बड़ी खबर LIVE: बंगाल में मतगणना से पहले एक्शन में सीआरपीएफ, डीजी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक जीपी सिंह ने रविवार को मतगणना केंद्र का दौरा कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की।

फोटो: आईएएनएस
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

चांदनी चौक में एक इमारत में आग लगी, बचाव अभियान जारी

उत्तरी दिल्ली के चांदनी चौक के चावड़ी बाजार इलाके में रविवार शाम एक इमारत की पहली मंजिल पर आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने कहा कि प्रभावित मंजिल पर आवासीय फ्लैट होने की आशंका है।

दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "हमें रात 9:07 बजे आग लगने की सूचना मिली। पांच दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।"

अधिकारी ने बताया कि यह इमारत चांदनी चौक स्थित गुजरात नमकीन भंडार नामक मिठाई की दुकान के बगल में है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है और बचाव अभियान जारी है।

बंगाल में मतगणना से पहले एक्शन में सीआरपीएफ, डीजी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक जीपी सिंह ने रविवार को मतगणना केंद्र का दौरा कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने मतगणना केंद्र पर तैनात सुरक्षा बलों की व्यवस्था, प्रवेश-निकास बिंदुओं, निगरानी तंत्र और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।

इस दौरान चुनाव अधिकारियों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और राज्य पुलिस के साथ समन्वय को और मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में सीआरपीएफ ने लिखा, "मतगणना के दिन की पूर्व संध्या पर सीआरपीएफ के डीजी जीपी सिंह ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के इंतजामों का जायजा लेने के लिए मतगणना केंद्र का दौरा किया। एक शांतिपूर्ण और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने चुनाव अधिकारियों, सीएपीएफ और राज्य पुलिस के साथ समन्वय को और मजबूत किया।"

पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर दो चरणों में मतदान हुआ था। पहले चरण में 152 सीटों पर चुनाव हुए थे और दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोट डाले गए थे। अब 4 मई को वोटों की गिनती की जाएगी और चुनाव के नतीजे सामने आ जाएंगे।

बिहार : पटना में ललित भवन के पास युवती का शव मिला, हत्या की आशंका

बिहार की राजधानी पटना में रविवार को ललित भवन के पास एक युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में बेली रोड स्थित ललित भवन में कई सरकारी कार्यालय हैं।

सचिवालय-2 के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) साकेत कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार्यालय परिसर के पास एक गली से युवती का शव बरामद किया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “हम युवती की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं।”

एसडीपीओ ने बताया कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और जांच में श्वान दस्ते को भी लगाया गया है।


आईपीएल 2026: चक्रवर्ती-नरेन की शानदार गेंदबाजी, ट्रेविस की फिफ्टी के साथ एसआरएच ने बनाए 165 रन

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 45वें मैच में रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ जीत के लिए 166 रन का टारगेट रखा है। एसआरएच की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करने की होगी।

रविवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी सनराइजर्स हैदराबाद 19 ओवरों में 165 रन पर सिमट गई। इस टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 3.4 ओवरों में 44 रन की साझेदारी की।

अभिषेक 10 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 1 चौका शामिल रहा। इसके बाद ट्रेविस हेड ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचा दिया।

ट्रेविस हेड 28 गेंदों में 3 छक्कों और 9 चौकों के साथ 61 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस टीम ने 9वें ओवर की समाप्ति तक 105 के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे।

इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर पर बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। टीम को ईशान के रूप में 148 के स्कोर पर सातवां झटका लगा, जो 29 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद टीम जैसे-तैसे 165 के स्कोर तक पहुंच सकी।

कोलकात नाइट राइडर्स की तरफ से वरुण चक्रवर्ती ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि सुनील नरेन ने 2 विकेट निकाले। वैभव अरोड़ा, कैमरून ग्रीन और अनुकूल रॉय ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

पश्चिम एशिया संकट: चमड़ा, जूता उद्योग ने प्रमुख कच्चे माल पर शुल्क छूट की मांग की

पश्चिम एशिया संकट के कारण कच्चे माल की लागत में 40 से 60 प्रतिशत तक वृद्धि होने के बीच चमड़ा और जूता उद्योग ने कृत्रिम चमड़ा, धातु सहायक सामग्री, मशीनरी, धागे, सांचे और कुछ रसायनों जैसे महत्वपूर्ण कच्चे माल पर आयात शुल्क में छूट देने की मांग की है। एक उद्योग अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उद्योग ने हाल ही में इस संबंध में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के समक्ष मामला उठाया है। अधिकारी ने कहा कि निर्यातकों ने सरकार से प्रस्तावित ‘फ्लोट’ (फुटवियर एवं चमड़ा उन्मुख परिवर्तन) योजना को शीघ्र लागू करने का सुझाव दिया है, ताकि पूरे उत्पाद वर्ग, कच्चे माल, मशीनरी और अन्य आवश्यक सामग्रियों को इसमें शामिल किया जा सके।

उन्होंने कहा कि घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए क्रस्ट और तैयार चमड़े के शुल्क-मुक्त आयात की भी मांग की गई है।


कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "निगम चुनाव में हमें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी का अच्छा प्रदर्शन रहेगा

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "निगम चुनाव में हमें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी का अच्छा प्रदर्शन रहेगा। निगम ही नहीं परिषदों के भी चुनाव हैं, उसमें भी कांग्रेस का अच्छा प्रदर्शन रहेगा... बहुत से ऐसे मुद्दे हैं जिनसे हमारा हरियाणा का शहरी नागरिक त्रस्त है। बड़े-बड़े घोटाले हैं... पंचकूला में ही सबसे बड़ा घोटाला सामने आया जहां जनता का पैसा भी खा लिया गया और ढकार भी नहीं ली... व्यापक घोटालों को अंजाम देने का काम भाजपा से जुड़े नेताओं ने किया है... शहरीकरण में भाजपा के विधायकों का सबसे बड़ा काम कॉलोनियां काटने का हो गया है... हाई कोर्ट ने भी इस पर टिप्पणी की है... आज हर शहर दुर्व्यवस्था का शिकार है...हम इन्हीं सारे मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ रहे हैं। हमें जनता का साथ मिल रहा है और हमें विश्वास है कि कांग्रेस का अच्छा प्रदर्शन रहेगा।"

दिल्ली: बरवाला गांव में DTC बस से टकराने के बाद ट्रक पलटा, किसी के हताहत होने की खबर नहीं


अहमदाबाद में पारिवारिक विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर हमला, हत्या, आरोपी फरार

महंगाई का एक और झटका! सिलेंडर के बाद अब दूध के दाम भी बढ़े, इस राज्य ने लिया फैसला

देश में गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद अब दूध के दाम भी बढ़ गए हैं। ओडिशा मिल्क एंड डेयरी कोऑपरेटिव फेडरेशन (ओएमएफईडी) ने राज्यभर में दूध की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है।


"हमारे देश का घोर कुप्रबंधन": एयर इंडिया द्वारा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें घटाए जाने पर कांग्रेस ने केंद्र पर साधा निशाना

तमिलनाडु: 85.10% मतदान दर्ज, इस ऐतिहासिक प्रक्रिया में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही 


चल रही नौसैनिक नाकाबंदी के बीच CENTCOM प्रमुख ने अरब सागर में यूएसएस त्रिपोली का दौरा किया  

दिल्ली: शाहदरा के विवेक विहार स्थित एक इमारत में आग लगने की घटना में नौ लोगों की मौत


दिल्ली के शाहदरा इलाके में चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 3–4 लोगों के शव बरामद

दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें 3–4 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। आग लगने के बाद मौके पर बचाव अभियान जारी है और दमकल की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं।

दिल्ली-NCR में मौसम का यू-टर्न, बारिश-आंधी का अलर्ट, फिलहाल लू से राहत

दिल्ली-एनसीआर में हाल ही की बारिश के बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी हुई है, लेकिन मौसम अभी भी राहत भरा बना हुआ है। भारत मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज, बिजली, 30–40 किमी/घंटा की तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

आज अधिकतम तापमान करीब 37°C और न्यूनतम 24°C रहने का अनुमान है, जबकि नमी के कारण हल्की उमस महसूस हो सकती है। आने वाले कुछ दिनों तक बीच-बीच में बारिश जारी रहने और अगले हफ्ते तक लू न चलने की उम्मीद है, हालांकि सोमवार को मौसम थोड़ा ज्यादा खराब हो सकता है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia