बड़ी खबर LIVE: भवानीपुर के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ पहुंचीं ममता बनर्जी, ईवीएम से छेड़छाड़ का लगाया आरोप

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी बृहस्पतिवार को भवानीपुर के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ पहुंचीं और ईवीएम में छेड़छाड़ और धांधली का आरोप लगाया।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

भवानीपुर के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ पहुंचीं ममता बनर्जी, ईवीएम से छेड़छाड़ का लगाया आरोप

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी बृहस्पतिवार को भवानीपुर के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ पहुंचीं और ईवीएम में छेड़छाड़ और धांधली का आरोप लगाया।

बनर्जी दक्षिण कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल पहुंचीं, जो भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र का मतगणना केंद्र है और जहां 29 अप्रैल को हुए मतदान की ईवीएम के लिए ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ बनाया गया है।

बनर्जी शहर में हो रही मूसलाधार बारिश की परवाह किए बिना शाम को ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ स्थल पर पहुंचीं और अंतिम समाचार प्राप्त होने तक वह अंदर ही रूकी हुई थीं।

कोलकाता में तृणमूल नेताओं ने ईवीएम स्ट्रांगरूम के बाहर प्रदर्शन किया

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा तृणमूल कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं और मतदान एजेंट से ईवीएम स्ट्रांगरूम की चौबीसों घंटे निगरानी की अपील किये जाने के बाद पार्टी उम्मीदवार कुणाल घोष और शशि पांजा ने बृहस्पतिवार को खुदीराम अनुशीलन केंद्र में अनियमित गतिविधियों का आरोप लगाते हुए वहां धरना दिया।

यह प्रदर्शन पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के एक दिन बाद हुआ। मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) खुदीराम अनुशीलन केंद्र में रखी गई है। तृणमूल सूत्रों ने बताया कि ममता भी स्थिति का जायजा लेने के लिए रवाना हो गई हैं।

तृणमूल नेताओं ने प्रक्रियागत खामियों का आरोप लगाते हुए दावा किया कि स्ट्रांगरूम के बाहर तैनात पार्टी कार्यकर्ताओं को दोपहर में वहां से चले जाने के लिए कहा गया और बाद में उन्हें यह जानकारी मिली कि स्ट्रांगरूम शाम चार बजे फिर से खोला जाएगा।

झारखंड: लातेहार में स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा, एक छात्र की मौत, 17 घायल

झारखंड के लातेहार जिले में बृहस्पतिवार को स्कूल से बच्चों को ले जा रहा एक ऑटो-रिक्शा पलट गया। इस हादसे में 12 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई और 17 अन्य बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच छात्रों को बेहतर इलाज के लिए झारखंड के गुमला जिले के एक अस्पताल में भेजा गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना महुआडांड़ थाना क्षेत्र के बास्करचा गांव में हुई। करीब 22 छात्रों को ले जा रहा "क्षमता से अधिक भरा" ऑटो-रिक्शा, चालक के नियंत्रण खो देने के कारण पलट गया।

मृतक की पहचान लातेहार के सेंट मिखाइल स्कूल में कक्षा सात के छात्र अंकुर मिंज के रूप में हुई है।


पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में चार मई तक गरज-तूफान के साथ बारिश की संभावना

पश्चिम बंगाल में तीन मई तक उप-हिमालयी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने तथा राज्य के अन्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, हवा के अनुकूल रुख और बंगाल की खाड़ी से नमी के प्रवाह के कारण पश्चिम बंगाल के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

बुलेटिन के अनुसार, तीन मई तक उप-हिमालयी जिलों, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी से बहुत भारी बारिश और कलिम्पोंग में भारी बारिश हो सकती है।

साथ ही, इस अवधि के दौरान पश्चिम बंगाल के उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुरा, पुरुलिया, हुगली और नदिया में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

हनीमून हत्याकांड में भाई ने किया सोनम से दूरी का दावा, कहा- हमने उसे उसके हाल पर छोड़ दिया है

मेघालय में हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आई सोनम रघुवंशी को लेकर उसके बड़े भाई गोविंद रघुवंशी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उनके परिवार ने इस बहुचर्चित प्रकरण की मुख्य आरोपी को उसके हाल पर छोड़ दिया है। इंदौर के कारोबारी ने यह भी कहा कि उन्होंने बहन की मदद के लिए अपनी ओर से कोई वकील नियुक्त नहीं किया है।

गोविंद ने यह बयान ऐसे समय दिया, जब ईस्ट खासी हिल्स की अदालत में सोनम की जमानत अर्जी मंगलवार को मंजूर होने के बाद उसके और राजा के परिवारों के बीच का भावनात्मक तनाव सतह पर आ गया है। राजा के परिवार ने सोनम के मायके पक्ष पर जुबानी हमले तेज कर दिए हैं।

गोविंद रघुवंशी ने कहा,‘‘सोनम की जमानत याचिका के बारे में मुझे कोई भी जानकारी नहीं थी। उसे जमानत मिलने की खबर मुझे मीडिया से हासिल हुई। मैंने अपनी बहन की मदद के लिए अपनी ओर से कोई वकील नियुक्त नहीं किया है।’’


अखिलेश यादव ने शिल्पी कुशवाहा हत्या मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के बाद कहा, "मैं परिवार की हर मांग से सहमत हूं

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिल्पी कुशवाहा हत्या मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के बाद कहा, "मैं परिवार की हर मांग से सहमत हूं। परिवार चाहता है कि जिस तरह अन्य मामलों में बुलडोजर चलता है, पैर में गोली मार देते हैं वैसी ही कार्रवाई हो। इनका बुलडोजर कहां है? चाबी खो गई या डीजल खत्म हो गया?..."

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, आसमान से बरसे ओले, तेज आंधी और बारिश से गिरा तापमान

दिल्ली एनसीआर में गुरुवार को दिन भर पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली, जिसके बाद आसमान में काले बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। इसके साथ ओलावृष्टि भी हो रही है।

मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा पहले ही 30 अप्रैल के लिए पूर्वानुमान जारी किया गया था। जारी रिपोर्ट के अनुसार, इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का अनुमान था। वहीं, आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) का स्तर 48 प्रतिशत से 30 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना जताई गई थी।

मौसम विभाग ने साफ तौर पर चेतावनी दी थी कि दिन के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने यह भी बताया था कि दोपहर और शाम के समय 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों के दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। यही कारण रहा कि अचानक आई आंधी ने वातावरण को ठंडा कर दिया और उसके बाद बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया।


लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लद्दाख प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की

दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिला


दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया से कथित तौर पर आव्रजन नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में निर्वासित किए जाने के बाद, पंजाब के नौ निवासियों सहित 15 भारतीय नागरिक दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरे।

I-PAC के डायरेक्टर विनेश चंदेल को जमानत, कोर्ट में ED ने नहीं किया विरोध

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव खत्म होने के साथ ही IPAC के डायरेक्टर और को-फाउंडर विनेश चंदेल को जमानत मिल गई। ईडी ने कोर्ट में विनेश चंदेल की जमानत याचिका का विरोध नहीं किया


सुप्रीम कोर्ट ने 15 वर्षीय रेप पीड़िता के गर्भपात आदेश को पलटने वाली याचिका पर सुनवाई से किया इनकार

SC ने केंद्र से बलात्कार पीड़ितों की गर्भावस्था समाप्त करने संबंधी कानून में संशोधन पर विचार करने को कहा।


पुतिन ने ईरान के समृद्ध यूरेनियम को संभालने में अमेरिका की मदद की पेशकश की : ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को फोन पर हुई बातचीत के दौरान रूस की उस पेशकश को दोहराया, जिसमें वह तीसरे देश के रूप में ईरान के 970 पाउंड समृद्ध यूरेनियम के भंडार को संभालने के लिए तैयार है।

अमेरिकी नेता ईरान से यूरेनियम के इस भंडार को अमेरिका को सौंपने की मांग कर रहे हैं।

ट्रंप ने बताया कि पुतिन ने उनसे कहा, ‘‘वह इसमें हमारी मदद करना चाहते हैं और वह संवर्धन में शामिल होने के इच्छुक हैं।’’ इस पर मैंने कहा, ‘‘मैं चाहूंगा कि आप यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने में शामिल हों। मेरे लिए, यह अधिक महत्वपूर्ण होगा।’’

इस बीच, रूस के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘क्रेमलिन’ ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान के खिलाफ शत्रुता फिर से शुरू होती है तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज, कुछ स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान

राष्ट्रीय राजधानी के सफदरजंग में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया।

अन्य मौसम निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 23.6 डिग्री सेल्सियस, रिज में 25 डिग्री सेल्सियस और अयानगर में 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार है और पूर्वानुमानों से संकेत मिले हैं कि कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश भी हो सकती है।


शेयर बाजार और रुपये में बड़ी गिरावट, कच्चे तेल की कीमतों में भी उछाल

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1050 से ज्यादा अंकों तक टूट गया और 76,537.14 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी ओर, एनएसई निफ्टी 350 अंक कमजोर होकर 23,892.00 के स्तर पर पहुंच गया। । तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से रुपया 95.32 के नए निचले स्तर पर पहुंच गया है
गुरुवार सुबह ब्रेंट क्रूड तेल की कीमत $125 प्रति बैरल के पार चली गई। जून में डिलीवर होने वाला ब्रेंट क्रूड बुधवार सुबह 6.2 परसेंट बढ़कर $125.36 पर पहुँच गया। जुलाई में डिलीवर होने वाला ब्रेंट क्रूड 3.1 परसेंट बढ़कर $113.85 पर पहुँच गया।

AP की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान युद्ध के और भड़कने की चिंताओं के बीच ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 125 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है।


लखनऊ: विधानसभा के विशेष सत्र से पहले उत्तर प्रदेश विधानसभा के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा, गैस का रिसाव होने से कार में लगी आग, जिंदा जले 5 लोग

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार अचानक आग का गोला बन गई, जिसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस जांच में जुट गई है।


दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में प्रेमबाड़ी पुल के पास एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद, हत्या के एक मामले में वांछित सूरज उर्फ ​​काना को गिरफ्तार कर लिया।

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, अलग-अलग हादसों में 18 की मौत

भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच उत्तर प्रदेश में बुधवार को तेज आंधी-बारिश ने कई इलाकों में खासी तबाही मचाई. दीवारों के ढहने, पेड़ गिरने और बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पूरे राज्य में 18 लोगों की मौत हो गई. सबसे ज्यादा असर अवध क्षेत्र में पड़ा, जहां अकेले 13 लोगों ने जान गंवाई

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia