बड़ी खबर LIVE: IRGC ने अमेरिका की 18 टेक कंपनियों को दी धमकी, कहा- दफ्तर से दूर रहें, साइबर अटैक को लेकर दी चेतावनी
पश्चिम एशिया में जंग जारी है। इस बीच ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने 18 अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों के खिलाफ साइबर अटैक को लेकर चेतावनी जारी की है, जिनमें माइक्रोसॉफ्ट और एप्पल जैसे दिग्गज कंपनियां शामिल हैं।

ओरेकल ने भारत में 12,000 कर्मचारियों को हटाया, जल्द होगी एक और छंटनी
अमेरिकी आईटी कंपनी ओरेकल ने भारत में लगभग 12,000 कर्मचारियों की छंटनी कर दी है और एक महीने के भीतर छंटनी का दूसरा दौर भी शुरू होने का अनुमान है। पीड़ित कर्मचारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। वैश्विक स्तर पर ओरेकल ने करीब 30,000 कर्मचारियों की छंटनी की है।
भारत में करीब 30,000 कर्मचारियों को रोजगार देने वाली ओरेकल ने इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
प्रभावित कर्मचारियों के मुताबिक, कंपनी ने ईमेल के जरिये उन्हें सूचित किया कि संगठनात्मक बदलावों के कारण कई पद अप्रासंगिक हो जाएंगे।
ओरेकल ने भारत में एक साल से अधिक सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को 15 दिन का वेतन बोनस के रूप में देने की पेशकश की है। इसके अलावा, उन्हें सेवा-समाप्ति तिथि तक एक महीने का वेतन (बिना भुगतान वाला), छुट्टियों का भुगतान, पात्रता के अनुरूप ग्रेच्युटी और एक महीने के नोटिस पीरियड का भुगतान भी मिलेगा।
IRGC ने अमेरिका की 18 टेक कंपनियों को दी धमकी, साइबर अटैक को लेकर दी चेतावनी
पश्चिम एशिया में जंग जारी है। इस बीच ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने 18 अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों के खिलाफ साइबर अटैक को लेकर चेतावनी जारी की है, जिनमें माइक्रोसॉफ्ट और एप्पल जैसे दिग्गज कंपनियां शामिल हैं। IRGC ने कहा है कि अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए आतंकवादी ऑपरेशनों के जवाब में इन कंपनियों को लीगल टारगेट माना जाएगा।
आईपीएल 2026: गिल-बटलर की शानदार पारी, गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स को दिया 163 रन का लक्ष्य
गुजरात टाइटंस ने मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स को जीत के लिए 163 रन का टारगेट दिया है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। इस टीम को साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 3.4 ओवरों में 37 रन की साझेदारी की। सुदर्शन 11 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
इसके बाद गिल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 46 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। कप्तान 27 गेंदों में 6 छक्कों के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बटलर ने ग्लेन फिलिप्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 36 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया। बटलर ने 33 गेंदों में 38 रन टीम के खाते में जोड़े। इनके अलावा, ग्लेन फिलिप्स ने 25 रन और वाशिंगटन सुंदर ने 18 रन का योगदान दिया। पारी के अंतिम ओवर में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कुल 11 बॉल फेंकी। इस दौरान 4 वाइड और 1 नो-बॉल शामिल थी। इस पूरे ओवर में अर्शदीप ने 12 रन लुटाए।
पंजाब किंग्स के लिए विजयकुमार वैशाक ने 34 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट निकाले। मार्को जानसेन ने एक शिकार किया।
मोदी सरकार बुधवार को एफसीआरए विधेयक पारित कराने की तैयारी में, हम ऐसा नहीं होने देंगे: कांग्रेस
कांग्रेस ने दावा किया कि सरकार बुधवार को लोकसभा में विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को पारित कराने की योजना बना रही है, लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा क्योंकि यह विधेयक असंवैधानिक है और गैर सरकारी संगठनों, विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदायों द्वारा संचालित संगठनों को नष्ट कर देगा।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को बताया कि कांग्रेस सांसदों को दिल्ली पहुंचने और बुधवार को सदन में मौजूद रहने के लिए कहा गया है। कांग्रेस बुधवार सुबह संसद परिसर में इस विधेयक के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
बीजेपी बाहरी लोगों को बंगाल का मतदाता बनाने की कोशिश कर रही: ममता ने सीईसी से कहा
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को लिखे कड़े शब्दों वाले पत्र में मंगलवार को बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह ‘फॉर्म 6’ आवेदनों के जरिए पश्चिम बंगाल के बाहर के मतदाताओं को इस राज्य की मतदाता सूची में, बड़ी संख्या में गैर-कानूनी तरीके से शामिल कराने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने इसे ‘‘बीजेपी द्वारा, निर्वाचन आयोग के साथ मिलकर, लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों में दखल देने का एक और सुनियोजित प्रयास’’ करार दिया।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने यह पत्र पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के सोमवार को लगाए गए उस आरोप के 24 घंटे से भी कम समय के भीतर भेजा, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा ने एक ही दिन में लगभग 30,000 ‘फॉर्म 6’ जमा किए हैं ताकि दूसरे राज्यों के निवासियों को पश्चिम बंगाल का मतदाता बनाया जा सके।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने विधायकों की सुरक्षा हटाए जाने को लेकर कहा- क्या मजबूरी है कि हटाना पड़ा, यह हमें कभी पता चला तो अच्छा होगा?
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने विधायकों की सुरक्षा हटाए जाने को लेकर कहा, "यह अपने आप में हैरानी की बात है क्योंकि मुश्किल से हफ्ता हुआ होगा जब फारूख अब्दुल्ला पर हमला किया गया। उस वक्त हर किसी ने यह कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था। लेकिन फारूख अब्दुल्ला हफ्ते में 2-3 बार उस दफ्तर में जाते हैं और उस दफ्तर की आपने सुरक्षा हटा दी। क्या मजबूरी है कि हटाना पड़ा, यह हमें कभी पता चला तो अच्छा होगा..."
कोझिकोड (केरल): लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रोड शो किया।
होर्मुज को लेकर ट्रंप की धमकियों के बाद कुवैती तेल से लदे टैंकर पर ईरान ने ड्रोन से किया हमला
ईरान ने कुवैत के एक तेल टैंकर पर हमला किया है। इस हमले की पुष्टि कुवैत के लोगों ने की है। दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया कि इस हमले में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। इसके साथ ही दुबई के पानी में तेल से भरे टैंकर पर हमले के बाद किसी लीक या किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी थी कि अगर होर्मुज स्ट्रेट को फिर से नहीं खोला गया तो वे उसकी तेल फैसिलिटी को उड़ा देंगे। ट्रंप की इस धमकी के बाद ही कुवैती तेल टैंकर पर हमले की जानकारी सामने आई है।
अमेरिकी मीडिया की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, ट्रंप की धमकी को लेकर व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि अमेरिकी सेना हमेशा कानून का पालन करेगी। इस बीच विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करना एक युद्ध अपराध हो सकता है।
राहुल गांधी ने कहा- ...मोदी और अडानी, 'मोडानी' दोनों एक ही चीज हैं
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा," ...मोदी और अडानी, 'मोडानी' दोनों एक ही चीज हैं। आप यह जानते हैं और डोनाल्ड ट्रंप भी यह जानते हैं, इसीलिए उन्होंने फ़ोन उठाया और मोदी से कहा कि आप इज़राइल जाइए और मोदी सीधे इज़राइल चले गए। ट्रंप ने कहा कि आप US डील पर साइन करें और मोदी ने US डील पर साइन कर दिया और इसीलिए जब मैंने संसद में भाषण दिया और अडानी का मुद्दा उठाया, तो मोदी संसद से भाग खड़े हुए।"
बंगाल: आईएएस-आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के खिलाफ जनहित याचिका उच्च न्यायालय में खारिज
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग द्वारा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादलों को चुनौती देने के लिए दाखिल एक जनहित याचिका को मंगलवार को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि याचिकाकर्ता यह साबित करने में विफल रहा कि कार्रवाई मनमानी थी और इससे जनहित को नुकसान हुआ।
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के तुरंत बाद राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया था।
याचिकाकर्ता ने दलील दी थी कि बड़े पैमाने पर किए गए इन तबादलों से राज्य के प्रशासनिक कामकाज पर असर पड़ेगा और निर्वाचन आयोग के आदेशों को निरस्त करने का अनुरोध किया था।
तवी नदी में डूबे तीसरे किशोर का शव बरामद
जम्मू के बाहरी इलाके नगरोटा स्थित सैनिक स्कूल के पास तवी नदी में डूबे तीसरे लड़के का शव बचावकर्मियों ने मंगलवार को बरामद कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
निरीक्षक विनोद कुमार के अनुसार, दो अन्य लड़कों के शव सोमवार को बरामद कर लिए गए थे जबकि तीसरे का शव घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर नीचे की ओर मिला।
मृतकों की पहचान कश्मीरी पंडित समुदाय के बविश कौल (15), सोनम दत्त (16) और आदित्य पंडित (15) के रूप में हुई है। तीनों लड़के रविवार को नदी के तेज बहाव में बह गए थे।
छत्तीसगढ़ में सात नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के दो जिलों में चार महिलाओं सहित सात नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि दंतेवाड़ा जिले में माओवादियों की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेडसी) से जुड़े पांच नक्सलियों ने दंतेवाड़ा पुलिस लाइंस में पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। नक्सलियों के सर पर कुल नौ लाख रूपए का इनाम है।
उन्होंने बताया कि इन नक्सलियों ने पुलिस की 'पूना मारगेम - पुनर्वास से पुनर्जीवन' पहल के तहत अपने हथियार डाल दिए।
मैं यहाँ आपके सामने खड़ा हूँ, मैं ज़मानत पर बाहर हूं, नरेंद्र मोदी ने मेरा घर छीन लिया, मेरी लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी- राहुल गांधी
पेरामब्रा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "मैं यहाँ आपके सामने खड़ा हूँ, मैं ज़मानत पर बाहर हूँ। नरेंद्र मोदी ने मेरा घर छीन लिया, मेरी लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी। ED ने मुझसे 55 घंटे तक पूछताछ की, क्योंकि मैंने नरेंद्र मोदी और RSS का विरोध किया। मैं BJP का विरोध करता हूँ, क्योंकि वे भारत को बाँटते हैं; वे नफ़रत फैलाते हैं, वे हमारे देश में गुस्सा फैलाते हैं।"
IPL मैचों के लिए काम करने वाले ब्रिटिश ब्रॉडकास्ट इंजीनियर मुंबई के एक होटल में मृत पाए गए।
छत्तीसगढ़: 2 नक्सलियों ने कांकेर के SP निखिल राखेचा के सामने AK-47 हथियार के साथ सरेंडर किया।
LDF के पास केरल में हो रहे 'ब्रेन ड्रेन' (प्रतिभा पलायन) और बेरोज़गारी की समस्या का कोई जवाब नहीं है- राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केरल के कोझिकोड में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "...LDF के पास केरल में हो रहे 'ब्रेन ड्रेन' (प्रतिभा पलायन) और बेरोज़गारी की समस्या का कोई जवाब नहीं है... हम एक अस्थिर और खतरनाक दौर की ओर बढ़ रहे हैं... ईंधन की कीमतें बढ़ने वाली हैं, महंगाई बढ़ने वाली है और नरेंद्र मोदी तथा केरल के मुख्यमंत्री, दोनों को ही यह समझ नहीं आ रहा कि क्या किया जाए। इसलिए हमारा पहला कदम केरल की जनता की रक्षा करना होगा..."
देहरादून में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा की देहरादून में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वी के जोशी जी की दिनदहाड़े निर्मम हत्या साफ बताती है कि उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
बिहार के नालंदा में शीतला मंदिर में मची भगदड़, 8 की मौत, कई घायल
बिहार के नालंदा जिले में बड़ा हादसा हो गया है। यहां माता शीतला के मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई है। इस भगदड़ में दबने से 8 महिलाओं की मौत हो गई है।
BJP ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 13 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की है और साथ ही मैनागुड़ी निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवार को बदल दिया है।
Rajasthan Board 12th Result 2026: राजस्थान बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी, सबसे पहले यहां चेक करें नतीजे
राजस्थान बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी हो गया है। बोर्ड ने पासिंग प्रतिशत के अलावा जेंडर वाइज और जिला वाइज रिजल्ट भी जारी किया है। इस परीक्षा में शामिल हुए लाखों छात्र राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी आरबीएसई (RBSE) की आधिकारिक वेबसाइट्स rajresults.nic.in और rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं. इसके अलावा छात्र डिजिलॉकर ऐप और एसएमएस के माध्यम से भी अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं.
पिछले साल के मुकाबले इस साल राजस्थान बोर्ड 12वीं का रिजल्ट अच्छा है. इस साल कुल 97.23 फीसदी छात्र पास हुए हैं.
दक्षिण-पश्चिम चीन में हाईवे सुरंग में धमाके में 4 की मौत, 9 घायल
ईरान के उपराष्ट्रपति ने अमेरिका को दी धमकी
ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रेजा आरेफ ने खार्ग द्वीप को लेकर अमेरिका को धमकी दी है. उन्होंने कहा, अगर डोनाल्ड ट्रंप वहां अमेरिकी सैनिक भेजते हैं, तो उन्हें वापस लाना आसान नहीं होगा. 'नरक से कोई वापस नहीं आता'. यानि अमेरिकी सैनिकों के लिए गंभीर परिणाम हो सकते हैं.'
ईरान का इराक में अमेरिकी यूनिवर्सिटी पर हमला, दुबई में उड़ाया कुवैत का तेल से भरा जहाज
ईरान ने इराक पर फिर बड़ा हमला किया है। सुलेमानियाह में स्थित अमेरिकी यूनिवर्सिटी को निशाना बनाया गया है। तेहरान यूनिवर्सिटी पर हमले के बाद ईरान ने हमले की धमकी दी थी। उधर, कुवैत की सरकारी तेल कंपनी के हवाले से आधिकारिक समाचार एजेंसी KUNA ने बताया, ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई बंदरगाह पर मौजूद एक कुवैती कच्चे तेल के टैंकर पर हमला कर दिया। इससे कुवैती तेल टैंकर में आग लग गई। हालांकि, इसमें कोई घायल नहीं हुआ है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia