिन्हा ने तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया
जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को जम्मू से श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 के तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
दिल्ली-NCR में बारिश, तेज हवाओं के साथ छाया अंधेरा
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार (2 जुलाई) को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हुई, जबकि तेज हवाओं और घने बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
