बड़ी खबर LIVE: दिल्ली में डेंगू का डंक, अगस्त में दर्ज हुए इस साल के सबसे ज्यादा मामले, मलेरिया-चिकनगुनिया भी बढ़े
दिल्ली में इस साल अगस्त महीने में डेंगू के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए। इस दौरान डेंगू के 90 मामले सामने आए जबकि मलेरिया और चिकनगुनिया के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की ताजा रिपोर्ट से यह जानकारी प्राप्त हुई।

कांग्रेस ने भारत को 'अनाज के कटोरे' में तब्दील किया, मोदी सरकार ने क्या किया: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि लोगों का जीवन बेहतर बनाने में इस सरकार का योगदान क्या है, जबकि कांग्रेस की सरकारों ने खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और गरीबों की स्थिति सुधारने के लिए निर्णायक भूमिका निभाई।
खड़गे ने यहां ‘डॉ. वाई. एस. राजशेखर रेड्डी पुरस्कार-2026’ समारोह को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। यह पुरस्कार कृषि वैज्ञानिक एम. एस. स्वामीनाथन के नाम पर स्थापित संस्था ‘एम.एस. स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन’ को दिया गया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इंदिरा गांधी ने हरित क्रांति के माध्यम से भूख के खिलाफ लड़ाई लड़ी, जबकि सोनिया गांधी के प्रयासों से देश में खाद्य सुरक्षा का अधिकार सुनिश्चित करने के लिए कानून आया।
मद्महेश्वर घाटी में भूस्खलन से मोरखंडा नदी का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाई
उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिले की मद्महेश्वर घाटी में बनतोली के समीप बुधवार को भूस्खलन होने से मोरखंडा नदी का जलस्तर बढ़ गया जिसके बाद प्रशासन ने नदी किनारे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, शाम को मद्महेश्वर मार्ग पर बनतोली के समीप भूस्खलन से नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना मिली जिसके बाद मंदाकिनी के जलस्तर में भी वृद्धि की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया है।
जिला प्रशासन ने बताया कि उखीमठ के समीप कुंड में रीन्यू जल विद्युत परियोजना के अधिकारियों को भी स्थिति से अवगत करा दिया गया है।
नेपाल आपदा: अब तक 166 भारतीयों का रेस्क्यू, कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए 410 भारतीय चीन से लौटे
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत का राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, अब तक 166 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जिनमें बुधवार को बचाए गए तीन लोग भी शामिल हैं। वहीं, कैलाश मानसरोवर यात्रा और अन्य गतिविधियों के लिए तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र गए 410 भारतीय नागरिक बुधवार को चीन से रवाना हो गए।
भारत ने बुधवार को राहत सामग्री की पांचवीं खेप नेपाल भेजी। भारतीय वायुसेना का एक विमान काठमांडू पहुंचा, जिसमें करीब 5.5 टन चिकित्सा सामग्री भेजी गई। इसमें एंटीबायोटिक्स, दर्द निवारक दवाएं, सर्जिकल उपकरण और अन्य आवश्यक दवाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही विमान में 11 सदस्यीय विशेष बचाव दल और छह टन से अधिक आधुनिक रेस्क्यू उपकरण भी भेजे गए। भारत अब तक नेपाल को लगभग 74 टन राहत सामग्री उपलब्ध करा चुका है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने राहत सामग्री नेपाल सरकार को सौंपी। यह सहायता 26 अगस्त को तिब्बत में ग्लेशियर ध्वस्त होने के बाद आई भीषण फ्लैश फ्लड से प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों के लिए दी गई है।
प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ने से बिहार अलर्ट पर; सोन बैराज के सभी फाटक खोले गए
पिछले 24 घंटे में बिहार के कई हिस्सों में लगातार बारिश हुई, जिससे प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पानी के बहाव को सुचारू रखने और बाढ़ की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रोहतास जिले के इंद्रपुरी स्थित सोन बराज के सभी 69 फाटक खोल दिए गए हैं।
बिहार जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, गंगा और पुनपुन नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि कुछ अन्य जगहों पर जलस्तर चेतावनी के निशान तक पहुंच गया है।
दिल्ली: अगस्त में डेंगू के सबसे अधिक मामले दर्ज, मच्छर जनित बीमारियों में तेज बढ़ोतरी
दिल्ली में इस साल अगस्त महीने में डेंगू के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए। इस दौरान डेंगू के 90 मामले सामने आए जबकि मलेरिया और चिकनगुनिया के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की ताजा रिपोर्ट से यह जानकारी प्राप्त हुई।
इस साल 29 अगस्त तक राजधानी में डेंगू के 311, मलेरिया के 119 और चिकनगुनिया के 22 मामले दर्ज किए गए हैं। हालांकि, इन तीनों बीमारियों में से किसी के कारण अब तक कोई मौत दर्ज नहीं की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, केवल पिछले सप्ताह ही दिल्ली में डेंगू के 39 मामले सामने आए।
अगस्त में डेंगू के कुल 311 मामलों में से 90 मामले सामने आए जो जुलाई में दर्ज किए गए 40 मामलों से दोगुने से भी अधिक हैं। यह इस साल अब तक किसी एक महीने में दर्ज डेंगू मामलों की सबसे अधिक संख्या है। अप्रैल में डेंगू के 52 मामले सामने आए थे, जो इस साल दूसरा सबसे अधिक मासिक आंकड़ा रहा।
हथिनीकुंड बैराज में यमुना में सेना की नाव पलटी, लापता दो जवानों की तलाश में जुटे बचावकर्मी
हथिनीकुंड बैराज के पास यमुना नदी में नाव पलटने के बाद लापता हुए सेना के दो जवानों की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को हुई।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘‘एक सितंबर को हथिनीकुंड बैराज में संयुक्त जल प्रशिक्षण के दौरान नाव पानी के तेज बहाव में फंस गई और बैराज के नीचे की ओर बहने लगी।’’
बयान में कहा गया है, ‘‘टीम ने नाव को वापस निकालने के लिए तुरंत प्रयास किए। हालांकि, नाव जल निकासी द्वार के आसपास तेज भंवरों में फंस गई और पलट गई। इसके कारण उसमें सवार जवान तेज बहाव में बह गए। चालक दल के दो सदस्य फिलहाल लापता हैं।’’
उत्तराखंड में देहरादून सहित तीन जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी, बारिश संबंधी घटनाओं में 12 की मौत
उत्तराखंड में बारिश संबंधी विभिन्न घटनाओं में दर्जनभर लोगों की मौत के एक दिन बाद बुधवार को मौसम विभाग द्वारा देहरादून सहित तीन जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा के ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किये जाने पर जिला प्रशासनों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की संभावना जताये जाने के मद्देनजर बुधवार को नैनीताल, पिथौरागढ़ तथा बागेश्वर जिलों में 12वीं कक्षा तक के स्कूलों में अवकाश रहा ।
मौसम विभाग ने बुधवार को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में मेघ गर्जन एवं आकाशीय बिजली चमकने के साथ कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जतायी । राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश के पूर्वानुमान के साथ 'यलो अलर्ट' जारी किया गया ।
अधिकारियों ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासनों को सतर्कता बरतने और किसी भी घटना के बाद त्वरित कार्रवाई की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कौशांबी पटाखा विस्फोट में मरने वालों की संख्या 14 हुई, मुख्य आरोपी के मकान को ध्वस्त किया गया
कौशांबी जिले में पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी कस्बे में 31 अगस्त को एक फैक्टरी में विस्फोट होने से घायल हुई उर्वशी की प्रयागराज के एस आर एन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार इस तरह इस हादसे में मरने वालो की संख्या 14 हो गयी है।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि विस्फोट में घायल हुई उर्वशी (17) की आज प्रयागराज के एस आर एन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है । वह प्रयागराज के धूमनगंज थानाक्षेत्र के केसरवानी के दिनेश कुमार की पुत्री थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी चायल शिवांक सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी नौशाद की पत्नी कहकशां बानो के गोदाम से मिले छह बोरी पटाखे को नष्ट किया जाएगा।
इस बीच, जिले के मनौरी कस्बे में पटाखा फैक्टरी विस्फोट में 14 लोगों की मौत के मामले में मुख्य आरोपी नौशाद के तीन मंजिला मकान को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) और कौशांबी पुलिस की संयुक्त टीम ने ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी
कश्मीरी पंडितों को धमकी मिलने पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "ये कौन उन्हें धमकी दे रहा है?
कश्मीरी पंडितों को धमकी मिलने पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "ये कौन उन्हें धमकी दे रहा है? यहां कश्मीरी पंडित ही सिर्फ नहीं रहे हैं यहां पर सब अधिकारी हिंदू हैं जो बाहर से हैं आपके पुलिस के DG, SP, जिले के SP सब हिंदू हैं तो इन्हें क्यों धमकी नहीं मिल रही? सवाल ये है कि अगर हिंदू को धमकी मिल रही हैं तो उन्हें क्यों नहीं मिल रही? ये एक साजिश है और मैं ईमानदारी से कहता हूं कि ये साजिश सिर्फ इस रियासत को स्टेटहुड से बाहर रखने की कोशिश की जा रही है और डर का माहौल पैदा किया जा रहा है...मैं आरोप लगता हूं कि यही लोग धमकी दे रहे हैं। यही धमकी के जिम्मेदार हैं।"
झारखंड : बाढ़ की चेतावनी के बीच गढ़वा और लातेहार में स्कूल बंद
झारखंड के गढ़वा और लातेहार जिलों में बाढ़ की चेतावनी के मद्देनजर बुधवार को सभी स्कूल बंद रहे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार के लिए राज्य के 10 जिलों गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा में अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की थी।
लातेहार जिला शिक्षा प्रशासन ने आईएमडी की चेतावनी को देखते हुए बुधवार सुबह जिले के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘भारी बारिश की चेतावनी और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में दो सितंबर को शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा।’’
इससे पहले मंगलवार को गढ़वा जिला प्रशासन ने दो और तीन सितंबर को सभी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया था।
झारखंड डीजीपी नियुक्ति विवाद से जुड़ी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली, 7 सितंबर को अगली तारीख
झारखंड में डीजीपी की नियुक्ति को लेकर चल रहे मामले में सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को सुनवाई की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पायी। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी मोहनन की पीठ में सुनवाई शुरू होते ही झारखंड सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि उन्हें मामले में न्यायालय की ओर से नियुक्त एमिकस क्यूरी की रिपोर्ट नहीं मिली है। ऐसे में वह रिपोर्ट देखे बिना सरकार की ओर से अपनी बात रखने की स्थिति में नहीं हैं।
कपिल सिब्बल ने न्यायालय से एमिकस क्यूरी की रिपोर्ट सरकार को उपलब्ध कराने का निर्देश देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद ही सरकार इस मामले में अपना पक्ष रख सकेगी। न्यायालय ने सरकार का अनुरोध स्वीकार करते हुए एमिकस क्यूरी की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। अदालत ने सुनवाई की अगली तारीख 7 सितंबर तय की है। 18 अगस्त को हुई पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने डीजीपी की नियुक्ति से जुड़े जरूरी दस्तावेज एमिकस क्यूरी को सौंपे थे।
राजस्थान : नाहरगढ़ जैविक उद्यान में बाघ के हमले में महिला सफाईकर्मी की मौत
जयपुर के नाहरगढ़ जैविक उद्यान में बुधवार सुबह बाघ के हमले में एक महिला सफाईकर्मी की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार मृत महिला की पहचान नागल सुसावतान की सुगना देवी के रूप में हुई है जो उद्यान में सफाई और रखरखाव का काम करती थी।
अधिकारियों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब छह-सात महिलाएं बाड़ा संख्या 16 में घास काट रही थीं, उसी दौरान बाघ ‘शिवाजी’ अचानक बाड़े में आ गया जिससे महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई।
सुगना के साथ आई महिला कमला देवी ने बताया कि सभी महिलाएं जान बचाने के लिए भागीं, लेकिन बाघ ने सुगना की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कमला ने कहा कि बाकी महिलाओं ने ‘फेंसिंग’ और पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई।
राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ की तैनाती का कोई मतलब नहीं, चंदा चोरी करने वाले बच नहीं पाएंगेः अवधेश प्रसाद
अयोध्या से समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने महाराष्ट्र एसआईआर, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ की तैनाती और नेपाल बाढ़ पर प्रतिक्रियाएं दी। श्रीराम तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा सीईओ की तैनाती किए जाने पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "सीईओ की तैनाती का कोई मतलब नहीं है। इस पद पर चाहे आईएएस हो या आईपीएस, उसे सरकार के दबाव में काम करना पड़ेगा। अखिलेश यादव ने चंदा चोरी का खुलासा किया था। इस खुलासे को 2 महीने से अधिक हो गए हैं, लेकिन कारगर और सार्थक काम नहीं हुआ है। हालांकि, बड़ी मछलियों को बचाने का काम किया गया है। यह चोरी और डकैती प्रभु श्रीराम दरबार की है। सरकार भले ही आरोपियों को बचा ले, लेकिन वे बचेंगे नहीं। जब-जब धर्म की हानि होती है, तब-तब किसी शक्ति का उदय होता है। महाशक्ति ही पापियों का नाश करती है। यहां तो प्रभु श्रीराम स्वयं विद्यमान हैं, इनका नाश होना है। शुरुआत 2024 लोकसभा चुनाव से हो चुकी है। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में इनका (भाजपा) सफाया हो जाएगा।"
बच्चों के बढ़ते अपहरण पर सख्त कानून की मांग, सुप्रीम कोर्ट में पीआईएल दाखिल
देश में बच्चों के बढ़ते अपहरण के मामलों को लेकर कानून सख्त करने की मांग वाली एक जनहित याचिका बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई है। यह याचिका वकील अश्विनी उपाध्याय ने दाखिल की है।
याचिका में कहा गया है कि देश में गैर-कानूनी गोद लेने का संगठित रैकेट चल रहा है। अंतरराज्यीय चाइल्ड ट्रैफिकिंग नेटवर्क सक्रिय है। शोषण और अंगों की ट्रेडिंग के लिए बच्चों को किडनैप किया जा रहा है। मेडिकल ट्रायल के लिए बड़े पैमाने पर बच्चों की किडनैपिंग होती है। जबकि पुलिस लापता, किडनैप हुए और अगवा किए गए बच्चों के मामलों में तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं करती और तेजी से जांच भी नहीं करती। देर से जांच और लंबे ट्रायल से संगठित किडनैपिंग माफिया को अपना गैर-कानूनी धंधा फलने-फूलने में मदद मिलती है।
जबलपुर, मध्य प्रदेश: भारी बारिश के दौरान BSNL फ़ैक्ट्री की एक दीवार गिरने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई।
नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,127 हुई, हजारों लापता लोगों की तलाश जारी
नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या बुधवार को बढ़कर 1,127 हो गई। हिमालयी क्षेत्र में आई इस आपदा के एक सप्ताह बाद भी बचावकर्मी हजारों लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नेपाल पुलिस के अनुसार, चितवन से 348, नवलपरासी पूर्व से 217, नवलपरासी पश्चिम से 190 और नुवाकोट से 155 शव बरामद किए गए हैं। इसी तरह गोरखा से 66, धादिंग से 59, रसुवा से 45 और तनाहूं से 38 शव बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि 1,113 शवों का पोस्टमार्टम और कानूनी पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जबकि 95 शव परिजनों को सौंपे जा चुके हैं।
लापता परिजनों की पहचान में परिवारों की मदद के लिए 911 अज्ञात शवों का विवरण नेपाल पुलिस की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है।
पुलिस के मुताबिक,अब तक सुरक्षा बलों ने प्रभावित इलाकों से 6,541 लोगों को सुरक्षित निकाला है, जबकि 4,858 लापता लोगों की तलाश अभी जारी है।
OBC क्रीमी लेयर पर केंद्र को झटका, पुराने आदेश पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार
ओबीसी में क्रीमी लेयर के आरक्षण से जुड़े मामले पर सुप्रीम कोर्ट का नया रुख सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार की स्पष्टीकरण याचिका पर सुनवाई करते हुए सभी पक्षों को 17 सितंबर 2026 तक अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और जस्टिस आर. महादेवन की बेंच ने इस मामले पर सुनवाई की। इस दौरान बेंच ने केंद्र सरकार को कोई भी अंतरिम राहत देने या अपने पिछले आदेश के अमल पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
दिशा सालियान की मौत मामले में CBI जांच के आदेश, बॉम्बे HC ने दी मंजूरी
दिशा सालियान केस में कोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। दिशा के पिता सतीश सालियान की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने मुंबई क्षेत्र के CBI जॉइंट डायरेक्टर को एक अनुभवी और वरिष्ठ CBI अधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने याचिकाकर्ता सतीश सालियान का बयान दर्ज करने और FIR रजिस्टर करने को भी कहा है।
महाराष्ट्र -लोकसभा नेता राहुल गांधी नासिक पहुंचे
बॉम्बे हाई कोर्ट ने पूर्व सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान की मौत की CBI जांच का आदेश दिया है।
वाराणसी में गंगा नदी चेतावनी के निशान से ऊपर बही, नावों का परिचालन रोका गया।
महाराष्ट्र: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी की संगठनात्मक बैठक और अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए नासिक पहुंचे।
रुपया शुरुआती कारोबार में दो पैसे की गिरावट के साथ 94.97 प्रति डॉलर पर
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में दो पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.97 पर आ गया। अमेरिकी-ईरान तनाव बढ़ने, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल बढ़ने से रुपया सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) रुपये में गिरावट पर नजर रख रहा है। अमेरिका-ईरान तनाव फिर बढ़ने से निवेशकों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिससे ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 95 डॉलर प्रति बैरल और डॉलर सूचकांक करीब 99.70 के स्तर पर पहुंच गया है।
नेपाल में बाढ़: रसुवा में बचाव और राहत कार्य तेज़ हुए; सेना ने बचे हुए लोगों और ज़रूरी सामान को एयरलिफ़्ट किया।
भारत: नेपाल के लिए भारत का पांचवां विमान रवाना हुआ, जिसमें 11 सदस्यों की बचाव टीम, खास उपकरण और 5.5 टन दवाएं हैं।
NHAI टोल प्लाज़ा कलेक्शन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग और धोखाधड़ी के मामले में ED ने कई राज्यों में छापेमारी की है।
नेपाल में बाढ़: सेना और अन्य एजेंसियों के बड़े पैमाने पर बचाव अभियान जारी रहने के बीच, भारत से राहत सामग्री रसुवा कैंप पहुंची।
कैमूर, बिहार: दुर्गावती नदी का जलस्तर बढ़ा; ज़िला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया।
फिर आमने सामने US-ईरान, तेहरान ने जॉर्डन-बहरीन में अमेरिकी मिलिट्री बेस पर हमला, कई US सैनिक मारने का दावा
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन के अकाबा के पास एक सैन्य ठिकाने पर मौजूद अमेरिकी मरीन के कैंप को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया। ईरानी पक्ष का कहना है कि हमले में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिक मारे गए।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
