बड़ी खबर LIVE: ममता बनर्जी के 2021 के चुनाव में चोटिल होने के दावे की जांच होगी, बंगाल के सीएम का ऐलान
पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान नंदीग्राम में प्रचार करते समय पैर टूटने का झूठा दावा किया था। उन्होंने कहा कि ममता के झूठे दावों की प्रशासन द्वारा जांच कराई जाएगी।

तेजस लड़ाकू विमान कार्यक्रम में देरी से भारतीय वायुसेना को नुकसान हो रहा है: वायुसेना प्रमुख
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने शनिवार को कहा कि तेजस लड़ाकू विमानों को वायुसेना में शामिल करने में हो रही अत्यधिक देरी भारतीय वायुसेना के लिए नुकसानदेह साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि लड़ाकू विमानों के स्क्वाड्रन की संख्या लगातार घट रही है और वह भी ऐसे समय में जब सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए वायु शक्ति का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है।
वायुसेना दिवस से पहले आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एयर चीफ मार्शल सिंह ने यह भी कहा कि अगले कुछ वर्षों तक भारतीय वायुसेना को हर साल कम से कम 36-40 लड़ाकू विमानों को अपने बेड़े में शामिल करने की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वदेशी रूप से निर्मित तेजस मार्क-1ए विमानों के साथ-साथ बहु-उद्देश्यीय लड़ाकू विमान (एमआरएफए) कार्यक्रम के तहत खरीदे जाने वाले राफेल लड़ाकू विमानों को शामिल किए जाने से स्थिति में सुधार होगा। एयर चीफ मार्शल सिंह ने कहा कि भारत की योजना है कि यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार चलता रहा, तो इसी वित्त वर्ष के अंत तक एमआरएफए सौदे को अंतिम रूप दे दिया जायेगा।
बलिया में महिला नेता ने बीजेपी के जिला अध्यक्ष पर दुष्कर्म का आरोप लगाया
उत्तर प्रदेश के बलिया में बीजेपी की एक महिला नेता ने पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय मिश्र पर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने व्हाट्सऐप पर उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक किए जाने से संबंधित शिकायत से मिश्र का नाम हटा दिया था।
महिला ने 28 सितंबर को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में हलफनामा देकर ये आरोप लगाए। पुलिस ने कहा कि उसे हलफनामा मिल गया है और आरोपों की जांच की जा रही है। बांसडीह के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जय शंकर मिश्र ने कहा कि पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था और शिकायत में बदलाव किए जाने का आरोप सही नहीं है। जांच के दौरान मिले सबूतों और तथ्यों के आधार पर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’
पुलिस के अनुसार, बांसडीह कोतवाली थाना क्षेत्र की 35 वर्षीय महिला की शिकायत पर 15 सितंबर को भाजपा के जिला मंत्री आलोक सिंह, गणेश गुप्ता और अजीत मिश्रा के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने व्हाट्सऐप पर उसका निजी वीडियो प्रसारित किया, जिससे उसकी निजता, सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
बाद में दिए गए हलफनामे में महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसका बयान दर्ज नहीं किया था और इसलिए वह अपना लिखित बयान अदालत के समक्ष दे रही हैं ताकि इसे जांच में शामिल किया जा सके। महिला ने आरोप लगाया कि आलोक सिंह को भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र का संरक्षण प्राप्त है और संजय मिश्र समेत आरोपियों ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
मध्य प्रदेशः अनूपपुर में मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति ने परिवार के चार सदस्यों की हत्या की, चार अन्य को घायल कर दिया
एनएसयूआई ने ‘इंडिया गेट’ पर प्रदर्शन किया, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की
कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने शनिवार को ‘इंडिया गेट’ पर प्रदर्शन किया और मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की। छात्र संगठन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में एनएसयूआई के सदस्यों और छात्र कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचन आयोग के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा करने की मांग को लेकर नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठे हैं और निर्वाचन आयोग को नागरिकों तथा विपक्षी संगठनों की ओर से उठाई जा रही चिंताओं का जवाब देना चाहिए।
बंगाल: मुर्शिदाबाद में घर में आग लगने से तृणमूल के बागी विधायक बैरन बिस्वास झुलसे
‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ के विधायक बैरन बिस्वास पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शनिवार को उनके आवास पर आग लगने की घटना में झुलस गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सागरदिघी से विधायक बिस्वास को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया और बाद में मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे धूलियान स्थित विधायक के आवास में आग लग गई। घर से धुएं का गुबार उठता देख इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उन्होंने बताया कि दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पाया गया। अधिकारी के अनुसार, आग लगने के सटीक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि इस मकान का उपयोग परिवार के बीड़ी कारोबार के लिए किया जाता है। पुलिस अधिकारी ने कहा, "बिस्वास को बाहर निकालकर उनके ही स्वामित्व वाले एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। उन्हें जल्द ही मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल स्थानांतरित किए जाने की संभावना है।"
बिस्वास ने 2023 के उपचुनाव में कांग्रेस के टिकट पर अल्पसंख्यक बहुल सागरदिघी सीट पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को हराकर जीत दर्ज की थी और बाद में वह ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे। इसके बाद वह 2026 के विधानसभा चुनाव में इसी सीट से दोबारा निर्वाचित हुए और बाद में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी की अगुआई वाले डेमोक्रेटिक टीएमसी के बागी गुट में शामिल हो गए।
ममता बनर्जी के 2021 के चुनाव में चोटिल होने के दावे की जांच होगी, बंगाल की बीजेपी सरकार का ऐलान
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्वी मिदनापुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर प्रचार करते समय पैर में फ्रैक्चर होने का झूठा दावा किया था। उन्होंने यह भी कहा कि ममता बनर्जी के "झूठे दावों" की प्रशासन की ओर से अलग से जांच कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, "इस महीने दोनों विधानसभा सीटों (नंदीग्राम और रेजीनगर) के उपचुनाव खत्म हो जाने दीजिए। इसके बाद इस मामले की अलग से जांच शुरू होगी।"
2021 में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था। सुवेंदु अधिकारी ने करीब 2,000 वोटों के अंतर से हराया था। बाद में ममता बनर्जी दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में निर्वाचित हुईं और लगातार तीसरी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनी रहीं। 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान नंदीग्राम में प्रचार करते समय ममता बनर्जी के घायल होने की खबर सामने आई थी। उस समय उन्होंने पैर पर प्लास्टर लगाकर व्हीलचेयर पर चुनाव प्रचार किया था। तृणमूल कांग्रेस ने उस दौरान नारा भी दिया था, "टूटे पैर के साथ खेला होबे।"
मुख्यमंत्री ने दावा किया, "पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इलाज से जुड़ी 11 मार्च 2021 की बांगुर इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंसेज की रेडियो डायग्नोसिस रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि फ्रैक्चर का कोई संकेत नहीं था।" नंदीग्राम में 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है और इसके नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, "चूंकि आदर्श आचार संहिता पहले से लागू है, इसलिए मैं अभी इस मामले में ज्यादा कुछ नहीं कह रहा हूं। चुनाव आचार संहिता हटने के बाद हम इस झूठे प्रचार की नई जांच कराएंगे। मैं 9 अक्टूबर के बाद इसकी घोषणा करूंगा।"
गौरव गोगोई ने जयशंकर को लिखा पत्र, बांग्लादेश में अवैध तरीके से वापस भेजी गई दो महिलाओं का पता लगाने की अपील की
असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने शनिवार को विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को लिखा, जिसमें उन्होंने नागांव जिले की दो महिलाओं का पता लगाने और उन्हें वापस लाने में दखल देने की मांग की, जिन्हें कथित तौर पर जून के मध्य में भारत-बांग्लादेश सीमा के पार "गैर-कानूनी तरीके से वापस भेजा गया" था।
तीसरा वनडे: 16 बाउंड्री के साथ केएल राहुल ने खेली तूफानी शतकीय पारी, वेस्टइंडीज को 352 रनों का लक्ष्य
वेस्टइंडीज के खिलाफ चंडीगढ़ के पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जारी वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारत ने खराब शुरुआत के बावजूद जीत के लिए 352 रनों का विशाल टारगेट रखा है। टीम इंडिया शुरुआती 2 मुकाबले जीतकर सीरीज में 2-0 से आगे है। मेजबान टीम की निगाहें 'क्लीन स्वीप' पर टिकी हैं।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर कप्तान शुभमन गिल (1) का विकेट गंवा दिया था। अगली गेंद पर विराट कोहली (0) को जायडेन सील्स ने बोल्ड करते हुए मेजबान टीम को मुश्किल में डाल दिया। भारतीय टीम सिर्फ 4 के स्कोर पर दो विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद रोहित शर्मा ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 132 गेंदों में 137 रन की साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को 141 के स्कोर तक पहुंचा दिया। रोहित अपने शतक से महज 8 रन दूर रह गए। उन्होंने 85 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों के साथ 92 रन की पारी खेली।
उनके पवेलियन लौटने के बाद केएल राहुल ने मोर्चा संभाला। केएल राहुल ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ चौथे विकेट के लिए 19 रन जुटाए। गायकवाड़ 69 गेंदों में 4 छक्कों और 1 चौके के साथ 57 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राहुल ने नमन धीर के साथ 43 गेंदों में 65 रन जोड़कर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। नमन 5 बाउंड्री के साथ 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। केएल राहुल 87 गेंदों में 6 छक्कों और 10 चौकों के साथ 129 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि गुरनूर बरार ने नाबाद 8 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। मेहमान टीम की तरफ से जायडेन सील्स ने 62 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि कीमो पॉल ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, गुडाकेश मोती ने 1 विकेट हासिल किया।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली में धारा 163 लागू किया, कहा- विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को बताया कि नई दिल्ली जिले में धारा 163 लागू है और किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले निषेधाज्ञा लागू कर दी थी।
डीसीपी नई दिल्ली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि नई दिल्ली जिले में सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए धारा 163 लागू है। पोस्ट में कहा गया है कि बिना अनुमति के जमावड़े, सार्वजनिक भाषण, नारे लगाना, जुलूस, प्रदर्शन, धरने और अन्य विशिष्ट गतिविधियों पर रोक है। इसमें आगे कहा गया कि शनिवार को होने वाले किसी भी विरोध प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है और न ही नई दिल्ली जिला पुलिस को ऐसे किसी विरोध प्रदर्शन के बारे में कोई पूर्व सूचना मिली है। अधिकारियों ने नागरिकों से आदेश का सख्ती से पालन करने और दिल्ली पुलिस का सहयोग करने का भी आग्रह किया, साथ ही कहा कि आदेश का उल्लंघन करने पर कानून के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की इजाजत नहीं मिलने पर दिल्ली हाई कोर्ट पहुंची यूथ कांग्रेस
इंडियन यूथ कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने पर दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। आईवाईसी अध्यक्ष उदय भानु चिब की ओर से याचिका दाखिल कर दिल्ली पुलिस के फैसले में हस्तक्षेप करने की मांग की गई है। आईवाईसी की याचिका में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने की मांग करते हुए कहा गया है कि संगठन चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी बात रखना चाहता है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया। आईवाईसी ने हाई कोर्ट से मांग की है कि दिल्ली पुलिस द्वारा अनुमति नहीं देने के फैसले में हस्तक्षेप किया जाए और संगठन को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की इजाजत दी जाए।
यह मामला ऐसे समय में हाई कोर्ट पहुंचा है, जब एक दिन पहले जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की थीं। इनमें से दो मामले संसद मार्ग थाने और एक मामला कनॉट प्लेस थाने में दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, संसद मार्ग थाने में दर्ज दोनों एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223(ए), 221, 132 और 3(5) लगाई गई हैं। वहीं, कनॉट प्लेस थाने में दर्ज मामले में बीएनएस की धारा 223, 221, 132 और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। ये मामले 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर के आसपास हुए प्रदर्शन के बाद दर्ज किए गए।
दिल्ली में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे AISA के सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में लिया
एशियन गेम्स 2026ः भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मलेशिया को 5-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता
मौजूदा ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को मलेशिया को 5-1 से करारी शिकस्त देकर एशियाई खेलों में पुरुष हॉकी का अपना स्वर्ण बरकरार रखा और इस जीत से 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफिकेशन भी कर लिया।
आठ बार के ओलंपिक चैंपियन भारत ने देश की हॉकी के इतिहास में एक नया अध्याय लिखते हुए एशियाई खेलों का अपना पांचवां स्वर्ण पदक भी जीता। टीम ने पहली बार लगातार दूसरी बार स्वर्ण हासिल किया।
राजा की जान तोते में है, तोता संकट में है, मतलब राजा भी संकट में हैः योगेंद्र यादव
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए योगेंद्र यादव ने पीएम मोदी और ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजा की जान तोते में है। तोता संकट में है, मतलब राजा भी संकट में है। अब देश यह बात समझ चुका है। आंदोलन जारी रहेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार की छुट्टी नहीं होती, हम भी छुट्टी नहीं लेंगे।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने नेहा बोरा से की मारपीट
मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज
डर के साये में क्यों रहें महिलाएं, अन्याय करने वाले जवाबदेह ठहराए जाएं: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने महिला विरोधी अपराधों के विरोध में आवाज उठाने वाली लेडी श्रीराम कॉलेज (एलएसआर) और अन्य संस्थानों की छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को डर के साये में क्यों रहना चाहिए और उनके साथ अन्याय करने वालों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे एलएसआर और अन्य कॉलेजों की उन सभी लड़कियों पर बहुत गर्व है, जो हर दिन महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा के विरोध में अपनी आवाज उठा रही हैं।’’ उन्होंने सवाल किया कि महिलाओं को डर के साये में क्यों रहना चाहिए और उन्हें अन्याय ‘‘सहने’’ के लिए क्यों कहा जाना चाहिए? कांग्रेस महासचिव ने कहा कि महिलाओं पर हमला करने वालों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘यह सभी महिलाओं की लड़ाई है। हममें से हर एक को खड़ा होना चाहिए और अपनी मौजूदगी दर्ज करानी चाहिए।’’
यूपी में सपा ने बदले दो एमएलसी उम्मीदवार, अखिलेश बोले- अनुभवी चेहरों के आने से जीत पक्की
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अचानक अपने दो उम्मीदवार बदल दिए हैं। एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कमलेश यादव की जगह डॉ. संजयन त्रिपाठी और आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रकाश चंद्र गुप्त की जगह पूर्व एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा की है। दोनों बदलावों को अखिलेश यादव ने संबंधित नेताओं की सहमति से लिया गया फैसला बताया। अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों अनुभवी नेताओं के आने से पार्टी को चुनाव में मजबूती मिलेगी।
AISA नेता नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे योगेंद्र यादव को हिरासत में लिया गया।
भारतीय पहलवान अमन सहरावत ने आइची-नागोया में 2026 एशियाई खेलों में पुरुषों की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
हिरासत में लिए जाने के एक दिन बाद फिर AISA कार्यकर्ता जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक नेताओं और छात्र कार्यकर्ताओं समेत 1,000 से ज़्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के एक दिन बाद, शनिवार को AISA कार्यकर्ता जंतर-मंतर के पास जुटने लगे। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बैरिकेडिंग और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी।
जंतर-मंतर पर जुड़े कार्यकर्ता, कहा- शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र में हमारा अधिकार है
कैप्टन स्मित मछार की सेहत में हो रहा सुधार – भारतीय दूतावास
हिमाचल के कुल्लू में बस पलटने से छह लोग घायल
हिमाचल प्रदेश में मनाली से पठानकोट जा रही हिमाचल रोडवेज की एक बस शनिवार को कुल्लू जिले में बाशिंग के पास पलट गई, जिससे छह लोग मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर ने बताया कि हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। चालक के वाहन पर से नियंत्रण खो देने के बाद बस सड़क पर पलट गई, जिससे बस में सवार छह लोगों को मामूली चोटें आईं। इनमें चालक और परिचालक भी शामिल हैं।
बिहार के सीतामढ़ी ज़िले में करंट लगने से तीन लोगों की मौत, मरने वालों में एक महिला भी शामिल: पुलिस
क्रिकेट में भारत ने जीता गोल्ड मेडल, रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 19 रन से दी मात
एशिया कप क्रिकेट के रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले में पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा और अहम मौकों पर बेहतरीन खेल दिखाया। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
दिल्ली पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञान कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर के पास हुए बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले में कम से कम तीन FIR दर्ज की हैं।
एशियन गेम्स: अभिषेक शर्मा के टी20 में 400 छक्के पूरे, क्रिस गेल को इन 2 मामलों में पछाड़ा
भारत के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने शनिवार को करोगी स्पोर्ट्स पार्क में एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 28 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली और टीम का स्कोर 6 विकेट पर 211 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
अभिषेक ने अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान कई उपलब्धियां हासिल कीं। अभिषेक ने अपनी 61 रन की पारी के दौरान 7 छक्के लगाए। पारी का दूसरा छक्का लगाते ही अभिषेक के टी20 क्रिकेट में 400 छक्के पूरे हो गए। शर्मा के अब कुल 405 छक्के हो गए हैं।
अभिषेक ने टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 400 छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। गेल ने 400 छक्के लगाने के लिए 3,557 गेंदें खेली थीं। अभिषेक ने 3,513 गेंदों में अपने 400 छक्के पूरे किए।
भारत ने 20 ओवर में बनाए 211/6
भारत ने एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट के फाइनल में छह विकेट पर 211 रन बनाए हैं। यह टी20 में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा टोटल है। भारत ने 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। 2012 में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 192 रन बानए थे। भारत ने उस पिच पर इतना बड़ा स्कोर खड़ा किया है, जहां स्पिनर्स को खूब मदद मिलती है। ऐसे में पाकिस्तानी बल्लेबाजों के लिए यह आसान नहीं रहने वाला है। भारत के लिए अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने अर्धशतक लगाए। अभिषेक ने 28 गेंद में तीन चौके और सात छक्के की मदद से 61 रन की पारी खेली। वहीं, तिलक ने 22 गेंद में तीन चौके और चार छक्के की मदद से नाबाद 51 रन बनाए।
भारतीय तीरंदाज नीरज चौहान ने एशियाई खेलों में पुरुषों के रिकर्व व्यक्तिगत इवेंट में धीरज बोम्मादेवरा को हराकर कांस्य पदक जीता।
राहुल गांधी बोले- देशभर में अपने हक के लिए लड़ रहे लोगों की आवाज को एकजुट करेगा ‘सत्याग्रह’
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशभर में अपने हक और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज को एक मंच पर लाने की अपील की है। उन्होंने ‘सत्याग्रह’ पहल के जरिए लोगों से अपने संघर्ष और अन्याय की कहानी साझा करने का आग्रह किया है।
राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में Gen Z, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर संघर्ष की अपनी कहानी है, लेकिन अक्सर अकेले उठने वाली आवाज दब जाती है।
उन्होंने कहा कि ‘सत्याग्रह’ का उद्देश्य इन अलग-अलग आवाजों को एक नक्शे पर एक साथ लाना है, ताकि लोग यह देख सकें कि उनके जैसे और कितने लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि बापू ने सिखाया था कि सच सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने कहा कि इससे भी बड़ी ताकत एकता के साथ सच के पक्ष में खड़े होने में है।
उन्होंने अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे लोगों से अपनी कहानी साझा करने की अपील करते हुए कहा कि उनकी कहानी नक्शे पर दिखाई जाएगी। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि वह अपनी भूमिका के तहत संसद में, सड़क पर या पत्र लिखकर, जहां भी जरूरत होगी, लोगों के साथ खड़े होने की कोशिश करेंगे।
एशियन गेम्स 2026: भारत ने जीता टॉस, पाकिस्तान की पहले गेंदबाजी
पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। पाकिस्तान की कप्तानी साहिबजादा फरहान कर रहे हैं। भारत ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
पंजाब: एशियाई खेलों के ब्रॉन्ज़ मेडलिस्ट गुरिंदरबीर सिंह का उनके गृहनगर में ज़ोरदार स्वागत किया गया। उन्हें एक स्थानीय गुरुद्वारे में भी सम्मानित किया गया।
अमेरिका ने वीजा के लिए सोशल मीडिया की जांच का दायरा बढ़ाया
अमेरिका ने वीजा आवेदकों की सोशल मीडिया स्क्रीनिंग का दायरा विदेशी पत्रकारों और कुछ पेशेवरों तक बढ़ा दिया है। कड़ी जांच-पड़ताल की इस प्रक्रिया के तहत एच-1बी धारक वर्कर और विदेशी छात्रों को भी अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल सार्वजनिक करने होंगे।
स्टेट डिपार्टमेंट ने पिछले महीने इस विस्तार की घोषणा की थी, लेकिन यह नियम बुधवार से लागू हो गया।
स्टेट डिपार्टमेंट ने कहा, "इस जांच प्रक्रिया में मदद के लिए, आई, टीडी और टीएन नॉन-इमिग्रेंट वीज़ा के सभी आवेदकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने सभी सोशल मीडिया प्रोफाइल की प्राइवेसी सेटिंग को 'पब्लिक' या 'ओपन' पर सेट करें।"
एशियन गेम्स 2026 में दमदार प्रदर्शन करके स्वदेश लौटी भारतीय शूटिंग टीम, परिनाज बोलीं- खुश हूं कि दो मेडल जीत पाई
एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करके भारतीय शूटिंग टीम शुक्रवार को स्वदेश लौटी। दिल्ली एयरपोर्ट पर टीम का भव्य स्वागत हुआ। परिनाज कौर धालीवाल ने कहा कि वह बहुत खुश है कि वह देश के लिए दो मेडल लेकर आ सकीं।
एशियन गेम्स में दो ब्रॉन्ज मेडल जीतने वालीं परिनाज ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "मेरे पास शब्द नहीं हैं। यहां आकर और इतने शानदार अनुभव और इतने जबरदस्त स्वागत के साथ घर लौटकर मैं बहुत खुशनसीब महसूस कर रही हूं। मुझे बहुत खुशी है कि मैं दो मेडल जीत पाई, और यह सब बहुत बढ़िया रहा। यह अनुभव वाकई बहुत शानदार था।" उन्होंने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान ओलंपिक 2028 के लिए क्वालीफाई करने पर होगा और वह वहां गोल्ड पर निशाना लगाना चाहेंगी।
भारतीय पुरुष शूटर अनीश ने कहा, "बिल्कुल, सभी मेडल जीतने वालों को बहुत-बहुत बधाई। हमारे शूटर्स ने मेडल जीते और भारतीय शूटिंग का नाम रोशन किया। हमारी शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन फिर हमने तीन गोल्ड मेडल जीते और कुल मिलाकर शूटिंग में काफी मेडल जीते हैं। तो, यह बहुत अच्छा प्रदर्शन रहा है।" उन्होंने कहा कि भारतीय शूटिंग टीम विश्व स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और टीम ओलंपिक के लिए भी अच्छी तैयारी करेगी और दमदार प्रदर्शन करने का प्रयास करेगी।
आर्चरी में आया एक और गोल्ड, 17 साल की कुमकुम मोहोड ने रच दिया इतिहास
17 वर्षीय कुमकुम मोहोड ने ऐतिहासि प्रदर्शन किया है।कुमकुम एशियाई खेलों की व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। उन्होंने फाइनल में दक्षिण कोरिया की ओह येजिन को हराया। मुकाबला शूट ऑफ में गया, जहां कुमकुम ने जीत हासिल की।भारतीय टीम का मौजूदा एशियन गेम्स में ये आर्चरी में पांचवां गोल्ड मेडल रहा। एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदकों की संख्या अब 77 (17 गोल्ड, 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज) हो गई है।
होर्मुज में टैंकर पर हमला, पांच भारतीय सुरक्षित बचाए गए
होर्मुज डलडमरूमध्य में कुवैत के झंडे वाले टैंकर MT काजिमाह III पर प्रोजेक्टाइल लगने के बाद उस पर सवार पांच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया. ओमान में भारतीय दूतावास ने बचाव अभियान में मदद की और सभी भारतीयों को सुरक्षित किनारे पर पहुंचाया गया.
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
