बड़ी खबर LIVE: राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक छह जुलाई को होने की संभावना, भविष्य की रणनीति पर होगा विचार

राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन के मामले और उसके बाद ट्रस्ट के दो वरिष्ठ सदस्यों के इस्तीफे की पृष्ठभूमि में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की भविष्य की रणनीति तय करने के लिए छह जुलाई को अयोध्या में बैठक होने की संभावना है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

झारखंड सरकार ने तमिलनाडु से 42 प्रवासी मज़दूरों की सुरक्षित वापसी में मदद की

झारखंड सरकार ने राज्य के उन सभी 42 प्रवासी मजदूरों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की है, जो तमिलनाडु में समुद्री खाद्य उत्पाद प्रसंस्करण इकाई में अमोनिया गैस रिसाव से प्रभावित हुए थे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मजदूर ट्रेन से झारखंड के लिए रवाना हो गए हैं।

राज्य प्रवासी प्रकोष्ठ की प्रमुख शिखा लाकड़ा ने बताया कि 21 जून को तिरुवल्लूर में समुद्री खाद्य उत्पाद निर्यात करने वाली एक निजी फैक्टरी में औद्योगिक दुर्घटना हुई, जिसमें अमोनिया गैस का रिसाव होने से कई कर्मचारी खतरनाक गैस के संपर्क में आ गए और 14 लोगों की मौत हो गई।

संसदीय समिति की अहम बैठक 1 जुलाई को, एनटीए में सुधार और नीट-यूजी पुनर्परीक्षा पर होगी चर्चा

1 जुलाई को संसदीय समिति की एक अहम बैठक होने वाली है। बुधवार को शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट फॉर अंडरग्रेजुएट्स (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा से मिले प्रमुख सबकों की समीक्षा की जाएगी और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) में आवश्यक सुधारों पर चर्चा होगी।

बैठक में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष और एनटीए सुधार समिति के प्रमुख डॉ के राधाकृष्णन एजेंसी को सशक्त बनाने के लिए अपना रोडमैप प्रस्तुत करेंगे। बैठक में उच्च शिक्षा सचिव और एटीए के महानिदेशक भी शामिल होंगे, जो चल रहे सुधारों और चुनौतियों पर समिति को जानकारी देंगे।

बैठक में शिक्षा क्षेत्र में स्वदेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग की संभावनाओं पर भी गंभीर रूप से विचार किया जाएगा। बुधवार को संसदीय समिति की बैठक का पहला सत्र सुबह 10.30 बजे से और दूसरा सत्र दोपहर 12 बजे से शुरू होगा।

नीट-यूजी पेपर लीक घटना के बाद एनटीए पहली बार संसदीय समिति को जवाब देने जा रहा है। इससे पहले भी संसदीय समिति ने नीट-यूजी पेपर लीक घटना के बाद एनटीए से कड़े सवाल पूछे थे।

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक छह जुलाई को होने की संभावना, भविष्य की रणनीति पर होगा विचार

राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन के मामले और उसके बाद ट्रस्ट के दो वरिष्ठ सदस्यों के इस्तीफे की पृष्ठभूमि में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की भविष्य की रणनीति तय करने के लिए छह जुलाई को अयोध्या में बैठक होने की संभावना है।

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अध्यक्ष आलोक कुमार ने पहले ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि बैठक सात जुलाई को होगी। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि अब यह बैठक एक दिन पहले, यानी छह जुलाई को आयोजित किए जाने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन के मामले के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। ट्रस्ट की बैठक में इन इस्तीफों पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों का यह भी कहना है कि दोनों के इस्तीफे स्वीकार किए जाने की संभावना अधिक है।

सूत्रों के मुताबिक यदि दोनों इस्तीफे स्वीकार कर लिए जाते हैं तो ट्रस्ट में तीन पद रिक्त हो जाएंगे। ट्रस्ट के सदस्य बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा के निधन के बाद उनका पद लगभग एक वर्ष से खाली है।


कांग्रेस ने यमुना जल समझौते और स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दों पर केंद्र और राजस्थान सरकार को घेरा

कांग्रेस की राजस्थान इकाई ने अंतरराज्यीय जल बंटवारे, सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की कथित बदहाल स्थिति और सांप्रदायिक सौहार्द को लेकर मंगलवार को केंद्र और राज्य सरकार की आलोचना की।

इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने बीकानेर में प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में जनसभा आयोजित की। पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र और राजस्थान सरकार जनहित की रक्षा करने में विफल रही हैं।

जनसभा को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कहा कि यमुना जल बंटवारे की संशोधित व्यवस्था राजस्थान के दीर्घकालिक हितों के प्रतिकूल है और यह अंतरराज्यीय नदी जल विवादों के व्यापक परिदृश्य को भी दर्शाती है।

मुंबई के चेंबूर इलाके में सड़क किनारे लगा एक पेड़ स्कूल बस पर गिर गया, एक की मौत, 4 लोग घायल

मुंबई फायर ब्रिगेड: "बस में सवार 12 बच्चों को बस कंडक्टर और स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से 4 छात्रों को मामूली चोटें आईं, जबकि एक लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्रों को आगे के इलाज के लिए ज़ेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 4 बच्चों की हालत स्थिर है।


दरभंगा एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, लैंडिंग के दौरान स्पाइसजेट विमान का टायर फटा, सुरक्षित बचे 148 यात्री

बिहार के दरभंगा हवाई अड्डे पर मुंबई से आए स्पाइसजेट के एक विमान का उतरते समय टायर फट गया। इस घटना में विमान में सवार करीब 148 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी-115 सोमवार सुबह 9:48 बजे रनवे पर उतर रही थी, तभी विमान का एक टायर फट गया। यात्रियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पहिया कुछ दूरी तक रनवे पर घिसटता रहा, जिससे विमान में तेज कंपन महसूस हुआ और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

अभी मेरी हालत खतरे से बाहर नहीं है: अभिनेत्री जैस्मिन भसीन ने दुबई में अस्पताल में भर्ती होने पर क

अभिनेत्री जैस्मिन भसीन ने जानकारी दी है कि वह दुबई के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें टर्मिनल इलाइटिस नामक बीमारी हुई है, जिसमें छोटी आंत के अंतिम हिस्से में सूजन आ जाती है।

भसीन छुट्टियां मनाने के लिए दुबई गई थीं। उनका जन्मदिन 28 जून को था और उसी दिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि वह अब भी ‘खतरे से पूरी तरह बाहर नहीं हैं’, लेकिन वह भारत लौटकर अपना आगे का इलाज कराएंगी।

टर्मिनल इलाइटिस छोटी आंत के उस अंतिम हिस्से में होने वाली सूजन है, जो बड़ी आंत से जुड़ा होता है। यह बीमारी पूरी तरह ठीक होगी या नहीं, यह उसके मूल कारण पर निर्भर करता है। हालांकि, इसका इलाज संभव है और इसे नियंत्रित किया जा सकता है।


एथेनॉल आवंटन बढ़ाने संबंधी अदालत के निर्देश पर यथास्थिति बरकरार रहेगी : उच्चतम न्यायालय

उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को कर्नाटक उच्च न्यायालय के उस आदेश के मामले में यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया, जिसमें ‘एथेनॉल आपूर्ति वर्ष’ (ईएसवाई) 2025-26 के लिए एथेनॉल आवंटन बढ़ाने का आदेश दिया गया था।

न्यायालय एक तेल विपणन कंपनी की याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें दावा किया गया था कि उच्च न्यायालय का आदेश पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने की राष्ट्रीय नीति को अस्थिर कर देगा।

न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देने वाली भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की याचिका पर नोटिस जारी किया।

उच्च न्यायालय ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को निर्देश दिया था कि वे एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2025-26 के लिए एथेनॉल आवंटन बढ़ाने की मांग करने वाले एक समर्पित एथेनॉल निर्माता द्वारा सौंपी गई अर्ज़ी पर विचार करें और उस पर निर्णय लें।

उच्च न्यायालय ने कहा था कि जो समर्पित एथेनॉल संयंत्र सरकारी नीति के तहत बनाए गए हैं और अनुबंध के अनुसार सिर्फ तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) को ही एथेनॉल आपूर्ति करने के लिए बाध्य हैं, उन्हें ‘लॉन्ग-टर्म ऑफटेक एग्रीमेंट’ (एलटीओए) के तहत मिलने वाले प्राथमिकता वाले आवंटन के लाभ से वंचित नहीं किया जा सकता।

कठुआ में पकड़ा गया आतंकवादियों का मददगार

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से आतंकवादियों की घुसपैठ कराने में मदद करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान हाजी मोहम्मद लतीफ के रूप में हुई है। वह कठुआ जिले का निवासी है।

अधिकारियों के अनुसार, विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने कार्रवाई करते हुए आतंकवादियों के मददगार को गिरफ्तार किया।

आरोपी पाकिस्तान स्थित आतंकवादी नेटवर्क से जुड़ा है और पिछले कई वर्षों में एक दर्जन से अधिक आतंकवादियों की भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने में उसकी कथित रूप से महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कई वर्षों से पाकिस्तानी संचालकों के संपर्क में था और घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों को साजो-सामान और रसद संबंधी मदद मुहैया कराता था।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है।


भरत तिवारी केस में सुप्रीम कोर्ट ने ठुकराई CBI जांच की मांग, याचिकाकर्ता को हाई कोर्ट जाने को कहा

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर मामले की सीबीआई जांच की मांग ठुकरा दिया है। सर्वोच्च अदालत ने याचिकाकर्ता को हाई कोर्ट जाने की सलाह दी है।

लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ बने सेना प्रमुख

जनरल उपेंद्र द्विवेदी मंगलवार को आर्मी चीफ के पद से रिटायर हो गए। रिटायरमेंट से पहले उन्होंने नई दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

द्विवेदी की जगह जनरल धीरज सेठ ने ली। सेठ भारत के 31वें आर्मी चीफ होंगे। उन्हें भारतीय सेना में लगभग चार दशक का अनुभव है। उन्होंने दिसंबर 1986 सेना ज्वॉइन की थी।


खान सर की अग्रिम जमानत पर फैसला टला, कोर्ट ने केस के IO से रिपोर्ट मांगी

खान सर और उनके दोनों बॉडीगार्ड की अग्रिम जमानत पर फैसला टल गया। आज सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। बॉडीगार्ड के हथियार के लाइसेंस के संदर्भ में कोर्ट ने केस के IO से रिपोर्ट मांगी है।

SIR और EC की भूमिका को लेकर 23 पार्टियों और निर्दलीय सांसदों ने CJI को पत्र लिखा।


अजय राय की पत्नी का आरोप है कि यूपी कांग्रेस प्रमुख को अयोध्या में हिरासत में लिया गया है और परिवार को उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

बंगाल के हल्दिया रिफाइनरी में लगी आग

पश्चिम बंगाल के हल्दिया के चिरंजीपुर क्षेत्र स्थित पेट्रोकेमिकल संयंत्र में भीषण आग लग गई। इस घटना में कई लोग झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 


ठाणे पुलिस ने TET पेपर लीक मामले में आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को पटना से गिरफ्तार किया : ठाणे पुलिस

फीफा विश्वकप 2026 में एक और उलटफेर, मोरक्को ने नीदरलैंड्स को किया टूर्नामेंट से बाहर

फीफा विश्व कप के राउंड ऑफ-32 के दूसरे दिन रोमांच अपने चरम पर रहा। दिन के दोनों मुकाबलों का फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ, जिसमें फुटबॉल की दो बड़ी टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। पहले पराग्वे ने जर्मनी को हराकर बड़ा उलटफेर किया, वहीं दूसरे मुकाबले में मोरक्को ने नीदरलैंड्स को मात देकर प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ-16) का टिकट हासिल कर लिया।

मोरक्को और नीदरलैंड्स के बीच खेला गया मुकाबला निर्धारित 90 मिनट तक 1-1 की बराबरी पर रहा। इसके बाद खेले गए 30 मिनट के अतिरिक्त समय (एक्स्ट्रा टाइम) में भी दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। आखिरकार मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जहां मोरक्को ने 3-2 से जीत दर्ज कर नीदरलैंड्स को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया।


मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 4 की मौत, 19 घायल

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के साढ़े 3 बजे वॉल्वो बस ने ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई। 24 घायल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा ट्रेलर में करीब 8 फीट तक घुस गया। यात्री बस में फंस गए। एक युवक का शव खिड़की से लटक गया।

आज कतर में अमेरिका-ईरान की बातचीत,  तेहरान ने ट्रंप के दावे को नकारा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका और ईरान के बीच अहम बातचीत होगी। ट्रम्प का कहना है कि ईरान ने खुद इस बैठक का अनुरोध किया था। दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्रालय ने ट्रम्प के दावे को खारिज करते हुए कहा कि अमेरिका के साथ किसी भी स्तर पर कोई राजनीतिक वार्ता तय नहीं है। मंत्रालय ने साफ किया कि ईरान केवल एक एक्सपर्ट प्रतिनिधिमंडल दोहा भेजेगा, जो MoU को आगे बढ़ाने और कतर में फंसी ईरानी संपत्तियों को जारी करने जैसे तकनीकी मुद्दों पर काम करेगा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए