बड़ी खबर LIVE: नेपाल की त्रिशूली नदी का जलस्तर बढ़ने से कुशीनगर में बाढ़ का खतरा, गंडक किनारे हाई अलर्ट

नेपाल की त्रिशूली नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने गंडक नदी के किनारे स्थित संवेदनशील क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

नेपाल में बाढ़ के बाद 149 भारतीय नागरिकों को बचाया गया

विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया कि नेपाल में आई भयानक बाढ़ के बाद अब तक कुल 149 भारतीय नागरिकों को बचाया गया है।

विदेश मंत्रालय ने रविवार शाम 5.30 बजे तक बचाए गए सभी 149 भारतीय नागरिकों की सूची सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की। इस बीच, 11 टन राहत सामग्री लेकर चौथी उड़ान नेपाल पहुंची और राहत सामग्री सौंप दी गई।

विदेश मंत्रालय ने अपनी पोस्ट में लिखा कि नेपाल के साथ खड़े हैं। 11 टन राहत सामग्री लेकर चौथी उड़ान नेपाल पहुंची और राहत सामग्री सौंप दी गई। इसमें सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए उपकरणों के साथ एक टनल टेक्निकल टीम, डीएनए एनालिसिस के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम और कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, प्लास्टिक शीट और हाइजीन किट जैसी राहत सामग्री शामिल है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को कहा कि 230 फीट लंबे सिंगल लेन मॉड्यूलर स्टील ब्रिज के लिए उपकरण लेकर 16 ट्रक नेपाल पहुंच चुके हैं।

उन्होंने एक्स पर कहा कि सात और बेली ब्रिज लगाने के लिए जल्द ही उपकरण भेजे जाएंगे। इनके इंस्टॉलेशन के लिए टेक्निकल टीमों के जल्द पहुंचने की उम्मीद है। अब तक, काठमांडू में कुल 68.5 टन राहत सामग्री पहुंचाई जा चुकी है, जिसमें जरूरी दवाएं, पोर्टेबल जेनरेटर सेट, खाने के पैकेट, पानी साफ करने वाली गोलियां और टेक्निकल उपकरण शामिल हैं।

नेपाल में अचानक आई बाढ़: नेपाल में हिमालयी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित इलाकों में से एक के निवासी आज अपने बर्बाद हो चुके घरों में लौटे

नेपाल में हिमालयी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित इलाकों में से एक के निवासी रविवार (30 अगस्त) को अपने बर्बाद हो चुके घरों में लौटे। आपदा के कुछ दिनों बाद ही वे अपनी ज़िंदगी को फिर से पटरी पर लाने की बड़ी चुनौती का सामना कर रहे हैं। त्रिशूली निवासी मीना गुप्ता ने कहा, "अब हम क्या करेंगे? कुछ भी नहीं बचा है। हम म्युनिसिपल बिल्डिंग में रह रहे हैं और वहीं सो रहे हैं। अब हम पूरी तरह से बेबस हैं। हमें नहीं पता कि हम क्या करेंगे।"

नेपाल त्रासदी के बाद हजारों लोग अस्थायी आश्रय स्थलों पर रहने को मजबूर

नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ में जान बचाने में सफल रहे हजारों लोगों की मुश्किलें खत्म नहीं हुई है और उन्हें अस्थायी आश्रय शिविरों में रहना पड़ रहा है, जहां दवाओं और बुनियादी चीजों का घोर अभाव है।

स्थानीय मीडिया ने एक सरकारी रिपोर्ट के हवाले से खबर दी कि रसुवा में तीन और नुवाकोट में 15 राहत शिविर स्थापित किये गए हैं, जबकि लगभग 3,500 विस्थापित लोगों के लिए विद्यालयों और सार्वजनिक एवं सामुदायिक भवनों में ठहरने की अस्थायी व्यवस्था की गई है।

भोटेकोशी और त्रिशूली नदी में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल में भारी तबाही मचाई है। रविवार तक मरने वालों की संख्या 750 के पार पहुंच गई है, जबकि 2,500 से अधिक लोग अब भी लापता हैं।

बचावकर्मी रुक-रुककर हो रही बारिश और नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंकाओं के बीच कीचड़ और मलबे में लोगों की तलाश कर रहे हैं, जबकि परिवार अपने लापता रिश्तेदारों की तलाश में अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं।


नेपाल में बाढ़ त्रासदी के बाद फंसे केरलम के 31 पर्यटक लौटे

नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण वहां फंसे केरलम के 31 पर्यटकों का एक समूह रविवार को सुरक्षित अपने राज्य में लौट आया है, जबकि राज्य के सात लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं। राज्य निवासी पर्यटकों ने लौटने पर बताया कि बुद्ध मंदिर में 20 मिनट के ठहराव ने उनकी जान बचा ली।

समूह के सदस्यों ने चमत्कारिक तरीके से बच निकलने के पल को याद करते हुए बताया कि बुद्ध मंदिर में कुछ देर के ठहराव ने उनकी जान बचा ली। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद की भयावह रात उन्होंने सुरक्षित जगह की तलाश में पैदल चलते हुए बिताई। इस दौरान उनके पास पर्याप्त भोजन नहीं था और बुनियादी जरूरतों को पूरा करने का भी कोई अवसर नहीं था।

बाढ़ के खौफनाक मंजर को बयान करते हुए इन पर्यटकों ने कहा कि उन्होंने 600 फुट नीचे की इमारतों को कुछ ही सेकेंड में बाढ़ की लहरों में बहते देखा। यात्रियों ने बताया कि जब नेपाल में अचानक बाढ़ आई, तब वे काठमांडू से पोखरा जा रहे थे।

नेपाल में बाढ़ के बाद भोटेकोशी नदी का जलस्तर फिर बढ़ा, मृतकों की संख्या 768 हुई

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के कुछ दिन बाद रविवार को भोटेकोशी नदी का जलस्तर फिर बढ़ गया जिसके बाद प्रभावित जिलों में रहने वाले लोगों और बचावकर्मियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के अनुसार नेपाल में 26 अगस्त को आई अचानक बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर रविवार को 768 हो गई, जबकि करीब 2,500 लोग अब भी लापता हैं।

माना जा रहा है कि यह आपदा नेपाल-तिब्बत सीमा के निकट हिमनद के टूटने के बाद हिमस्खलन जैसी घटना से आई। इसने मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में भारी तबाही मचाई।


नेपाल की त्रिशूली नदी का जलस्तर बढ़ने से कुशीनगर में बाढ़ का खतरा, गंडक किनारे हाई अलर्ट

नेपाल की त्रिशूली नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने गंडक नदी के किनारे स्थित संवेदनशील क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, प्रशासन ने नदी के जलस्तर और प्रवाह की निगरानी तेज कर दी है। साथ ही, संवेदनशील गांवों के लोगों को सतर्क रहने और नदी के किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है।

जयपुर के 2 परीक्षा केंद्रों पर बिजली की अंदरूनी समस्याओं के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) ने जानकारी दी कि जयपुर के 2 परीक्षा केंद्रों पर बिजली की अंदरूनी समस्याओं के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। प्रभावित 2,445 कैंडिडेट्स के लिए यह परीक्षा 5 सितंबर, 2026 को आयोजित की जाएगी।


नेपाल त्रासदी: अब तक 768 लोगों की मौत, 2500 से ज्यादा लापता, राहत अभियान जारी

नेपाल के अधिकारियों के अनुसार, नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या 768 हो गई है और 2,500 से ज़्यादा लोग अभी भी लापता हैं।

नेपाल बाढ़: त्रिशूली गांव में एक ही परिवार की 6 महिलाएं बाढ़ में बहीं, सामान चोरी के डर से घर छोड़ने को तैयार नहीं परिवार

नेपाल के त्रिशूली गांव में एक ही परिवार की छह महिलाएं बाढ़ के पानी में बह गईं। परिवार के बाकी सदस्य घर में बचा सामान चोरी होने के डर से अपना घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं।


अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, बोले- सपा सरकार बनी तो 3 महीने में कराएंगे जातीय जनगणना

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को खंगार समाज के लोगों से मुलाकात के बाद कहा कि अर्कवंशी और खंगार समाज की लंबे समय से उपेक्षा हुई है। उन्होंने ऐलान किया कि सपा की सरकार बनने पर तीन महीने के भीतर जातीय जनगणना कराई जाएगी और आबादी के हिसाब से समाज को उसका हक दिलाया जाएगा।

अखिलेश यादव ने लखनऊ की किसी प्रतिष्ठित जगह पर महाराजा खंगार की अष्टधातु की प्रतिमा लगाने का भी वादा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के समय महाराजा खेर सिंह खंगार की लगाई गई प्रतिमा भ्रष्टाचार के कारण टूट गई। अखिलेश ने कहा कि अर्कवंशी और खंगार समाज के लोग धोखा खाए हैं और सपा की सरकार बनने पर उन्हें सरकार में प्रतिनिधित्व भी दिया जाएगा।

कपिल सिब्बल का मोहन भागवत पर निशाना, बोले- हर समुदाय पर हमले के खिलाफ खड़ा होकर कहे RSS, 'हम समर्थन नहीं करेंगे'

RSS प्रमुख मोहन भागवत की टिप्पणी पर राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा, “जब आप न्यूयॉर्क में होते हैं तो भारत एक-दूसरे के लिए महसूस करता है, लेकिन जब आप दिल्ली में होते हैं तो एक-दूसरे के लिए वह भावना नहीं दिखती। जिस दिन आप वापस आएं, भारत में भाषण दें और इस सरकार से कहें कि भारत को एक-दूसरे के लिए महसूस करना चाहिए। जब भी किसी समुदाय पर हमला हो, खड़े होकर कहें कि RSS इसका समर्थन नहीं करेगा।”


नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद तमिलनाडु के करीब 100 तीर्थयात्री अब भी लापता: मंत्री राजमोहन

तमिलनाडु के मंत्री ए. राजमोहन ने बताया कि नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद राज्य से नेपाल गए करीब 319 लोगों में से लगभग 100 लोगों का अब तक पता नहीं चल पाया है और वे लापता हैं। सूचना मंत्री ने बताया कि 219 लोग सुरक्षित हैं।

नेपाल बाढ़: भारतीय फोरेंसिक टीम पहुंची, मानव अवशेषों की पहचान में करेगी मदद

नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने भारत से पहुंची फोरेंसिक टीम से मुलाकात की। यह टीम नेपाली अधिकारियों को मानव अवशेषों की पहचान के लिए डीएनए सैंपल के विश्लेषण में मदद करेगी।


नेपाल त्रासदी में अब तक 734 मौतें, करीब 2500 लोग अब भी लापता, राहत-अभियान जारी

नेपाल में भोटेकोशी क्षेत्र की विनाशकारी बाढ़ के बाद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के आधिकारिक अपडेट के अनुसार अब तक 734 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 2,498 लोग अभी भी लापता हैं। अलग-अलग जिलों से 734 शव और मानव अवशेष बरामद किए गए हैं। इनमें चितवन से 259, नवलपरासी ईस्ट से 184, नवलपरासी वेस्ट से 82, गोरखा से 58, नुवाकोट से 52, धादिंग से 50, तनहूं से 36 और रसुवा से 13 शव शामिल हैं। बाढ़ में घायल 242 लोगों का इलाज चल रहा है या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।

लापता लोगों में 933 हाइड्रोपावर परियोजना कर्मी, 589 विदेशी नागरिक और विदेशी पर्यटकों के साथ यात्रा कर रहे 127 नेपाली नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा रसुवा के 562, नुवाकोट के 115, मकवानपुर के 65 और लांगटांग नेशनल पार्क में 3 लोग भी लापता बताए गए हैं। राहत और बचाव अभियान में 19,895 सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं, जिन्होंने अब तक 8,186 लोगों को सुरक्षित निकाला है। नेपाली सेना ने 2,974, नेपाल पुलिस ने 2,699 और सशस्त्र पुलिस बल ने 2,513 लोगों को बचाया है। हेलीकॉप्टरों से हाइड्रोपावर सुरंगों में फंसे 279 कर्मचारियों और 227 विदेशी नागरिकों को भी निकाला गया है। राहत सामग्री पहुंचाने के लिए 37 ट्रक और 7 हेलीकॉप्टर उड़ानें लगाई गई हैं, जबकि प्रभावित इलाकों में विशेषज्ञ सर्जिकल मेडिकल टीमें और सरकारी नकद राहत भी पहुंचाई जा रही है।

दिल्ली के पुराना सीलमपुर में चार मंजिला इमारत में आग, किरायेदार को सुरक्षित बचाया गया

दिल्ली के शाहदरा जिले के गांधी नगर थाना क्षेत्र के पुराना सीलमपुर में चार मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर आग लग गई। ऊपरी मंजिल पर रहने वाले एक किरायेदार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और फायर फाइटिंग ऑपरेशन जारी है।


बिहार: पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश घायल, भारी मात्रा में हथियार बरामद

बिहार के दानापुर के बिहटा थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पटना के एसएसपी कार्तिकेय कुमार शर्मा ने बताया कि अपराधी एक नाव पर अवैध गतिविधियों में शामिल थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई और दोनों ओर से गोलीबारी हुई।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हुआ, जबकि एक-दो पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है। घायल अपराधी की पहचान अनीश कुमार के रूप में हुई है और उसका इलाज PMCH में चल रहा है। अन्य आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

एसएसपी ने बताया कि अपराधियों की ओर से 40 राउंड और पुलिस की ओर से 22 राउंड फायरिंग की गई। अपराधियों का पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्तता रही है। पिछले साल उनके पास से AK-47 भी बरामद की गई थी।

इस बार भी बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए गए हैं। जब्त हथियारों में एक देसी राइफल, एक देसी कार्बाइन, दो देसी पिस्तौल, एक देसी कट्टा और करीब 25 राउंड गोलियां शामिल हैं।

नवी मुंबई के रबाले MIDC में कंपनी में भीषण आग, 7-8 दमकल गाड़ियां मौके पर

नवी मुंबई के रबाले MIDC इलाके में एक कंपनी में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही नवी मुंबई फायर डिपार्टमेंट की करीब 7-8 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि प्रभावित कंपनी स्पंज बनाने का काम करती थी। फिलहाल आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों का अभियान जारी है।


नेपाल में भोटेकोशी नदी का तेजी से बढ़ रहा जलस्तर, फिर मंडराया बाढ़ का खतरा, अब तक 675 लोगों की मौत

नेपाल में आई बाढ़ में अब तक 675 लोगों की मौत हो चुकी है। 2500 से ज्यादा लोग लापता हैं। जबकि बचाव दल मलबे और प्रभावित इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि अब तक 4,451 लोगों को बचाया जा चुका है।

नेपाल की नेशनल डिज़ास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने रसुवा, नुवाकोट और धाडिंग में भोटे कोशी नदी के आस-पास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने को कहा है। जिला प्रशासन को नदी में बाढ़ का बहाव बढ़ने और नदी से तेज आवाज आने की जानकारी मिली थी। अथॉरिटी ने कहा कि और जानकारी मिलने पर आगे की अपडेट दी जाएगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए