बड़ी खबर LIVE: भारत ने 405 रन के ऐतिहासिक लक्ष्य का पीछा कर वेस्टइंडीज को हराया, कप्तान गिल ने लगाया दोहरा शतक

भारतीय टीम ने बुधवार को गुवाहाटी में दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराकर तीन मैच की श्रृंखला में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल की।वेस्टइंडीज के 405 रन के जवाब में भारत ने कप्तान गिल के डबल सेंचुरी की मदद से 8 विकेट से मैच और सीरीज जीत लिया।

फोटो: ANI
i

भारत ने 405 रन के ऐतिहासिक लक्ष्य का पीछा कर वेस्टइंडीज को हराया, कप्तान गिल ने लगाया दोहरा शतक

भारतीय टीम ने बुधवार को गुवाहाटी में दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराकर तीन मैच की श्रृंखला में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल की। भारत ने ऐतिहासिक लक्ष्य का पीछा कर वेस्टइंडीज को हराया। वेस्टइंडीज ने 405 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने कप्तान शुभमन गिल के डबल सेंचुरी और रोहित शर्मा के शतक की मदद से 8 विकेट से मैच और सीरीज जीत लिया।

फ्लाईदुबई की घटना के दौरान भारतीय कैप्टन ने बचाई लोगों की जान, ओमानी सह-पायलट से भिड़ गया   

संयुक्त अरब अमीरात से इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में आज हुई सनसनीखेज घटना के बाद इजरायली मीडिया ने दावा किया है कि इस विमान का कैप्टन भारतीय नागरिक है और संभवत: विमान को गिराने की कोशिश करने वाला सह-पायलट ओमान का नागरिक है।

इजराइली समाचार वेबसाइट वाईनेट ने इजराइल के अधिकारियों के हवाले से बताया कि सह-पायलट ओमान का नागरिक है और उस पर विमान को गिराने की कोशिश करने का संदेह है। रिपोर्ट के मुताबिक, कैप्टन विमान को बचाने के लिए उससे भिड़ गया और बाद में इजरायली यात्रियों ने सह-पायलट को काबू करने में मदद की।

इजरायली न्यूज वेबसाइट वाईनेट के अनुसार, एक भारतीय नागरिक फ्लाईदुबई फ्लाइट का कैप्टन था, जिसने कॉकपिट में हुई हिंसक झड़प के दौरान अपने को-पायलट से लड़ाई की, जिसके कारण एयरक्राफ्ट को सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

अदालत ने आसाराम को बीमार पत्नी से मिलने के लिए अंतरिम जमानत देने से मना किया

गुजरात उच्च न्यायालय ने आसाराम को अहमदाबाद के एक अस्पताल में उपचार करा रही अपनी पत्नी से मिलने के लिए मांगी गई 20 दिन की अंतरिम जमानत देने से बुधवार को मना कर दिया। आसाराम अभी राजस्थान के जोधपुर स्थित जेल में बंद है।

न्यायमूर्ति गीता गोपी और न्यायमूर्ति एल एस पीरजादा की खंडपीठ ने अपने आदेश में कहा कि याचिकाकर्ता वीडियो-कॉन्फ्रेंस के जरिए अपनी पत्नी से बातचीत की अनुमति देने का जेल अधीक्षक से अनुरोध कर सकता है। आसाराम ने गंभीर रूप से बीमार अपनी 83 वर्षीय पत्नी से मिलने के लिए जमानत का अनुरोध किया था, जो अहमदाबाद के नरोदा में एक निजी अस्पताल में भर्ती है।


नंदीग्राम उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी जेल से रिहा, पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाया

पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को बुधवार को जेल से रिहा कर दिया गया। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने प्रधान को 2007 में उनके खिलाफ दर्ज छह आपराधिक मामलों में मंगलवार को अंतरिम जमानत दे दी थी।

प्रधान ने जेल से बाहर आने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने से पहले नामांकन वापस लेने के लिए दबाव डाला था और बदले में उनकी मांगें पूरी करने की पेशकश भी की थी।

अब मतदान की न्यूनतम आयु 16 साल करने का समय: ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में भट्टाचार्य ने कहा

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने बुधवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक में सुझाव दिया कि अब मतदान की न्यूनतम आयु को 18 साल से घटाकर 16 करने का समय आ गया है और विपक्ष को इस पर भी ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

भाकपा (माले) लिबरेशन सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भट्टाचार्य ने कुछ महीने पहले शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के खिलाफ हुए ‘जेन जी’ के सफल आंदोलन का हवाला दिया और कहा कि नयी पीढ़ी ने साबित किया है कि वह राजनीतिक रूप से परिपक्व है और अपनी जिम्मेदारी को बखूबी समझता है। उनका कहना था कि अब समय आ गया है कि मतदान की न्यूनतम आयु 16 साल की जाए।

भारत में मतदान की न्यूनतम आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने का प्रावधान 61वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1988 के माध्यम से लागू किया गया था और उस समय राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे। यह बदलाव 1989 के लोकसभा चुनाव से प्रभावी हुआ था।

भट्टाचार्य ने विपक्ष की बैठक में यह सुझाव भी दिया कि मौजूदा चुनावी प्रक्रिया तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर दो अक्टूबर से देशव्यापी विरोध अभियान चलाने की जरूरत है। बाद में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं ने इस सुझाव पर सहमति जताई और फैसला किया कि वे दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक जिला स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली निकालेंगे।


रांची में लोक भवन के सामने जेएमएम का विरोध प्रदर्शन, सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बुधवार को यहां लोक भवन के सामने प्रदर्शन किया और पार्टी ने पूरे देश में एसआईआर प्रक्रिया में कथित खामियों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। पार्टी ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बजाय मतपत्रों के जरिये चुनाव कराने की भी मांग की।

रांची कॉलेज ग्राउंड से लोक भवन तक विरोध मार्च ऐसे दिन निकाला गया, जब राष्ट्रीय राजधानी में ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने बैठक की और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े विवाद पर एक संयुक्त कार्य योजना को अंतिम रूप दिया। इसमें रैलियां करना और 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' शामिल हैं। झारखंड की राजधानी में, झामुमो नेता एवं कार्यकर्ता लोक भवन के सामने एकत्र हुए। उन्होंने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' और 'ज्ञानेश कुमार शर्म करो' जैसे नारे लगाए।

मेरठ के नीला ड्रम हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को कोर्ट ने दोषी ठहराया

मेरठ में सौरभ राजपूत मर्डर केस में आरोपी मुस्कान और साहिल को कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए दोषी ठहराया गया है। मेरठ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज अरविंद कुमार मिश्रा ने उन्हें दोषी पाया है। आरोपी मुस्कान ने अपने बॉयफ्रेंड साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या की साजिश रची थी और उसकी लाश को नीले ड्रम में छिपा दिया था। कोर्ट में 22 गवाह पेश किए गए।


टाटा समूह में नेतृत्व विवाद के बीच श्रीनिवासन ने चैरिटी कमिश्नर से जांच की मांग की

टाटा समूह में छिड़े नेतृत्व विवाद के बीच टाटा संस के नामित निदेशक एवं ट्रस्टी वेनु श्रीनिवासन ने सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) के संचालन और प्रशासन को लेकर महाराष्ट्र के चैरिटी कमिश्नर से नियामकीय जांच की मांग की है।

श्रीनिवासन ने चैरिटी कमिश्नर को लिखे पत्र में एसडीटीटी के स्थायी ट्रस्टी के रूप में नोएल एन. टाटा की नियुक्ति एवं मौजूदा स्थिति, नोएल टाटा के बेटे नेविल एन. टाटा की नियुक्ति और टाटा संस के निदेशक के रूप में अपनी स्वतंत्र भूमिका को सीमित करने के प्रयासों पर सवाल उठाए हैं।

श्रीनिवासन की शिकायत ऐसे समय आई है जब टाटा संस के नेतृत्व, कंपनी की शेयर बाजार में संभावित सूचीबद्धता और टाटा ट्रस्ट के अधिकारों को लेकर विवाद गहरा गया है। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट समेत टाटा के न्यासों के पास टाटा संस की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

ज्ञानेश कुमार ‘डाकू’ हैं, तत्काल इस्तीफा दें: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को ‘‘डाकू’’ करार दिया और कहा कि उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। बनर्जी ने यह आरोप भी लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में ‘‘वोट चोरी’’ की गई और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद ईवीएम जलाकर सबूत नष्ट करने की कोशिश की गई।

‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की बैठक के बाद विपक्षी नेताओं की संयुक्त प्रेस वार्ता में बनर्जी ने कहा कि अगर कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो विपक्षी दल बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने चुनावों से जुड़ी कथित अनियमतता का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया, ‘‘देश में एक बड़ा घोटाला हुआ है, जिसका परिणाम जनता भुगत रही है। भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत करके अलग-अलग राज्यों में सरकार बनाई।’’

‘ममता अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस’ की प्रमुख बनर्जी ने दावा किया कि चुनावी प्रक्रिया में लोगों के वोटों के साथ छेड़छाड़ की गई और ईवीएम मशीनों को जलाकर सबूत मिटाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ज्ञानेश कुमार चोर हैं, डाकू हैं। उन्होंने लोगों का वोट चोरी किया, ईवीएम मशीनों को जला दिया और काउंटिंग में गड़बड़ी की।’’


रांची: SIR प्रक्रिया के खिलाफ JMM कार्यकर्ताओं का राजभवन घेराव, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

रांची में SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर JMM कार्यकर्ताओं ने राजभवन का घेराव किया और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

डॉलर के मुकाबले रुपया 13 पैसे मजबूत होकर 95.81 के स्तर पर बंद हुआ


कर्नाटक के मंगलुरु में MRPL रिफाइनरी के फेज-3 प्लांट में भीषण आग, इलाके में छाया धुएं का गुबार

कर्नाटक के मंगलुरु में MRPL रिफाइनरी के फेज-3 प्लांट में भीषण आग लग गई। आग के बाद पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया है। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं।

INDIA ब्लॉक की बैठक में 'लोकतंत्र बचाओ' अभियान तय, 6 अक्टूबर को EC तक मार्च, 5 बड़ी रैलियों का भी ऐलान

दिल्ली में INDIA ब्लॉक की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 2 से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकाले जाएंगे और हर जिलाधिकारी के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए लोगों को बताया जाएगा कि यह अभियान क्यों चलाया जा रहा है।

खड़गे ने कहा कि 6 अक्टूबर को विपक्ष के सभी सांसद चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे। उन्होंने बताया कि विपक्षी सांसद आज ही चुनाव आयोग जाना चाहते थे, लेकिन सभी सांसदों को दोबारा बुलाकर प्रदर्शन को व्यवस्थित तरीके से करने का फैसला लिया गया, इसलिए 6 अक्टूबर की तारीख तय की गई है। उन्होंने कहा कि सभी राज्यसभा सदस्य और लोकसभा सांसद, चाहे वे किसी भी दल से हों और जो देश में लोकतंत्र की रक्षा करना चाहते हैं, उन्हें इस मार्च में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि तीसरे कार्यक्रम के तहत विपक्ष के नेता अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगेंगे। राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपकर विपक्ष के सामने आ रही कठिनाइयों और संवैधानिक बाधाओं से अवगत कराया जाएगा।

खड़गे ने कहा कि चौथे कार्यक्रम के तहत पांच बड़ी रैलियां आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों की तारीख और स्थान बाद में तय कर सभी को इसकी जानकारी दी जाएगी।


INDIA ब्लॉक की बैठक के बाद ममता बोलीं- ज्ञानेश कुमार तुरंत दें इस्तीफा, लोकतंत्र-वोटिंग अधिकार बचाना जरूरी

दिल्ली में INDIA ब्लॉक की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “उन्हें (CEC ज्ञानेश कुमार) तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। आइए लोकतंत्र को बचाएं और लोगों की सुरक्षा, उनके मतदान के अधिकार को सुरक्षित करें। यह हमारा संवैधानिक अधिकार है। यह जनता के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। अगर लोग वोट नहीं कर पा रहे हैं, अगर उनके वोट के अधिकार को छीना और धोखा दिया जा रहा है, तो देश कहां जाएगा? इसलिए हमारी अपील है। यह हमारी मांग है, हमारी पुरजोर मांग है।”

'CEC ज्ञानेश कुमार को आजीवन कानूनी संरक्षण क्यों?' राहुल गांधी बोले- PM मोदी चुनाव में धांधली के लिए करते हैं इस्तेमाल


भारत ने गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया

Asian Games: टेनिस पुरुष युगल के क्वार्टर फाइनल में हारी भारत की श्रीराम बालाजी-अनिरुद्ध चंद्रशेखर की जोड़ी

एशियन गेम्स में भारत की पुरुष युगल जोड़ी एन श्रीराम बालाजी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर को टेनिस के क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को चीन के फुमिन चियांग और तियानहुई जियांग ने 7-6(4), 6-7(7), 10-8 से हराया।


INDIA ब्लॉक की बैठक में खड़गे ने रखीं 6 मांगें, EVM हटाकर बैलेट से मतदान और प्री-SIR वोटर लिस्ट के इस्तेमाल की मांग

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने INDIA ब्लॉक की बैठक में अपने संबोधन में कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था इस सिद्धांत पर आधारित है कि देश की सरकार चुनने में हर नागरिक की आवाज बराबर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान सभा के सदस्यों ने भी लोकतंत्र में प्रतिनिधित्व के महत्व को रेखांकित किया था और इसी वजह से ‘एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य’ का सिद्धांत भारतीय गणराज्य के केंद्र में है।

खड़गे ने कहा कि आज इस सिद्धांत के सामने गंभीर खतरा पैदा हो गया है। उनके मुताबिक, देशभर में नागरिक और राजनीतिक दल चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर गंभीर चिंताएं जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष लंबे समय से EVM को लेकर जवाब मांगता रहा है और मतदाता सूची में कथित हेरफेर तथा चुनावी सूची में बिना स्पष्ट कारण बदलाव पर सवाल उठाता रहा है। खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी ने महादेवपुरा, अलंद, हरियाणा और महाराष्ट्र में कथित गड़बड़ियों को सबूतों के साथ सामने रखा और INDIA ब्लॉक के दलों ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए, लेकिन उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया।

SIR और मतदाता सूची को लेकर खड़गे के सवाल

खड़गे ने कहा कि पर्याप्त आंकड़े और सबूत सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने कहा कि आयोग इसे मतदाता सूची को साफ और अपडेट करने की प्रक्रिया बताता है, लेकिन अगर इसके चलते बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हट सकते हैं या उन्हें दोबारा अपनी पात्रता साबित करनी पड़ सकती है, तो यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी व्यवस्था की होनी चाहिए कि किसी वास्तविक मतदाता का मतदान का अधिकार न छिने।

खड़गे ने दावा किया कि 13.3 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं और कहा कि इससे लोकतंत्र में उनकी भागीदारी का अधिकार छिन गया है। उन्होंने कहा कि सत्ता में कौन आएगा, इसका फैसला सत्ता में बैठे लोगों के बजाय आम मतदाताओं को करना चाहिए। खड़गे ने मांग की कि किसी भी वास्तविक भारतीय नागरिक को अपारदर्शी, मनमानी या अपर्याप्त निगरानी वाली प्रक्रिया के जरिए चुनावी प्रक्रिया से बाहर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी का नाम हटाया जाता है तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि किसका नाम हटाया गया और क्यों हटाया गया।

खड़गे का मुख्य चुनाव आयुक्त पर हमला

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 324 की भावना के मुताबिक स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव आयोग के बिना कोई भी चुनाव विश्वसनीय नहीं हो सकता। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, “आज हमारे मुख्य चुनाव आयुक्त पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं। उनके दो साथी सदस्यों ने 10 महीने में 14 बार पत्र लिखे हैं। यह उनकी ईमानदारी और मंशा पर सवाल खड़ा करता है। इसलिए उन्हें अपने पद से हटा देना चाहिए।”

खड़गे ने आगे कहा कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त में संवैधानिक या नैतिक जिम्मेदारी की थोड़ी भी भावना बची है तो उन्हें खुद इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी सूची में हस्तक्षेप करने वाली शक्तियों के खिलाफ उन्हें सरकारी गवाह बनना चाहिए।

उन्होंने 2023 के ‘मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यकाल) विधेयक’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसके जरिए चुनाव आयोग के चयन पैनल से मुख्य न्यायाधीश को हटाकर उनकी जगह एक मंत्री को रखा गया। खड़गे ने यह भी आरोप लगाया कि कानून में CEC और EC को उनके आधिकारिक कार्यों से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई से सुरक्षा देने का प्रावधान किया गया है।

खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ऐसा चुनाव आयोग चाहते हैं जो उनकी सत्ता में बने रहने में मदद करे। उन्होंने विपक्षी दलों को तोड़ने और चुनाव आयोग की भूमिका को निष्पक्ष मध्यस्थ के बजाय सुविधा देने वाली संस्था बनाने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की एक टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयोग का स्वतंत्र होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे स्वतंत्र दिखाई देना भी जरूरी है।

युवा मतदाताओं और EVM पर भी सवाल

खड़गे ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि भारत में बड़ी संख्या में युवा हर साल मतदान की उम्र में पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव आयोग की ओर से पहली बार मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 के नियमों में बदलाव किया गया है, जिससे युवाओं को मतदान से हतोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को यह संदेश दिया जाना चाहिए कि भारत को उनकी आवाज और उनके वोट की जरूरत है।

EVM को लेकर खड़गे ने कहा कि INDIA ब्लॉक का रुख स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अपनी जरूरत के हिसाब से EVM का इस्तेमाल करती है और कहा कि चुनावी व्यवस्था में भरोसा बहाल करने के लिए EVM की जगह बैलेट पेपर से मतदान की व्यवस्था वापस लाई जानी चाहिए।

INDIA ब्लॉक से छह मांगों पर एकजुट होने की अपील

खड़गे ने कहा कि जब नागरिकों के मौलिक लोकतांत्रिक अधिकार दांव पर हों तो INDIA ब्लॉक के दलों को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। उन्होंने बैठक से स्पष्ट कार्ययोजना के साथ निकलने की बात कही और छह मांगें रखीं।

उन्होंने कहा कि भविष्य के चुनावों में SIR से पहले की मतदाता सूची का इस्तेमाल किया जाए और मतदाता सूची में हर बदलाव की पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित हो। इसके तहत निर्वाचन क्षेत्र और बूथ स्तर पर नाम जोड़ने, हटाने और सुधार की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।

दूसरी मांग के तौर पर उन्होंने कहा कि किसी वैध मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे उचित सूचना, कारण और प्रभावी अपील का मौका दिया जाए। तीसरी मांग में प्रशासनिक खामियों, दस्तावेजों की कमी या जानकारी के अभाव के कारण पात्र मतदाताओं को सूची से बाहर होने से बचाने की बात कही।

चौथी मांग EVM की जगह बैलेट पेपर से मतदान कराने की है। पांचवीं मांग युवाओं, खासकर पहली बार मतदान करने वालों के लिए आसान और सुलभ पंजीकरण प्रक्रिया की है। छठी मांग संस्थागत जवाबदेही और ऐसे चुनाव आयोग की है, जिस पर सभी राजनीतिक दलों को भरोसा हो।

अपने संबोधन के अंत में खड़गे ने कहा कि पारदर्शिता की जगह गोपनीयता को स्वीकार नहीं किया जाएगा और गणराज्य के मूल सिद्धांत, “एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य”, को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैलेट और जनादेश जनता का है और सरकार की शक्ति का अंतिम स्रोत भी जनता ही है। उन्होंने कहा कि INDIA ब्लॉक का काम यह सुनिश्चित करना है कि भारतीय जनता लोकतंत्र में अंतिम और निर्विवाद अधिकार बनी रहे।

एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने फाइनल में चीन को हराकर स्वर्ण पदक जीता


एशियन गेम्स में कपिल पोखरिया ने जीता ब्रॉन्ज, 90 किलो सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान के बॉक्सर से हारे

एशियन गेम्स में भारत के कपिल पोखरिया को 90 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान के बॉक्सर तुराबेक खाबिबुल्लाएव के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ कपिल को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

INDIA ब्लॉक की बैठक में खड़गे बोले- मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाया जाए, EVM की जगह बैलेट से हो मतदान

INDIA ब्लॉक की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं और उन्हें अपने पद से हटा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि EVM के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग की जानी चाहिए और भविष्य के चुनावों में SIR से पहले की मतदाता सूची का इस्तेमाल होना चाहिए। खड़गे ने यह भी कहा कि जब नागरिकों के मौलिक लोकतांत्रिक अधिकार दांव पर हों, तब INDIA ब्लॉक के दलों को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।


INDIA ब्लॉक की बैठक में खड़गे बोले- चुनाव आयोग के कामकाज पर देशभर में गंभीर सवाल, EVM पर मांगा जवाब

INDIA ब्लॉक की बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "पूरे देश में नागरिक और राजनीतिक दल चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर गंभीर चिंताएं जता रहे हैं। हमने EVM को लेकर जवाब मांगा है और मतदाता सूची में हेरफेर को लेकर सवाल उठाए हैं।"

एंटीलिया बम धमकी मामला: सचिन वाजे की जमानत के खिलाफ NIA की याचिका से बॉम्बे HC की पीठ हुई अलग

एंटीलिया बम धमकी मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट की पीठ ने पूर्व पुलिसकर्मी सचिन वाजे को जमानत देने के विशेष अदालत के आदेश के खिलाफ NIA की अपील पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया।


दिल्ली दंगे 2020: उमर खालिद-शरजील इमाम को हाई कोर्ट से झटका, UAPA मामले में जमानत खारिज

रामगोपाल यादव ने राज्यसभा के लिए दाखिल किया नामांकन, अखिलेश और शिवपाल यादव रहे मौजूद

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, नेता शिवपाल यादव और अन्य नेताओं की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया।


दिल्ली में INDIA ब्लॉक की बैठक, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जुटे विपक्षी नेता

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल होने के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया पहुंच गए हैं। बैठक जारी है।

बैठक में ये नेता पहुंचे: 

  • राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी 

  • ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी 

  • ओमर अब्दुल्ला (J&K CM) 

  • तेजस्वी यादव (RJD) 

  • सुप्रिया सुले (NCP-SP) 

  • जयराम रमेश, जॉन ब्रिटास, दीपंकर भट्टाचार्य आदि

दिल्ली: INDIA ब्लॉक की बैठक के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पहुंचे उमर अब्दुल्ला

दिल्ली में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल होने के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया पहुंच गए हैं।


दिल्ली: INDIA ब्लॉक की बैठक में पहुंचे तेजस्वी यादव, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जुटे विपक्षी नेता

दिल्ली में RJD के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल होने के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया पहुंच गए हैं।

INDIA ब्लॉक की बैठक में पहुंचीं ममता बनर्जी, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जुटे विपक्षी नेता

दिल्ली में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल होने के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया पहुंच गई हैं।


कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पहुंचे, थोड़ी देर में INDIA ब्लॉक की बैठक

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल होने के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया पहुंच गए हैं।

INDIA ब्लॉक की बैठक से पहले तेजस्वी यादव का EC पर हमला, बोले- चुनाव प्रक्रिया में हुई छेड़छाड़

दिल्ली में INDIA ब्लॉक की बैठक से पहले RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “जिस तरह पूरी चुनाव प्रक्रिया में छेड़छाड़ हुई है और जिस तरह यह सामने आया है, दो चुनाव आयुक्तों ने भी इस पर सवाल उठाए हैं, यह बैठक इसी मुद्दे को लेकर है। जितने भी चुनाव हुए हैं, उनमें धोखाधड़ी हुई है। ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए पहले ही कानूनों में बदलाव किए गए। सबसे पहले मुख्य न्यायाधीश को चयन प्रक्रिया से हटा दिया गया। मतदान का वह रिकॉर्ड, जिसे सुरक्षित रखा जाना चाहिए, अब केवल 45 दिनों तक रखा जाता है। पहले यह एक साल तक रखा जाता था। जब मतदान खत्म हो जाता है तो सुविधा के अनुसार मत प्रतिशत को बढ़ाया या घटाया जाता है। हम लगातार कहते रहे हैं कि लोकतंत्र के खिलाफ साजिश करने वालों को जेल भेजा जाना चाहिए।”


दिल्ली: इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होने निकलीं ममता बनर्जी, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जुटेंगे विपक्षी नेता

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली में अपने आवास से रवाना हुईं। यह बैठक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में होनी है।

एशियन गेम्स में भारत का एक और गोल्ड, साहिल-चिकिता की जोड़ी ने शूट-ऑफ में दक्षिण कोरिया को हराया

एशियन गेम्स 2026 में भारत की कंपाउंड मिश्रित तीरंदाजी जोड़ी साहिल राजेश जाधव और चिकिता तनीपार्थी ने दक्षिण कोरिया को शूट-ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। नियमित सेट के बाद दोनों टीमें 157-157 की बराबरी पर थीं, जिसके बाद शूट-ऑफ में भारत ने 10-9 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने LA28 ओलंपिक के कंपाउंड मिश्रित टीम इवेंट के लिए कोटा स्थान भी हासिल कर लिया।


यूपी के मुरादाबाद में रामगंगा-कोसी का जलस्तर बढ़ा, निचले इलाकों पर असर, प्रशासन अलर्ट 

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रामगंगा और कोसी नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में असर पड़ा है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पूरी तरह अलर्ट है।

गोपालगंज में गंडक नदी की मार, बैराज से 5 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद घरों में घुसा बाढ़ का पानी

बिहार के गोपालगंज में बैराज से करीब 5 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद गंडक नदी में बाढ़ आ गई है, जिससे कई गांव प्रभावित हुए हैं। जिले की पांच पंचायतों में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है।


उज्जैन में शाही मस्जिद के पास अब भी पुलिस तैनात, 28 सितंबर की झड़प के बाद स्थिति शांत

मध्य प्रदेश के उज्जैन की शाही मस्जिद के आसपास आज सुबह भी पुलिस बल तैनात है और इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। 28 सितंबर को सड़क चौड़ीकरण परियोजना के लिए शाही मस्जिद के एक हिस्से को गिराए जाने के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने यहां पुलिस के साथ झड़प की थी।

अरब सागर में भारतीय तटरक्षक बल का बड़ा ऑपरेशन, 3,000 करोड़ की ड्रग्स जब्त, 5 पाकिस्तानी दबोचे गए

भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) के साथ मिलकर लक्षद्वीप के पश्चिम में अरब सागर में नशीले पदार्थों की तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। खुफिया जानकारी के आधार पर तटरक्षक बल ने समुद्र और हवा से सटीक निगरानी करते हुए संदिग्ध ईरानी धो (Dhow) पर लगातार नजर रखी। 25 सितंबर 2026 को पीछा करने के बाद तटरक्षक बल ने जहाज पर चढ़कर कार्रवाई की। इस दौरान करीब 526 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन और मेथामफेटामाइन जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

जहाज पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए जहाज, चालक दल और जब्त नशीले पदार्थों को सशस्त्र सुरक्षा के बीच मुंबई लाया गया है, जहां संयुक्त पूछताछ और विभिन्न एजेंसियों की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


एशियन गेम्स में भारत की महिला तीरंदाजों का कमाल, चीन को हराकर जीता स्वर्ण, वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने 2026 एशियन गेम्स में चीन को फाइनल में 238-234 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया है। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है।

दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर नया GRAP लागू, AQI बढ़ने के साथ चार चरणों में बढ़ेंगी पाबंदियां

दिल्ली-NCR में सर्दियों के प्रदूषण से निपटने के लिए CAQM ने संशोधित GRAP तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। इसमें AQI के आधार पर चार चरणों में कुल 48 एक्शन पॉइंट तय किए गए हैं। प्रदूषण बढ़ने पर पार्किंग शुल्क बढ़ाने और निजी वाहनों का इस्तेमाल घटाने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। गंभीर स्थिति में दिल्ली के साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में 5वीं कक्षा तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड पढ़ाई लागू करने का विकल्प भी रखा गया है।दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर नया GRAP लागू, AQI बढ़ने के साथ चार चरणों में बढ़ेंगी पाबंदियां

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए