बड़ी खबर LIVE: दूसरे टी20 में इंग्लैंड ने भारत को चार विकेट से हराया

इंग्लैंड ने पांच मैचों की श्रृंखला के दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में शनिवार को मैनचेस्टर में भारत को चार विकेट से हराकर श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 190 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने 19 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

फोटोः सोशल मीडिया
i

दूसरा टी20ः इंग्लैंड ने भारत को चार विकेट से हराया

इंग्लैंड ने पांच मैचों की श्रृंखला के दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में शनिवार को मैनचेस्टर में भारत को चार विकेट से हराकर श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 190 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने 19 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इंग्लैंड की ओर से जैकब बेथल ने सर्वाधिक नाबाद 76 रन बनाए। कप्तान हैरी ब्रुक ने 15 गेंदों में 39 रन, जबकि टॉम बैंटन ने 32 गेंदों में 39 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिए। श्रृंखला का पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।

राम मंदिर चंदा चोरी पर बृजभूषण शरण सिंह बोले- 'जो कहना था कह चुका हूं, पहले दिन से चल रहा था खेल'

राम मंदिर में दान और चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सियासी घमासान जारी है। बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने इस मुद्दे पर कहा कि इस विषय पर वह पहले ही अपनी बात रख चुके हैं और अब इस पर कुछ नया नहीं कहना चाहते। जब उनसे राम मंदिर दान चोरी मामले पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस बारे में मैं पहले बोल चुका हूं।

उन्होंने कहा कि मुझे जो बोलना है, मैं पहले बोल चुका हूं। इस मुद्दे पर जब कोई नहीं बोला था संसार में, चार साल पहले बोल चुका हूं। इसीलिए आज तक मैं राम जन्मभूमि दर्शन करने नहीं गया, क्योंकि यहां पहले दिन से खेल चल रहा था।

मोदी सरकार में जवाबदेही की कमी,  सड़कें धंसती रहेंगी, लोगों की जान जाती रहेगीः राहुल गांधी

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के एक हिस्से के धंसने की घटना को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि मोदी सरकार में जवाबदेही की कमी है। राहुल गांधी ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कोई जवाबदेही नहीं है। सड़कें धंसती रहेंगी, लोगों की जान जाती रहेगी, लेकिन मोदी सरकार कर वसूलती रहेगी।’’

उन्होंने अपने पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे समेत विभिन्न स्थानों पर सड़कों के धंसने की घटनाओं के दृश्य और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के निर्माण संबंधी भाषण के अंश शामिल हैं। कांग्रेस नेता की यह टिप्पणी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के एक हिस्से के धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आई है।

राहुल गांधी ने वीडियो में कहा, ‘‘भारत में लालच और लोगों प्रति अनादर की संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। हमारे आसपास बड़े पैमाने पर हो रहे उल्लंघन और ढहता बुनियादी ढांचा इसी लालच का परिणाम है।’’ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने संसद में दिये गए अपने एक भाषण का अंश भी साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा था, ‘‘प्रधानमंत्री के लिए राष्ट्र उनकी छवि और राजनीति से ऊपर होना चाहिए। अपने छोटे राजनीतिक फायदे के लिए राष्ट्रीय हित की बलि नहीं दी जानी चाहिए।’’


चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया में एक बिल्डिंग गिरी, मलबे में पांच मजदूर फंसे, तीन को बचाया गया, बचाव अभियान जारी

चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज़-2 में आज एक बिल्डिंग गिर गई। बिल्डिंग में रेनोवेशन का काम चल रहा था। इमारत के मलबे में पांच मजदूर फंस गए थे। तीन को बचा लिया गया है और बाकी दो के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।

मुंबई में भारी बारिश के कारण अमिताभ बच्चन के बंग्ला जलसा के बाहर भी पानी भरा


मुंबई में भारी बारिश जारी, शहर के कई इलाकों में गाड़ियों की रफ्तार थमी 

वैभव सूर्यवंशी पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में फ्लॉप, सिर्फ 14 रन बनाकर आउट

वैभव सूर्यवंशी अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में फ्लॉप होौ गए हैं। मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में सूर्यवंशी सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गए। भारत ने इस मैच में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका दिया है। बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने एकादश में संजू सैमसन की जगह ली। इस मैच में खेलने के साथ वैभव भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने थे।


जालना में एक संकरे पुल पर एमएसआरटीसी की दो बसों की भिड़ंत में 40 से ज्यादा लोग घायल

महाराष्ट्र के जालना जिले में शनिवार को एक संकरे पुल पर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की दो बसों की भिड़ंत हो गई। इनमें से एक बस में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे सवार थे तथा हादसे में 40 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब 9.15 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-753एच पर शाहपुर गांव के पास हुई। बीड-जालना और भांबरी-अंबड मार्ग की बसें विपरीत दिशा से आ रही थीं और दोनों ने एक साथ संकरे पुल को पार करने का प्रयास किया, जिससे उनकी भिड़ंत हो गई।

उन्होंने बताया, ‘‘दुर्घटना के समय भांबरी-अंबड मार्ग की बस में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे सवार थे। हादसे में कुल 43 लोग घायल हुए हैं। दोनों बसों के चालक एस.के. थोसर और सारंग ढोले गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को अंबड के सरकारी अस्पताल और जालना के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।’’

ममता बनर्जी का ऐलान- टीएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ बंगाल प्रमुख की भी जिम्मेदारी संभालूंगी  

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा, "AITC चेयरपर्सन के तौर पर, मैं घोषणा करती हूं कि आज से, मैं पश्चिम बंगाल राज्य टीएमसी प्रेसिडेंट की भूमिका भी संभालूंगी। दो और लोगों- मदन मित्रा और कुणाल घोष को पार्टी कमेटी में शामिल किया गया है। दोनों को इस कमेटी का जनरल सेक्रेटरी बनाया गया है।"


ओडिशा में भारी बारिश जारी, मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया

दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम की ज़मानत याचिका खारिज की

दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम की ज़मानत याचिका खारिज कर दी। उन्होंने 2020 के दिल्ली दंगों की कथित बड़ी साज़िश से जुड़े UAPA केस में रेगुलर ज़मानत के लिए ट्रायल कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था।


ममता बनर्जी को झटकों का सिलसिला जारी, चंद्रिमा भट्टाचार्य ने TMC के बंगाल प्रमुख समेत सभी पदों से इस्तीफा दिया

तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी गुट को एक और झटका उस समय लगा, जब पार्टी की बंगाल प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी की विधानसभा चुनाव में हार के बाद भट्टाचार्य को संगठन की अहम जिम्मेदारी सौंपे जाने के बमुश्किल एक महीने बाद ही उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया। भट्टाचार्य ने अलग-अलग बैंकों में पार्टी के खातों के लिए अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता और निर्वाचन आयोग के सामने पेश होने के लिए ममता बनर्जी की अधिकृत प्रतिनिधि के तौर पर भी अपना नाम वापस ले लिया।

तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष को लिखे एक पत्र में भट्टाचार्य ने पार्टी में अपने सभी अन्य पदों से भी इस्तीफा दे दिया, जिससे यह अटकलें शुरू हो गईं कि क्या उन्होंने असल में ममता बनर्जी खेमे से अपने सभी संबंध तोड़ लिये हैं। ममता बनर्जी की पिछली सरकार में मंत्री रहीं भट्टाचार्य ने वित्त और स्वास्थ्य जैसे अहम विभागों में मंत्री के तौर पर काम किया था और वह पार्टी की महिला शाखा की प्रमुख नेता भी थीं।

ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पांच जून को हुई तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में भट्टाचार्य को वरिष्ठ नेता सुब्रत बख्शी की जगह पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। भट्टाचार्य को ममता बनर्जी का करीबी माना जाता है और वह लंबे समय तक तृणमूल कांग्रेस प्रमुख की सहयोगी रहीं। बनर्जी को संबोधित अपने इस्तीफे में भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘आखिर में, मैं यह कहना चाहूंगी कि मेरे मन में आपके लिए बहुत सम्मान है और मैं हमेशा आपका सम्मान करती रहूंगी।’’

काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर तैनात पीएसी जवान की कार्बाइन से गोली चली, तीन लोग घायल

वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर द्वार संख्या चार के पास शनिवार को ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से दुर्घटनावश गोली चलने से तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि गोली चलने से गोदौलिया से लेकर विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार तक अफरातफरी की स्थिति बन गई।

पुलिस उपायुक्त गौरव बांसवाल ने बताया कि काशी विश्वनाथ मंदिर के द्वार संख्या चार पर तैनात ‘प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी’ (पीएसी) के जवान के हाथ से कार्बाइन छूट गई जिसके कारण उससे दो चक्र गोली चल गयी। उन्होंने बताया कि दोनों फायर जमीन पर हुए थे लेकिन वहां फूल-माला बेचने वाले तीन लोगों को गोली के छर्रे लग गए।

उन्होंने कहा कि घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति के हाथ में, दूसरे की कमर में और तीसरे के पैर में छर्रे लगे हैं। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।


मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा, राष्ट्रपति ने संसद के दोनों सदनों को बुलाने की मंजूरी दी

केंद्र सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संसद के दोनों सदनों के मानसून सत्र 2026 को आहूत करने की मंजूरी दे दी है। संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरण रिजिजू ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की।

हरियाणा के करनाल में कृषि-रसायन कारखाने में भीषण आग लगी

हरियाणा के करनाल में शनिवार को एक कृषि-रसायन कारखाने में भीषण आग लग गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। सदर थाना प्रभारी तरसेम ने बताया कि नगला चौक के पास स्थित कारखाने के गोदाम में आग लगने के समय कोई मौजूद नहीं था।

पुलिस के मुताबिक, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


सड़कें दरिया बनीं, कई इलाकों में जाम और जलभराव, मुंबई में बारिश का कहर जारी

मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।

महाराष्ट्र: नवी मुंबई में भारी बारिश से जलभराव। ठाणे-बेलापुर रोड (तुर्भे रेलवे स्टेशन के पास) की तस्वीरें।


महाराष्ट्र: मुंबई के वसई इलाके में भारी बारिश के बाद जगह-जगह भारी जलजमाव।

महाराष्ट्र: आज सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण ठाणे ज़िले के भिवंडी शहर में जगह-जगह भारी जलभराव हो गया है।


श्रीनगर हवाई अड्डे पर इस साल रनवे पूरी तरह बंद नहीं होगा : हवाई अड्डा प्राधिकरण

श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने शनिवार को अपने प्रस्तावित ‘नोटिस टू एयरमेन’ (नोटम) को वापस ले लिया है, जिसमें रनवे को पूरी तरह बंद कर मरम्मत और रखरखाव करने की योजना थी।

हवाई अड्डे की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक संदेश में कहा गया कि 2026 में किसी भी दिन हवाई अड्डा पूर्ण बंद नहीं रहेगा।

उसने कहा,‘‘ यात्रियों को सूचित किया जाता है कि इस वर्ष श्रीनगर हवाई अड्डे पर एयरफील्ड पूरी तरह बंद नहीं रहेगी। हवाई अड्डे का संचालन सभी दिन सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। हालांकि रनवे रखरखाव के लिए रात के समय बंद, अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगर।’’

अदालत ने उमर खालिद, शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित रखा

दिल्ली की एक अदालत ने 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़ी व्यापक साजिश के मामले में कार्यकर्ताओं उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर शनिवार को फैसला सुरक्षित रख लिया।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश समीर बाजपेयी ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रखा। न्यायाधीश के शाम को आदेश सुनाने की संभावना है।

खालिद और इमाम ने जमानत याचिकाओं में दलील दी कि मुकदमे की सुनवाई शुरू हुए बिना उन्हें लगातार हिरासत में रखना स्वतंत्रता के उनके मौलिक अधिकार का उल्लंघन है।

खालिद की याचिका में यह भी कहा गया कि उच्चतम न्यायालय ने भले ही उनकी पिछली जमानत याचिका खारिज कर दी थी लेकिन उसके बाद हुए न्यायिक घटनाक्रम से ‘‘परिस्थितियों में बदलाव’’ आया है।

उन्होंने मई में एक अन्य मामले में अदालत की उस टिप्पणी का उल्लेख किया, जिसमें इस बात पर जोर दिया गया था कि गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत भी ‘‘जमानत नियम है।’’


ममता को एक और बड़ा झटका, चंद्रिमा भट्टाचार्य ने बंगाल TMC चीफ समेत सभी पदों से दिया इस्तीफा

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बेहद करीबी मानी जाने वाली चंद्रिमा भट्टाचार्य ने पार्टी के सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे दिया है

बारिश से मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर भारी जाम

भारी बरसात की वजह से मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर भारी जाम लग गया है. कई इलाके पानी में डूब गए हैं, जिसकी वजह से गाड़ियों की लंबी लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. मुंबई समेत कई इलाकों में अगले कुछ घंटे बेहद भारी होने वाले हैं. मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।


मोदी सरकार का असली मकसद भारत के संविधान को बदलना है-जयराम रमेश

जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री परिसीमन बिल को लेकर बहुत नाराज़ थे। उनके चेहरे पर गुस्सा साफ़ दिख रहा था। गृह मंत्री भी नाराज़ थे। कई कोशिशों के बावजूद उन्हें दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला, और अब वे बदला ले रहे हैं। यह बदले की राजनीति है। वे पार्टियों को तोड़ रहे हैं... लेकिन उन्हें दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने वाला है। वे मनोवैज्ञानिक खेल खेलने में बहुत माहिर हैं, उनका असली मकसद भारत के संविधान को बदलना है., 400 का आंकड़ा पार करने का मकसद संविधान बदलने की स्थिति में आना था, मुद्दा आरक्षण का है, जो सामाजिक न्याय से जुड़ा है। वे इससे भागना चाहते हैं। वे इसे खत्म करना चाहते हैं। इसीलिए वे दो-तिहाई बहुमत हासिल करना चाहते हैं।

महाराष्ट्र: मुंबई शहर में मशहूर गेटवे ऑफ़ इंडिया पर लोग मॉनसून की बारिश का मज़ा ले रहे हैं 


रेखा गुप्ता ने ‘वर्क फ्रॉम होम’ की व्यवस्था संबंधी आदेश वापस लिया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भू-राजनीतिक स्थिति सामान्य होने के मद्देनजर सरकारी कार्यालयों के लिए पहले घोषित की गई ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से कार्यालय का काम करने) और कर्मचारियों के अलग-अलग समय पर कार्यालय आने-जाने की व्यवस्था के आदेश को शनिवार को वापस लेने का निर्देश दिया।

गुप्ता ने मई में ईरान में युद्ध के मद्देनजर ऊर्जा बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मितव्ययिता बरतने के आह्वान के कुछ दिन बाद सरकारी कार्यालयों में सप्ताह में दो दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ का आदेश दिया था।

पाकिस्तान के 23 नागरिक UAPA के तहत आतंकी घोषित

पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए गृह मंत्रालय ने वहां मौजूद 23 लोगों को आतंकवादी घोषित किया है। यह कार्रवाई UAPA के तहत की गई। सरकार के आदेश के अनुसार, ये लोग जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और अन्य संगठनों से जुड़े हैं।


बड़ौदा हाउस स्थित उत्तर रेलवे कार्यालय में रिश्वत मामले में छापेमारी

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक वरिष्ठ अधिकारी से जुड़े रिश्वत मामले में यहां बड़ौदा हाउस स्थित उत्तर रेलवे के कार्यालय में छापेमारी की। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के एक कारोबारी से कथित तौर पर रिश्वत लिए जाने की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार शाम यह कार्रवाई की गई।

IMD के 'रेड अलर्ट' के बीच मुंबई में भारी बारिश का दौर जारी 


लगभग 5,000 अमरनाथ यात्रियों का तीसरा जत्था जम्मू से कश्मीर रवाना

अमरनाथ की वार्षिक यात्रा में शामिल होने के लिए 4,812 श्रद्धालुओं का तीसरा जत्था शनिवार को यहां भगवती नगर आधार शिविर से दो अलग-अलग काफिलों में कश्मीर रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस जत्थे में 966 महिलाएं शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से शुरू हुई 57 दिन की वार्षिक यात्रा के पहले दिन 12,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा में दर्शन और पूजा-अर्चना की।

उन्होंने बताया कि तीसरे जत्थे में 244 साधु और 157 साध्वियां भी शामिल थीं। यह जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच तड़के तीन बजे से साढ़े तीन बजे के बीच 126 वाहनों में भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ।

कुल 2,771 श्रद्धालु पहलगाम आधार शिविर की ओर रवाना हुए। इनमें 542 महिलाएं और छह बच्चे शामिल हैं।

शेष श्रद्धालु बालटाल मार्ग से गए, जिनमें 424 महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं।

इसके साथ ही दो जुलाई से अब तक जम्मू से 13,499 श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दो जुलाई को पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

अमरनाथ यात्रियों का तीसरा जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से रवाना हुआ।


अली खामेनेई की विदाई, जनाजे पर फूट-फूटकर रोए गालिबाफ-अराघची

तेहरान में ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की विदाई और अंतिम संस्कार के दौरान ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़। ईरान में बेहद तनावपूर्ण माहौल के बीच आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में दोनों नेता पूर्व सर्वोच्च नेता के प्रति अपना शोक और सम्मान व्यक्त कर रहे थे।

केप वर्डे ने छुड़ाए अर्जेंटीना के पसीने, एक्स्ट्रा टाइम में जैसे-तैसे मिली जीत 

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना एक बड़े उलटफेर से बाल-बाल बच गई। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में उसने केप वर्डे की टीम को एक्स्ट्रा टाइम तक चले एक रोमांचक मुकाबले में 3-2 से मात देकर राउंड ऑफ 16 में एंट्री कर ली। अब राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में अर्जेंटीना का सामना मिस्र से होगा। लेकिन केप वर्डे जैसी छोटी टीम को हराने के लिए अर्जेंटीना को काफी मेहनत करनी पड़ी और मैच के 111वें मिनट में हुए एक ओन गोल के चलते उसे जीत मिली।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए