बड़ी खबर LIVE: नेहा बोरा को पुलिस ने प्राइवेट गाड़ी में उठाया, नरेला थाने ले जाकर किया रिहा, फोन-बैग गायब होने का दावा

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर के पास मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को बिना नंबर प्लेट वाली प्राइवेट गाड़ी में उठा लिया और उन्हें अज्ञात स्थान पर ले गई। बाद में नरेला थाने के पास रिहा किया।

फोटोः विपिन
i

ज्ञानेश कुमार ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है: कांग्रेस

कांग्रेस ने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश उज्ज्वल भुइयां द्वारा मतदान के अधिकार को लेकर दिये गये बयान का हवाला देते हुए रविवार को दावा किया कि उनकी टिप्पणियों से यह साबित होता है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ने संविधान की भावना और उसके प्रावधानों का उल्लंघन किया है।

विपक्षी दल ने कहा कि न्यायमूर्ति भुइयां की टिप्पणी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को “पूरी तरह बेनकाब कर दिया है” और अब उनके पास पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं रह गया है।

कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने एक खबर साझा की, जिसमें न्यायमूर्ति भुइयां के हवाले से कहा गया है कि यदि किसी प्रक्रिया के परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर भारतीय नागरिक अपने ही देश में दोयम दर्जे के नागरिक बन जाएं और उनके पास मतदान का अधिकार न रहे, तो ऐसी प्रक्रिया पूरी तरह से मनमानी है।

रमेश ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश उज्ज्वल भुइयां पर्यावरण संरक्षण के मुखर समर्थक रहे हैं।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘अब इस साहसी न्यायविद् ने जोरदार ढंग से यह मत व्यक्त किया है कि मतदान का अधिकार संविधान की मूल संरचना का अभिन्न हिस्सा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह निर्णायक रूप से साबित करता है कि संवैधानिक पद पर बैठे होने के बावजूद सीईसी ने संविधान की भावना और उसके प्रावधानों का उल्लंघन किया है।’’

रमेश ने कहा, ‘‘न्यायमूर्ति भुइयां ने इससे कहीं अधिक कहा है और उन्होंने सीईसी को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। ज्ञानेश कुमार के पास अब पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं रह गया है।’’

टोंक का विकास करने के प्रयासों में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे: पायलट

कांग्रेस महासचिव और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने रविवार को नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस को समर्थन देने के लिए टोंक की जनता का आभार जताया और कहा कि शहर का विकास करने के प्रयासों में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

टोंक से विधायक पायलट ने नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनने के बाद आयोजित धन्यवाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिलना खुशी की बात है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद निर्वाचित कांग्रेस पार्षदों पर दबाव बनाया गया और कांग्रेस का बोर्ड बनने से रोकने के लिए पुलिस तथा प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल किया गया।

पायलट ने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस पार्षद अपने रुख पर कायम रहे और उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया।

कर्नाटक: ‘झूठे’ फॉर्म-7 दाखिल करने के लिए प्राथमिकी दर्ज

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान 778 “झूठे” फॉर्म-7 दाखिल किए जाने के संबंध में मिली एक शिकायत के आधार पर बेंगलुरु के व्यालिकावल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

विजयपुरा में आठ मतदाताओं ने विधायक बसनगौड़ा पाटिल यत्नाल के इस दावे को चुनौती दी है कि ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची में हैं, जो या तो मौजूद नहीं हैं या कहीं और रह रहे हैं।

इस मामले में प्राथमिकी कांग्रेस नेता अनूप आयंगर की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।

आयंगर ने मल्लेश्वरम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-64 में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। प्राथमिकी में बूथ एजेंट वसंता लक्ष्मी का नाम शामिल है। हालांकि, प्राथमिकी में यह नहीं बताया गया है कि वह किस पार्टी से जुड़ी हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फॉर्म-7 के आवेदन यह दावा करते हुए जमा किए गए कि कुछ मतदाता अपने घर पर मौजूद नहीं हैं या स्थायी रूप से कहीं और चले गए हैं, जबकि वे वास्तव में उसी विधानसभा क्षेत्र में रह रहे थे।


नेहा बोरा को पुलिस ने प्राइवेट गाड़ी में उठाया, नरेला थाने ले जाकर किया रिहा, फोन-बैग गायब होने का दावा

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर के पास मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को बिना नंबर प्लेट वाली प्राइवेट गाड़ी में उठा लिया और उन्हें अज्ञात स्थान पर ले गई। बाद में नरेला थाने के पास रिहा किया। वहीं नेहा बोरा की तरफ से जारी बयान में दावा किया गया है कि उनका बैग और फोन गायब है।   

ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच लोगों में साहस आ रहा, बदलाव आएगा : फारूक

नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के बीच निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम हटाए जाने की आलोचना की।उन्होंने कहा कि लोगों में अब ‘‘साहस’’ दिखने लगा है और इससे संकेत मिलता है कि ‘‘बदलाव’’ आने वाला है।

जम्मू-कश्मीर के तीन बार मुख्यमंत्री रहे फारूक अब्दुल्ला ने यहां ‘हल्ला बोले’ के पांचवें सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त की आलोचना की और कहा कि किसी भी भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटाने का किसी को अधिकार नहीं है।


उद्धव ठाकरे ने CEC को बताया BJP का ‘हथियार’, राज ठाकरे की महाराष्ट्र में SIR रद्द करने की मांग

शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के ‘‘हथियार’’ के रूप में काम करने का आरोप लगाया। वहीं, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने महाराष्ट्र की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द करने की मांग की।

सीईसी के खिलाफ ठाकरे बंधुओं के नेतृत्व में मुंबई में निकाले गए विरोध मार्च में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया, जिसका समापन एक रैली के रूप में हुआ।

आम आदमी पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गेट तक विरोध मार्च निकाला।


शेख जुआन बिन हमद ने आइची-नागोया 2026 एशियाई खेलों के समापन की घोषणा की

OCA अध्यक्ष शेख जुआन बिन हमद अल थानी ने आइची-नागोया 2026 एशियाई खेलों के समापन की घोषणा की।

दिल्ली के गांधी नगर में गारमेंट फैक्ट्री में लगी आग, कोई हताहत नहीं

दिल्ली के गांधी नगर इलाके में एक गारमेंट फैक्ट्री में आग लग गई। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।


बिहार की बाढ़ पर राहुल गांधी का सवाल- 17 साल की 'डबल इंजन' सरकार ने क्या किया? 

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में एक बार फिर बाढ़ ने भयानक तबाही मचाई है। लाखों लोग प्रभावित हैं और सैकड़ों गांव जलमग्न हो गए हैं। कई लोगों की मौत और कुछ लोगों के लापता होने की खबरें हैं। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि सबसे दुखद बात यह है कि बिहार का यह संकट कोई नया नहीं है। हर साल बाढ़ आती है, मौतें होती हैं, परिवार बिखर जाते हैं और लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी की ‘डबल इंजन’ सरकार को हमें बताना चाहिए कि इस साल-दर-साल आने वाली त्रासदी से निपटने के लिए उसने पिछले 17 वर्षों में क्या किया है? जमीन पर क्या बदला है?  बिहार के लोगों को हर साल राहत और आश्वासन नहीं चाहिए, उन्हें इस समस्या का स्थायी समाधान चाहिए।

यूपी: इशिका चौधरी के गोल्ड मेडल से इटावा में जश्न, परिवार ने मनाया जीत का जश्न

भारत की एशियन गेम्स हॉकी में स्वर्ण पदक जीतने के बाद इटावा में जश्न का माहौल है। स्टार खिलाड़ी इशिका चौधरी के परिवार ने भी खुशी मनाई। जापान में टीम के यादगार अभियान में इशिका के अहम योगदान से परिवार बेहद उत्साहित है।

इटावा के पृथ्वीपुरा गांव की रहने वाली इशिका ने भारत को स्वर्ण पदक दिलाने के सफर में अहम भूमिका निभाई।


शेष भारत ने जम्मू-कश्मीर को 167 रन से हराकर श्रीनगर में ईरानी ट्रॉफी पर कब्जा किया 

बीजेपी ने उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की


उद्धव ठाकरे का मोदी सरकार पर हमला, बोले- ‘Make in India’ के नाम पर तानाशाह बना रहे तो तानाशाही दफन कर देंगे 

मुंबई में विरोध मार्च के बाद लोगों को संबोधित करते हुए शिवसेना (UBT) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा, “मुझे लगता है कि आपको भी याद होगा कि जब मोदी जी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे, तो उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ का नारा दिया था। याद है? हम इसे स्वीकार करते हैं। लेकिन अगर ‘मेक इन इंडिया’ के तहत आप हमारे देश में एक तानाशाह भी तैयार करने जा रहे हैं, तो हम आज यहां उस तानाशाही को दफन करने और उसे खत्म करने के लिए जुटे हैं। ‘मेक इन इंडिया’ के तहत बाकी सब ठीक है। लेकिन अगर ‘मेक इन इंडिया’ के नाम पर आप तानाशाही पैदा करने जा रहे हैं, तो समझ लीजिए कि हमने आपकी तानाशाही को दफन कर दिया है।”

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई में राज-उद्धव ठाकरे का बड़ा मार्च, कांग्रेस-NCP (SP) नेता भी शामिल

मुंबई में शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और MNS प्रमुख राज ठाकरे ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संयुक्त विरोध मार्च का नेतृत्व किया। यह मार्च मेट्रो सिनेमा जंक्शन से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय तक निकाला गया। इसमें कांग्रेस और NCP (SP) के नेता भी शामिल हुए।


संजय राउत बोले- चुनावों में धोखाधड़ी और हेरफेर हुआ, सभी चुनाव रद्द कर फिर कराए जाएं

मुंबई में शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि चुनावों में धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और हेरफेर हुआ है। उन्होंने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ‘देशद्रोही’ बताया।

संजय राउत ने कहा कि सभी चुनाव रद्द किए जाने चाहिए और विधानसभा तथा लोकसभा के चुनाव दोबारा कराए जाने चाहिए। उनका यह बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा सभी चुनावों को ‘अवैध’ बताए जाने के बाद आया है।

मुंबई में आज ठाकरे बंधुओं का बड़ा मार्च, बाल नांदगांवकर बोले- लोगों में गुस्सा, ज्ञानेश कुमार के कानों में सालों तक गूंजेगा

शिवसेना (UBT) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) आज मुंबई में संयुक्त विरोध मार्च निकालने जा रही हैं। मार्च का नेतृत्व उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे करेंगे। यह मार्च चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है।

MNS नेता बाल नांदगांवकर ने कहा, "यह एक भव्य मार्च होगा। ठाकरे बंधुओं के साथ पार्टी के अन्य सदस्य भी इसमें शामिल होंगे। लोगों में गुस्सा है। मुझे लगता है कि जो मार्च होने जा रहा है, उसकी गूंज ज्ञानेश कुमार के कानों में कई सालों तक सुनाई देगी।"


आगरा: ज्ञानेश कुमार के आवास के बाहर प्रदर्शन मामले में 6 कांग्रेसी जेल से रिहा, अनिल यादव बोले- लड़ाई जारी रहेगी

उत्तर प्रदेश के आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के आवास के बाहर कथित प्रदर्शन के मामले में जेल भेजे गए कांग्रेस के छह कार्यकर्ताओं की रिहाई के बाद कांग्रेस नेता अनिल यादव ने कहा, "हम बाहर आ गए हैं, लेकिन हमारी लड़ाई जारी रहेगी। जब तक ज्ञानेश कुमार जैसे 'लोकतंत्र के हत्यारे' अपनी कुर्सी पर बैठे रहेंगे, तब तक हम यह लड़ाई जारी रखेंगे। क्योंकि उन्होंने देश के करोड़ों मतदाताओं के अधिकार छीन लिए हैं, उन्होंने उनके वोट छीन लिए हैं। वह लोकतंत्र के हत्यारे हैं और देश की जनता और क्रांतिकारी युवा उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।"

'राम मंदिर में 105 चोरियां, ₹79.85 लाख की बरामदगी', कांग्रेस ने मोदी सरकार से पूछे कई सवाल

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे की चोरी करने वालों के प्रति सरकार इतनी नरम क्यों है?

जयराम रमेश ने कहा कि मोदी सरकार विपक्षी नेताओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई का कथित दुरुपयोग करने में देर नहीं करती, लेकिन अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की 105 घटनाएं सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद जांच उन लोगों तक क्यों नहीं पहुंची, जिन पर चोरों को संरक्षण देने या व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी होने के बावजूद लापरवाही बरतने के आरोप हैं?

उन्होंने सवाल उठाया कि 105 चोरी की घटनाओं में सिर्फ 79.85 लाख रुपये की बरामदगी के बाद मामले को बंद करने की इतनी जल्दी क्यों है? चंपत राय और अनिल मिश्रा को आरोपी क्यों नहीं बनाया गया और उन्हें गवाह क्यों बनाया गया? आखिर ऐसा क्यों?

जयराम रमेश ने यह भी सवाल किया कि 4 जून को चोरी हुए पैसे का वीडियो चंपत राय तक पहुंचा, 5 जून को सीसीटीवी फुटेज की जांच हुई और 25 जून को एफआईआर दर्ज की गई, तो इन 21 दिनों की देरी की पूरी सच्चाई देश के सामने अब तक क्यों नहीं रखी गई?

उन्होंने कहा कि यह सवाल इसलिए भी गंभीर है क्योंकि 105 घटनाएं बिना किसी बड़े स्तर की मिलीभगत, लापरवाही या संरक्षण के कैसे हो सकती हैं? 105 घटनाओं के बावजूद सिर्फ आठ आरोपी कैसे हो सकते हैं? क्या जांच का मकसद सिर्फ छोटे चढ़ावा चोरों को पकड़ना था या उन लोगों की जवाबदेही तय करना भी था, जिनके संरक्षण और निगरानी में यह सब चलता रहा?

जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र, निष्पक्ष और विश्वसनीय जांच की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि चढ़ावा भगवान राम के नाम पर आया था। अगर 105 घटनाओं के बाद भी चोरी की कुल रकम का पता नहीं है, तो जांच को जल्दबाजी में समेटने की जरूरत क्यों है?

उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि क्या मोदी सरकार चढ़ावा चोरी करने वालों तक पहुंचना चाहती है या उन सवालों को दबाना चाहती है, जो बड़े जिम्मेदार लोगों तक पहुंच सकते हैं? उन्होंने पूछा कि देशवासियों की आस्था से जुड़े इस मामले पर चुप्पी कब टूटेगी और चढ़ावे की चोरी के लिए जवाबदेही कब तय होगी। जयराम रमेश ने अंत में कहा कि सत्ता के अहंकार में रावण का भी अंत हुआ था।


दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान 3 महिला पत्रकारों ने लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप, क्राइम ब्रांच करेगी जांच

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर को नई दिल्ली इलाके में हुए प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति के बीच तीन महिला पत्रकारों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए। नई दिल्ली जिले की पुलिस को उनकी शिकायतें मिल गई हैं। इन शिकायतों को पुलिस अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के लिए क्राइम ब्रांच, कमला मार्केट को भेज दिया गया है।

पंचायत चुनाव में किसानों की नाराजगी का दावा, अशोक गहलोत बोले- जनता BJP को सिखाएगी सबक, कांग्रेस को मिलेगा मजबूत जनादेश

राजस्थान के जयपुर में पंचायत चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, “उन्होंने कहा कि किसान सिर्फ 25 दिन काम करते हैं। मुख्यमंत्री को ऐसा नहीं कहना चाहिए था। पूरे राज्य के किसान इस बयान से नाराज हैं। वे इस चुनाव में सबक सिखाएंगे और मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस को मजबूत जनादेश मिलेगा।”


135 साल पुरानी दिल्ली की लाइब्रेरी पर सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान, 8.5 लाख किताबों पर मंडराया शिफ्टिंग का संकट

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली की 135 साल पुरानी सेंट्रल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी (CSL) को दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव पर स्वतः संज्ञान लिया है। इस ऐतिहासिक लाइब्रेरी में 8.5 लाख से अधिक किताबें हैं। बताया जा रहा है कि नए सेंट्रल विस्टा प्लान में लाइब्रेरी के लिए जगह नहीं है, जिसके बाद इसे दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है।

रिपोर्टों के मुताबिक, आवास और शहरी मामलों का मंत्रालय (MoHUA) और केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) अभी लाइब्रेरी को स्थानांतरित करने के लिए जगह तलाश रहे हैं। मामले की सुनवाई सोमवार को जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस संजीव सचदेवा की पीठ करेगी।

लुधियाना में पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार दो युवकों ने रास्ते में किया हमला

पंजाब के लुधियाना के मनेवाल गांव के पूर्व सरपंच नवतेज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लाधोवाल थाने के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे नवतेज सिंह अपने गांव से कृष्णा नगर स्थित अपने घर जा रहे थे। रास्ते में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन्हें रोककर गोली मार दी। घायल अवस्था में उन्हें डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएचओ ने कहा कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


रियाद में अरामको पर हूतियों का बड़ा हमला, बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाने का दावा

यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में अरामको की एक सुविधा को बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया। हूतियों के मुताबिक यह हमला सना और यमन के अन्य इलाकों पर सऊदी हमलों के जवाब में किया गया।

रॉयटर्स के चश्मदीद ने अरामको सुविधा के आसपास धुएं और आग का गुबार देखने की बात कही है, हालांकि सऊदी अधिकारियों ने अभी हमले की पुष्टि नहीं की है। इससे पहले हूतियों ने यानबू में भी अरामको की सुविधाओं को निशाना बनाने का दावा किया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए